Iran US War Air Strike LIVE Update; Donald Trump – IRGC Army | ACTPnews

Iran US War Air Strike LIVE Update; Donald Trump - IRGC Army


तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी1 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर सबसे बड़ा हमला करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “तैयारी पूरी है, अब सिर्फ फैसला लेना बाकी है।” ट्रम्प ने यह भी कहा कि ईरान ने अभी तक पर्याप्त दर्द नहीं झेला है।

ट्रम्प के बयान के बाद ईरान ने भी तुरंत जवाब दिया। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अगर अमेरिका ने हमले जारी रखे तो उसे इसकी ‘भारी कीमत’ चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि युद्ध खत्म करने का रास्ता बातचीत है, नए हमले नहीं।

इधर, ब्रिटेन ने भी अपनी सेना को अलर्ट पर रखा है। ब्रिटिश सरकार का कहना है कि जरूरत पड़ने पर उसकी सेना देश की सुरक्षा के लिए तैयार है। इससे पहले ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने चेतावनी दी थी कि अगर अमेरिका ने ब्रिटेन के सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल किया तो उन्हें भी निशाना बनाया जा सकता है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

1. सऊदी के दो जहाजों पर हमला: यमन के हूती विद्रोहियों ने रेड सी में सऊदी अरब के दो तेल टैंकर एन्सेलिया और लैला पर बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। संगठन का कहना है कि दोनों जहाजों में आग लग गई।

2. हूती विद्रोहियों के डर से 10 जहाजों ने रास्ता बदला: बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पार करने की कोशिश कर रहे कम से कम 10 जहाजों को अपना रास्ता बदलना पड़ा है। अब ये जहाज अफ्रीका के दक्षिणी सिरे केप ऑफ गुड होप के रास्ते लंबा सफर तय कर रहे हैं।

3. ब्रिटेन ने अमेरिका को सैन्य अड्डों के इस्तेमाल की मंजूरी दी: ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने ईरान के खिलाफ अमेरिका को ब्रिटिश सैन्य अड्डों के इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। हिंद महासागर में डिएगो गार्सिया और ग्लॉस्टरशायर का फेयरफोर्ड एयरबेस अमेरिकी विमानों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध रहेंगे।

4. भारत की अब तक 26,000 उड़ानें रद्द: अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण 20 जुलाई तक भारतीय एयरलाइंस को करीब 26 हजार अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इसके अलावा कई उड़ानों का रास्ता बदला गया और उनमें देरी भी हुई।

5. ट्रम्प का 95 अरब डॉलर का रक्षा बजट पास: ट्रम्प को ईरान युद्ध के बीच बड़ी राजनीतिक जीत मिली है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने 95 अरब डॉलर का रक्षा बजट प्रस्ताव 216-214 वोटों से मंजूर कर दिया।अब इसे मंजूरी के लिए सीनेट में जाएगा। इससे ईरान युद्ध और अन्य राष्ट्रीय सुरक्षा जरूरतों के लिए अतिरिक्त फंड मिलेगा।

ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

अपडेट्स

05:18 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

होर्मुज में 28 क्रू मेंबर्स वाले LPG टैंकर पर हमला

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को ईरान के जलक्षेत्र में एक एलपीजी टैंकर पर हमला हुआ। मोजाम्बिक के झंडे वाला यह टैंकर दिशा 28 भारतीय चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहा था। भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि सभी भारतीय सुरक्षित हैं।

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर कहा कि दिशा पर शुक्रवार को ईरानी जलक्षेत्र में हमला हुआ, जिसके बाद वह लगातार ईरानी अधिकारियों के संपर्क में है। भारतीय दूतावास ने कहा कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में रहेगा।

05:09 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

पाकिस्तान अमेरिका-ईरान वार्ता फिर शुरू कराने की कोशिश में

ईरानी डेलिगेशन मई में अमेरिका से बातचीत के लिए पाकिस्तान गया था।

ईरानी डेलिगेशन मई में अमेरिका से बातचीत के लिए पाकिस्तान गया था।

पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच रुकी हुई बातचीत दोबारा शुरू कराने की कोशिश कर रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस सप्ताह ईरान के गृह मंत्री इस्कंदर मोमेनी पाकिस्तान दौरे पर गए थे, जहां शुरुआती बातचीत हुई।

हालांकि, सूत्रों ने कहा कि बातचीत दोबारा शुरू होने की राह में अभी कई बड़ी बाधाएं हैं। पाकिस्तान के एक अधिकारी ने रॉयटर्स से कहा कि अमेरिका-ईरान वार्ता दोबारा शुरू करने से पहले ईरान को सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों पर हो रहे हमले रोकने होंगे। इसके बाद ही बातचीत आगे बढ़ने की संभावना बन सकती है।

05:03 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान ने यूरोपीय देशों से कहा- अमेरिकी हमलों की निंदा करें

ईरान ने यूरोपीय देशों से अंतरराष्ट्रीय कानून का समर्थन करने और अमेरिकी हमलों की निंदा करने की अपील की है।

ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कहा कि स्पेन समेत कुछ यूरोपीय देशों ने इस मुद्दे पर अमेरिका का खुलकर विरोध किया है और अंतरराष्ट्रीय कानून का समर्थन किया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई यूरोपीय देश अमेरिका को अपने सैन्य अड्डों या अपनी जमीन का इस्तेमाल ईरान पर हमले के लिए करने देता है, तो उसे भी हमलावर देशों में शामिल माना जाएगा।

गरीबाबादी ने यह भी कहा कि इस युद्ध से अमेरिका को कोई रणनीतिक फायदा नहीं हुआ है। इसके बजाय इसने पूरे क्षेत्र और दुनिया की सुरक्षा को और अधिक खतरे में डाल दिया है।

04:24 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

यूएन चीफ ने रेड सी में हूती हमलों पर चिंता जताई

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने रेड सी में जहाजों पर हूती विद्रोहियों के हालिया हमलों पर चिंता जताई है। उन्होंने सभी पक्षों से तनाव कम करने की अपील की है।

गुटेरेस ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि यमन में संघर्ष बढ़ने से शांति की संभावनाएं कमजोर होंगी। इससे पूरे क्षेत्र और दुनिया पर आर्थिक, मानवीय और पर्यावरणीय असर पड़ेगा।

इस सप्ताह की शुरुआत में यमन के हूती समूह ने सऊदी अरब के जहाजों की समुद्री नाकाबंदी का ऐलान किया था। लंबे समय से हूती चेतावनी देते रहे हैं कि वे रेड सी के दक्षिणी छोर पर स्थित बाब अल-मंदेब स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर हमला कर सकते हैं।

04:03 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- अमेरिका के आगे नहीं झुकेंगे, न ही धमकियां बर्दाश्त करेंगे

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान अमेरिका के सामने झुकेगा नहीं और उसकी धमकियां भी बर्दाश्त नहीं करेगा।

अराघची ने यह बयान किर्गिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान दिया।

अराघची ने कहा कि रूस और चीन के साथ ईरान की लगातार बातचीत जारी है। उन्होंने कहा, “जब भी मौका मिलता है, हम अपने मित्र देशों रूस और चीन के साथ नियमित रूप से सलाह-मशविरा करते हैं।”

उन्होंने कहा कि शांति वार्ता आगे नहीं बढ़ने की सबसे बड़ी वजह अमेरिका का रवैया है।

03:47 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प बोले- ईरान जंग में चीन-रूस शामिल हुए तो अच्छा नहीं होगा

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें नहीं लगता कि चीन या रूस ईरान के साथ चल रहे युद्ध में शामिल हैं। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोनों देशों ने इस जंग में हिस्सा लिया तो यह उनके लिए बहुत बुरा होगा।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि चीन और उसकी कंपनियां ईरान को हथियार नहीं देंगी। ईरान को हथियार मुहैया कराना न तो चीन के हित में है और न ही रूस के।

03:41 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

SCO बैठक में ईरान से मिला पाकिस्तान, पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की अपील की

पाकिस्तान ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने यह बात ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से मुलाकात के दौरान कही। दोनों नेताओं की यह बैठक शुक्रवार को किर्गिस्तान के चोलपोन-अता में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई।

03:07 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका ने ईरानी कारोबारी बाबक जंजानी से जुड़े लोगों-कंपनियों पर बैन लगाया

अमेरिका ने ईरानी बिजनेसमैन बाबक जंजानी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय (ट्रेजरी) ने शुक्रवार को जंजानी से जुड़े 4 लोगों और 9 कंपनियों पर नए प्रतिबंध लगा दिए। अमेरिका का आरोप है कि ये लोग और कंपनियां ईरान पर पहले से लगे प्रतिबंधों से बचने में जंजानी की मदद कर रहे थे।

ट्रेजरी के मुताबिक, कार्रवाई उन कंपनियों पर की गई है जो पैसों के लेनदेन, सोने और कीमती रत्नों के कारोबार, डिजिटल करेंसी, परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में काम करती हैं। बाबक जंजानी पर अमेरिका ने 30 जनवरी को प्रतिबंध लगाए थे। उन पर आरोप था कि वे IRGC को पैसा मुहैया कर रहे हैं।

  • बाबक जंजानी ईरान के बहुत विवादित और अरबपति कारोबारी हैं। उन्होंने बैंकिंग, तेल, विमानन, रियल एस्टेट और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में बड़ा कारोबार खड़ा किया।
  • ऐसे व्यक्ति के रूप में देखा जाता है जिन्होंने सरकारी व्यवस्था का फायदा उठाकर अरबों डॉलर का घोटाला किया और ईरान के सबसे बड़े भ्रष्टाचार मामलों में शामिल रहे।
  • दरअसल, पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के दौरान ईरान खुलकर तेल नहीं बेच सकता था। ऐसे में जंजानी ने अपने नेटवर्क के जरिए ईरानी तेल बेचने और उसका पैसा ईरान तक पहुंचाने का काम किया।
  • 2013 में उन पर आरोप लगा कि उन्होंने तेल बिक्री के करीब 2.7 अरब डॉलर ईरानी सरकार को वापस नहीं किए। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
  • 2016 में ईरान की अदालत ने उन्हें भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराधों के मामले में मौत की सजा सुनाई। बाद में इस पर रोक लग गई।

02:33 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

नेतन्याहू अमेरिका जाएंगे, जंग के बाद पहली बार ट्रम्प से मुलाकात होगी

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सोमवार को अमेरिका रवाना होंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, वह मंगलवार को राष्ट्रपति ट्रम्प से मुलाकात करेंगे। इसी दिन वह दिवंगत अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम के अंतिम संस्कार में भी शामिल होंगे।

नेतन्याहू और ट्रम्प की यह मुलाकात फरवरी के बाद पहली आमने-सामने की बैठक होगी। दोनों नेताओं की आखिरी मुलाकात ईरान युद्ध शुरू होने से पहले हुई थी।

यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ गया है। इजराइल को आशंका है कि तेहरान अपने हमलों का दायरा बढ़ाकर इजराइल को भी सीधे निशाना बना सकता है। इसी संभावना को देखते हुए इजराइल हाई अलर्ट पर है।

02:19 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

हूती विद्रोहियों के खतरे के बीच तेल टैंकर ने बदला रास्ता

रेड सी में बढ़ते सुरक्षा खतरे के बीच तेल से लदे एक टैंकर ने अपना तय रास्ता बदल दिया है। जहाज की मालिक कंपनी टॉर्म ने शुक्रवार को बताया कि उसने अपने टैंकर टॉर्म इनोवेशन को रेड सी से निकालने के बजाय स्वेज नहर और केप ऑफ गुड होप के रास्ते एशिया भेजने का फैसला किया है। इसकी वजह क्रू मेंबर्स की सुरक्षा है।

इस सप्ताह की शुरुआत में यमन के हूती विद्रोहियों ने रेड सी के दक्षिणी छोर पर स्थित बाब अल-मंदेब स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाने की धमकी दी थी। इस चेतावनी के बाद कुछ जहाजों ने दक्षिण की ओर जाने की अपनी योजना बदल दी है। हालांकि, इस समुद्री मार्ग पर जहाजों की आवाजाही पूरी तरह नहीं रुकी है।

समुद्री निगरानी एजेंसी मरीन ट्रैफिक के अनुसार, गुरुवार को 49 जहाज बाब अल-मंदेब स्ट्रेट से गुजरे। यह संख्या एक दिन पहले की तुलना में 16% ज्यादा रही। इनमें 24 जहाज रेड सी में दाखिल हुए, जबकि 25 जहाज से बाहर निकले। हालांकि सऊदी अरब का कोई भी जहाज इस समुद्री रास्ते से नहीं गुजरा।

01:46 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरानी धर्मगुरु बोले- अमेरिका के पास हथियार हैं, लेकिन हमारे साथ खुदा है

ईरान के वरिष्ठ धर्मगुरु और मशहद के शुक्रवार की नमाज के इमाम अहमद आलमोलहोदा ने कहा कि अमेरिका के पास पैसा और सैन्य ताकत हो सकती है, लेकिन उसके साथ खुदा नहीं है। इसलिए दुश्मन का रक्षा बजट कितना बड़ा है इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

उन्होंने यह भी कहा कि अनिवार्य हिजाब कानून जैसे मुद्दों पर किसी भी तरह का समझौता करना ईरान के दुश्मनों का साथ देने के बराबर होगा।

01:21 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

रिपोर्ट- विरोध प्रदर्शन पर रणनीति बना रहे थे खामेनेई, तभी हमला हुआ था

ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की फरवरी में जिस बैठक के दौरान मौत हुई थी, उसमें देश में भविष्य में होने वाले विरोध प्रदर्शनों से निपटने और अमेरिका-इजराइल के संभावित हमले की तैयारी पर चर्चा हो रही थी। यह दावा ईरान के सुरक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े मीडिया आउटलेट नूर न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में किया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह बैठक ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की एक अधीनस्थ समिति की थी। इसकी अध्यक्षता अली शामखानी कर रहे थे। हमले में उनकी भी मौत हो गई थी।

12:28 PM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

इराक ने अमेरिका-ईरान युद्धविराम प्रस्ताव वाली रिपोर्ट खारिज की

इराक ने उस रिपोर्ट को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिसमें दावा किया गया था कि ईरान ने इराकी प्रधानमंत्री की ओर से पहुंचाए गए अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।

न्यूयॉर्क टाइम्स ने गुरुवार को ईरानी और इराकी अधिकारियों के हवाले से खबर दी थी कि ईरान ने अमेरिकी प्रस्ताव इसलिए ठुकरा दिया, क्योंकि उसमें होर्मुज पर नियंत्रण के मुद्दे का कोई समाधान नहीं था।

हालांकि, शुक्रवार को इराकी प्रधानमंत्री के मीडिया ऑफिस ने बयान जारी कर कहा कि रिपोर्ट में किए गए दावों का सच्चाई से कोई संबंध नहीं है।

वहीं, ईरान ने भी इस रिपोर्ट को भ्रामक बताया। सरकारी समाचार एजेंसी इरना के मुताबिक, एक ईरानी अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में तनाव बढ़ने की असली वजह अमेरिका द्वारा अपने वादों का उल्लंघन है।

11:55 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

UN ने होर्मुज में फंसे 6 हजार नाविकों को निकालने की अपील की

संयुक्त राष्ट्र ने अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष में शामिल देशों से होर्मुज में फंसे करीब 6,000 नाविकों को सुरक्षित निकालने और उनके स्वदेश लौटने में मदद करने की अपील की है।

संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार आयोग ने शुक्रवार को जिनेवा में कहा कि संघर्ष में शामिल सभी पक्षों को फंसे हुए नाविकों के लिए सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि उन्हें सुरक्षित निकाला जा सके और वे जहाजों से उतर सकें।

11:37 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान की धमकी के बाद ब्रिटेन अलर्ट, कहा- किसी भी हमले का जवाब देने को सेना तैयार

ईरान की चेतावनी के बाद ब्रिटेन ने कहा है कि उसकी सेना देश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। IRGC ने कहा था कि ईरान पर अमेरिकी बमबारी के लिए इस्तेमाल किए गए ब्रिटिश सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।

IRGC का दावा है कि अमेरिका ने इंग्लैंड स्थित RAF फेयरफोर्ड एयरबेस से उड़ान भरने वाले बमवर्षक विमानों का इस्तेमाल कर ईरान पर हमला किया।

ब्रिटेन ने कहा कि अमेरिका को उसके सैन्य ठिकानों के इस्तेमाल की अनुमति केवल उन रक्षात्मक अभियानों के लिए दी गई थी, जिनका मकदस मिसाइल ठिकानों और होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमले की क्षमता को निशाना बनाना था।

11:18 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान का दावा- हालिया अमेरिकी हमलों में 55 लोगों की मौत, 645 घायल

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि हालिया अमेरिकी सैन्य हमलों में 55 लोगों की मौत हुई है, जबकि 645 लोग घायल हुए हैं।

सबसे ज्यादा हताहत खुजेस्तान प्रांत में हुए हैं। इसके बाद होर्मोजगान और सिस्तान-बलूचिस्तान का नंबर है।

11:07 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

होर्मुज और बाब अल-मंदेब दोनों बंद हुए तो दुनिया पर क्या होगा असर?

यमन के ईरान समर्थित हूतियों ने दावा किया है कि उन्होंने गुरुवार को लाल सागर में सऊदी अरब के दो तेल टैंकर एन्सेलिया और लैला पर बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। संगठन का कहना है कि दोनों जहाजों में आग लग गई। इस घटना के बाद होर्मुज की तरह की बाल अल-मंदेब के बंद होने का खतरा बढ़ गया है।

बाब-अल-मंदेब लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है। यह हिंद महासागर, मध्य पूर्व और स्वेज नहर के बीच जहाजों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है।

वहीं, होर्मुज स्ट्रेट फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है। इसी रास्ते से सऊदी अरब, इराक, यूएई, कुवैत और ईरान जैसे बड़े तेल उत्पादक देशों का तेल दुनिया तक पहुंचता है।

अगर होर्मुज स्ट्रेट और बाब-अल-मंदेब दोनों समुद्री रास्तों पर एक साथ संकट गहराता है, तो दुनिया को एक नए ऊर्जा संकट का सामना करना पड़ सकता है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल, वैश्विक व्यापार में रुकावट और महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो जाएगा।

दोनों रास्ते एक साथ बंद हुए तो क्या होगा?

  • कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आएगा।
  • पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन महंगे होंगे।
  • टैंकर और मालवाहक जहाजों का बीमा महंगा होगा।
  • जहाजों को लंबा रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिससे माल ढुलाई का खर्च बढ़ेगा।
  • वैकल्पिक तेल स्रोतों के लिए देशों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
  • महंगाई पर दबाव बढ़ेगा।
  • उद्योगों और परिवहन कंपनियों की लागत बढ़ेगी।
  • वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित होगी।

10:54 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान, रूस-चीन के साथ बैठक में जंग पर चर्चा करेगा

ईरान ने कहा है कि वह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के विदेश मंत्रियों की बैठक में रूस और चीन के साथ होने वाली बातचीत में जंग के ताजा हालात पर चर्चा करेगा।

SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक आज किर्गिस्तान के चोलपोन-अता शहर में हो रही है। इसी बैठक के दौरान ईरान के विदेश मंत्री रूस और चीन के अपने समकक्षों से अलग से मुलाकात करेंगे।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून और नियमों के खिलाफ है।

10:51 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

जर्मनी ने ईरान में अपने नागरिकों से जल्द देश छोड़ने को कहा

जर्मनी ने ईरान की राजधानी तेहरान स्थित अपने दूतावास की सेवाएं सीमित कर दी हैं। साथ ही उसने एक बार फिर अपने नागरिकों से जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की अपील की है।

जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि तेहरान स्थित दूतावास फिलहाल खुला रहेगा, लेकिन वहां वीजा और कांसुलर सेवाएं केवल आपातकालीन मामलों के लिए और सीमित क्षमता के साथ उपलब्ध कराई जाएंगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए जर्मन नागरिकों को बिना देरी किए सुरक्षित तरीके से ईरान छोड़ देना चाहिए।

10:37 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरानी धर्मगुरु बोले- अमेरिका के सामने झुकना नहीं, जवाब देना ही रास्ता

ईरानी धर्मगुरु अहमद खातमी ने कहा कि मौजूदा हालात में ईरान के पास जवाब देने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के सामने झुकना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

तेहरान में शुक्रवार की नमाज के दौरान खातमी ने कहा, “यह चौथी बार है जब अमेरिका ने बातचीत के बीच हमला किया है। ऐसे हालात में हमारे सामने केवल एक ही रास्ता है- सम्मान के साथ अपनी रक्षा करना, न कि अपमानजनक तरीके से आत्मसमर्पण करना।”

उन्होंने ईरान की सशस्त्र सेनाओं की तारीफ करते हुए कहा, “मैं जनता की ओर से हमारे लड़ाकों से कहना चाहता हूं कि आपने अच्छा काम किया है। दुश्मन के अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर पूरी ताकत से जवाबी हमला करें।”

10:25 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरानी विदेश मंत्री बोले- अमेरिका के साथ समझौता अच्छा था, इसे होने नहीं दिया गया

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिका के साथ हुआ समझौता शायद सबसे अच्छा समझौता था, लेकिन उसे देश के भीतर समर्थन नहीं मिल सका।

शुक्रवार को एक इंटरव्यू में अराघची ने कहा, “जमीनी स्तर पर लोगों को झूठी बातों के जरिए गुमराह किया गया। मुझे लगता है कि इस पूरे में इजराइल ने किसी न किसी तरह से शामिल था।”

अराघची ने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ समझौते को लेकर मोजतबा खामेनेई पर कोई फैसला थोपा नहीं गया था।

09:45 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

कच्चा तेल मई के बाद पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचा

ईरान-अमेरिका में लगातार बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेज उछाल आया है। ब्रेंट क्रूड का भाव मई के बाद पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया है।

अब तक सबसे ज्यादा चिंता होर्मुज स्ट्रेट को लेकर जताई जा रही थी, लेकिन अब लाल सागर (रेड सी) में भी तेल आपूर्ति पर खतरा बढ़ने लगा है। यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया, जिसके बाद उनमें आग लग गई।

09:26 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

होर्मुज बंद होने से ईरान को सबसे बड़ा आर्थिक नुकसान

होर्मुज बंद करने का सबसे बड़ा आर्थिक नुकसान खुद ईरान को उठाना पड़ा है। चीन के सीमा शुल्क (कस्टम्स) के नए आंकड़ों के मुताबिक, इस कदम से ईरान और उसके सबसे बड़े व्यापारिक साझेदार चीन के बीच कारोबार में भारी गिरावट आई है।

मार्च से जून 2026 के बीच ईरान और चीन के बीच गैर-तेल व्यापार केवल 83 करोड़ डॉलर रहा। पिछले साल इसी अवधि में यह 3.3 अरब डॉलर था। यानी एक साल में करीब 75% की गिरावट दर्ज की गई।

शिपिंग डेटा कंपनी केप्लर के आंकड़ों से भी पता चलता है कि चीन को ईरान का तेल निर्यात तेजी से घटा है। अप्रैल में चीन के बंदरगाहों पर ईरानी तेल की औसत दैनिक अनलोडिंग 17.4 लाख बैरल थी, जो जुलाई के पहले पखवाड़े में घटकर करीब 5.5 लाख बैरल प्रतिदिन रह गई।

09:03 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान के चीफ जस्टिस बोले- ट्रम्प को दादागीरी छोड़नी होगी

ईरान के चीफ जस्टिस गुलामहुसैन मोहसनी एजेई ने शुक्रवार को इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी से बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिका और ट्रम्प को अपनी दादागीरी छोड़नी होगी और यह उम्मीद नहीं करनी चाहिए कि ईरान झुक जाएगा।

एजेई ने कहा, “अमेरिका और डोनाल्ड ट्रम्प के सामने सिर्फ एक ही रास्ता है। वे अपनी अनुचित मांगों को बंद करें। ईरान कभी भी उनके आगे सरेंडर करेगा यह भ्रम नहीं पालना चाहिए।”

