- Hindi News
- International
- Iran US War Ceasefire LIVE Update; Donald Trump Israel Attack Alert | Hormuz Strait Nuclear Program
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी23 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरानी संसद अध्यक्ष गालिबाफ (बाएं) और विदेश मंत्री अराघची (दाएं) अमेरिका के साथ हो रही बातचीत में ईरान की तरफ से शामिल रहे हैं।
अमेरिका-ईरान के बीच अप्रैल में शुरू हुई बातचीत के दौरान अमेरिका को डर था कि इजराइल, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ को निशाना बना सकता है। इसी वजह से अमेरिका ने मिडिल-ईस्ट के कुछ सहयोगी देशों के जरिए तेहरान को सतर्क रहने का संदेश भिजवाया।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका को डर था कि अगर दोनों वार्ताकारों की हत्या हुई तो युद्धविराम और शांति प्रक्रिया टूट जाएगी। उस समय ट्रम्प प्रशासन होर्मुज स्ट्रेट खोलने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौते की कोशिश कर रहा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में होने वाली एक बैठक से पहले भी ईरान को हमले का खतरा था। इसी कारण पाकिस्तान ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल के विमान को फाइटर जेट की सुरक्षा में इस्लामाबाद तक पहुंचाया। लौटते समय भी सुरक्षा अलर्ट मिलने पर विमान की मशहद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और डेलिगेशन सड़क के जरिए तेहरान पहुंचा।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…
1. अमेरिका-ईरान में अगली वार्ता खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद: दोहा में हुई बातचीत के बाद कतर ने बताया कि दोनों पक्ष पूर्व सुप्रीम लीडर के अंतिम संस्कार के बाद जल्द अगले दौर की वार्ता करेंगे।
2. UN पहुंचा ईरान-इजराइल विवाद: ईरान ने इजराइल पर सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को धमकी देने का आरोप लगाते हुए संयुक्त राष्ट्र में शिकायत दर्ज कराई।
3. ईरान हाई अलर्ट पर, 2 करोड़ लोगों के पहुंचने का दावा: ईरान ने खामेनेई के अंतिम संस्कार से पहले सेना की तैनाती बढ़ी। कार्यक्रम में 30 देशों के प्रतिनिधि और करीब 2 करोड़ लोग शामिल होंगे।
4. होर्मुज पर ईरान की अमेरिका को चेतावनी: ईरान ने कहा है कि होर्मुज हमारा इलाका है, अमेरिकी दखल बर्दाश्त नहीं करेंगे। सभी जहाजों को तय समुद्री मार्ग अपनाने को कहा।
5. ईरान ने IAEA को परमाणु ठिकानों की जांच से रोका: ईरान ने कहा है कि फोर्डो, नतांज और इस्फहान परमाणु साइट्स पर IAEA के निरीक्षकों को एंट्री नहीं मिलेगी।
ईरान पीस डील से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
32 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
खामेनेई का पार्थिव शरीर कैसे रखा गया?

तेहरान में शुक्रवार को पूर्व सुप्रील लीडर अली खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों के ताबूत अंतिम दर्शन के लिए रखे गए। अंतिम संस्कार से पहले इमाम खुमैनी मुसल्ला ग्रैंड मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
खामेनेई के पार्थिव शरीर को फोरेंसिक मॉर्चरी के रेफ्रिजरेटेड कोल्ड स्टोरेज में रखा गया। इस्लाम में रासायनिक तरीके से शव संरक्षित करने की अनुमति नहीं है। इसलिए अधिकारियों ने केवल कम तापमान के जरिए पार्थिव शरीर को सुरक्षित रखा।
शिया इस्लामी परंपरा में युद्ध जैसी असाधारण परिस्थितियों में दफन में देरी और ठंडे तापमान में पार्थिव शरीर सुरक्षित रखने की अनुमति दी जा सकती है। इसी आधार पर धार्मिक मंजूरी ली गई। उनके साथ उसी हमले में मारे गए परिवार के अन्य सदस्यों के पार्थिव शरीर भी वहीं सुरक्षित रखे गए थे।
53 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पाकिस्तान के सेना प्रमुख खामेनेई के अंतिम संस्कार में पहुंचे
पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ईरान की राजधानी तेहरान पहुंच गए हैं। वह ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
तेहरान पहुंचने पर ईरान के रक्षा मंत्री माजिद इब्न रजा और गृह मंत्री इस्कंदर मोमेनी ने उनका स्वागत किया। इसके अलावा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
09:47 AM3 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
तेहरान में भारतीय धर्मगुरुओं ने खामेनेई को श्रद्धांजलि दी
ईरान की राजधानी तेहरान में भारतीय धर्मगुरुओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की।
09:24 AM3 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- समझौता टूटा तो फिर जवाबी कार्रवाई होगी

ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा है कि अगर अमेरिका और इजराइल युद्ध खत्म करने से जुड़े अंतरिम समझौते का पालन नहीं करते, तो ईरान फिर से जवाबी कार्रवाई करेगा।
ईरान की ISNA न्यूज एजेंसी के मुताबिक, गालिबाफ ने कहा कि अमेरिका सैन्य ताकत के दम पर ईरान का मुकाबला नहीं कर सकता। उन्होंने दावा किया कि युद्ध में अमेरिका और इजराइल अपने किसी भी लक्ष्य को हासिल नहीं कर सके।
05:35 AM3 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान के 1 लाख बच्चों की पढ़ाई पर संकट
संयुक्त राष्ट्र की बाल एजेंसी यूनिसेफ ने चेतावनी दी है कि लेबनान में 1 लाख से ज्यादा बच्चे इस साल स्कूल नहीं जा पाएंगे, अगर हालिया संघर्ष में क्षतिग्रस्त हुए स्कूलों की जल्द मरम्मत नहीं की गई।
जून में लेबनान के शिक्षा मंत्रालय और यूनिसेफ की संयुक्त समीक्षा में पाया गया कि इजराइल-हिजबुल्लाह संघर्ष के दौरान देश के 340 स्कूल क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें 17 स्कूल पूरी तरह नष्ट हो गए।
04:37 AM3 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
6 दिन चलेगा खामेनेई का अंतिम संस्कार
खामेनेई का अंतिम संस्कार 4 से 9 जुलाई तक चलेगा। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, यह देश के इतिहास के सबसे बड़े राजकीय अंतिम संस्कारों में शामिल होगा।
समारोह में 1.5 से 2 करोड़ लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। अंतिम संस्कार में 30 से ज्यादा देशों के नेता और प्रतिनिधि, जबकि 90 देशों के धार्मिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। पाकिस्तान, रूस और चीन समेत कई देशों ने अपने प्रतिनिधिमंडल भेजने की पुष्टि की है।

04:17 AM3 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई के ताबूत को हत्या वाली जगह ले जाया गया
खामेनेई का ताबूत गुरुवार को उस जगह ले जाया गया, जहां 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हवाई हमले में उनकी हत्या हुई थी। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह कार्यक्रम बिना किसी पूर्व सूचना के आयोजित किया गया।
इसके बाद 4 और 5 जुलाई को तेहरान में खामेनेई की दो दिन की सार्वजनिक अंतिम विदाई होगी। पहले दिन लोग अंतिम दर्शन करेंगे, जबकि दूसरे दिन नमाज-ए-जनाजा और अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।
ईरानी अधिकारियों का अनुमान है कि अंतिम विदाई में 1.2 करोड़ से 2 करोड़ लोग शामिल हो सकते हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कई मार्गों पर अंतिम यात्रा निकालने और मेट्रो-बस सेवाएं पूरी क्षमता से चलाने की तैयारी की है।
03:32 AM3 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने PAK गृहमंत्री ईरान पहुंचे
पाकिस्तान के गृह मंत्री सैयद मोहसिन नकवी शुक्रवार को पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने ईरान पहुंचे।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने बताया कि खामेनेई के अंतिम संस्कार में 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भी समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।
पाकिस्तान में शिया मुसलमानों की आबादी करीब 20% मानी जाती है। इनमें से कई लोग अली खामेनेई को अपना आध्यात्मिक नेता मानते थे। उनकी हत्या के बाद पाकिस्तान के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिनमें 23 लोगों की मौत हुई थी।
02:47 AM3 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में परमाणु नीति बदलने की मांग
इजराइल की ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को जान से मारने की धमकी के बाद देश में परमाणु नीति बदलने की मांग उठी है।
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने कहा कि मौजूदा हालात में ईरान को अपनी परमाणु नीति और अमेरिका के साथ हुए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) की शर्तों की समीक्षा करनी चाहिए।
रेजाई ने कहा कि समझौते के अनुच्छेद-8 के तहत ईरान ने परमाणु हथियार नहीं बनाने का वादा किया था। लेकिन इजराइल की ताजा धमकी के बाद इस नीति पर फिर से विचार करने का समय आ गया है।
इससे पहले ईरान ने मोजतबा खामेनेई को मिली धमकी को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इजराइल के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है।

01:59 AM3 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई के ताबूत पर लाल झंडा रखा गया
खामेनेई के विदाई समारोह के दौरान उनके ताबूत पर मशहद स्थित इमाम रजा दरगाह का लाल झंडा रखा गया। यह झंडा शिया परंपरा में शहादत, बलिदान और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक माना जाता है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यह प्रतीक इमाम हुसैन की करबला में हुई शहादत से जुड़ा है। ईरानी नेतृत्व खामेनेई की मौत को भी उसी तरह की शहादत के रूप में पेश कर रहा है। खामेनेई का अंतिम संस्कार 9 जुलाई को मशहद स्थित इमाम रजा दरगाह परिसर में किया जाएगा।

01:35 AM3 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
जंग के बाद पहली बार दिखे IRGC के कार्यवाहक कमांडर
जंग शुरू होने के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कार्यवाहक कमांडर अहमद वहीदी पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए। वे गुरुवार शाम तेहरान में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
खामेनेई का ताबूत दक्षिणी तेहरान स्थित इमाम खोमैनी हुसैनिया के पास समारोह स्थल पर लाया गया, जहां अहमद वहीदी समेत कई वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।

अहमद वहीदी ने गुरुवार शाम तेहरान में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि दी।












