Punjab Youth Murder | Cockroach Party Protest | ACTPnews

Punjab Youth Murder | Cockroach Party Protest


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़ी रही। अमृतसर में पार्टी ने प्रदर्शन किया। फाउंडर अभिजीत दीपके शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री खट्टर बोले- जो इनका साथ देगा, वह देश के खिलाफ है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. PGI के पास कैशियर का मर्डर, 1 सेकेंड में 13 गोलियां मारीं

चंडीगढ़ में शनिवार दोपहर पीजीआई के पास सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में मेडिकल स्टोर के कैशियर की मौत हो गई। 2 बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में घुसे थे।

उन्होंने मास्क लगाया हुआ था। दोनों ने हाथ छिपाकर दुकान में ही अपनी ऑटोमैटिक गन लोड कीं और काउंटर पर बैठे कैशियर पर फायरिंग कर दी। गन से करीब 1 सेकेंड में ही 13 फायर हुए। गन दोनों ही हमलावरों के पास थीं, लेकिन गोली उनमें से एक ही हमलावर ने चलाई। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के रोड़ू गांव के रहने वाले जानकी दास (55) के रूप में हुई है। इस वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, फाउंडर अभिजीत दीपके शामिल होने पहुंचे

अमृतसर में कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन किया। पार्टी फाउंडर अभिजीत दीपके दोपहर के वक्त गोल्डन टेंपल पहुंचे, इसके बाद वह कार में सवार होकर गोल्डन गेट के लिए निकले, जहां पर प्रदर्शन के लिए भीड़ जुटी। अभिजीत ने कहा कि यहां पर पुणे और दिल्ली से भी बड़ा प्रदर्शन होगा।

गोल्डन गेट पर मंच से युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो…कॉकरोच जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन की अनुमति दीपके ने खुद ऑनलाइन माध्यम से DCP लॉ एंड ऑर्डर आलम विजय से शाम 4 से 7 बजे तक ली है।

सुरक्षा के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस ने प्रदर्शन से पहले पूरे इलाके में जांच की। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि जो भी इस पार्टी को समर्थन देगा या इसकी फंडिंग करेगा, वह देश के खिलाफ माना जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)

3. युवकों की गोली मारकर हत्या, अस्पताल जाते समय घेरा, अंधाधुंध फायरिंग की

जालंधर में शुक्रवार रात अस्पताल जा रहे दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि, दूसरे को गंभीर हालत में भर्ती किया गया था। आज (शनिवार) दोपहर उसने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, वारदात के पीछे 11 जून को हुई कहासुनी कारण रही। उस दिन 2 गुटों में मारपीट हुई थी। मारपीट के दौरान एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। जब अगले दिन वह पट्टी कराने अस्पताल जा रहा था, तभी दूसरे पक्ष ने घेरकर गोलियों से भून दिया।

मौके पर पहुंचे भार्गव कैंप के SHO ने बताया कि 5 से 7 हमलावरों ने अटैक किया। कुछ हमलावरों की पहचान हो गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)

4. पंजाब में जून के अंत तक पहुंचेगा मानसून, आंधी-बारिश में 3 मौतें

पंजाब में जून के अंत तक मानसून पहुचंने के आसार हैं। आज (13 जून) को जालंधर में तेज बारिश हुई, जबकि पठानकोट में सुबह के वक्त बादल छाने से दिन में अंधेरा सा रहा। वहीं फरीदकोट के प्राचीन गौशाला पंचवटी मंदिर परिसर में लगा करीब 60 साल पुराना पीपल का पेड़ तेज आंधी में उखड़कर गिर गया।

इसके अलावा जेतो के कोटकपूरा रोड पर स्थित एक पोल्ट्री फार्म भी तेज बारिश और आंधी की चपेट में आ गया। फार्म की छत अचानक ढह गई, जिससे करीब 2 हजार मुर्गियां व चुचे मलबे के नीचे दब कर मारे गए। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में दर्ज किया गया। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। अब तक करीब 3 लोगों की मौत हो चुकी, जबकि पावरकॉम को आंधी के कारण खंभे और ट्रांसफार्मर टूटने के कारण 2.6 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. गोली मारकर युवक की हत्या, 4 गोलियां पीठ में लगते ही जमीन पर गिरा