08:54 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान ने कुवैत में 3 अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया

ईरान ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने कुवैत में मौजूद अमेरिका के तीन सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमला किया है। सेना के मुताबिक, उसने अराश ड्रोन से कैंप अरिफजान, कैंप दोहा और कैंप अदैरी को निशाना बनाया।

ईरानी सेना ने कहा कि कैंप अदैरी में मौजूद सैन्य उपकरणों के भंडार (इक्विपमेंट डिपो) पर हमला किया गया। वहीं, कैंप दोहा और कैंप अरिफजान में उन इलाकों को निशाना बनाया गया, जहां अमेरिकी सैनिक तैनात थे।

सेना ने यह भी कहा कि अमेरिका के खिलाफ उसके ड्रोन और मिसाइल हमले आगे भी जारी रहेंगे।

08:30 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

इराक में अमेरिकी सैन्य अड्डे के पास धमाके

उत्तरी इराक के एरबिल में अमेरिकी सैन्य अड्डे के पास शुक्रवार सुबह कई धमाके हुए। एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9:30 बजे कम से कम 7 धमाकों की आवाज सुनी गई।

धमाके से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। अमेरिकी बेस के पास से काले धुएं के चार गुबार उठते देखे गए।

06:01 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- अमेरिकी हमलों के बावजूद बातचीत का रास्ता खुला

ईरान के एक वरिष्ठ राजनयिक अधिकारी ने कहा है कि अमेरिकी हमलों के बावजूद कूटनीति का रास्ता खुला है। अल जजीरा से बातचीत में अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थों के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान जारी है।

अधिकारी ने आरोप लगाया कि अमेरिका ईरान के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है, जिससे कूटनीतिक प्रयास प्रभावित हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के सामने सभी विकल्प खुले हैं।

05:12 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- बहरीन और जॉर्डन में अमेरिकी बेस को निशाना बनाया

ईरान ने दावा किया है कि उसने बहरीन और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमले किए हैं। ईरानी समाचार एजेंसी मेहर के मुताबिक, बहरीन के शेख ईसा एयर बेस पर फ्यूल स्टोरेज टैंक, उपकरण गोदाम और सैनिकों के आवासीय परिसर को निशाना बनाया गया।

ईरानी सेना ने यह भी दावा किया कि जॉर्डन के मुवाफ्फाक सल्ती (अल-अजराक) एयर बेस पर विमान हैंगर, रखरखाव सुविधाओं और सैनिकों के ठिकानों पर भी ड्रोन से हमला किया गया। साथ ही चेतावनी दी कि ईरान के हितों के खिलाफ किसी भी कार्रवाई से क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता प्रभावित होगी।

04:58 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

सऊदी तेल लेकर 2 चीनी टैंकर ने बाब-अल-मंदेब पार किया

यमन के हूती विद्रोहियों के बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट से सऊदी तेल की ढुलाई रोकने का ऐलान किए जाने के बावजूद सऊदी अरब का कच्चा तेल लेकर जा रहे दो चीनी सुपरटैंकर सुरक्षित रूप से इस जलमार्ग को पार कर गए।

एलएसईजी (LSEG) के शिपिंग डेटा के अनुसार, सिंगापुर के झंडे वाला VLCC Xin Long Yang और चीन के झंडे वाला VLCC Cosnew Lake गुरुवार को सफलतापूर्वक बाब-अल-मंदेब से निकल गए। दोनों जहाजों ने इसी सप्ताह सऊदी अरब के यानबू बंदरगाह से कच्चे तेल की खेप लोड की थी।

04:34 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान में केश्म द्वीप के पास विमान क्रैश होने की खबर

ईरान के केश्म द्वीप के पास विमान क्रैश होने की शुरुआती रिपोर्ट सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, फिलहाल यह साफ नहीं है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान सैन्य था या नागरिक। साथ ही, उसमें सवार लोगों की संख्या, संभावित हताहतों और दुर्घटना के कारणों को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

03:56 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

कच्चे तेल में हफ्तेभर 10% से ज्यादा की तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में शुक्रवार को मामूली गिरावट दर्ज की गई। हालांकि पूरे सप्ताह के दौरान दोनों प्रमुख बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) में 10% से ज्यादा की तेजी रही।

शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड 72 सेंट (0.72%) गिरकर 99.97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इसके बावजूद सप्ताहभर में इसमें 13.5% की बढ़त दर्ज होने की उम्मीद है। वहीं WTI 70 सेंट (0.76%) फिसलकर 91.49 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, लेकिन साप्ताहिक आधार पर इसमें 10.9% की बढ़त बनी हुई है।

इससे पहले गुरुवार को ब्रेंट में 7% और WTI में 6.2% की तेजी आई थी। ब्रेंट पहली बार मई के बाद 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बंद हुआ।

03:19 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- दूसरे देशों की संपत्ति जब्त करना खतरनाक मिसाल

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने दूसरे देशों की संपत्ति जब्त करने के प्रस्ताव पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि किसी अन्य देश की संपत्ति को जब्त कर भविष्य के असंबंधित दावों के भुगतान में इस्तेमाल करना एक खतरनाक मिसाल है।

अराघची ने कहा कि जो लोग ऐसी जब्त की गई संपत्तियों का जश्न मना रहे हैं या उनसे लाभ उठाना चाहते हैं, उन्हें यह याद रखना चाहिए कि यदि सरकारें इस तरह की जब्ती को सामान्य बना देंगी, तो किसी भी देश या व्यक्ति की संपत्ति सुरक्षित नहीं रहेगी।

02:46 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान में अमेरिकी हमले से 4 की मौत

ईरान के दक्षिण-पश्चिमी शहर अहवाज के पास अमेरिकी मिसाइल हमले में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हुए हैं। यह दावा ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से किया है।

02:16 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

दावा- अमेरिका का हथियार स्टॉक भरने में 5 साल लग सकते हैं

ईरान के खिलाफ जारी युद्ध के बीच अमेरिका के हथियारों का भंडार तेजी से घट रहा है। पेंटागन के पूर्व अधिकारी मार्क कैंशियन ने दावा किया है कि मौजूदा रफ्तार से हथियार खर्च होने के कारण अमेरिकी स्टॉक को पहले के स्तर तक पहुंचाने में 2 से 5 साल लग सकते हैं।

कैंशियन ने अल जज़ीरा से बातचीत में कहा कि ईरान पर हमलों में अमेरिका ने जिन सात प्रमुख हथियारों का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया, उनमें से करीब एक-तिहाई से आधा स्टॉक खत्म हो चुका है। उनके मुताबिक यही हथियार ताइवान या पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में संभावित युद्ध की स्थिति में भी जरूरी होंगे।

01:54 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान के 5 शहरों में धमाके, तेहरान में एयर डिफेंस एक्टिव

ईरान के पांच शहरों में धमाके हुए हैं। ईरानी मीडिया के मुताबिक अमेरिका ने खोंदाब, खोर्रमाबाद, कोनारक, जास्क और राजधानी तेहरान में अलग-अलग जगहों को निशाना बनाया है। सरकारी टीवी IRIB ने बताया कि खोंदाब शहर के बाहरी इलाके में दो प्रोजेक्टाइल गिरे। वहीं खोर्रमाबाद और कोनारक में भी तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। फार्स न्यूज एजेंसी और IRIB के मुताबिक, होर्मुज के किनारे स्थित जास्क पोर्ट में भी कई धमाके हुए। यह इलाका रणनीतिक रूप से बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि दुनिया के बड़े हिस्से का तेल इसी समुद्री रास्ते से गुजरता है।

01:38 AM24 जुलाई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका ने लगातार 13वीं रात ईरान पर हमले किए

अमेरिका ने लगातार 13वीं रात ईरान पर हमले किए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि 23 जुलाई की रात किए गए हमलों में ईरान के सैन्य कमांड सेंटर, ड्रोन स्टोरेज, संचार नेटवर्क, तटीय निगरानी ठिकानों और समुद्री क्षमताओं को निशाना बनाया गया।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *