Iran US War Ceasefire Deal LIVE Update; Israel Lebanon Hezbollah | ACTPnews

Iran US War Ceasefire Deal LIVE Update; Israel Lebanon Hezbollah


  • Hindi News
  • International
  • Iran US War Ceasefire Deal LIVE Update; Israel Lebanon Hezbollah | Donald Trump Mojtaba Khamenei

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी16 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के बाद आगे की शर्तों पर बातचीत के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ शनिवार को स्विट्जरलैंड रवाना हो गए हैं। CNN के मुताबिक, वॉशिंगटन और तेहरान फिर से बातचीत शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं, जो पहले इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष के कारण टल गई थी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल ही में सीजफायर के बाद माहौल कुछ हद तक शांत होने पर बातचीत फिर से आगे बढ़ सकती है। इस प्रक्रिया में डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

समझौते के अनुसार, दोनों देशों को अंतिम डील तक पहुंचने के लिए 60 दिनों की समय-सीमा दी गई है। वहीं, एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी आज स्विट्जरलैंड पहुंच सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

1. ईरान-अमेरिका वार्ता टली: अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में होने वाली पहली औपचारिक वार्ता टाल दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेबनान में लगातार इजराइली हमलों को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद बने हुए हैं। हालांकि, CNN ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो गए हैं।

2. लेबनान में इजराइली हमलों में 47 लोगों की मौत: लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी में शुक्रवार देर रात से हुए इजराइली हवाई हमलों में 47 लोग मारे गए और 97 घायल हुए। 2 मार्च से अब तक मरने वालों की संख्या 3,980 पहुंच गई है।

3. होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही बढ़ी: अमेरिका-ईरान समझौते के बाद 18 जून को 25 कारोबारी जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे। यह अप्रैल के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा संख्या है। हालांकि, 500 से ज्यादा जहाज और 11 हजार नाविक अब भी खाड़ी में फंसे हुए हैं।

4. ट्रम्प बोले- ईरान को एक पैसा भी नहीं मिलेगा: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका मजबूरी में बातचीत की मेज पर नहीं आया, बल्कि ईरान खुद आया है। उन्होंने कहा कि अगले 60 दिनों तक ईरान को अमेरिका से एक पैसा भी नहीं मिलेगा।

5. पाकिस्तानी PM ने सऊदी क्राउन प्रिंस से की बात: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने साऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय शांति और अगले दौर की बातचीत को कूटनीति और संवाद के जरिए आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

लाइव अपडेट्स

17 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प ने अमेरिका-ईरान समझौते पर सर्वे शेयर किया

ट्रम्प ने क्वांटस इनसाइट्स का एक सर्वे शेयर किया है, जिसमें अमेरिका-ईरान के शुरुआती समझौते पर लोगों की राय पूछी गई। इस समझौते में दोनों देशों के बीच तनाव रोकने, होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही फिर शुरू करने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम व प्रतिबंधों पर 60 दिनों तक बातचीत करने का प्रस्ताव शामिल है।

16-17 जून 2026 के बीच 1,000 संभावित वोटर्स पर किए गए इस सर्वे में 43% लोगों ने समझौते का जोरदार समर्थन किया, जबकि 13% ने कुछ हद तक समर्थन जताया।

16% लोगों ने न समर्थन किया और न विरोध, 15% ने कहा कि वे निश्चित नहीं हैं। वहीं, 8% लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया और 5% ने कुछ हद तक विरोध जताया।

41 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सीजफायर के बावजूद लेबनान में इजराइल के हमले; 5 की मौत

दक्षिण लेबनान में इजराइल के हवाई हमले में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच एक दिन पहले ही सीजफायर पर सहमति बनी थी।

लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी NNA के मुताबिक, इजराइल के विमान और ड्रोन ने रात से लेकर सुबह तक नबातिएह इलाके में कई जगह हमले किए। इन हमलों में रिहायशी इमारतें और घर तबाह हो गए। साथ ही इजराइल सेना ने सुबह से पहले तोपों से भी गोलाबारी की।

05:09 AM20 जून 2026

  • कॉपी लिंक

रिपोर्ट- ईरान होर्मुज से सालाना ₹9 लाख करोड़ कमा सकता है

वित्तीय और व्यावसायिक न्यूज पोर्टल मनीकंट्रोल के मुताबिक अगर ईरान पर लगे प्रतिबंधों में ढील मिलती है और वह पूरी क्षमता से तेल निर्यात शुरू करता है, तो उसे सालाना 105 अरब डॉलर (करीब 9.9 लाख करोड़ रुपए) तक की कमाई हो सकती है।

