.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस से जुड़ी रही। विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव को लेकर चंडीगढ़ से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने नाराजगी जताई है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. मनीष तिवारी बोले- पंजाब कांग्रेस में बदलाव गलत
पंजाब कांग्रेस में चुनाव से पहले नेतृत्व में बदलाव को लेकर चंडीगढ़ से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस में परिवर्तन के लिए हाईकमान ने 60-70 नेताओं को दिल्ली बुलाकर उनकी राय ली, लेकिन मुझे नहीं बुलाया गया। मैं पंजाब की राजनीति में पूरी तरह सक्रिय हैं और सांसद भी हूं।
एक इंटरव्यू में तिवारी ने तो यहां तक कह दिया कि पंजाब में इस समय नेतृत्व परिवर्तन का सही समय नहीं है। किसी भी प्रधान को रिजल्ट देने के लिए कम से कम 24 महीने का वक्त चाहिए जबकि पंजाब में चुनाव के लिए सिर्फ 6-7 महीने का समय बचा है।
वहीं चर्चा ये है कि आज ही कांग्रेस हाईकमान पंजाब में बदलाव की घोषणा कर सकता है। कांग्रेस के करीबी सूत्रों के मुताबिक दलित चेहरे के तौर पर पूर्व CM चरणजीत चन्नी और जट्ट सिख चेहरे के तौर पर सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा इस कुर्सी की दौड़ में हैं। इसके अलावा हिंदू चेहरे के तौर पर पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला और राणा केपी का नाम भी चर्चा में है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. पंजाब से भागे सीरियल रेपिस्ट का एनकाउंटर

पंजाब से भागे बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू को यूपी के मुजफ्फरनगर में एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया। वह 16 साल से लुधियाना की जेल में बंद था। फरवरी 2026 में जेल से फरार हो गया था। तब से यह यूपी में मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों में छिपकर रह रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी सीरियल रेपिस्ट था।
सोमवार रात साढ़े 11 बजे एनकाउंटर में पुलिस ने सत्तू को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में उसे दो गोलियां लगीं। एक पैर और दूसरी कमर के ऊपर। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। हालांकि, मंगलवार को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोपहर 1 बजे उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि खून ज्यादा बह जाने की वजह से सत्तू की मौत हो गई।
एसएसपी संजय वर्मा ने कहा- सतपाल उर्फ सत्तू लड़कियों का अपहरण करता था। फिर उनके साथ रेप करता। फरवरी से अब तक 6 लड़कियों को शिकार बना चुका था। हाल ही में 19 जून को एक लड़की को नौकरी दिलाने का झांसा देकर किडनैप किया। उससे रेप किया था। सत्तू पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। (पढ़ें पूरी खबर)
3. रवनीत बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल खत्म, मंत्रिपद पर सस्पेंस

केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन ने इस्तीफा दे दिया। उनका राज्यसभा का कार्यकाल 21 जून को खत्म हो गया था। भाजपा ने उन्हें दोबारा राज्यसभा की टिकट नहीं दी। कुरियन जैसी स्थिति केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू की भी है।
लुधियाना के पूर्व सांसद बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल भी 21 जून को खत्म हो चुका है। उन्हें भी दूसरी बार राज्यसभा की टिकट नहीं दी। उनकी जगह अमृतसर से हिंदू नेता तरूण चुघ को राज्यसभा भेजा गया है।
ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या रवनीत बिट्टू भी मंत्रिपद से इस्तीफा देंगे या नहीं। उनके मंत्रीपद पर बने रहने पर सस्पेंस बना हुआ है। हालांकि अभी इसकी संभावना नहीं लग रही क्योंकि पंजाब में करीब 8 महीने बाद विधानसभा चुनाव हैं, ऐसे में भाजपा उन्हें हटाने या उनके पोर्टफोलियो में किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं करेगी। (पढ़ें पूरी खबर)
4. स्कॉर्पियो में आग लगी, ड्राइवर जिंदा जला

