- Hindi News
- National
- Dainik Bhaskar Updates 17 June । Breaking News Latest News MP UP Delhi Rajasthan
4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की PM नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा के छह सांसदों ने विशेषाधिकार हनन नोटिस दिया है।
सांसदों का आरोप है कि खड़गे ने PM के बारे में सदन में अपमानजनक और असम्मानजनक टिप्पणी की। इससे सदन की गरिमा और संसदीय परंपराओं का उल्लंघन हुआ है।
इसी आधार पर उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दाखिल किया गया। राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने इस नोटिस को आगे की जांच और परीक्षण के लिए विशेषाधिकार समिति को भेज दिया है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
फरार TMC पार्षद पुरी से गिरफ्तार, वसूली, भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े से जुड़ा है मामला

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पार्षद सुषांत घोष को वसूली, भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े के मामलों में ओडिशा के पुरी से गिरफ्तार किया गया है। कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, कोलकाता नगर निगम (KMC) के कस्बा क्षेत्र के पार्षद सुषांत घोष के खिलाफ वसूली, धमकी, भ्रष्टाचार और जालसाजी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। एक कथित वसूली रैकेट में FIR दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहे थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने पुरी में उनकी लोकेशन ट्रैक की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें कोलकाता लाया जा रहा है।
सुषांत घोष ने पिछले महीने KMC के बरो-12 चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था, हालांकि वह अभी भी पार्षद बने हुए हैं।
सुप्रीम कोर्ट बोला-साइबर अपराधी पैरासाइट जैसे, जो मासूम निवेशकों से पैसे ठगते हैं, इनपर सख्ती जरूरी

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि साइबर अपराधी ऐसे पैरासाइट (परजीवी) हैं, जो मासूम निवेशकों से पैसे ठगते हैं। ऐसे अपराधियों के साथ बहुत सख्ती से पेश आने की जरूरत है।
भारत के CJI सूर्यकांत और जस्टिस वी. मोहना की बेंच एक ऐसे व्यक्ति की याचिका सुन रही थी, जिसने अपने खिलाफ अलग-अलग राज्यों में दर्ज कुछ FIR को क्लब करने की मांग की थी।
सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि साइबर अपराधों के पीड़ित पूरे देश में हैं। उन्होंने कहा,आप तमिलनाडु में किसी को ठगते हैं, फिर जम्मू-कश्मीर चले जाते हैं और उसके बाद उत्तर-पूर्व पहुंच जाते हैं। कोर्ट ने कहा कि समाज के हित में यही है कि साइबर अपराधी जेल में रहें।
आरजी कर रेप-मर्डर केस में CBI टीम श्मशान घाट पहुंची, ट्रेनी डॉक्टर के अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी जुटाई

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या मामले की जांच कर रही CBI की स्पेशल टीम बुधवार को उत्तर 24 परगना जिले के पनिहाटी श्मशान घाट पहुंची।
अधिकारियों ने वहां कर्मचारियों से पूछताछ की और अंतिम संस्कार से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। CBI ने यह जानकारी जुटाई कि डॉक्टर का शव कब श्मशान घाट लाया गया, उस समय वहां कितने शव मौजूद थे और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया कब पूरी हुई।
जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या शव के जल्द अंतिम संस्कार के लिए किसी तरह का दबाव बनाया गया था। इससे पहले CBI टीम आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भी पहुंची थी। कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित स्पेशल जांच टीम को 25 जून तक अपनी रिपोर्ट अदालत में पेश करनी है।
पहलगाम के अरू वैली रोड पर सड़क हादसे में 2 की मौत, 6 घायल

कश्मीर में पहलगाम के अरु वैली मार्ग पर बुधवार दोपहर को सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक मृतक व घायल अनंतनाग के दैलगाम इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
तेलंगाना में पानीपुरी खाने के बाद 15 बच्चे अस्पताल में भर्ती, फूड पॉइजनिंग की आशंका

तेलंगाना के राजन्ना सिरसिल्ला में पानीपुरी खाने के बाद करीब 15 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पानीपुरी बेचने वाले को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थंगल्लापल्ली पुलिस के मुताबिक, एक फेरीवाला कॉलोनी में पानीपुरी बेचने आया था। बच्चों और उनके परिवार के कुछ लोगों ने उससे पानीपुरी खरीदी और खाई। इसके कुछ ही समय बाद 15 बच्चों में उल्टी और दस्त जैसे लक्षण दिखाई देने लगे।
पुडुचेरी में पहला कैबिनेट विस्तार, 3 नए मंत्री बने

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली सरकार में बुधवार को तीन नए मंत्रियों को शामिल किया गया। वीपी शिवकोलुंधु, पी. राजावेलु और जीएनएस राजशेखरन ने मंत्री पद की शपथ ली।
पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह केंद्र शासित प्रदेश के लोक निवास में आयोजित किया गया।
चार मई को घोषित विधानसभा चुनाव नतीजों में 30 सदस्यीय विधानसभा में एनआर कांग्रेस को 12 सीटें मिली थीं। BJP ने चार सीटें जीती थीं, जबकि AIADMK को एक सीट मिली थी।
असम से अगवा हुआ युवक भारत लौटा, बांग्लादेश ने भारतीय अधिकारियों को सौंपा

असम के कछार जिले के रहने वाले रंजीत दास को मंगलवार रात बांग्लादेशी अधिकारियों ने भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया। दास को मंगलवार सुबह भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से कथित तौर पर बांग्लादेशी नागरिकों के एक समूह ने अगवा कर लिया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (BBG) ने मंगलवार रात करीब 10 बजे रंजीत दास को भारतीय अधिकारियों के हवाले किया। इसके साथ ही दिनभर चले घटनाक्रम के बाद मामला शांत हुआ।
रंजीत दास मंगलवार सुबह सीमा क्षेत्र में अपनी जमीन से घास लेने गए थे। इसके बाद वह लापता हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें सीमा पार से आए एक समूह ने अगवा कर लिया, जिससे इलाके में तनाव पैदा हो गया। इस मामले को सुलझाने के लिए दोनों देशों की सीमा सुरक्षा बलों के बीच फ्लैग मीटिंग भी आयोजित की गई।
तेलंगाना में 735 डॉक्टर साइबर ठगी के शिकार, ₹30 करोड़ गंवाए

तेलंगाना में सितंबर 2024 से अब तक 735 डॉक्टर साइबर ठगी का शिकार होकर करीब ₹ 29.88 करोड़ गंवा चुके हैं। तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो (TGCSB) की निदेशक शिखा गोयल ने बताया कि सबसे ज्यादा नुकसान बिजनेस और निवेश से जुड़े फ्रॉड में हुआ, जहां 127 डॉक्टरों ने ₹ 22.39 करोड़ गंवाए।
इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट, पहचान चोरी, फर्जी विज्ञापन, नौकरी, लोन, बीमा, यूपीआई, मैट्रिमोनियल और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े साइबर अपराधों के भी कई मामले सामने आए हैं। साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि उच्च शिक्षित और पेशेवर लोग भी साइबर ठगी से सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस ने डॉक्टरों से सतर्क रहने और किसी भी साइबर अपराध की तुरंत शिकायत करने की अपील की है।
हैदराबाद में ईवी गोदाम में भीषण आग, कोई हताहत नहीं

तेलंगाना के हैदराबाद के मूसापेट इलाके में मंगलवार दोपहर एक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) गोदाम में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने चार फायर टेंडर मौके पर भेजे और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
अधिकारियों के अनुसार, गोदाम में ईवी वाहन और उनकी बैटरियां रखी हुई थीं। राहत की बात यह रही कि आग आसपास के अन्य गोदामों तक नहीं फैली और घटना में किसी के हताहत होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। दमकल विभाग ने बताया कि संबंधित गोदाम पिछले एक वर्ष से बंद पड़ा था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
दिल्ली में बस हेल्पर की हत्या, लूट का विरोध करने पर मर्डर हुआ

दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में 25 साल बस हेल्पर मुशर्रफ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। राजस्थान के अलवर का रहने वाला मुशर्रफ काम से घर लौट रहा था, तभी बदमाशों ने लूट की कोशिश की। विरोध करने पर उस पर कई बार हमला किया गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।
दिल्ली के गोविंदपुरी अग्निकांड में मरने वालों का आंकड़ा 4 हुआ, महिला की मौत

दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित एक रिहायशी इमारत में 12 जून की रात करीब 2 बजे लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है। गंभीर रूप से झुलसी 50 वर्षीय गुड्डी देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले उनके बेटे पंकज, बेटी सोनिया और मां सुशीला देवी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आगजनी के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।