मौजूदा तेल कीमतों के आधार पर 35 लाख बैरल प्रतिदिन का उत्पादन ईरान को रोज करीब 28.9 करोड़ डॉलर यानी सालाना 105.4 अरब डॉलर की आय दिला सकता है।

वहीं, भविष्य में अगर होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाया जाता है, तो तेल-गैस और अन्य मालवाहक जहाजों से ईरान को हर साल करीब 2.5 अरब डॉलर की अतिरिक्त कमाई भी हो सकती है।

04:39 AM20 जून 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- समझौते की कुछ शर्तें लागू होने के बाद ही आगे होगी बातचीत

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा है कि अंतिम समझौते पर बातचीत तभी शुरू हो सकती है, जब ईरान और अमेरिका के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के पैराग्राफ 1, 4, 5, 10 और 11 में शामिल प्रावधानों को लागू किया जाए और उनका लगातार पालन हो।

BBC के मुताबिक, इन पैराग्राफ्स में सभी मोर्चों पर जंग खत्म करना, होर्मुज से अमेरिकी नाकेबंदी पूरी तरह हटना, ईरान की तरफ से होर्मुज में बिना शुल्क सुरक्षित आवाजाही बहाल करना, सभी प्रतिबंध हटाना और फ्रीज्ड फंड रीलिज करने जैसी शर्तें शामिल हैं।

ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA के मुताबिक, बघाई ने कहा कि अंतिम समझौते का मसौदा तैयार करने के लिए मध्यस्थों के जरिए जरूरी बातचीत और सलाह-मशविरा जारी है। जैसे ही बातचीत शुरू करने के लिए तय शर्तें पूरी हो जाएंगी, इसकी सार्वजनिक घोषणा कर दी जाएगी।

03:49 AM20 जून 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान ने फीफा वर्ल्ड कप आयोजकों पर भेदभाव का आरोप लगाया

ईरानी फुटबॉल महासंघ के महासचिव हेदायत मोम्बेनी ने वर्ल्ड कप आयोजकों पर ईरान की टीम के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह वर्ल्ड कप के इतिहास का एक काला अध्याय है।

ईरान की टीम फिलहाल मेक्सिको में ठहरी हुई है। टीम चाहती थी कि रविवार को लॉस एंजिलिस में बेल्जियम के खिलाफ होने वाले मैच से दो दिन पहले अमेरिका पहुंच जाए, क्योंकि मुकाबला स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर 12 बजे शुरू होगा। लेकिन ईरानी फुटबॉल महासंघ का कहना है कि उसकी यह मांग ठुकरा दी गई।

मोम्बेनी ने तिजुआना में टीम के ट्रेनिंग कैंप में पत्रकारों से कहा, “यह एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है। हमारे साथ हुए समझौते और नियमों का इस तरह पालन नहीं होना फुटबॉल की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है।”

हालांकि, अमेरिका ने ईरान के आरोपों को खारिज किया है। व्हाइट हाउस की फीफा टास्क फोर्स के प्रमुख एंड्रयू जुलियानी ने कहा कि ईरान को पहले ही बता दिया गया था कि उसकी टीम को अपने मैच से सिर्फ एक दिन पहले ही अमेरिका में आने की अनुमति होगी।

03:26 AM20 जून 2026

  • कॉपी लिंक

रिपोर्ट- 59% इजराइली नहीं चाहते नेतन्याहू फिर चुनाव लड़ें

बेंजामिन नेतन्याहू 29 दिसंबर 2022 से लगातार इजराइल के प्रधानमंत्री हैं। (फाइल फोटो)

बेंजामिन नेतन्याहू 29 दिसंबर 2022 से लगातार इजराइल के प्रधानमंत्री हैं। (फाइल फोटो)

टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इजराइल में इस साल होने वाले चुनाव से पहले आए एक नए सर्वे में सामने आया है कि ज्यादातर इजराइली मानते हैं कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को राजनीति छोड़ देनी चाहिए और दोबारा चुनाव नहीं लड़ना चाहिए।

इजराइल की न्यूज मीडिया ‘चैनल 12’ के सर्वे के मुताबिक, 59% लोगों का कहना है कि नेतन्याहू को फिर से चुनाव नहीं लड़ना चाहिए, जबकि 33% लोग चाहते हैं कि वे दोबारा मैदान में उतरें। वहीं, 8% लोगों ने इस पर कोई राय नहीं दी।

जब लोगों से पूछा गया कि नेतन्याहू के बाद उनकी पार्टी का नेतृत्व किसे करना चाहिए, तो 18% ने अर्थव्यवस्था मंत्री नीर बरकात का नाम लिया। 9% लोगों ने न्याय मंत्री यारिव लेविन, 7% ने रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज और 6% ने संसद स्पीकर अमीर ओहाना का समर्थन किया।

02:54 AM20 जून 2026

  • कॉपी लिंक

रिपोर्ट- ईरान के विदेश मंत्री आज स्विट्जरलैंड जा सकते है

अमेरिकी मीडिया एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शनिवार को स्विट्जरलैंड जाने की योजना बना रहे हैं। हालांकि जमीनी हालात के आधार पर उनकी यात्रा में बदलाव हो सकता है।

एक मध्यस्थ देश के अधिकारी ने बताया कि अराघची ने कहा है कि लेबनान में युद्धविराम अमेरिका-ईरान वार्ता के भविष्य के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।

इस बीच, कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुर्रहमान अल थानी भी शुक्रवार को स्विट्जरलैंड पहुंचे। कतर अमेरिका और ईरान के बीच संपर्क बनाए रखने वाले प्रमुख मध्यस्थ देशों में शामिल है।

02:31 AM20 जून 2026

  • कॉपी लिंक

होर्मुज स्ट्रेट में खतरे का स्तर ‘मॉडरेट’ बरकरार

ब्रिटेन के समुद्री निगरानी केंद्र UKMTO ने अपनी ताजा एडवाइजरी में होर्मुज स्ट्रेट में खतरे का स्तर ‘मॉडरेट’ यानी मध्यम बनाए रखा है। दो दिन पहले इस खतरे को ‘सब्स्टैंशियल’ यानी काफी अधिक बताया गया था।

एडवाइजरी में कहा गया है कि ओमान के पास से गुजरने वाला होर्मुज स्ट्रेट का दक्षिणी मार्ग दिन और रात दोनों समय जहाजों के लिए खुला है।

हालांकि, जहाजों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि समुद्र में अभी भी बारूदी सुरंगें मौजूद हो सकती हैं और उन्हें हटाने का काम जारी रहने के कारण इलाके में नौसैनिक गतिविधियां बढ़ी हुई हैं।

02:03 AM20 जून 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प ने नेतन्याहू की तारीफ की, बोले- वह योद्धा प्रधानमंत्री हैं

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प। (फाइल फोटो)

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प। (फाइल फोटो)

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने शुक्रवार को हिजबुल्लाह और इजराइल के बीच सीजफायर पर सहमति के बाद इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की खुलकर तारीफ की।

ट्रम्प ने कहा, “हम बहुत मजबूती से खड़े रहे और नेतन्याहू एक योद्धा प्रधानमंत्री हैं। उन्हें इसका श्रेय मिलना चाहिए।”

01:40 AM20 जून 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प बोले- मैंने इजराइल से हिजबुल्लाह के साथ सीजफायर मानने को कहा

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने इजराइल से हिजबुल्लाह के साथ सीजफायर पर सहमत होने का आग्रह किया था।

ट्रम्प ने अमेरिकी चैनल NBC न्यूज को फोन पर दिए इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने दिन में इजराइली नेतृत्व से संपर्क किया और संघर्षविराम के प्रयासों का समर्थन करने के लिए कहा। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि उनकी सीधे प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात हुई थी या नहीं।

संघर्षविराम को लेकर ट्रम्प ने कहा, यह एक सकारात्मक कदम है। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के बाद अब यह सीजफायर केक पर आइसिंग की तरह है।

01:07 AM20 जून 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका-ईरान समझौते के बाद अगले 60 दिनों में इन 5 बातों पर नजर रहेगी

01:00 AM20 जून 2026

  • कॉपी लिंक

रिपोर्ट- ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ स्विट्जरलैंड रवाना

ट्रम्प के दामाम जेरेड कुशनर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ।

ट्रम्प के दामाम जेरेड कुशनर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ।

CNN के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो गए हैं, जहां अमेरिका और ईरान के बीच तकनीकी स्तर की वार्ता को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश की जा रही है।

ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर के भी संभावित वार्ता में शामिल होने के लिए स्विट्जरलैंड पहुंचने की उम्मीद है।

हालांकि, बातचीत कब शुरू होगी, यह अभी साफ नहीं है। वार्ता का अगला दौर शुक्रवार से शुरू होना था, लेकिन लेबनान में इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ी हिंसा के कारण इसे अचानक टाल दिया गया।

विटकॉफ और कुशनर ने ही ईरान के साथ शुरुआती समझौता ज्ञापन (MoU) तक पहुंचने वाली बातचीत का नेतृत्व किया था।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *