2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा।
प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने बुधवार को इस बात की आधिकारिक घोषणा की। दादा साहेब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर भारत सरकार ने यह फैसला लिया है।
22 सितंबर 2026 को गुजरात के केवडिया में आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में अनंत नाग को यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अनंत नाग को बधाई दी। पीएम मोदी ने लिखा, “दिग्गज अनंत नाग जी को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बहुत-बहुत बधाई। कई दशकों तक उनके सहज अभिनय, बेहतरीन बहुमुखी प्रतिभा और प्रतिभा ने भारतीय सिनेमा, खासकर कन्नड़ सिनेमा पर एक मजबूत छाप छोड़ी है। उन्होंने जिस भी किरदार को निभाया, उसमें गहराई और प्रामाणिकता ला दी। यह वास्तव में एक महान कलाकार के लिए पूरी तरह से योग्य सम्मान है।”

300 से अधिक फिल्मों में कर चुके हैं काम
4 सितंबर 1948 को जन्मे अनंत नाग (अनंत नागरकट्टे) कन्नड़ सिनेमा के सबसे सम्मानित और दिग्गज अभिनेताओं में से एक हैं। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है, जिनमें 250 से ज्यादा कन्नड़ फिल्में शामिल हैं। कन्नड़ के अलावा उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, मराठी, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं की फिल्मों में भी अपनी अदाकारी का जादू चलाया है।
‘मालगुडी डेज’ से घर-घर में मिली पहचान
फिल्मों के अलावा अनंत नाग को उनके टेलीविजन वर्क के लिए भी काफी पसंद किया गया। वे मशहूर लेखक आरके नारायण की कहानियों पर आधारित दूरदर्शन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘मालगुडी डेज’ में नजर आए थे। इस शो से उन्हें घर-घर में एक अलग पहचान मिली थी। अपने शानदार करियर में वे अब तक 5 बार कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार जीत चुके हैं।
2025 में मिला था ‘पद्म भूषण’ सम्मान
सिनेमा और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत सरकार ने साल 2025 में अनंत नाग को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से नवाजा था। दादा साहेब फाल्के पुरस्कार को भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है, जो भारतीय सिनेमा के विकास और प्रगति में किसी व्यक्ति के विशेष योगदान के लिए दिया जाता है।














