- Hindi News
- International
- US Iran War Missile Attack Photos LIVE Update; Donald Trump Vs Benjamin Netanyahu | Hormuz Strait Tehran
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिकी सेना का एक अपाचे हेलिकॉप्टर सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास क्रैश हो गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बातचीत के दौरान घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं।
फिलहाल यह साफ नहीं है कि हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण गिरा या किसी हमले का शिकार हुआ। अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले पर कल रिपोर्ट जारी की जाएगी।
अमेरिकी सेना होर्मुज स्ट्रेट में अपाचे हेलिकॉप्टर, MQ-9 रीपर ड्रोन, F/A-18 और F-35 लड़ाकू विमानों की मदद से सुरक्षा अभियान चला रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, अपाचे हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल छोटे हथियारबंद बोट्स और ड्रोन के हमले रोकने के लिए किया जाता है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…
1. ईरान-इजराइल में 2 महीने बाद फिर जंग: अप्रैल में हुए सीजफायर के बाद ईरान ने इजराइल पर 30 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। जवाब में इजराइल ने ईरान के सैन्य ठिकानों, एयर डिफेंस सिस्टम और पेट्रोकेमिकल प्लांट पर हमले किए।
2. भारत ने नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह दी: बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर भारतीयों से ईरान की यात्रा टालने और वहां मौजूद लोगों से जल्द देश छोड़ने को कहा।
3. हूती विद्रोहियों ने रेड सी में इजराइली जहाजों की नाकाबंदी का ऐलान किया: यमन के हूती विद्रोहियों ने इजराइल से जुड़े जहाजों को निशाना बनाने की चेतावनी दी। इससे वैश्विक समुद्री व्यापार और तेल सप्लाई पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
4. ईरान-इजराइल टकराव से तेल 3% से ज्यादा महंगा: तनाव बढ़ने के बाद ब्रेंट क्रूड 96.75 डॉलर प्रति बैरल और WTI 93.89 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। बाजार को होर्मुज स्ट्रेट में सप्लाई बाधित होने का डर है।
5. ट्रम्प-नेतन्याहू में मतभेद की खबरें: रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रम्प ने नेतन्याहू से ईरान पर पलटवार न करने को कहा। अमेरिकी और इजराइली रुख में मतभेद की चर्चाएं तेज हुईं, जबकि ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ जो भी डील होगी, नेतन्याहू को माननी पड़ेगी।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फ्रांस में इजराइली मंत्री की एंट्री पर रोक लगाई गई
फ्रांस ने इजराइल के वित्त मंत्री बेजालेल स्मोट्रिच के देश में आने पर रोक लगा दी है।
फ्रांस के विदेश मंत्री जां नोएल बारो ने बताया कि यह फैसला ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और नॉर्वे के साथ मिलकर लिया गया है।
फ्रांस ने स्मोट्रिच के अलावा चार सेटलर नेताओं और 21 ऐसे लोगों पर भी प्रतिबंध लगाया है, जिन पर वेस्ट बैंक में हिंसा फैलाने का आरोप है।
बारो ने कहा कि स्मोट्रिच वेस्ट बैंक में नई बस्तियां बसाने, इस इलाके को इजराइल में मिलाने और गाजा में दोबारा बसावट की वकालत करते हैं। उनका कहना है कि ऐसी नीतियां दुनिया के ज्यादातर देशों को मंजूर नहीं हैं और इससे दो राष्ट्र समाधान की कोशिशों को नुकसान पहुंचता है।
18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह ने इजराइल के खिलाफ ईरान की कार्रवाई का समर्थन किया
जबुल्लाह ने इजराइल के खिलाफ ईरान के मिसाइल हमलों की तारीफ करते हुए कहा है कि यह कार्रवाई लेबनानी लोगों की रक्षा के लिए की गई थी।
संगठन ने कहा कि ईरान ने इस हमले के जरिए यह दिखाया है कि वह लेबनान के साथ मजबूती से खड़ा है।
हिजबुल्लाह का आरोप है कि इजराइल, अमेरिका के समर्थन के साथ, सीजफायर समझौते का उल्लंघन करता रहा और लेबनान के दक्षिणी इलाकों को निशाना बनाता रहा। इसी वजह से ईरान ने जवाबी कार्रवाई की।
संगठन ने कहा कि इस कदम का मकसद यह संदेश देना था कि मिडिल ईस्ट में शांति तभी बनी रह सकती है, जब सभी पक्ष समझौतों का पालन करें और सबसे पहले इजराइल उनका सम्मान करे।
हिजबुल्लाह ने यमन के हूती आंदोलन की कार्रवाई की भी तारीफ की। संगठन ने कहा कि इजराइल को रोकने के लिए यह एक साझा कोशिश का हिस्सा था।
52 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ट्रम्प का दावा- कुछ दिनों में ईरान से समझौता हो सकता है
ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की बातचीत आखिरी दौर में पहुंच गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पर अगले कुछ दिनों में हस्ताक्षर हो सकते हैं।
ट्रम्प ने पत्रकारों से कहा कि इस समझौते का मकसद ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। उनका दावा है कि समझौते पर हस्ताक्षर होते ही हॉर्मुज स्ट्रेट को तुरंत खोल दिया जाएगा।
12:16 PM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल ने फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के दो कमांडर मारे
इजराइली सेना ने दावा किया है कि सोमवार को दक्षिणी गाजा में किए गए एक हमले में फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के दो कमांडर मारे गए। इजराइली सेना का कहना है कि दोनों उसके सैनिकों पर हमले की योजना बना रहे थे।
सेना के मुताबिक मारे गए लोगों में इयाद मोहम्मद अब्द अल अजीज नाफेल शामिल हैं, जो संगठन की एलीट फोर्स का कमांडर था। दूसरा इंसान अहमद मारूफ था, जो एक ऐसे ग्रुप की लीडरशिप कर रहा था जिसने पहले इजराइल पर रॉकेट हमले किए थे।
11:50 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका में अपाचे हेलिकॉप्टर हादसे की जांच शुरू
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि सोमवार को हॉर्मुज स्ट्रेट में समुद्र में गिरे अपाचे हेलिकॉप्टर के दोनों पायलटों को सुरक्षित बचा लिया गया।
सेंटकॉम के मुताबिक हादसे के करीब दो घंटे के अंदर दोनों सैनिकों को निकाल लिया गया। उनकी हालत स्थिर है और हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
एबीसी न्यूज के मुताबिक बचाव के लिए एक मरीन ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। इसने दोनों पायलटों को समुद्र से निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया।
अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि टास्क फोर्स 59 के पास ऐसे कई मरीन ड्रोन हैं। इस अभियान में इस्तेमाल किया गया ड्रोन दिखने में एक स्पीड बोट जैसा है।
11:20 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल के हमले में ईरान के दो सैनिकों की मौत
ईरान के सरकारी टीवी के मुताबिक सोमवार को इजराइल के हमले में एयर डिफेंस यूनिट के दो जवान मारे गए। ईरानी सेना ने बताया कि दोनों जवानों का अंतिम संस्कार मंगलवार को तेहरान में किया जाएगा।
ईरान ने रविवार रात इजराइल के कई शहरों पर मिसाइल हमले किए थे, इसके बाद इजराइल ने भी पलटवार किया था। हालांकि बाद में दोनों तरफ से हमले रोकने की बात कही गई थी। इसके बाद ईरान ने साफ कहा है कि अगर इजराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर फिर हमला किया, तो वह भी दोबारा जवाबी कार्रवाई शुरू करेगा।
11:02 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
पीएम मोदी ने कुवैत के अमीर से फोन पर की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कुवैत के अमीर शेख मिशाल अल अहमद अल जाबेर अल सबाह से फोन पर बातचीत की।
दोनों नेताओं ने मिडिल ईस्ट के तेजी से बदलते हालात पर विचार साझा किए और क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।
10:37 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का आरोप- अमेरिका ने उसका टिकट कोटा रद्द किया
ईरान के फुटबॉल फेडरेशन ने आरोप लगाया है कि अमेरिका ने वर्ल्ड कप के ग्रुप मैचों के लिए उसे दिए गए टिकट वापस ले लिए हैं। इसके कारण अब ईरानी टीम के समर्थकों को एक भी टिकट नहीं मिल पाएगा।
फेडरेशन ने कहा कि फीफा के नियमों के मुताबिक हर देश को उसके हर मैच के लिए कुल टिकटों का 8 फीसदी हिस्सा मिलता है। इन टिकटों को संबंधित देश अपने समर्थकों को बेचता है।
ईरान का कहना है कि उसे यह टिकट पहले ही मिल चुके थे और न्यूजीलैंड, बेल्जियम और मिस्र के खिलाफ होने वाले मैचों के लिए बिक्री भी शुरू हो गई थी। कई समर्थकों ने यात्रा की तैयारी भी कर ली थी।
लेकिन फेडरेशन के मुताबिक अचानक अमेरिका ने यह टिकट कोटा वापस ले लिया। इसलिए अब ईरानी फुटबॉल संघ अपने समर्थकों को एक भी टिकट नहीं दे सकता।
ईरान ने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका पहले से ही उसकी टीम के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है। फेडरेशन के मुताबिक कुछ सपोर्ट स्टाफ को वीजा भी नहीं दिया गया। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब फरवरी के आखिर में अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है।

ईरानी फुटबॉल टीम।
10:33 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान के टायर शहर में इजराइली एयरस्ट्राइक, 8 लोगों की मौत
दक्षिणी लेबनान के तटीय शहर टायर में इजरायली हवाई हमले में कम से कम आठ लोगों के मारे जाने की सूचना है। यह हमला ऐसे समय हुआ जब इजरायली सेना ने शहर के निवासियों को क्षेत्र खाली करने का आदेश जारी किया था।
लेबनान की सिविल डिफेंस एजेंसी के अनुसार, हमले में शहर के एक लोकप्रिय रिहायशी इलाके को निशाना बनाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक आंकड़े सामने नहीं आए हैं।
इससे पहले इजरायली सेना ने टायर शहर के कई इलाकों के लिए निकासी आदेश जारी किया था। आदेश में ईसाई बहुल क्षेत्रों को भी शामिल किया गया।
दक्षिणी लेबनान में हाल के हफ्तों में इजरायली हवाई हमलों और निकासी आदेशों में लगातार वृद्धि देखी गई है। टायर और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी कई बार हमले हुए हैं, जिससे बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं।
संघर्षविराम के विभिन्न प्रयासों के बावजूद इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव बना हुआ है।
10:03 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली लेखक बोले- ट्रम्प जो कहेंगे, नेतन्याहू को वही करना होगा
इजराइली लेखक गिडियन लेवी ने कहा है कि इजराइल अब सैन्य मदद के लिए अमेरिका पर पहले से कहीं ज्यादा निर्भर हो गया है। ऐसे में वह मिडिल ईस्ट के मामलों में अपनी मर्जी से फैसले नहीं ले सकता।
अल जजीरा से बातचीत में लेवी ने कहा, “इजराइल ट्रम्प को न नहीं कह सकता। नेतन्याहू भी ऐसी स्थिति में नहीं हैं। ट्रम्प जो कहेंगे, नेतन्याहू को वही करना पड़ेगा।
लेवी का कहना है कि गाजा, लेबनान और ईरान में हमले जारी रखने की एक वजह घरेलू राजनीति भी है। उनके मुताबिक, इजराइल में युद्ध के समय सरकार को लोगों का ज्यादा समर्थन मिलता है और चुनाव भी करीब हैं।
उन्होंने कहा, “इजराइल में किसी कूटनीतिक समझौते की बजाय नया युद्ध शुरू करके जनता का समर्थन जुटाना आसान होता है।”
लेवी ने बताया कि सर्वे के अनुसार ईरान पर हमले का समर्थन करीब 93 फीसदी लोगों ने किया था। हालांकि अब यह समर्थन धीरे-धीरे कम होता दिख रहा है।
उन्होंने कहा, अब इजराइल के लोग लगातार युद्ध से थकने लगे हैं। उन्हें लगने लगा है कि गाजा, लेबनान और ईरान में लड़ाई से कोई बड़ा फायदा नहीं हुआ। आने वाले समय में और ज्यादा लोग इस बात को समझ सकते हैं।
09:33 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान के समर्थन में ईरान का संदेश: ‘हमले जारी रहे तो जवाब देंगे’
लेबनान में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अपने लंबे समय के सहयोगी लेबनान और हिजबुल्लाह के प्रति समर्थन दोहराते हुए इजरायल को कड़ा संदेश दिया है। ईरान ने संकेत दिया है कि यदि लेबनानी क्षेत्रों पर हमले जारी रहे तो वह प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार है।
विश्लेषकों के अनुसार, तेहरान का पहला उद्देश्य लेबनान और हिजबुल्लाह के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करना है।
ईरान की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि यदि इजरायल भविष्य में लेबनान, विशेष रूप से राजधानी बेरूत और दहिया इलाके में सैन्य कार्रवाई जारी रखता है, तो जवाबी कदम उठाए जा सकते हैं। दहिया को हिजबुल्लाह का प्रमुख प्रभाव क्षेत्र माना जाता है।
साथ ही, ईरान ने किसी भी संभावित इजरायली कार्रवाई के खिलाफ अपने क्षेत्रीय और राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने की चेतावनी भी दी है।
08:56 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
टायर से लोगों का पलायन जारी: बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे राहतकर्मी
दक्षिणी लेबनान के प्रमुख शहर टायर में इजरायल द्वारा जारी नए निकासी आदेश के बाद लोगों का पलायन जारी है। लेबनानी सिविल डिफेंस की टीमें बुजुर्गों, बीमारों और अन्य कमजोर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, इजरायली चेतावनी के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए राहत एजेंसियों ने विशेष निकासी अभियान शुरू किया है ताकि ऐसे लोगों को बाहर निकाला जा सके जो स्वयं यात्रा करने में सक्षम नहीं हैं।
राष्ट्रीय समाचार एजेंसी (NNA) ने बताया कि बचाव दल संवेदनशील और कमजोर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। एंबुलेंस और अन्य राहत वाहनों के जरिए कई बुजुर्गों को शहर से बाहर ले जाया गया है।
इस बार इजरायली सेना के निकासी आदेश में टायर का ईसाई बहुल इलाका भी शामिल किया गया है, जिसे पहले कई बार ऐसे आदेशों से बाहर रखा गया था। इससे स्थानीय निवासियों के बीच चिंता बढ़ गई है।
इजरायली सेना का दावा है कि संबंधित क्षेत्रों में हिजबुल्लाह के लड़ाके सक्रिय हैं और वहां सैन्य गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि तत्काल नहीं हो सकी है।
07:51 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने 37 बार जल्द जंग खत्म होने का दावा किया

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प पिछले ढाई महीने से लगातार कह रहे हैं कि इजराइल और ईरान समझौते के बेहद करीब हैं और युद्ध जल्द खत्म हो जाएगा। CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने मार्च से अब तक 37 बार दावा किया कि दोनों पक्षों में ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और डील बस होने ही वाली है।
इसी वजह से उनके दावों पर सवाल उठ रहे हैं। ट्रम्प ने कई मौकों पर यह भी कहा कि ईरान समझौते के लिए बेताब है, उसकी लगभग सभी शर्तें मान चुका है और अगले कुछ दिनों में समझौते की घोषणा हो सकती है। अप्रैल में युद्धविराम की घोषणा करते समय भी उन्होंने कहा था कि सिर्फ दो हफ्तों में समझौता अंतिम रूप ले लेगा।
07:27 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल के हमले से लेबनान में 4 की मौत
दक्षिणी लेबनान में इजराइल के ताजा हमलों में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई। लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी NNA के मुताबिक, हमले ड्रोन और हवाई हमलों के जरिए किए गए।
06:42 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- 2 हफ्ते में ईरान पर पूरी जीत का ऐलान करेंगे
ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका अगले दो हफ्तों में ईरान पर पूरी जीत का ऐलान करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी रणनीति काम कर रही है और जल्द ही इसके नतीजे दिखाई देंगे।
रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम के समर्थन में आयोजित एक टेली-रैली में ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ बढ़त बनाए हुए है। ट्रम्प ने दावा किया कि यह जीत बहुत जल्द हासिल होगी और इसका असर वैश्विक तेल बाजार पर भी दिखेगा।
06:05 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
NBA फाइनल में ट्रम्प की हूटिंग, दर्शकों ने नाराजगी जताई
ट्रम्प को NBA फाइनल के दौरान दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा। ट्रम्प सोमवार रात न्यूयॉर्क में NBA फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे थे।
AP के मुताबिक राष्ट्रगान के दौरान जब ट्रम्प की तस्वीर एरिना की बड़ी स्क्रीन पर दिखाई गई तो दर्शकों के एक हिस्से ने जोरदार हूटिंग शुरू कर दी। ट्रम्प मैच को एक्जीक्यूटिव सुइट से देख रहे थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
05:34 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान की नाकाबंदी, बमबारी से ज्यादा असरदार
ट्रम्प ने कहा है कि ईरान पर लगाई गई आर्थिक और समुद्री नाकाबंदी सैन्य हमलों से ज्यादा असरदार साबित हुई है।
न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और ईरान समझौते के करीब है। उन्होंने कहा कि अमेरिका चाहे तो ईरान पर बड़े पैमाने पर बमबारी कर सकता है, लेकिन उससे भारी तबाही और जनहानि होगी।
ट्रम्प ने दावा किया कि नाकाबंदी के कारण ईरानी अर्थव्यवस्था दबाव में है और यही वजह है कि तेहरान समझौते के लिए तैयार हो रहा है।
05:21 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- इजराइल और ईरान एक हफ्ते तक एक-दूसरे पर हमला नहीं करेंगे
ट्रम्प ने दावा किया है कि इजराइल और ईरान कम से कम एक हफ्ते तक एक-दूसरे के खिलाफ कोई सैन्य कार्रवाई नहीं करेंगे।
मीडिया से बातचीत में ट्रम्प ने कहा कि इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से उनकी बहुत अच्छी बातचीत हुई है और दोनों पक्ष फिलहाल तनाव कम करने पर सहमत हैं।
उन्होंने कहा, “नेतन्याहू पर हमला हुआ था और उन्होंने जवाब दिया। मैं इसके लिए उन्हें दोष नहीं देता। लेकिन अब दोनों पक्ष रुक गए हैं और शायद एक हफ्ते तक एक-दूसरे को छोड़ देंगे।”
04:47 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की U-23 फुटबॉल टीम ने बहरीन दौरा रद्द किया
ईरान की अंडर-23 फुटबॉल टीम ने बहरीन के खिलाफ होने वाला फ्रेंडली मैच रद्द कर दिया है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, रिपोर्ट के अनुसार, टीम इस समय तुर्किये में ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रही है। बहरीन ही नहीं, बल्कि कुछ अन्य देशों के खिलाफ प्रस्तावित फ्रेंडली मुकाबलों से भी नाम वापस ले लिया है। हालांकि इसके पीछे की वजह नहीं बताई गई।
04:18 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज के पास अमेरिकी अपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश, दोनों पायलट सुरक्षित
होर्मुज स्ट्रेट के पास सोमवार को अमेरिकी सेना का एक AH-64 अपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया।न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में सवार दोनों क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया है।
हालांकि दुर्घटना की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। रिपोर्ट के अनुसार, जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हेलिकॉप्टर ईरानी हमले का शिकार हुआ, किसी तकनीकी खराबी के कारण गिरा या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

03:39 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने नेतन्याहू को चेताया- संभलकर चलो, वरना अकेले पड़ जाओगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान से बचने की सलाह दी है। ट्रम्प ने कहा कि अगर इजराइल संघर्ष को और बढ़ाता है तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ सकता है।
ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच ट्रम्प ने नेतन्याहू से फोन पर बात की। एक्सिओस की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने नेतन्याहू से कहा, “बीबी, सावधान रहो, नहीं तो बहुत जल्द तुम अकेले पड़ जाओगे।”
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प को चिंता है कि अगर दोनों देशों के बीच लड़ाई और बढ़ी तो अमेरिका-ईरान बातचीत प्रभावित हो सकती है और पूरा क्षेत्र बड़े युद्ध की चपेट में आ सकता है।
तनाव तब बढ़ा जब इजराइल ने बेरूत में हिजबुल्लाह से जुड़े ठिकानों पर हमला किया। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल पर मिसाइलें दागीं। बाद में इजराइल ने भी ईरान के अंदर कई ठिकानों पर कार्रवाई की।
03:09 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
ईरान-इजराइल तनाव से फिर महंगा हुआ तेल
ईरान और इजराइल के बीच संघर्ष दोबारा बढ़ने की आशंका के बीच मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त दर्ज की गई। निवेशकों को डर है कि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा तो तेल सप्लाई प्रभावित हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 13 सेंट बढ़कर 94.38 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं अमेरिकी WTI क्रूड 11 सेंट चढ़कर 91.41 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।
हालांकि दोनों देशों ने हाल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की अपील के बाद हमले रोकने पर सहमति जताई थी, लेकिन ईरान और इजराइल के ताजा बयानों से संकेत मिले हैं कि सैन्य कार्रवाई पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। इसी वजह से तेल बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है और कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है।
02:29 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
ईरान को जून अंत तक अमेरिका से समझौते की उम्मीद
अमेरिका और ईरान के बीच जारी बातचीत जून के अंत तक किसी नतीजे पर पहुंच सकती है। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने कहा है कि कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है और समाधान तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
02:07 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
मिसाइल हमले के बाद जहाज से 24 भारतीयों को बचाया गया

ओमान के समुद्री क्षेत्र में MT मैरिवेक्स नामक तेल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले के बाद उसमें सवार 24 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन ओमान नौसेना के सहयोग से पूरा किया गया।
भारतीय तटरक्षक बल ने सोमवार को बताया कि ओमान सर्च एंड रेस्क्यू रीजन (SRR) में MT मैरिवेक्स पर मिसाइल हमले की सूचना मिलते ही मुंबई स्थित मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC) सक्रिय हो गया।

MRCC मुंबई ने तुरंत ओमान की समुद्री एजेंसी OMSC के साथ समन्वय स्थापित किया। इसके बाद ओमान नौसेना के हेलिकॉप्टरों की मदद से जहाज पर फंसे सभी 24 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

01:34 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिणी ईरान में 5 तीव्रता का भूकंप
दक्षिणी ईरान में सोमवार सुबह 5 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप के झटके होर्मोजगान और करमान प्रांत के सरगाज इलाके के पास महसूस किए गए।
ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र होर्मोजगान और करमान प्रांत के सरगाज क्षेत्र के पास था। झटके महसूस होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने हालात का आकलन शुरू कर दिया।फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान या घायल होने की सूचना नहीं है।
01:23 AM9 जून 2026
- कॉपी लिंक
दावा- लेबनान को लेकर ट्रम्प की नेतन्याहू से बहस हो गई थी
लेबनान में अमेरिका के राजदूत मिशेल ईसा ने दावा किया है कि लेबनान को लेकर राष्ट्रपति ट्रम्प और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच मतभेद पैदा हो गए हैं।
नबीह बेरी से मुलाकात के बाद ईसा ने कहा कि अमेरिका नहीं चाहता कि मौजूदा संघर्ष और आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि हाल के हमले दोनों पक्षों की ओर से दिए गए राजनीतिक संदेश थे।
ईसा ने बताया कि ट्रम्प हर दिन लेबनान की स्थिति पर नजर रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लेबनान के मुद्दे पर ट्रम्प की नेतन्याहू से “लगभग बहस हो गई थी”।
हालांकि, उन्होंने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। लेकिन उनके बयान से यह संकेत मिलता है कि अमेरिका क्षेत्र में तनाव कम करना चाहता है, जबकि इजराइल की कार्रवाई को लेकर कुछ मतभेद मौजूद हैं।













