- Hindi News
- International
- Islamabad Hospital Fire Tragedy; Pakistan PIMS Hospital AC Blast Video Update | Newborns Death
14 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
फुटेज में PIMS अस्पताल के NICU वार्ड में दमकलकर्मियों की टीम नजर आ रही है।
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक अस्पताल में बुधवार को आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसा पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) अस्पताल में स्त्री रोग वार्ड की नर्सरी में हुआ।
अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के वक्त नर्सरी में 16 नवजात बच्चे मौजूद थे। इनमें से सिर्फ एक बच्चे को बचाया जा सका।
रेस्क्यू अधिकारियों के मुताबिक, नर्सरी के अंदर एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में विस्फोट हुआ। इसके बाद आग लग गई और तेजी से पूरे वार्ड में फैल गई।
आग की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है।
PIMS अस्पताल में रेस्क्यू की 3 तस्वीरें…

तस्वीर PIMS अस्पताल के बाहर की है, जहां आग लगने के बाद दमकल कर्मी और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचीं।

दमकल कर्मी सीढ़ी लगाकर नवजातों की नर्सरी की तक पहुंचे।

तस्वीर में दमकलकर्मी नर्सरी वार्ड से नवजात को बाहर निकालते नजर आ रहे हैं।
खबर में आगे- आग की जांच के लिए कमेटी बनेगी; लेकिन उससे पहले पढ़ें भास्कर नॉलेजः
AC के सिस्टम में क्या गड़बड़ी होती है, जिससे यह ब्लास्ट हो जाता है…
1. कंप्रेसर का ओवरहीट होना
AC का आउटडोर यूनिट गर्म हवा में काम करता है। लगातार चलने से कंप्रेसर ओवरहीट हो सकता है और दबाव बढ़ने से उसके फेल होने या फटने का खतरा रहता है।
2. रेफ्रिजरेंट गैस का रिसाव
AC में R-22 या R-410A जैसी रेफ्रिजरेंट गैस होती है। पाइप या वॉल्व में लीकेज होने पर गैस बाहर निकल सकती है। इससे आग या अन्य नुकसान का खतरा बढ़ सकता है।
3. शॉर्ट सर्किट और खराब वायरिंग
खराब वायरिंग, ढीले कनेक्शन या ओवरलोडेड सॉकेट से शॉर्ट सर्किट हो सकता है। गर्मियों में एक साथ कई हाई-पावर उपकरण चलने से बिजली का लोड भी बढ़ जाता है।
4. समय पर मैनटेनेंस न होना
AC की सर्विसिंग न होने पर फिल्टर में धूल जम जाती है, जिससे एयरफ्लो कम हो जाता है। इससे फैन और मोटर पर दबाव बढ़कर ओवरहीटिंग का खतरा हो सकता है। लंबे समय तक ऐसी स्थिति रहने पर AC के दूसरे हिस्से भी प्रभावित हो सकते हैं।

आग की जांच के लिए कमेटी बनेगी
जिला प्रशासन ने घटना की जांच के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में कमेटी बनाने का फैसला किया है। कमेटी यह पता लगाएगी कि आग कैसे लगी और हादसे के पीछे क्या वजह थी।
जांच के बाद ही आग लगने की सही वजह और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

PIMS इस्लामाबाद का सबसे बड़ा अस्पताल
PIMS इस्लामाबाद का सबसे बड़ा अस्पताल है। करीब 140 एकड़ में फैले इस अस्पताल में लगभग 1,300 बेड हैं। यहां 27 से ज्यादा तरह की बीमारियों के इलाज की सुविधा है।
PIMS में कई बड़े मेडिकल सेंटर शामिल हैं। इनमें इस्लामाबाद अस्पताल, चिल्ड्रन्स अस्पताल, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर, बर्न केयर सेंटर और कार्डियक सेंटर शामिल हैं।
अस्पताल के चिल्ड्रन्स अस्पताल में नवजात बच्चों के इलाज और NICU की सुविधा है। वहीं मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर में गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों के लिए अलग व्यवस्था है। हादसे के बाद अस्पताल की फायर सेफ्टी और नवजातों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

तस्वीर इस्लामाबाद के PIMS अस्पताल की है, जहां बुधवार को आग लगने से 15 नवजातों की मौत हो गई।
—————————–
ये खबर भी पढ़ें…
इमरान के बेटे का दावा-पाकिस्तान तानाशाही की ओर बढ़ रहा:पिता के साथ जेल में बुरे बर्ताव का आरोप लगाया, कहा- सेना का इसमें बड़ा रोल

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे सुलैमान ईसा खान ने दावा किया है कि पाकिस्तान तानाशाही की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने अपने पिता के लंबे समय से जेल में होने को इसका उदाहरण बताया। पूरी खबर यहां पढ़ें…