जालंधर में चलती स्कॉर्पियो में आग लग गई। जिससे ड्राइवर जिंदा जल गया और उसकी मौत हो गई। लोगों ने आग बुझाकर ड्राइवर को बचाने की कोशिश की। आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग बुझाई तो अंदर से ड्राइवर की जली हुई लाश मिली। स्कॉर्पियो पर कपूरथला का नंबर लगा हुआ था। पुलिस ने जली हुई लाश और स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शुरूआती जांच में पता चला कि आग लगते ही स्कॉर्पियो के दरवाजे लॉक हो गए, जिस वजह से ड्राइवर बाहर नहीं निकल पाया। पुलिस ने शुरूआती जांच के बाद कहा कि गाड़ी में रखा डियोड्रेंट या स्प्रे फटा है। जिस वजह से आग लगी। (पढ़ें पूरी खबर)
5. भज्जी ने माना- श्रीसंत को थप्पड़ जड़ना बड़ी गलती थी

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सबसे चर्चित विवादों में से एक ‘स्लैपगेट’ फिर सुर्खियों में है। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह उर्फ भज्जी ने उस पुराने विवाद पर अफसोस जताते हुए इसे अपने जीवन के सबसे खराब फैसलों में से एक करार दिया है।
21 जून को एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुए पॉडकास्ट में हरभजन सिंह ने इस पूरे विवाद पर गहरा दुख व्यक्त किया। भज्जी का मानना है कि मैदान पर जो कुछ भी हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। अगर उन्हें अतीत की किसी एक गलती को सुधारने का मौका मिले, तो वह इसी घटना को चुनेंगे। हरभजन ने कहा- वह केवल 5 सेकेंड का गुस्सा था। उस जरा से गुस्से ने इतनी सारी परेशानी, नेगेटिव एनर्जी और टकराव पैदा कर दिया।
उस एक पल की वजह से मेरी इमेज बहुत खराब हुई। जब भी मैं उस बारे में सोचता हूं, मुझे लगता है कि वह एक बहुत ही बुरा फैसला था। इससे पहले पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत ने दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह उर्फ भज्जी को खुलेआम बॉक्सिंग रिंग में मुकाबले की चुनौती दी। श्रीसंत हाल ही में जारी एक विज्ञापन से नाराज बताए जा रहे हैं, जिसे वह 2008 के चर्चित थप्पड़कांड से जोड़कर देख रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
6. आमने-सामने हुए निहंग और शिवसेना नेता, गालियां निकालीं

लुधियाना में पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर निहंग और शिवसेना नेता आमने-सामने आ गए। एक दिन पहले भारत नगर चौक स्थित फ्रेंड्स रेजीडेंसी के बाहर हुए हमले के विरोध में शिवसेना पंजाब के प्रमुख राजीव टंडन समेत अन्य नेताओं ने चौड़ा बाजार से पुलिस कमिश्नर दफ्तर तक रोष मार्च निकाला। पुलिस ने पहले उन्हें सीपी दफ्तर के अंदर जाने नहीं दिया। लेकिन बाद में उनकी मुलाकात डीसीपी हरपाल सिंह से करवाई।
शिवसेना नेता जैसे ही अफसरों से मीटिंग करके सीपी दफ्तर से बाहर निकले तो बाहर कुछ निहंग खड़े थे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को देखकर ललकारे मारने शुरू किए। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक दूसरे को गाली गलौज तक करने लग गए।
स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कर दिया। इसके बाद हिंदू नेताओं को वहां से वापस भेजा। राजीव टंडन का कहना है कि आज फिर से शिवसेना नेताओं पर हमला करने की तैयारी की गई थी। टंडन पर हमला करने वालों पर पुलिस ने FIR दर्ज कर दी। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. एक मोबाइल नंबर से खुला ₹3000 करोड़ का फर्जीवाड़ा

पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ के दो भाइयों ने ऐसा फर्जी कारोबार खड़ा किया, जिसमें न कोई माल खरीदा गया, न बेचा गया, फिर भी कागजों पर हजारों करोड़ रुपए का टर्नओवर दिखा दिया गया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने गरीब और जरूरतमंद लोगों के आधार, पैन और वोटर आईडी जुटाकर 27 फर्जी कंपनियां बनाईं।
इन कंपनियों के जरिए 720 करोड़ रुपए के फर्जी बिल काटे गए, सरकार से 108 करोड़ रुपए का फर्जी टैक्स लाभ लिया गया और आखिरकार 25 बैंक खातों से 3089 करोड़ रुपए नकद निकाल लिए गए। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे खेल का भंडाफोड़ किसी मुखबिर ने नहीं, बल्कि अलग-अलग कंपनियों में इस्तेमाल हो रहे एक ही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी ने किया।
घोटाले का यह खेल 2018 में शुरु हुआ और 2024 तक चलता रहा। बैंक अफसरों ने 2024 में गड़बड़ी की जानकारी डीजीजीआई को दी। 9 अक्टूबर 2024 को डीडीजीआई ने रेड की और घोटाले के मास्टरमाइंड दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया। 9 महीने जेल में रहने के बाद उनकी जमानत हो गई। इसके बाद ईडी ने लुधियाना पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी। थाना जमालपुर में FIR दर्ज की गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. BJP नेता के क्लिनिक पर पेट्रोल बम फेंका, निगम चुनाव में AAP छोड़ी थी

बठिंडा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दौरे से ठीक पहले सोमवार रात को बीजेपी नेता व डॉक्टर तरसेम गर्ग के क्लिनिक पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। बाइक पर आए 2 नकाबपोशों ने क्लिनिक की ओर पेट्रोल बम फेंका। इस हमले में क्लिनिक के गेट के अंदर कुछ गमलों को नुकसान पहुंचा।
साथ ही वहां खड़ी एक स्कूटी में आग लग गई। क्लिनिक में मौजूद युवकों ने हल्ला मचाया तो नकाबपोश भाग निकले। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। क्लिनिक के पास राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का भी बड़ा कार्यालय है।हमले के समय क्लिनिक में मौजूद रहे एक युवक ने बताया है कि भाजपा नेता व डॉ. तरसेम गर्ग के हैनमैन क्लिनिक के सामने सोमवार रात करीब 10 बजे दो नकाबपोश पहुंचे।
उनमें से एक व्यक्ति गेट के बाहर खड़ा होकर बोतल में आग लगा रहा था, जबकि दूसरा घटना का वीडियो बना रहा था। इसके बाद हमलावर ने क्लिनिक के गेट के अंदर पेट्रोल बम फेंक दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
9. पति को जेल से छुड़ाने के नाम पर गैंगरेप, 6 महीने की प्रेग्नेंट महिला

मोहाली के जीरकपुर में पति को जेल से बाहर निकालने का झांसा देकर एक महिला से गैंगरेप किया गया। आरोपियों ने महिला को अदालतों में अच्छी पकड़ का हवाला दिया था और उसे विश्वास दिलाया था कि वह उसके पति को जेल से निकलवा देंगे।
पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमरोहा की रहने वाली है और जीरकपुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। रेप के समय पीड़िता करीब 2 महीने की गर्भवती थी। इस मामले की शुरुआती जांच उत्तर प्रदेश की अमरोहा पुलिस ने की थी।
हालांकि, अब इसे घटनास्थल के अधिकार क्षेत्र के कारण पंजाब की जीरकपुर पुलिस को सौंप दिया गया है। अब पंजाब पुलिस इस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके….
10. लू से बचाएंगी कूल-ग्रीन छतें, मानसून इसी महीने से

लुधियाना शहर में लू से निजात दिलाने के लिए नया प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) ने लू के बढ़ते प्रभाव को कम करने के पायलट प्रोजेक्ट में चुने 12 शहरों में पंजाब से लुधियाना को भी चुना है। इसके लिए लुधियाना नगर निगम को केंद्रीय आवास व शहरी मामलों के मंत्रालय से 5 करोड़ रुपए मिलेंगे। जिससे वह रेजिडेंशियल व सार्वजनिक इमारतों में ठंडी व हरी छतें लगाएंगे।
इसके अलावा अतिरिक्त पेयजल (हाइड्रेशन) केंद्र और सार्वजनिक शौचालय स्थापित करने तथा मौसम निगरानी प्रणाली को डेवलप कर सकेंगे। वहीं छायादार शेड भी बनाए जाएंगे। नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने पुष्टि करते हुए कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य ‘हीट रेजिलिएंट सिटीज’ में बढ़ते तापमान के प्रभाव को कम करना है।
पंजाब में इसी महीने के अंत में मानसून की एंट्री हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक जून के आखिरी हफ्ते यानी 25 से 30 जून के बीच कभी भी मानसून की एंट्री हो सकती है। बड़े शहरों में मानसून पहले अमृतसर और आखिर में बठिंडा पहुंचेगा। वहीं चंडीगढ़ में 27 से 30 जून के बीच मानसून की एंट्री होगी। 28–29 जून के आसपास चंडीगढ़ में अच्छी मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)












