दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर आए किसान:डेढ़ घंटे तक फाटक को बंद नहीं होने दिया, पुलिस-प्रशासनिक अफसर पहुंचे | ACTPnews

दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर आए किसान:डेढ़ घंटे तक फाटक को बंद नहीं होने दिया, पुलिस-प्रशासनिक अफसर पहुंचे

दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर अचानक बड़ी संख्या में किसान आ गए। मंगलवार दोपहर में करीब डेढ़ घंटे तक रेलवे फाटक को बंद नहीं होने दिया और ट्रैक पर डटे रहे। सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह पूरी घटना सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी इलाके के खंडीप रेलवे स्टेशन के पास की है। पांचना बांध (करौली) से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर किसान 5 जून से आंदोलनरत हैं। कोई ट्रेन या मालगाड़ी नहीं गुजरी राहत की बात यह रही कि इस दौरान ट्रैक से कोई ट्रेन या मालगाड़ी नहीं गुजरी। दोपहर करीब 3:15 बजे अवध एक्सप्रेस बिना किसी रुकावट के अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। मंगलवार दोपहर किसानों का गुस्सा फूटा और वो रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। दोपहर करीब 1:30 से 3 बजे (डेढ़ घंटे तक) तक किसानों का कब्जा ट्रैक पर रहा। उधर, सूचना मिलने पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आंदोलनकारियों से बात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। शाम को धरनास्थल (खंडीप) पर सवाई माधोपुर के जिला कलेक्टर कानाराम और एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी सहित तमाम अधिकारी पहुंचे और किसान नेताओं से बात कर समस्या समाधान का भरोसा दिलाया। किसानों के आंदोलन की PHOTOS… किसानों ने रैली निकाली मंगलवार सुबह महस्वा, रैला सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान खंडीप स्थित धरनास्थल पहुंचे थे। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। यहां से किसानों ने रैली निकाली। किसानों का कहना था कि खरीफ फसलों की बुवाई का समय नजदीक है। ऐसे में नहरों में पानी नहीं पहुंचने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। कलेक्टर-एसपी पहुंचे, किसानों से बात की मंगलवार की शाम जिला कलेक्टर कानाराम और एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी सहित तमाम अधिकारी खंडीप में चल रहे किसान आंदोलन स्थल पर पहुंचे। यहां के अटल सेवा केन्द्र में प्रतिनिधिमंडल के साथ बात की। इस दौरान एडीएम सुदर्शन सिंह, विधायक (गंगापुर सिटी) रामकेश मीणा, पांचना कमांड एरिया विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष बटुआ पटेल और 88 गांवों के पंच-पटेल और प्रतिनिधि मौजूद रहे। 27 जून तक का अल्टीमेटम प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से एक स्वर में कहा- राजस्थान हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार पांचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर निचले स्तर पर कई बार बात हो चुकी है। इसलिए अब वे केवल सरकार स्तर के प्रतिनिधियों से ही बातचीत करेंगे। समिति ने सरकार को 27 जून तक का अल्टीमेटम दिया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि तक नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो 28 जून से आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र किया जाएगा। प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले करीब 20 वर्षों से कमांड क्षेत्र के किसान सिंचाई जल से वंचित हैं। पानी के अभाव में हजारों बीघा भूमि बंजर हो चुकी है। किसान, पशुपालक और आमजन जल संकट का सामना कर रहे हैं। प्रशासन ने समिति से मांग पत्र और प्रतिनिधमंडल की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उनकी मांग सरकार तक पहुंचाई जा सके। अधिकारियों ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और रेलवे पटरियों से लोगों को दूर रहने की अपील की। समिति ने भी प्रशासन को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *