उत्तराखंड में बिजली के तारों में फंसा हेलिकॉप्टर:खेतों में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, बद्रीनाथ से 6 यात्रियों को लेकर देहरादून जा रहा था | ACTPnews

उत्तराखंड में बिजली के तारों में फंसा हेलिकॉप्टर:खेतों में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, बद्रीनाथ से 6 यात्रियों को लेकर देहरादून जा रहा था

बद्रीनाथ धाम से दिल्ली के श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहे हेलिकॉप्टर की बुधवार सुबह टिहरी गढ़वाल में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलिकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी जिस कारण वह हवा में अनबैलेंस होने लगा। स्थिति बिगड़ने पर महिला पायलट ने नीचे खेतों में हेलिकॉप्टर उतारने का फैसला लिया, लेकिन लैंडिंग के दौरान हेलिकॉप्टर का पिछला हिस्सा 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार से टकरा गया। टक्कर के बाद हेलिकॉप्टर का पिछला हिस्सा हल्का क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बावजूद महिला पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलिकॉप्टर को सत्यो-सकलाना क्षेत्र के नवगांव स्थित खेत में सुरक्षित उतार दिया। हेलिकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी 7 लोग सुरक्षित हैं। सभी यात्री दिल्ली के पंजाबी बाग निवासी एक ही परिवार के बताए गए हैं। घटना बुधवार सुबह करीब पौने 9 बजे की है। इमरजेंसी लैंडिंग होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। PHOTOS देखिए- पहले गुप्तकाशी जाना था, फिर सीधे देहरादून के लिए कहा गया जानकारी के अनुसार ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलिकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से 6 यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी जा रहा था। वहां से उसे आगे देहरादून जाना था। इसी दौरान गुप्तकाशी में वीआईपी मूवमेंट होने के कारण पायलट को सीधे देहरादून जाने के निर्देश दिए गए। रूट बदलने के बाद हेलिकॉप्टर चम्बा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर पहुंचा। इसी दौरान उसमें तकनीकी दिक्कत आने की बात सामने आई। यात्रियों और पायलट के अनुसार, हेलिकॉप्टर हवा में असंतुलित होने लगा और नीचे आने लगा। खेत में उतारने की कोशिश के दौरान बिजली के तार से टकराया स्थिति गंभीर होने पर महिला पायलट अनुपमा चौधरी ने नीचे दिख रहे खेतों में हेलिकॉप्टर उतारने का फैसला लिया। बताया गया कि नीचे उतरते समय हेलिकॉप्टर का पिछला हिस्सा 11000 वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। इस दौरान बिजली का तार हेलिकॉप्टर के पिछले हिस्से और रोटर में उलझ गया। चम्बा-आराकोट क्षेत्र से लेकर लैंडिंग स्थल तक बिजली का तार हेलिकॉप्टर में फंसा रहा। इससे हेलिकॉप्टर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि गंभीर स्थिति के बावजूद पायलट ने हेलिकॉप्टर का संतुलन बनाए रखा और उसे सत्यो-सकलाना क्षेत्र के नवगांव स्थित खेत में सुरक्षित उतार दिया। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग होते ही आसपास के गांवों के लोग खेतों की ओर पहुंचने लगे। ग्रामीणों की मौके पर भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने भी यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने पूरे इलाके को सुरक्षित कराया और हेलिकॉप्टर के आसपास लोगों की आवाजाही रोकी गई।
मेरठ की रहने वाली हैं महिला पायलट अधिकारियों के अनुसार हेलिकॉप्टर की पायलट अनुपमा चौधरी मेरठ की रहने वाली हैं। यात्रियों ने भी बताया कि गंभीर स्थिति के दौरान पायलट लगातार हेलिकॉप्टर को नियंत्रित करने की कोशिश करती रहीं। उनकी सूझबूझ और त्वरित फैसले से बड़ा हादसा टल गया। घटना की जांच शुरू, हेलिकॉप्टरों की तकनीकी जांच की मांग धनोल्टी तहसीलदार मोहम्मद शादाब ने बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं पूर्व जिला पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता अखिलेश उनियाल ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि खेत में काम कर रहे लोगों को भी इससे नुकसान हो सकता था। उन्होंने चारधाम यात्रा में उड़ान भर रहे सभी हेलिकॉप्टरों की सख्त तकनीकी जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports