वर्ल्ड अपडेट्स:ग्रीस में आग बुझाने गए 2 हेलिकॉप्टर हवा में टकराए; 2-2 लोग सवार थे | ACTPnews

वर्ल्ड अपडेट्स:ग्रीस में आग बुझाने गए 2 हेलिकॉप्टर हवा में टकराए; 2-2 लोग सवार थे

ग्रीस की राजधानी एथेंस के पास जंगल की आग बुझाने के दौरान रविवार को 2 फायरफाइटिंग हेलिकॉप्टर हवा में टकरा गए। हादसा पोर्टो जर्मेनो इलाके में हुआ। टक्कर के बाद एक हेलिकॉप्टर जमीन पर गिर गया। फायर विभाग के मुताबिक, दोनों हेलिकॉप्टरों में 2-2 लोग सवार थे। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभी तक उनके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। ग्रीस में तेज हवाओं के कारण जंगल की आग तेजी से फैल रही है। एथेंस के आसपास कई इलाकों में आग पहुंचने के बाद लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। तेज हवा के चलते हेलिकॉप्टरों को समुद्र से पानी भरने में भी दिक्कत आ रही है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… PoK में दूसरे चरण की वोटिंग शुरू; पीपुल्स पार्टी ने धांधली के आरोप लगाए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में रविवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया। इस चरण में मुजफ्फराबाद डिवीजन की 9 सीटों और कश्मीरी शरणार्थियों के लिए आरक्षित 12 सीटों समेत 21 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इन सीटों पर 208 उम्मीदवार मैदान में हैं और 12 लाख से ज्यादा मतदाता मतदान करेंगे। मतदान के बीच पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने चुनाव में धांधली के आरोप लगाए हैं। पार्टी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा कि अगर पहले चरण की शिकायतों पर चुनाव आयोग कार्रवाई करता, तो दूसरे चरण के चुनाव की विश्वसनीयता बढ़ती। PPP का आरोप है कि LA-34 में उसके पोलिंग एजेंटों को मतदान केंद्रों में नहीं जाने दिया गया। वहीं LA-27, LA-28 और LA-30 में मतदान कर्मियों के देर से पहुंचने से वोटिंग प्रभावित हुई। LA-31 में सड़क बंद होने से 50 से ज्यादा वाहनों के फंसने का भी दावा किया गया है। पार्टी ने बैलेट बॉक्स में फर्जी वोट डालने और पोलिंग एजेंटों को बाहर रखने की शिकायत भी चुनाव आयोग से की है। दो महीने से जारी है विरोध प्रदर्शन चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं, जब PoK में पिछले करीब दो महीने से विरोध प्रदर्शन जारी हैं। जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने चुनाव का बहिष्कार किया है। संगठन 12 आरक्षित सीटें खत्म करने, राजनीतिक अधिकार बढ़ाने और आर्थिक सुधारों की मांग कर रहा है। हाल के प्रदर्शनों में हिंसा के बाद दो सीटों पर मतदान टालना भी पड़ा। मतदान को देखते हुए पुलिस, रेंजर्स और पाकिस्तानी सेना की भारी तैनाती की गई है। मुजफ्फराबाद समेत कई इलाकों में झड़पों के बाद सड़कों पर पत्थर, जले हुए वाहन और कड़ी सुरक्षा देखी गई। भारत बोला- पहले आतंक का ढांचा खत्म करे पाकिस्तान, तभी सिंधु जल संधि पर बात होगी अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान पर हमला बोला है। क्वात्रा ने कहा कि सिंधु जल संधि ‘सद्भावना और मित्रता’ की भावना से हुई थी, लेकिन पाकिस्तान ने पिछले 50 वर्षों में इसी भरोसे को खत्म कर दिया। उन्होंने कहा, “अगर पाकिस्तान भारत से किसी भी मुद्दे पर सहयोग चाहता है, तो सबसे पहले उसे अपने यहां मौजूद आतंकवाद का ढांचा खत्म करना होगा।” क्वात्रा ने कहा कि भारत ने हमेशा संधि का सम्मान किया, लेकिन पाकिस्तान ने 1965, 1971 और 1999 की जंग, संसद हमला, 26/11 मुंबई, उरी, पठानकोट, पुलवामा और पहलगाम जैसे आतंकी हमलों से रिश्तों को लगातार नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने भारत की जलविद्युत परियोजनाओं में भी अड़चनें डालीं और संधि में बदलाव की हर कोशिश का विरोध किया। क्वात्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा, “आतंक और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते… आतंक और व्यापार साथ-साथ नहीं चल सकते… और पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते।” उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान को भारत पर आरोप लगाने के बजाय अपनी जल प्रबंधन व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए। जेलेंस्की ने अमेरिका और यूरोपीय देश से पैट्रियट मिसाइलें मांगी, बोले- यूक्रेन भेजिए, गोदाम में नहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका और यूरोपीय देशों से पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की इंटरसेप्टर मिसाइलें तुरंत भेजने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ये मिसाइलें गोदामों में रखने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए हैं। रूस के ताजा हवाई हमलों के बाद जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के पास इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी हो गई है। उन्होंने बताया कि रूस ने रातभर में 35 मिसाइलें और करीब 190 ड्रोन दागे, लेकिन इंटरसेप्टर कम होने की वजह से यूक्रेन सिर्फ एक बैलिस्टिक मिसाइल को ही रोक सका। जेलेंस्की ने कहा, “अमेरिका और यूरोप जानते हैं कि हमें क्या चाहिए। अब सिर्फ राजनीतिक फैसला लेने की जरूरत है। हर दिन की देरी रूस को हमारे लोगों पर हमला करने का एक और मौका देती है।” पूरी खबर यहां पढ़ें… अमेरिका के फास्ट फूड रेस्टोरेंट में फायरिंग; 3 की मौत, 7 घायल अमेरिका के इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में शनिवार को इन-एन-आउट बर्गर रेस्टोरेंट में अंधाधुंध फायरिंग हुई। शहर के अधिकारियों के मुताबिक, घटना में 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है। पुलिस को रेस्टोरेंट के पास ही संदिग्ध हमलावर का शव मिला। हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मृतकों की संख्या में हमलावर शामिल है या नहीं। पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने कहा कि फिलहाल इलाके में कोई खतरा नहीं है। हमलावर की पहचान और हमले के मकसद की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर AR-स्टाइल राइफल लेकर आया था। फायरिंग शुरू होते ही रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई और ग्राहक व कर्मचारी जान बचाकर भागने लगे। कई लोगों ने घायल कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। यह रेस्टोरेंट 24 जुलाई को ही खुला था और इडाहो में कंपनी के विस्तार का हिस्सा था। घटना के बाद इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। रूस की राजधानी मॉस्को के रेस्टोरेंट में बम धमाका; 3 की मौत, 21 घायल रूस की राजधानी मॉस्को के कुड्रिंस्काया स्क्वायर स्थित एक रेस्टोरेंट में शनिवार को बम धमाका हुआ। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, घटना में 3 लोगों की मौत हुई है और 21 लोग घायल हुए हैं। रूसी मीडिया के अनुसार, एक महिला विस्फोटक लेकर रेस्टोरेंट में घुसने की कोशिश कर रही थी। सुरक्षा गार्ड ने उसे अंदर जाने से रोक दिया, तभी बम फट गया। धमाके में महिला, सुरक्षा गार्ड और एक ग्राहक की मौत हो गई। रूस की राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी समिति ने बताया कि धमाका इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से किया गया। फिलहाल जांच एजेंसियां हमले के पीछे की साजिश और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही हैं। ट्रेडर्स अब पैसे देकर पहले देख सकेंगे ट्रम्प के पोस्ट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सोशल मीडिया कंपनी ट्रुथ सोशल ने वॉल स्ट्रीट के हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडर्स के लिए ट्रुथ एपीआई नाम की पेड सर्विस शुरू की है। इसके तहत कस्टमर मंथली फीस देकर ट्रम्प और दूसरे अकाउंट्स के पोस्ट तक तेज तकनीकी पहुंच हासिल कर सकेंगे, ताकि वे बाजार में तेजी से ट्रेड कर सकें। आलोचकों का कहना है कि ट्रम्प के टैरिफ, युद्ध, ब्याज दर और दूसरे नीतिगत फैसलों से शेयर, बॉन्ड और मुद्रा बाजार प्रभावित होते हैं, ऐसे में यह व्यवस्था इनसाइडर ट्रेडिंग और सार्वजनिक पद के निजी लाभ के लिए इस्तेमाल जैसे गंभीर सवाल खड़े करती है। वहीं ट्रम्प मीडिया का कहना है कि पोस्ट सभी के लिए एक ही समय पर जारी किए जाएंगे और सर्विस में कोई अनुचित लाभ नहीं है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports