जून की गर्मी में हूडी ने सुलझाई केतन मर्डर मिस्ट्री:सिया मंगेतर से लोहगढ़ किला जाने की जिद करती; बॉयफ्रेंड से कहा- भागने से बदनामी होगी | ACTPnews

जून की गर्मी में हूडी ने सुलझाई केतन मर्डर मिस्ट्री:सिया मंगेतर से लोहगढ़ किला जाने की जिद करती; बॉयफ्रेंड से कहा- भागने से बदनामी होगी

पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में जांच के दौरान कई नए खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, जून की गर्मी में हूडी पहनकर लोहगढ़ किले पर घूम रहा एक युवक हत्या के केस को सुलझाने सबसे अहम सुराग बना। युवक किले पर केतन अग्रवाल (26) और उसकी मंगेतर सिया गोयल (20) का पीछा कर रहा था। बाद में उसकी पहचान चेतन चौधरी (22) के रूप में हुई। पुलिस ने इसी फुटेज को आधार बनाकर जांच की कड़ियां जोड़ीं। पुलिस ने सिया के फोन रिकॉर्ड, सोशल मीडिया चैट जांचे तो इसमें उसके बॉयफ्रेंड चेतन का सुराग मिला। दोनों के बीच 1 जनवरी से 18 जून तक 2004 कॉल्स हुए। 238 घंटे की बातचीत हुई थी। सिया चेतन से कहती थी कि सगाई तोड़कर भागने से परिवार की बदनामी होगी। 18 जून: सिया-चेतन ने लोहगढ़ किले से केतन को धक्का दिया केतन पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे। वह अपने परिवार की रियल एस्टेट कंपनी सक्सेस ग्रुप में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर थे। उन्होंने एंटरप्रेन्योरशिप में MS की डिग्री हासिल की थी, जबकि सिया ने एक निजी कॉलेज से कॉमर्स की पढ़ाई की थी। सिया और केतन की फरवरी में सगाई हुई थी। नवंबर में उनकी शादी होनी थी। दोनों 18 जून को ट्रेकिंग के लिए लोहगढ़ किला गए थे। वहां केतन की करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरकर मौत हुई थी। सिया ने पुलिस को बताया था कि केतन का पैर फिसल गया था। पुलिस ने भी पहले हादसा मानकर केस दर्ज किया था। लेकिन जांच के दौरान पता चला कि सिया और चेतन ने मिलकर कतेन को लोहगढ़ किले से धक्का दिया था। आरोपी बॉयफ्रेंड ने 33 डिग्री तापमान में हूडी पहना था जांच टीम के एक अधिकारी ने बताया कि किले के टिकट काउंटर पर लगे CCTV कैमरों की जांच के दौरान हमें केतन और सिया साथ चलते दिखाई दिए। फुटेज को ध्यान से देखने पर पुलिस ने पाया कि दोनों से कुछ दूरी पर एक युवक भी चल रहा था। उसने शॉर्ट्स और हूडी पहन रखी थी। युवक ने हूडी को इतना नीचे खींच रखा था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। इसके ऊपर उसने हेडसेट भी लगा रखा था। एक दूसरी फुटेज में हमने देखा कि सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय हूडी पहना युवक झट से बैठ जाता है। बाद में पुलिस ने उस दिन के तापमान की जांच की तो पता चला कि 18 जून को उस समय 33 डिग्री सेल्सियस तापमान था। ऐसे में सवाल उठा कि इतनी गर्मी में कोई हूडी क्यों पहनेगा। अधिकारी ने बताया कि परिवार शोक में था, इसलिए शुरुआत में ज्यादा पूछताछ नहीं की गई। केतन से बार-बार लोहगढ़ जाने की जिद करती थी सिया जांच के दौरान केतन के चाचा ने बताया कि सिया पहले भी शादी को लेकर संकोच जता चुकी थी और एक बार शादी एक साल टालने की बात भी कह चुकी थी। केतन की बहन संजना और अन्य परिजनों से पता चला कि सिया कई बार केतन को लोहगढ़ किले ले जाने की जिद कर चुकी थी। 31 मई को वह उसे वहां ले गई थी। इसके बाद 4 जून को भी उसने वहां जाने के लिए कहा, लेकिन केतन की मां ने इजाजत नहीं दी। पुलिस के अनुसार, सिया और उसका बॉयफ्रेंड चेतन, बाली में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट से पहले ही केतन को रास्ते से हटाना चाहते थे। हालांकि आखिरी समय में ट्रिप कैंसिल हो गई क्योंकि केतन का पासपोर्ट रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। पुलिस को शक है कि सिया ने ही पासपोर्ट चुराया था। इसके बाद सिया ने 14 जून को फिर लोहगढ़ जाने की जिद की। पहली बार झाड़ी पकड़कर बच गया था केतन पुलिस के अनुसार, सिया ने उसी दिन उसने केतन को खाई में धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह झाड़ी पकड़कर बच गया।जब केतन ने पूछा कि उसे धक्का क्यों दिया गया, तो सिया ने सांप दिखने का नाटक दिया और ऐसा दिखाया कि उसने केतन की जान बचाई है। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) व डिजिटल कम्युनिकेशन डेटा की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि सिया और बॉयफ्रेंड चेतन के बीच लंबे समय से लगातार बातचीत हो रही थी। दोनों के बीच 1 जनवरी से 18 जून तक 2004 कॉल्स हुए। 238 घंटे की बातचीत हुई थी। इससे दोनों के बीच गहरे संबंध के संकेत मिले। चेतन की तस्वीरों का मिलान CCTV फुटेज से किया गया पुलिस के मुताबिक, चेतन की तस्वीरों और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की गई। जब उनकी तुलना CCTV फुटेज में दिख रहे हूडी वाले युवक से की गई तो शक और मजबूत हो गया। फिर पुलिस ने चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में चेतन से जब पूछा गया कि सिया और तुमने भागकर शादी क्यों नहीं की। इस पर उसने बताया कि सिया सगाई तोड़कर भागने के पक्ष में नहीं थी। उसे लगता था कि इससे उसके परिवार की बदनामी होगी। इसके बाद पुलिस ने सिया और चेतन दोनों को गिरफ्तार कर हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया। यह खबर भी पढ़ें… पुणे में 400 फीट गहरी खाई में गिरा युवक, मंगेतर का बर्थडे मनाने गया था; नवंबर में शादी थी महाराष्ट्र के पुणे में बने लोहगढ़ किले पर घूमने गया युवक फोटो खींचते समय 400 फीट गहरी खाई में गिर गया। चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक तेज हवाओं के चलने से वह बैलेंस नहीं बना सका और फिसल गया। पूरी खबर पढ़ें…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports