Doctor Suicide, Banker Fall, Rain & Hail | ACTPnews

Doctor Suicide, Banker Fall, Rain & Hail


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर मौसम से जुड़ी रही। प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। लुधियाना में ओले गिरे। वहीं मोहाली में आंधी के साथ बारिश हुई।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग, लॉरेंस गैंग ने जिम्मेदारी ली

दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार तड़के एक जिम के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह जिम दिल्ली में राजौरी गार्डन के रहने वाले 2 कारोबारियों का है। इसके ब्रांड एंबेसडर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा हैं।

वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर कुख्यात लॉरेंस गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। साथ ही गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने एक ऑडियो जारी कर गुरु रंधावा को जान से मारने की धमकी भी दी है। पोस्ट में गुरु रंधावा के बारे में लिखा है- इसे समझाया था कि सलमान खान से दूर रह, वह हमारा दुश्मन है, लेकिन ये उसके बहुत करीबी बन रहा था। जितने भी देशद्रोही हैं, जहां भी छिपे हैं, वहीं पर मारेंगे।

हमलावरों ने जिम पर कम से कम 7 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, वारदात में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जबरन वसूली, गैंगवार और आपसी रंजिश समेत सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. आज से प्री-मानसून, आंधी के साथ बारिश, लुधियाना में ओले गिरे

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो गया है। मोहाली में सुबह तेज आंधी के बाद बारिश हुई, जबकि लुधियाना में आंधी के साथ ओले भी गिरे। खन्ना में आकाशीय बिजली गिरने से करीब 150 साल पुराना एक पेड़ टूटकर कई मकानों पर गिर पड़ा, जिससे घरों की छतों और दीवारों को नुकसान पहुंचा।

मौसम विभाग ने वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर के चलते 11 जून से पूरे पंजाब में प्री-मानसून की बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में केवल 0.1 डिग्री की कमी दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक बना हुआ है। बठिंडा में 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के कारण अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), कपूरथला, जालंधर और फतेहगढ़ साहिब समेत 10 जिलों में ओले गिरने की आशंका जताई है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. लेडी डॉक्टर ने सुसाइड किया, पति नर्स संग लिपलॉक करता दिखा

जालंधर के नेशनल आई अस्पताल के डॉक्टर पीयूष की पत्नी डॉक्टर मीनाक्षी के सुसाइड केस में डॉक्टर पति का आपत्तिजनक वीडियो सामने आया है। इसमें वह अस्पताल की नर्स के साथ लिपलॉक करता नजर आ रहा है।डॉ. मीनाक्षी के परिवार का कहना है कि डॉ. पीयूष के इस वीडियो को मीनाक्षी ने देख लिया था।

उसने बेटी से माफी भी मांगी थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पति ने डॉ. मीनाक्षी के नाम पर चोरी से ढाई करोड़ रुपए का लोन भी ले रखा था। मीनाक्षी के पिता प्रमोद ने कहा कि बेटी ने जब लोन से नाम हटाने के लिए कहा तो पीयूष उसे अपने गहने लॉकर से निकालकर देने का दबाव बना रहा था।

इसके बाद बेटी ने मुझसे फोन कर कहा था कि पापा मेरे साथ फ्रॉड कर ढाई करोड़ का लोन ले लिया है। मैं इससे तलाक लेना चाहती हूं। पंजाब के ही जलालाबाद के रहने वाली मीनाक्षी की शादी जालंधर के डॉक्टर पीयूष के साथ अक्टूबर 2018 में हुई। शादी के 7 साल बाद भी दोनों के कोई बच्चा नहीं था। डॉ. मीनाक्षी एमएस थीं और कपूरथला के सरकारी अस्पातल में कार्यरत थीं। (पढ़ें पूरी खबर)

4. 10वीं मंजिल से गिरा बैंककर्मी, कुछ देर तड़पता रहा, फिर मौत

मोहाली में बैंककर्मी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। टावर नंबर-3 की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या कोई घटना।

लोगों का कहना है कि बैंककर्मी ऊपर से अचानक नीचे गिरा। उसके कानों में हेडफोन लगे हुए थे और पास पिट्ठू बैग पड़ा था। उसके पैरों में केबल वाले तार लिपटते हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान होशियारपुर के रहने वाले विक्रम सिंह के नाम से हुई। वह चंडीगढ़ के सेक्टर-8 स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया (SBI) में क्लर्क था। यहां पर अपनी बहन के पास एसबीपीपी नार्थ वैली में आया था। मामला बुधवार रात करीब 12:25 बजे का है। सोसाइटी में अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी। यह सुनकर स्थानीय निवासी पार्किंग क्षेत्र की ओर पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर)

5. वड़िंग बोले- खड़गे-राहुल के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि वह हमेशा पार्टी के एक कार्यकर्ता रहे हैं और आगे भी कार्यकर्ता के रूप में ही पार्टी की सेवा करते रहेंगे।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और यह साफ दिखाई दे रहा है कि अगली सरकार कांग्रेस की बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के हर कांग्रेसी का लक्ष्य है और सभी इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

वड़िंग ने कहा कि भाजपा निश्चित रूप से देशभर में विपक्षी नेताओं के खिलाफ एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन AAP भी इस मामले में किसी से कम नहीं है। पंजाब में AAP अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ विजिलेंस विभाग का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा ‘ED पार्टी’ है, तो AAP ‘विजिलेंस पार्टी’ है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. जालंधर के बिजनेसमैन के बेटे की अमेरिकी हमले में मौत

जालंधर के बिजनेसमैन राजेश कुमार के बेटे आदित्य शर्मा (23) की अमेरिकी हमले में मौत हो गई। वह तेल टैंकर ‘MT सेत्तेबेल्लो’ पर थे। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनेवाल ने इसकी पुष्टि की है। आदित्य शर्मा जहाज पर डेक कैडेट के पद पर थे।

विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, जहाज पर सवार 24 भारतीय क्रू सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, ओमान स्थित भारतीय दूतावास लापता लोगों की तलाश के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।

आदित्य मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के रहने वाले थे। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। जालंधर से ही उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद स्कॉटलैंड से नॉटिकल इंजीनियरिंग की। हमीरपुर के बड़सर से BJP विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने बताया कि पार्थिव शरीर जल्द स्वदेश लाने के लिए विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

7. सरकारी डॉक्टर मिसेज इंडिया के टॉप-10 में, सर्जरी के साथ कैट वॉक किया

एक तरफ ऑपरेशन थिएटर, मरीजों की जिम्मेदारी और लंबी ड्यूटी… दूसरी तरफ रैंप, कैमरे और मिसेज इंडिया का मंच। अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट डॉ. शिवांशी ने इन दोनों दुनियाओं के बीच ऐसा संतुलन बनाया कि आज वह हजारों महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

सर्जन बनने का सपना पूरा करने के बाद अब उन्होंने ‘मिसेज इंडिया’ के टॉप-10 में जगह बनाकर साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई सपना अधूरा नहीं रहता। डॉ. शिवांशी के लिए ‘मिसेज इंडिया’ के टॉप-10 फाइनलिस्ट में जगह बनाना सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्षों से संजोए सपने के सच होने जैसा है।

उन्होंने कहा- यह मुकाम कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच की बदौलत मिला है। यदि किसी महिला में कुछ हासिल करने का जुनून और दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो वह हर चुनौती को पार कर अपने सपनों को साकार कर सकती है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. युवक ने गर्लफ्रेंड से तंग आकर किया सुसाइड, रेप केस में फंसाने की धमकी दी

मोगा में युवक ने गर्लफ्रेंड से तंग आकर सुसाइड कर लिया। युवक ने कोई जहरीली दवाई पी। जिससे वह बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे मोगा के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। लेकिन उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय बलजिन्द्र सिंह निवासी गांव तखानवध के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, बलजिंद्र की एक महिला से काफी समय से दोस्ती थी। दोनों एक दूसरे की मदद करते थे। गर्लफ्रेंड ने बलजिंद्र को अपनी प्रॉब्लम बताकर उससे दो लाख रुपए उधार लिए। करीब दो साल से बलजिंद्र उससे पैसे वापस मांग रहा था। वो टाल मटोल कर रही थी।

पिता सुरजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि जब बलजिंद्र ने उस पर पैसे देने का दबाव बनाया तो उसने बेटे को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वो बेटे को बार बार कह रही थी कि अगर उसने पैसे मांगे तो वह उसे रेप केस में फंसा देगी और उसे जेल में भेज देगी। गर्लफ्रेंड की धमकियों के कारण बलजिंद्र मानसिक परेशानी से जूझ रहा था। (पढ़ें पूरी खबर)

6. 16 वर्षीय लड़के से कुकर्म, मस्जिद में झाड़ा लगवाने पहुंचा था

लुधियाना में मौलवी पर 16 वर्षीय लड़के के साथ जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के आरोप लगे हैं। इसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी मौलवी को मस्जिद से ही गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित के परिजन का कहना है कि लड़के के शरीर में दर्द था। उससे निजात दिलाने के लिए उसे मौलवी के पास लेकर गए थे। मौलवी मालिश करने के बहाने पीड़ित लड़के को मस्जिद के पास बने कमरे में ले गया और यह हरकत की।

लुधियाना में सदर थाने के जांच अधिकारी सतनाम सिंह ने बताया कि यह पीड़ित का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। हालांकि, पीड़ित का भाई यहां लुधियाना में रहकर काम करता है। इसलिए, उसका छोटा भाई भी करीब 2 दिन पहले ही भाई के पास काम के लिए आया था, लेकिन यहां आकर उसकी तबीयत बिगड़ गई।

अधिकारी के मुताबिक, बीते मंगलवार को लड़के के शरीर में दर्द हो रहा था। इसलिए, वह अपने भाई से अस्पताल चलने की कहने लगा, लेकिन उसके भाई ने कहा कि खेड़ी मस्जिद के मौलवी झाड़ा लगाकर दर्द दूर कर देंगे। इसके बाद युवक अपने छोटे भाई को लेकर मौलवी के पास आया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

10. युवक की बाल- भौंहें काटीं, सीने पर चिपकाया- मैं चोर हूं

लुधियाना के जोधेवाल में कुछ लोगों ने एक युवक को चोरी के शक में बंधक बना लिया। कुछ लोगों ने युवक को पकड़कर पहले बंधक बनाया और फिर उसकी सरेआम पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवक के बाल और दाहिनी आंख की भौंह भी काट दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक को रस्सी से बांधकर रखा गया है। इसके बाद उसे मारते-पीटते हुए एक बैंक के बाहर लगे खंभे से बांध दिया गया। आरोपियों ने युवक की छाती पर एक कागज भी चिपका दिया, जिस पर ‘मैं चोर हूं’ लिखा हुआ था। इस दौरान आसपास लोगों की भीड़ भी जुटी रही, लेकिन किसी ने युवक को छुड़ाने की कोशिश नहीं की।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports