Rajasthan Currency Notes Gang Exposed; Gandhi Ji Watermark | ACTPnews

Rajasthan Currency Notes Gang Exposed; Gandhi Ji Watermark


नकली नोट बनाने वाले गैंग के सदस्यों ने राजस्थान के साथ ही आसपास के राज्यों में नेटवर्क बना लिया था।

दैनिक भास्कर एप की स्पेशल सीरीज के पहले पार्ट में आपने ऑन कैमरा नकली नोट माफिया के चेहरे देखे। भास्कर रिपोर्टर ने ग्राहक बनकर पूरे नेटवर्क को एक्सपोज किया।

.

भास्कर की पड़ताल में नकली नोट बनाने वाले एक और गैंग का सच सामने आया। ये गैंग किसी इंडस्ट्री की तरह ही नेटवर्क चला रहा था। प्रोडक्शन, मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन का जिम्मा गैंग के अलग-अलग सदस्यों के पास।

इनके बनाए नकली नोट में गांधीजी का वाटरमार्क भी होता था। सिल्वर लाइन के लिए खाना पैक करने वाला सिल्वर फॉयल यूज करते थे। 40 लाख से ज्यादा के नकली नोट मार्केट में चला चुके थे।

पढ़िए नकली नोट गिरोह और उसके तीन अहम किरदारों की कहानी…

विशाल : बिजनेस ठप हुआ तो आया नकली नोट का आइडिया

नकली नोट बनाने का मास्टरमाइंड। झारखंड का रहने वाला है। वर्तमान में नोएडा में रह रहा था। पिता का बिजनेस था। पिता की मौत के बाद बिजनेस ठप हो गया। विशाल ने कई काम किए, लेकिन सब में घाटा हुआ। फिर कमीशन पर युवकों को नौकरी लगाने का काम करने लगा। इसी दौरान उसे नकली नोट छापने का आइडिया आया। कंप्यूटर की अच्छी समझ है। 6 महीने तक खुद ही डमी बनाने पर काम करता रहा। फिर अपने साथ गुलशन बैरवा और संतोष वाल्मीकि को जोड़ लिया।

गुलशन बैरवा : दिल्ली में कई जगह नकली नोट चलाए

गुलशन बैरवा रोहिणी का रहने वाला है। विशाल के साथ मिलकर 3 साल से रोज देर रात तक असली जैसे नोट छापने की प्रैक्टिस कर रहा था। कई बार डिजाइन बनाए और सैंपल चेक करने बाजार जाता था। नोट की फाइनल डमी तैयार होने के बाद मार्केटिंग का काम संभाला। दिल्ली में कई जगह नकली नोट चलाए। जांच में पता लगा कि अब तक 40 लाख के नकली नोट चला चुके हैं।

संतोष वाल्मीकि : घर पर नोट छापने का पूरा सेटअप

संतोष वाल्मीकि फरीदाबाद के बसंतपुर में रहता था। वैसे यूपी के अलीगढ़ का है। पहले ओला बाइक चलाता था। कम्प्यूटर का अच्छा जानकार है। नकली नोट की फाइनल डमी तैयार करने में विशाल की मदद की थी। संतोष के घर पर ही नोट छापने का पूरा सेटअप लगा रखा था। विशाल और संतोष दोनों पिछले 8 साल से अच्छे दोस्त थे। यहां से 23 लाख 37 हजार रुपए के नोट बरामद हुए थे।

आरोपियों से 23 लाख से ज्यादा के नकली नोट बरामद हुए थे, जो सप्लाई किए जाने थे।

आरोपियों से 23 लाख से ज्यादा के नकली नोट बरामद हुए थे, जो सप्लाई किए जाने थे।

11 प्रिंटर व 3 लैपटॉप से बनाते थे नकली नोट, हर नोट का सीरियल नंबर अलग

विशाल और संतोष मिलकर नोट की डमी तैयार करते थे। गुलशन मार्केटिंग का काम करता था। एक पेपर पर 500 रुपए के तीन नोट बनाते थे। हर नोट का सीरियल नंबर भी अलग रखते थे।

पहले कुछ ही प्रिंटर थे। काम बढ़ने लगा तो 11 कलर प्रिंटर नए ले आए। 10 डाई भी बना रखी थी। नोट प्रिंट करने के लिए नोएडा से पेपर खरीदते थे। लैपटॉप में ही नोट के सीरियल नंबर अलग-अलग रखते थे। आरोपी काफी समय से दिल्ली व नोएडा के बाजार में नोट खपा रहे थे। यूपी में भी नेटवर्क बना लिया था। गुलशन, संतोष और विशाल को पुलिस ने 1 जून को पकड़ा था।

डाई बनाकर वाटरमार्क बनाते थे, सिल्वर लाइन भी लगाते

दौसा सदर थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि नकली नोट को असली दिखाने के लिए एक डाई बनाई थी। इससे नोट के बीच में महात्मा गांधी का वाटर मार्क और 500 रुपए का वाटर मार्क भी बनाते थे। नोट के बीच में सिल्वर लाइन भी बनाते थे। इसे खाना पैक करने वाले सिल्वर फॉइल से बनाया जाता था। इसे कैंची से काट कर नोट के साइड में चिपका कर गर्म करके लगाते थे। इसे लगाने के बाद नोट बिल्कुल असली की तरह दिखता था। असली नोट की तरह से डाई बनाकर काटते थे।

