हिमाचल के 11 शहरों में 35°C से अधिक पहुंचा तापमान:ऊना का पारा 42.8°C रिकॉर्ड; कल हीटवेव-11 जून से ओलावृष्टि-तूफान का अलर्ट | ACTPnews

हिमाचल के 11 शहरों में 35°C से अधिक पहुंचा तापमान:ऊना का पारा 42.8°C रिकॉर्ड; कल हीटवेव-11 जून से ओलावृष्टि-तूफान का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर मौसम सुहावना बना हुआ है। मगर राज्य के मैदानी इलाके फिर से तपने लगे है। राज्य के 11 शहरों का तापमान आज (मंगलवार को) 35 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक हो गया है। ऊना का पारा सामान्य से 3.9 डिग्री ज्यादा के साथ 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राहत की बात यह रही कि मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद आज हीटवेव नहीं चली। हमीरपुर के नेरी का तापमान 39.1 डिग्री, कांगड़ा का 38.8 डिग्री, मंडी व बिलासपुर का 38 डिग्री पहुंच गया है। अन्य शहरों के तापमान में भी उछाल आया है। अगले कल भी कई शहरों का तापमान एक से दो डिग्री तक बढ़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने कल यानी 10 जून के लिए ऊना, बिलासपुर और सोलन में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी कर रखा है। इससे दिन के वक्त घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है। मगर हीटवेव और गर्मी ज्यादा दिन नहीं सताएगी। 11 और 12 जून को भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार- कल रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसे देखते हुए 11 और 12 जून के लिए कई भागों में भारी ओलावृष्टि के साथ आंधी व तूफान का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिला में ऑरेंज अलर्ट दिया गया, जबकि लाहौल स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। इस दौरान कई भागों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने का भी पूर्वानुमान है। राज्य में 15 जून तक मौसम खराब रहेगा। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आएगी। अब जानिए टूरिस्ट प्लेस का हाल बेशक, मैदानी इलाकें तप रहे है, लेकिन राज्य के पर्यटन स्थलों पर मौसम सुहावना बना हुआ है। ऐसे में देशभर से पहाड़ों पर पहुंचे टूरिस्ट राज्य के पर्यटन स्थलों पर सुहावने मौसम का आनंद उठा रहे हैं। शिमला का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री, मनाली का 27.2 डिग्री, कुफरी 23.1 डिग्री, नारकंडा 21 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। वहीं लाहौल स्पीति के अधिकतर पर्यटन स्थलों पर इन दिनों 5 से 10 डिग्री के बीच पारा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *