- Hindi News
- National
- Breaking News Dainik Bhaskar Live Updates 20 June MP UP Rajasthan Bihar Delhi
2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 पर निकले तीर्थयात्रियों का पहला जत्था शनिवार को भारत-चीन सीमा पर स्थित नाथू ला दर्रे से चीन में दाखिल हुआ। इसके साथ ही पवित्र कैलाश मानसरोवर के लिए उनकी आगे की यात्रा शुरू हो गई। पहले जत्थे में 44 तीर्थयात्री शामिल हैं, जिनमें चार संपर्क अधिकारी और एक चिकित्सा अधिकारी भी हैं।
इनमें 32 पुरुष और 12 महिलाएं हैं जो बिहार, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा जैसे विभिन्न राज्यों से आए हैं।
विदेश मंत्रालय हर साल जून से अगस्त/सितंबर के दौरान दो अलग-अलग रास्तों लिपुलेख दर्रा (उत्तराखंड) और नाथू ला दर्रा (सिक्किम) से कैलाश मानसरोवर यात्रा का आयोजन करता है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में समुद्र में डूबे 5 लोग, नहाते समय समंदर की लहरों का अंदाजा नहीं लगा पाए

महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के गणपतिपुले में पांच पर्यटक समुद्र में डूब गए। बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी पर्यटक छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले थे। समुद्र की स्थिति और लहरों का सही अंदाजा न लगा पाने के कारण यह हादसा हुआ।
20 साल पुराने पवनराजे हत्याकांड में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री पद्मसिंह पाटिल समेत 8 आरोपी बरी, फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देगी CBI

मुंबई के स्पेशल CBI कोर्ट ने शनिवार को 2006 में कांग्रेस नेता पवनराजे निंबालकर और उनके ड्राइवर समद काजी की हत्या के मामले में महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री पद्मसिंह पाटिल समेत 8 आरोपियों को बरी कर दिया। स्पेशल CBI जज ने कहा कि अभियोजन पक्ष साजिश की कड़ी साबित करने में विफल रहा।
कोर्ट ने मामले के मुख्य गवाह और सरकारी गवाह बने परसमल जैन की गवाही को भी अविश्वसनीय मानते हुए खारिज कर दिया। CBI ने कहा कि वह निचली अदालत के फैसले के खिलाफ अब बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील दायर करेगी।
पवनराजे निंबालकर और उनके ड्राइवर की 3 जून 2006 को नवी मुंबई के कलंबोली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दोनों मुंबई से उस्मानाबाद (अब धाराशिव) जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी कार रोककर फायरिंग की थी।
मामले की शुरुआती जांच नवी मुंबई पुलिस ने की थी, लेकिन बाद में केस CBI को सौंपा गया। CBI ने 2009 में पद्मसिंह पाटिल को गिरफ्तार किया था। CBI का आरोप था कि राजनीतिक और कारोबारी प्रतिद्वंद्विता के चलते पद्मसिंह पाटिल ने अपने चचेरे भाई पवनराजे निंबालकर की हत्या की साजिश रची थी और सुपारी दी थी।
हालांकि, 15 साल तक चले ट्रायल और 128 गवाहों की गवाही के बाद अदालत ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया। पवनराजे निंबालकर के बेटे ओमप्रकाश राजे निंबालकर वर्तमान में धाराशिव से लोकसभा सांसद हैं।
PM मोदी 21 जून को नौसेना में शामिल करेंगे तीन स्वदेशी युद्धपोत, कोलकाता में होगा कमीशनिंग समारोह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 जून को कोलकाता में भारतीय नौसेना के तीन स्वदेशी जहाजों- दूनागिरी, संशोधक और अग्रय को नौसेना में शामिल करेंगे। यह कार्यक्रम श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट पर होगा। ये तीनों जहाज भारत में डिजाइन और बनाए गए हैं।
दूनागिरी एक आधुनिक युद्धपोत है, जो ब्रह्मोस मिसाइल और अत्याधुनिक हथियारों से लैस है। संशोधक समुद्री सर्वेक्षण और समुद्र से जुड़े आंकड़े जुटाने का काम करेगा, जबकि अग्रय दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने और उनसे मुकाबला करने में सक्षम है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इन जहाजों में 75% से ज्यादा स्वदेशी उपकरण और तकनीक का इस्तेमाल हुआ है। इनके निर्माण में 200 से अधिक भारतीय MSME कंपनियों ने योगदान दिया है। सरकार का कहना है कि इन जहाजों के नौसेना में शामिल होने से देश की समुद्री सुरक्षा मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा।
महाराष्ट्र में फूड पॉइजनिंग से 59 लोग अस्पताल में भर्ती, सभी ने एक स्टॉल पर खाना खाया था

महाराष्ट्र के भिवंडी में एक स्टॉल का खाना खाने के बाद 59 लोगों को फूड पॉइजनिंग के कराण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल की डॉक्टर माधुरी पनाहरे ने बताया कि गुरुवार शाम तक 11 मरीज भर्ती हुए थे। शुक्रवार सुबह यह संख्या 37 पहुंची और बाद में बढ़कर 59 हो गई।
सभी मरीजों में पेट दर्द, उल्टी और दस्त जैसे लक्षण पाए गए हैं। अस्पताल के अनुसार, सभी ने एक ही दुकान से खाना खाया था। स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर ₹34 करोड़ से ज्यादा की हेरोइन पकड़ी गई

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने बड़ी ड्रग्स तस्करी का मामला पकड़ा है। 16 जून को कुआलालंपुर से दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री को शक के आधार पर रोका गया।
यात्री के दो ट्रॉली बैगों की जांच करने पर उनमें से सफेद पाउडर से भरे चार पैकेट मिले। जांच में यह पदार्थ हेरोइन निकला। बरामद हेरोइन का वजन करीब 6.9 किलोग्राम है।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त हेरोइन की कीमत लगभग ₹34.67 करोड़ है। कस्टम विभाग ने यात्री को NDPS कानून के तहत गिरफ्तार कर लिया है। हेरोइन को भी जब्त कर लिया गया है।
महाराष्ट्र में पिज्जा खाने से 34 लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में एक फूड आउटलेट से शावरमा पिज्जा खाने के बाद 34 लोग बीमार पड़ गए। बीमार होने वालों में बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, लोगों ने बुधवार रात पिज्जा खाया था। इसके बाद गुरुवार दोपहर से उन्हें पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और दस्त जैसी शिकायतें होने लगीं। गुरुवार शाम से मरीज सरकारी अस्पताल पहुंचने लगे और यह सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा।
कुल 34 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह है कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद पुलिस ने फूड आउटलेट के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पिज्जा के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं ताकि बीमारी की सही वजह का पता लगाया जा सके।
ओडिशा के सरकारी इंजीनियर के ठिकानों पर छापा, 49 प्लॉट और करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

ओडिशा सतर्कता (विजिलेंस) विभाग ने कोरापुट जिले के कोटपाड ब्लॉक में सहायक कार्यपालन अभियंता (Assistant Executive Engineer) सत्यनारायण सेठी के ठिकानों पर रेड की। 7 स्थानों पर एक साथ की गई छापेमारी में 49 कीमती प्लॉट, दो फार्महाउस, 940 ग्राम सोने के आभूषण, 2.5 किलोग्राम चांदी और ₹5.48 लाख कैश मिला।
इसके अलावा दो फ्लैट और ₹60.92 लाख की बैंक तथा डाकघर जमा राशि का भी पता चला है, जिनकी जांच की जा रही है। जांच में पता चला कि एक फार्महाउस 10.03 एकड़ क्षेत्र में फैला है, जहां आम और यूकेलिप्टस के पेड़ लगे हैं। दूसरा फार्महाउस 4.35 एकड़ में फैला हुआ है और वहां नीलगिरी का बागान है।
विजिलेंस विभाग का कहना है कि तलाशी अभियान अभी जारी है और आगे और संपत्तियों का खुलासा हो सकता है। सत्यनारायण सेठी ने साल 1998 में ₹7100 मासिक वेतन पर जूनियर इंजीनियर के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी। बाद में उन्हें पदोन्नति मिलती गई और साल 2025 में वह असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर बने थे।