ऐसे हुआ खुलासा : लोकल मार्केट में नकली नोट चलाते हुए पकड़ा

दौसा में आयुष रोजाना 500 रुपए का नकली नोट लेकर मार्केट में जाता था। 500 का नोट देकर 40 से 50 रुपए का सामान लेता था। बाकी पैसे ले आता। तीन महीने से ये सिलसिला चल रहा था और किसी को शक नहीं हुआ।

वह एक दुकान से सामान लेने के बाद दोबारा उस दुकान पर नहीं जाता था। बाजार में आराम से नोट चलने लगे तो आयुष भी आश्वस्त हो गया कि अब कोई दिक्कत नहीं है।

इधर, लंबे समय तक नकली नोट आने की बात दुकानदारों में फैल गई। आपस में चर्चा शुरू हो गई कि रोजाना किसी न किसी दुकान पर नकली नोट आ रहा है।

दुकानदारों ने कोतवाली दौसा पुलिस को पूरी कहानी बताई। पुलिस ने सिविल में निगरानी शुरू की। आयुष लगभग एक समय ही बाजार में निकलता था। वह 28 मई को बाजार में नकली नोट लेकर आया तो दुकानदारों ने पहचान लिया।

पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसे पकड़ कर घर की तलाशी ली गई। उसके पास से 500 रुपए के 80 नोट मिले। सारे नोट अलग-अलग सीरीज के थे। पूछताछ शुरू हुई तो पूरी चेन खुल गई। आयुष से पूछताछ में उसके पड़ोसी कुलदीप गुर्जर निवासी लवाण और एक नाबालिग का नाम सामने आया।

पुलिस ने संतोष और विशाल को फरीदाबाद और आयुष को दौसा से पकड़ा था।

पुलिस ने संतोष और विशाल को फरीदाबाद और आयुष को दौसा से पकड़ा था।

किशनगढ़- अजमेर में भी इसी गैंग के सदस्य सप्लाई करते थे

आयुष के पकड़े जाने के बाद पड़ोसी कुलदीप फरार हो गया था। इसके बाद 30 मई को एक नाबालिग को पकड़ा गया। पूछाताछ में खुलासा हुआ कि 17 हजार रुपए के बदले 40 हजार रुपए लिए जाते हैं।

इस दौरान नकली नोट का अजमेर के किशनगढ़ में भी मामला सामने आया। किशनगढ़ और अजमेर में भी इसी गैंग के सदस्य सप्लाई करते थे। पुलिस ने फरार कुलदीप को पकड़ लिया।

इन तीनों से पूछताछ में पता लगा कि सारा माल दिल्ली से आता है। इन्होंने नाबालिग को राजस्थान का हेड बना दिया था। कुलदीप गुर्जर को किशनगढ़ और अजमेर हेड की जिम्मेदारी दी थी। आयुष को दौसा में नेटवर्क बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी।

इसी तरह अलवर और भरतपुर में भी नेटवर्क बनाने की तैयारी कर ली थी। नाबालिग ने कई दोस्तों को नेटवर्क में जोड़ लिया था।

जांच में पता लगा कि नाबालिग को दिल्ली भेजा जाता था। वह कभी ओला से माल लाता था तो कभी ट्रेन से। वह धौलाकुआं (दिल्ली) उतर जाता था। वहां से बस स्टैंड जाता था। उसे एक पैकेट बना हुआ मिल जाता था। उसे लेकर वह आ जाता था।

दो मिनट लेट पहुंचते तो निकल जाते 24 लाख

पुलिस की टीम फरीदाबाद में संतोष के पास पहुंची। तब वहां एक टैक्सी खड़ी हुई थी। पुलिसकर्मी अगर 2 मिनट लेट हो जाते तो 24 लाख रुपए लेकर निकल जाते। वहां 11 प्रिंटर, 3 लैपटॉप, 10 डाई, पेपर, कटिंग मशीन सहित काफी सामान मिला। तीनों ने मिलकर सारा सामान टैक्सी में लोड कर दिया था। उन्हें आयुष व किशोर के पकड़े जाने की सूचना मिल चुकी थी।

पहली बार कैमरे पर नकली नोट गिरोह : 1 लाख के बदले 10 लाख के नोट, दावा- एटीएम भी नहीं पकड़ सकता, पार्ट-1

पहली बार कैमरे पर देखिए आपके पर्स तक नकली नोट पहुंचने वाले गैंग के चेहरे। इंस्टाग्राम की एक रील से शुरू हुई इन्वेस्टिगेशन नकली नोटों के उस सिंडीकेट तक ले गई, जो रील्स में काउंटिंग मशीन में डालकर दावा करते हैं- ये नोट न मशीन पकड़ पाएगी न एटीएम। (पढ़ें पूरी खबर)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *