दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट से अचानक हाइजैक का अलर्ट मिलने के बाद इजराइल में हड़कंप मच गया। विमान ने पहले सामान्य इमरजेंसी का 7700 कोड भेजा और फिर 7500 कोड भेजा, जो हाइजैक या विमान में गैरकानूनी दखल का संकेत होता है। इसके बाद इजराइल ने विमान की तरफ फाइटर जेट भेज दिए। फ्लाइट ने अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर उतर गई। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। इसमें से 150 से ज्यादा इजराइली थे। लैंडिंग के बाद सामने आया कि विमान में हाइजैक जैसी स्थिति नहीं थी। इजराइली सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, पायलटों के बीच कहासुनी के बाद ये सिग्नल भेजे गए थे। पहले 7700, फिर 7500 कोड भेजा फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान ने सऊदी अरब के ऊपर पहुंचने के बाद पहले 7700 कोड भेजा। यह विमान में किसी सामान्य आपात स्थिति की जानकारी देने वाला सिग्नल है। कुछ देर बाद विमान से 7500 कोड भेजा गया। यह कोड आमतौर पर विमान के हाइजैक होने या उसमें किसी तरह का गैरकानूनी दखल होने पर इस्तेमाल किया जाता है। अलर्ट मिलते ही इजराइल ने फाइटर जेट भेजे 7500 कोड मिलने के बाद इजराइली एयरफोर्स के फाइटर जेट विमान की तरफ भेजे गए। हिब्रू मीडिया के मुताबिक, इजराइल के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने भी मामले को लेकर इमरजेंसी बातचीत की। अधिकारियों ने विमान की स्थिति और उसमें सवार यात्रियों के बारे में जानकारी जुटाई। कुछ समय बाद विमान फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइटों पर दिखाई देना बंद हो गया। पायलटों में किस बात पर कहासुनी हुई, साफ नहीं सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, विमान से ‘गैरकानूनी दखल’ और सामान्य इमरजेंसी का सिग्नल पायलटों के बीच हुई कहासुनी के बाद भेजा गया था। हालांकि, पायलटों के बीच किस बात को लेकर बहस हुई थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। यह भी साफ नहीं है कि 7500 कोड जानबूझकर भेजा गया था या किसी और वजह से विमान के ट्रांसपोंडर पर आया। फिलहाल अधिकारी घटना की पूरी जानकारी जुटा रहे हैं।
खबर अपडेट हो रही है…
Source link