अमृतसर में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने 7-8 राउंड फायरिंग की। जिससे करीब 4 गोलियां उसकी पीठ पर लगी, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा और फिर नहीं उठा। गाली चलने की आवाज सुनकर मौके पर लोग पहुंचे। इसके बाद उन्होंने उसे उठाकर गंभीर हालत में अस्पताल पहंचाया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान मनीन्द्र सिंह उर्फ मन्ना के नाम से हुई। वह विवाहित था और उसकी पांच महीने की एक बेटी है। मनीन्द्र सिंह के दोस्त साहिब सिंह मान ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:50 बजे उन्होंने दुकान बंद की थी। इसके करीब पांच मिनट बाद कुछ युवक उनका पीछा करने लगे। चारों दोस्त अलग-अलग रास्तों से घर जा रहे थे, जिसका हमलावरों ने फायदा उठाया।

घर के नजदीक पहुंचते ही पहले से बाइक पर बैठे तीन युवकों ने उसे घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। मनीन्द्र सिंह के साथ मौजूद एक अन्य दोस्त गोली चलने की आवाज सुनकर वहां से दूर चला गया। हमलावरों ने 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं। (पढ़ें पूरी खबर)

6. केंद्रीय मंत्री बोले- शिअद से गठबंधन में BJP की बड़े भाई की भूमिका होगी

लुधियाना में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यदि पंजाब में शिअद और भाजपा के बीच गठबंधन होता है, तो भाजपा बड़े भाई की भूमिका में रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है और पार्टी हाईकमान पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पंजाब में भाजपा अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी संभावित गठबंधन में भाजपा को छोटा भाई मानने की सोच सही नहीं है।

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने बताया कि सरकार पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों की समीक्षा भी कर रही है। उनके अनुसार, 2014 में जब मोदी सरकार सत्ता में आई थी, तब देश की स्थिति अलग थी, जबकि आज केंद्र की योजनाओं का असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है और लोगों को उनका सीधा लाभ मिल रहा है।

ईंधन की कीमतों पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मई 2022 से 2026 के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में 3.1 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि इसी अवधि में कई अन्य क्षेत्रों में कीमतें 70 से 80 प्रतिशत तक बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि पेट्रोल और डीजल की कीमत तय करने में कच्चे तेल की लागत, बीमा और परिवहन खर्च, रिफाइनरी मार्जिन, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी और राज्य सरकारों द्वारा लगाया जाने वाला वैट शामिल होता है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. रूपनगर के करन सैनी बने फ्लाइंग ऑफिसर, पहले ही प्रयास में पास की परीक्षा

रूपनगर में नूरपुर बेदी के गांव थाना के रहने वाले करन सैनी भारतीय वायु सेना (IAF) में फ्लाइंग ऑफिसर (फाइटर पायलट) बन गए हैं। शनिवार, 13 जून को वायु सेना की एयर फोर्स एकेडमी, हैदराबाद में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान उन्हें आधिकारिक तौर पर विंग्स प्रदान कर सेना में कमीशन दिया गया।

करन सैनी का जन्म जनवरी 2004 में उनके ननिहाल गांव मवा में हुआ था। उनके पिता कुलवीर सैनी और माता पुष्पा देवी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा माउंट कार्मल स्कूल, जिंदवड़ी (आनंदपुर साहिब) से प्राप्त की। 10वीं कक्षा के बाद वह मोहाली आ गए, जहां अपने ताया इंजीनियर प्रेम चंद सैनी और ताई सरोज सैनी के पास रहकर उन्होंने 12वीं की पढ़ाई पूरी की।

12वीं के तुरंत बाद करन ने पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की एनडीए परीक्षा पास कर ली। ऑल इंडिया मेरिट में स्थान हासिल करने के बाद उन्होंने एसएसबी गुवाहाटी का इंटरव्यू भी सफलतापूर्वक क्लियर किया। इसके बाद जुलाई 2022 में उन्होंने NDA , खड़कवासला (पुणे) में तीन वर्ष की कठिन सैन्य ट्रेनिंग शुरू की, जिसके बाद अब उन्हें भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में कमीशन मिला है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. प्लेबॉय क्लब में सिक्योरिटी गार्ड की लाश मिली, हार्ट अटैक की आशंका

चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक क्लब में ड्यूटी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय राधेश्याम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और वर्तमान में चंडीगढ़ के दड़वा गांव में किराए के मकान में रह रहा था। वह इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित प्लेबॉय क्लब में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर कार्यरत था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, राधेश्याम शुक्रवार रात रोजाना की तरह ड्यूटी पर पहुंचा था। उसकी शिफ्ट रात 8 बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक थी और रात के दौरान वह क्लब परिसर में अकेला मौजूद था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे दूसरी शिफ्ट का सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी संभालने पहुंचा। उसने मुख्य दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने अपने पास मौजूद दूसरी चाबी की मदद से दूसरे गेट से अंदर प्रवेश किया।

अंदर जाने पर उसने राधेश्याम को जमीन पर पड़ा देखा। उसे उठाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद क्लब प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस राधेश्याम को तुरंत इलाज के लिए सेक्टर-32 स्थित अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. लेडी डॉक्टर डेथ केस, भास्कर ने ढूंढा पति का घर, अश्लील वीडियो में नजर आई नर्स भी गायब

जालंधर के नेशनल आई केयर अस्पताल के डॉक्टर पीयूष सूद की पत्नी डॉक्टर मीनाक्षी मौत मामले में FIR सामने आई है। इसमें डॉक्टर पीयूष के घर के एड्रेस का जिक्र नहीं है। पुलिस थाना डिवीजन-6 से जब डॉक्टर पीयूष के घर का एड्रेस पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्हें भी घर का ए़ड्रेस पता नहीं है।

दैनिक भास्कर टीम एड्रेस ढूंढ डॉक्टर पीयूष के घर पहुंची तो बाहर लग्जरी कार खड़ी थी। गेट की बेल बजाई तो कोई बाहर नहीं निकला। पड़ोसियों से पता किया तो बताया गया की पिछले 3 दिन दिन से परिवार नहीं दिखा।डॉक्टर पीयूष का नेशनल आई केयर अस्पताल खुला मिला। रिसेप्शन पर डॉक्टर पीयूष से इलाज के लिए बात करने को कहा तो बताया गया कि डॉक्टर साहब 10 दिन की छुट्टी पर गए हैं। अश्लील वीडियो में नजर आई नर्स भी गायब मिली।

10 जून को कपूरथला के सरकारी अस्पताल में टीबी डिपार्टमेंट की डॉक्टर मानीक्षा सूद अपने केवल विहार स्थित फ्लैट में मृत मिली थीं। पोस्टमॉर्टम के बाद फाजिल्का के जलालाबाद का रहने वाला उनका मायका परिवार डेडबॉडी ले गया था। डॉक्टर मीनाक्षी का वहां पर संस्कार कर दिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके….

10. युवक बोला- कभी बीड़ी नहीं पी, सरकारी रिकॉर्ड में नशेड़ी बना दिया

लुधियाना में अधिकारियों ने अजीब कारनामा कर दिया। युवक ने कहा कि मैंने कभी बीड़ी तक नहीं पी, फिर भी सरकारी रिकॉर्ड में मुझे नशेड़ी बना दिया गया। मेरे नाम पर निजी डी-एडिक्शन सेंटर 98 गोलियां तक जारी कर दी गईं, जबकि मुझे इसकी भनक तक नहीं थी। मैंने अपना डोप टेस्ट करवाया है, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

उसने कहा कि आधार कार्ड का दुरुपयोग किया गया। इसका पता तब चला, जब वह आर्म्स लाइसेंस के लिए डोप टेस्ट करवाने पहुंचा। इसके बाद उसने पुलिस और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन महीनों बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी। युवक तरसेम भारद्वाज खन्ना के गांव बीजा का रहने वाला है।

तरसेम भारद्वाज ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में काम करता है। 12 नवंबर 2025 को वह आर्म्स लाइसेंस के लिए जरूरी डोप टेस्ट करवाने सिविल अस्पताल लुधियाना पहुंचा था। अस्पताल में आधार कार्ड जमा करवाने पर उसे बताया गया कि उसका नाम डी-एडिक्शन रजिस्ट्री पोर्टल में दर्ज है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports