क्या आपने चांदी की चटनी के बारे में सुना है? ये चटनी राजस्थान के राजा-महाराजा खाया करते थे। उनके खानसामे (रसोइया) इस चटनी को चांदी के बर्तन में रखते थे। सोने और चांदी के भस्म से बनने वाली इस चटनी की एक कटोरी की कीमत 60 हजार रुपए है। बीकानेर की चारू सोनी ने जब इस चटनी को मेन्यू में शामिल कर ‘मास्टर शेफ इंडिया’ शो में शिल्पा शेट्टी को दिखाया तो वो चौंक गई। उन्हें इसका आइडिया एक वैद्यजी ने दिया था। इसके बाद चारू ने चांदी की चटनी बनानी शुरू की। चारू आज जयपुर के सिटी पैलेस में बतौर शेफ काम कर रही हैं। उन्हें शादी के बाद आटा गूंथना तक नहीं आता था। उनके पति ने उन्हें रसोई का काम सिखाया। चारू के हाथ का खाना खाकर करिश्मा कपूर भावुक हो गई थीं तो चंकी पांडे ने बेटी अनन्या कपूर की शादी में खाना बनाने का ऑफर दिया था। टिफिन गोठ से मिला आइडिया बीकानेर के रांगड़ी चौक की रहने वाली चारू सोनी के ज्वेलर पति ललित सोनी कहते हैं- 5 जुलाई 1998 में मेरी शादी चारू के साथ हुई थी। चारू को खाना बनाना नहीं आता था। हालांकि, इसे लेकर मुझे कोई समस्या नहीं थी। धीरे-धीरे मैंने उसे खाना बनाना सिखाया। मैं खुद बहुत अच्छा खाना बना लेता हूं। बीकानेर में टिफिन गोठ होती थी। ऐसे में चारू कुछ न कुछ नई डिश बना कर देती थी। सभी लोग फूड की तारीफ करते थे तो लगा कि एक नया प्लेटफॉर्म मिलना चाहिए। 2012 में चारू ने कुकिंग कॉम्पिटिशन में हिस्सा लिया और इसकी विनर भी रहीं। बेटे के साथ मास्टर शेफ में किया था पार्टिसिपेट ललित बताते हैं- चारू को 2025 मास्टर शेफ से ऑफर आया था। इसमें चारू ने बेटे हेमांग के साथ पार्टिसिपेट किया था। उन्होंने इस शो में खाने की शुरुआत राजस्थान की रॉयल फैमिली और पारंपरिक रेसिपी से की। इसमें मोठ की रोटी, रॉयल फैमिली का शाही खाना तैयार किया। चारू ने पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों को आधुनिक अंदाज में पेश करना शुरू किया। उन्होंने 2025 के ‘मास्टर शेफ इंडिया’ में बीकानेर स्थापना दिवस पर बनने वाले गेहूं के पारंपरिक खीचड़े और इमलानी को नई प्लेटिंग और नए स्वाद के साथ पेश किया। आटा गूंथना भी नहीं आता था चारू बताती हैं- अभी सिटी पैलेस जयपुर में पिछले 4 साल से बतौर शेफ काम कर रही हूं। वहां ज्यादातर फॉरेनर आते हैं। ऐसे में राजस्थानी फूड पर फोकस रहता है। मुझे खाना बनाना बिल्कुल नहीं आता था। यहां तक कि आटा गूंथना भी नहीं जानती थी। पति ललित ने रसोई के हर काम की बारीकियां सिखाई। धीरे-धीरे पति से ही अलग-अलग राजस्थानी डिशेज बनाना सीखा और परिवार के लिए नए स्वाद तैयार करने लगी। चांदी की चटनी देख चौंकी शिल्पा शेट्टी चारू कहतीं हैं- मेरी सबसे बड़ी पहचान है चांदी की चटनी। ये चटनी स्वर्ण भस्म, चांदी भस्म और किशमिश-बादाम और सूखे मेवों से तैयार की जाती है। पहले घर पर और शाही प्लेट्स में परोसने के बाद ये चटनी उन्होंने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी को (मास्टर शेफ) परोसी थी। इसे देखकर शिल्पा भी हैरान रह गईं और पूछा कि क्या चांदी की भी चटनी बन सकती है। एक कटोरी की कीमत 60 हजार चारू बताती हैं- चांदी की चटनी मार्केट में नहीं मिलती, इसलिए कोई रेट तय नहीं। इसे चांदी के बर्तन में रखना ही महत्वपूर्ण है। बाकी ड्राई फ्रूट्स की रेट ही लगती है। वैसे इसे बनाने में एक किलो में साठ से सत्तर हजार रुपए का खर्च आता है। इसका आइडिया मुझे एक वैद्य ने दिया था। उन्होंने बताया था कि चांदी की चटनी से पेट ठंडा रहता है। एनर्जी रहती है। चांदी की चटनी पहले के जमाने में राजा-महाराजाओं के समय में बनती थी। इसे बनाना बेहद महंगा होता है। राजघराने के लोग ही इसे खाते हैं। यह सेहत के लिए अच्छी है। करिश्मा की पुरानी यादें ताजा हुई चारू बताती हैं कि उन्होंने करिश्मा कपूर के लिए काले अंगूर और बादाम से बने मोदक तैयार किए थे, जिन्हें उन्होंने काफी पसंद किया। इसके अलावा राजस्थानी फूड भी परोसा था। करिश्मा कपूर ने उनके हाथ का खाना खा कर कहा कि ये खाना खा कर मेरी पुरानी यादें ताजा हो गईं। हमारी पूरी फैमिली जब एक टेबल पर बैठती थी तो यही डिशेज यही स्वाद एक साथ परोसा जाता था। चंकी पांडे से मिला ऑफर एक्टर चंकी पांडे की मैरिज एनिवर्सरी पर उन्होंने बादाम की ग्रेवी वाला पनीर पसंदा और अन्य विशेष व्यंजन तैयार किए। उन्होंने कहा- जब मेरी बेटी (अनन्या पांडे) की शादी होगा तो सारा आर्डर मैं आपको ही देने वाला हूं। आपके हाथों में जादू है। चारू के बेटे हेमांग सोनी ने भी MasterChef प्रतियोगिता में उनके साथ हिस्सा लिया था। डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने दिया मौका चारू अपनी सफलता का श्रेय उपमुख्यमंत्री और जयपुर के पूर्व राजघराने की सदस्य दीया कुमारी को देती हैं। सिटी पैलेस में काम करने का पहला अवसर उन्हें दीया कुमारी ने ही दिया था। चारू बताती हैं कि दीया कुमारी बेहद सादा और राजस्थानी भोजन पसंद करती हैं। महिलाओं को दीया कुमारी आगे बढ़ने का मौका देती हैं। इसके अलावा चारू शिलाजीत, अश्वगंधा और स्वर्ण भस्म के आयुर्वेदिक लड्डू भी बनाती हैं। कई वीवीआईपी को परोस चुकी रेसिपी चारू बताती हैं कि उन्होंने कई बड़े उद्योगपतियों, राजनेताओं और अन्य वीवीआईपी मेहमानों के लिए भोजन तैयार किया है। हालांकि गोपनीयता के कारण वह सभी के नाम सार्वजनिक नहीं कर सकतीं। उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि बीकानेर की रसोई से निकला उनका स्वाद आज राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुका है।
Source link
चांदी की चटनी बनाकर शिल्पा शेट्टी को चौंकाया:कीमत 60 हजार तक; राजा-महाराजा खाया करते थे; बीकानेर की शेफ को वैद्य से मिला आइडिया | ACTPnews

Previous Post
Next Post
Leave a Reply
Latest News
Search the Archives
Access over the years of investigative journalism and breaking reports












