न्यूयॉर्क7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
तुर्किए के राष्ट्रपति एर्दोगन न्यूयॉर्क स्थित UN हेडक्वार्टर में 81वीं जनरल डिबेट के दौरान बोलते हुए।
तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में एकबार फिर से कश्मीर का मुद्दा उठाया। उन्होंने मंगलवार को कहा कि कश्मीर मुद्दे का हल बातचीत के जरिए होना चाहिए।
एर्दोगन 2019 से हर साल (2024 छोड़कर) 7 बार UN में कश्मीर का जिक्र कर चुके हैं। भारत पहले भी ऐसी टिप्पणियों को खारिज कर चुका है।
एर्दोगन ने फिलिस्तीन के पक्ष में भी भाषण दिया। उन्होंने गाजा में इजराइल की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। इस दौरान इजराइल के प्रतिनिधि UN महासभा हॉल से बाहर चले गए।
UNGA में जनरल डिबेट से जुड़ीं 5 फोटोज…

ट्रम्प ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस की ओर इशारा किया। पास में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान भी नजर आए।

ट्रम्प की ईरान को तबाह करने की धमकी के दौरान कैमरे में ईरानी डेलिगेशन का एक प्रतिनिधि गंभीर नजर आया।

ट्रम्प ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वह युद्ध समाप्त होते देखना चाहेंगे।

अमेरिकी फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी विल्स ट्रम्प का भाषण सुनने पहुंचीं।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने UNGA में अपना विदाई भाषण दिया। भाषण खत्म होने के बाद मंच से हटे तो वहां मौजूद लोगों ने खड़े होकर तालियों से उनका स्वागत किया।
खबर से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
46 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने खाड़ी देशों के नेताओं के साथ मुलाकात की

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने खाड़ी सहयोग परिषद (जिसमें संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान शामिल हैं) के नेताओं के साथ बहुपक्षीय बैठक की।
इस दौरान जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय और कतर के अमीर शेख हमद अल थानी भी मौजूद रहे।
07:18 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने हिंद महासागर के द्वीपों पर यूके के समझौते की आलोचना की

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ एक मुलाकात की। यह बैठक न्यूयॉर्क में UN महासभा से अलग हुई।
निर्धारित 30 मिनट से ज्यादा चली इस बैठक में ट्रम्प ने बर्नहम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध पिछले प्रधानमंत्री के समय से बेहतर हैं।
लेकिन ट्रम्प ने चागोस द्वीपों की संप्रभुता मॉरीशस को सौंपने की ब्रिटेन की योजना को खराब समझौता बताया। उन्होंने कहा कि यह सैन्य और रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण इलाका है।
06:21 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका और ईरान के बीच 3 घंटे तक चली बैठक

अमेरिकी प्रशासन और ईरानी प्रतिनिधिमंडल के बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान करीब तीन घंटे तक बैठक हुई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इसे “बहुत अच्छी बैठक” करार दिया है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ मीडिया से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि ईरानी पक्ष के साथ बातचीत काफी सकारात्मक रही और सब कुछ बहुत अच्छे से संपन्न हुआ।
06:00 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
UNGA के बीच V4 ग्रुप के साथ भारत की बैठक

भारत और मध्य यूरोप के V4 ग्रुप (पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया और चेकिया) देशों ने UNGA के बीच बैठक की।
आपसी तालमेल को लगातार बनाए रखने के लिए अब दोनों पक्षों के विदेश मंत्री हर साल एक नियमित बैठक करेंगे।
व्यापार और निवेश को जमीन पर गति देने के लिए एक साझा बिजनेस फोरम शुरू किया जाएगा, जिससे दोनों तरफ की कंपनियों को नया मंच मिलेगा।
05:32 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों UN में आखिरी भाषण देंगे

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपना आखिरी भाषण देने जा रहे हैं। करीब 10 साल पहले उन्होंने पहली बार न्यूयॉर्क में UN महासभा को संबोधित किया था।
फ्रांस में अगले साल चुनाव होने हैं। मैक्रों 2 बार राष्ट्रपति बन चुके हैं। वह तीसरी बार चुनाव नहीं लड़ सकते। ऐसे में कोई नया राष्ट्रपति ही अगले साल UN को संबोधित करेंगे।
05:22 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
मिडिल ईस्ट के नेताओं के भाषण में गाजा सबसे बड़ा मुद्दा रहा
अब तक मिडिल ईस्ट के तीन नेताओं के भाषण में गाजा और वेस्ट बैंक में इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष सबसे बड़ा मुद्दा रहा। ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल की जंग का जिक्र भी हुआ, लेकिन उस पर कम जोर रहा।
जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला, कतर के अमीर शेख तमीम और तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन ने गाजा में इजराइल की कार्रवाई और वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनियों पर इजराइली बस्तियों के लोगों की हिंसा की कड़ी आलोचना की।
इन नेताओं के भाषण से यह भी साफ हुआ कि मिडिल ईस्ट के लोगों और नेताओं के लिए इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष अब भी सबसे बड़ा मुद्दा है। दूसरी जंग का असर दुनिया पर ज्यादा होने के बावजूद, इस संघर्ष को लेकर उनकी चिंता सबसे ज्यादा बनी हुई है।
04:56 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
कतर के अमीर बोले- खाड़ी संकट अचानक नहीं आया, कई साल की गलत नीतियों का नतीजा

कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी ने UN महासभा में कहा कि फारस की खाड़ी का मौजूदा संकट अचानक नहीं आया है। यह कई साल तक समस्या को टालने और गलत नीतियां अपनाने का नतीजा है।
अमीर ने कहा कि ईरान ने अपने पड़ोसी देशों को ऐसी जंग में खींच लिया, जो उनकी नहीं थी। ईरान ने इन देशों पर हमले किए, जबकि वे तनाव कम करने की पूरी कोशिश कर रहे थे।
04:15 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने 38 मिनट में 10 अहम बातों का जिक्र किया

04:07 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
UN जनरल डिबेट क्या होती है?
आसान भाषा में समझें तो यह वह मौका है जब संयुक्त राष्ट्र के लगभग सभी सदस्य देश एक ही मंच से दुनिया के सामने अपनी बात रखते हैं।
UN में 193 सदस्य देश हैं और महासभा में हर देश का एक वोट होता है। हर साल सितंबर में इन देशों के नेता या वरिष्ठ प्रतिनिधि न्यूयॉर्क पहुंचते हैं। वे अपने देश की समस्याओं, प्राथमिकताओं और दुनिया से जुड़े अहम मुद्दों पर भाषण देते हैं।
इसी प्रक्रिया को ‘जनरल डिबेट’ यानी सामान्य बहस कहा जाता है। हालांकि, यहां नेता आमने-सामने बैठकर बहस नहीं करते। हर देश को UN महासभा के मंच से अपनी बात रखने का मौका मिलता है।
इसके अलावा, इस दौरान अलग-अलग देशों के नेता दूसरे देशों के नेताओं के साथ बैठकें भी करते हैं। इनमें व्यापार, सुरक्षा, युद्ध, कूटनीति और दूसरे अहम मुद्दों पर बातचीत होती है। इसलिए UN का यह सप्ताह दुनिया की कूटनीति के लिहाज से काफी अहम होता है।

03:35 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
जॉर्डन किंग बोले- जंग का असर मुंबई से मिनिसोटा तक

जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने कहा कि ईरान की जंग ने दिखा दिया है कि मिडिल ईस्ट का कोई भी संघर्ष सिर्फ इसी इलाके तक सीमित नहीं रहता।
जॉर्डन भी अमेरिका-इजराइल और ईरान की जंग की चपेट में आया है। ईरान ने जॉर्डन में मौजूद उन ठिकानों को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं, जहां अमेरिकी सेना का इस्तेमाल होता है।
अमेरिका के करीबी सहयोगी होने के कारण किंग अब्दुल्ला ने सीधे अमेरिका को जंग शुरू करने के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया। लेकिन उन्होंने कहा कि इस जंग का असर बहुत दूर तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा, “अगर किसी को लगता है कि हमारे इलाके की जंग का असर यहीं तक रहता है, तो मुंबई से लेकर मिनेसोटा तक आम लोगों के बिजली और खाने के बिल देख लीजिए।”
03:32 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- अमेरिका ने ग्लोबल कार्बन टैक्स को रोकने के लिए दखल दिया
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने दुनिया के जहाजों पर कार्बन टैक्स लगाने की योजना को रोकने के लिए दखल दिया।
यह योजना संयुक्त राष्ट्र की संस्था इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन (IMO) ला रही थी। इसके तहत दुनियाभर की शिपिंग कंपनियों को अपने जहाजों से होने वाले प्रदूषण के लिए टैक्स देना पड़ता।
ट्रम्प ने कहा कि यह बहुत महंगा टैक्स होता, इसलिए अमेरिका को इसे रोकने के लिए आगे आना पड़ा। अगर यह योजना लागू हो जाती, तो यह पहली बार होता जब पूरे शिपिंग उद्योग को अपने प्रदूषण के लिए पैसे देने पड़ते।
03:31 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने UN के आर्थिक परेशानी की जिम्मेदारी ली

ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने UN को मिलने वाली फंडिंग में करीब 15% कटौती की। उनका दावा है कि पैसे की कमी के कारण UN को करीब 4,000 कर्मचारियों को नौकरी से हटाना पड़ा।
अमेरिका UN को सबसे ज्यादा पैसा देने वाला देश है। इसलिए अमेरिकी फंडिंग कम होने का असर UN के मानवीय मदद वाले कार्यक्रमों पर भी पड़ा।
03:16 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट के सभी मेंबर तुरंत इस्तीफा दें
ट्रम्प ने इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) के सभी सदस्यों से तुरंत इस्तीफा देने को कहा। उन्होंने ICC को बेकाबू संस्था बताया।
03:10 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने AI को नया नाम दिया- सुपर इंटेलिजेंस
ट्रम्प को चीजों को नया नाम देने के लिए जाना जाता है। UN में अपने भाषण के दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को सुपर इंटेलिजेंस नाम दिया। ट्रम्प ने कहा,
AI से इंसानों को खतरा होने की चेतावनी देने वाले लोग वही हैं, जो उनके रूसी साजिश से जुड़े होने का दावा करते थे। हम सुपर इंटेलिजेंस को बढ़ावा देंगे। हम AI पर ज्यादा रोक नहीं लगाएंगे।

ट्रम्प पहले भी कह चुके हैं कि जो देश AI की दौड़ जीतेगा, वही दुनिया में आगे रहेगा। वे AI पर ज्यादा नियम लगाने के भी खिलाफ हैं।
03:05 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ग्रीनलैंड में 2 बड़े सैन्य ठिकाने बनाएंगे

ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ग्रीनलैंड में बड़े पैमाने पर सैन्य मौजूदगी बढ़ाएगा। इसके तहत वहां दो बड़े सैन्य अड्डे बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ग्रीनलैंड की मदद से अमेरिकी महाद्वीप के साथ यूरोप और दूसरे इलाकों की सुरक्षा कर सकेगा।
उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड में अब अमेरिका के किसी भी दुश्मन देश को सैन्य मौजूदगी बनाने या संवेदनशील निवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जब तक अमेरिका से इसकी लिखित मंजूरी न मिले।
ट्रम्प ने बताया कि ग्रीनलैंड को लेकर डेनमार्क और अमेरिका के बीच हुआ समझौता आज साइन किया जाएगा।
03:05 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- अमेरिका में कम्युनिज्म नहीं चलेगा
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका में कम्युनिज्म कभी नहीं आएगा, जबकि क्यूबा में आजादी जरूर आएगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने पड़ोस में ऐसे देशों को ठिकाना नहीं बनने देगा, जहां से दूसरे देश अमेरिका के लिए खतरा पैदा कर सकें।
03:01 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान पहले दबंग था, अब नहीं रहा

ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने ईरान की ताकत कम कर दी है। ईरान अब पहले जैसा ताकतवर नहीं रहा। उन्होंने कहा कि ईरान मिडिल ईस्ट का दबंग था, लेकिन अब वह ऐसा नहीं रहा।
02:59 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
वेनेजुएला ऑपरेशन को लेकर बोले- जीतने वाले को ही सब मिलता है

ट्रम्प ने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के नतीजे की तारीफ करते हुए कहा, “जीतने वाले को ही सब मिलता है।”
उन्होंने यह बात उस जेल से कुछ ही किलोमीटर दूर कही, जहां वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को रखा गया है। जनवरी में अमेरिका ने मादुरो को सत्ता से हटाकर गिरफ्तार किया था।
02:58 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- क्यूबा की सरकार जल्द गिर जाएगी, डेलिगेशन बाहर गया

ट्रम्प ने अपने भाषण में कहा कि क्यूबा की सरकार जल्द गिर जाएगी। इसके बाद क्यूबा का डेलिगेशन UN महासभा हॉल से उठकर बाहर जाता हुआ नजर आया।
02:56 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- अमेरिका ने होर्मुज में 1 अरब बैरल तेल ले जा रहे जहाजों को सुरक्षा दी

ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना हाल में होर्मुज स्ट्रेट से 1 अरब बैरल से ज्यादा तेल निकालने वाले जहाजों को सुरक्षा दे चुकी है। उन्होंने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद अभी सबसे ज्यादा तेल इस रास्ते से गुजर रहा है।
ट्रम्प ने सुरक्षा परिषद को ईरान के कमर्शियल जहाजों पर हमलों की निंदा करने वाला प्रस्ताव पास करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अब सभी देशों को मिलकर ईरान पर दबाव बनाए रखना होगा।
02:55 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- चुनाव के बाद ईरान से समझौते की उम्मीद
ट्रम्प ने कहा कि उन्हें ईरान को लेकर एक बड़ा फैसला लेना है, लेकिन यह फैसला अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के बाद लिया जाएगा।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि ईरान शायद यह देख रहा है कि वह मध्यावधि चुनाव में कैसा प्रदर्शन करते हैं। लेकिन उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि मैं चुनाव नहीं लड़ रहा हूं।
02:52 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने UN से ईरान को अलग-थलग करने की अपील की

ईरान को खत्म करने की धमकी देने के बाद ट्रम्प ने संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों से ईरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने की अपील की।
ट्रम्प ने कहा कि अगर यह रणनीति काम करती है तो तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आएगी। उन्होंने UN के सदस्य देशों से ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने में साथ देने को कहा।
02:47 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- दूसरे देश सिर्फ शांति कायम करने की बातें करते हैं
दूसरे नेता शांति की बात करते रहे, लेकिन उन्होंने शांति कायम करने के लिए कदम उठाए।
ट्रम्प ने कहा,
दूसरे बात करते रहे, मैंने कार्रवाई की। दूसरे शांति की बात करते रहे, मैंने शांति कायम की। दूसरे खतरों को नजरअंदाज करते रहे, मैंने उनका सामना किया।

02:44 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने ईरान को खत्म करने की धमकी दी
ट्रम्प ने ईरान को खत्म करने की सीधी धमकी दी है। उन्होंने कहा, “मेरे सामने एक बड़ा फैसला है। अमेरिका के पास दो रास्ते हैं- ईरान के साथ समझौता करना या उसे खत्म कर देना। “
ट्रम्प ने कहा कि उन्हें यह काम जल्दी करना, ताकि उसे फिर से लोगों और देशों को नुकसान पहुंचाने का मौका न मिले।
02:43 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- 2 साल पहले अमेरिका खत्म हो रहा था
ट्रम्प ने अपने भाषण की शुरुआत अमेरिका की आर्थिक और सैन्य ताकत गिनाने से की। उन्होंने कहा, “हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया के लिए मिसाल है। हमारी सेना दुनिया में सबसे ताकतवर है। हमारी तकनीक का कोई मुकाबला नहीं है और हम लगभग हर क्षेत्र में आगे हैं।”
उन्होंने शेयर बाजार में आई तेजी का भी जिक्र किया। ट्रम्प ने अपनी पुरानी बात दोहराते हुए कहा, “दो साल पहले हमारा देश खत्म हो रहा था, लेकिन अब दुनिया का सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला देश है।”
02:40 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
प्रेस ने UN में ट्रम्प का बायकॉट किया

ट्रम्प जब UN पहुंचे तो कैमरों ने उन्हें UN के दरवाजे से अंदर जाते और एस्केलेटर से महासभा हॉल की ओर जाते हुए रिकॉर्ड नहीं किया। इसकी वजह प्रेस का बहिष्कार था। व्हाइट हाउस के प्रेस पूल में CNN पर लगाए गए प्रतिबंध के बाद पत्रकारों ने यह बहिष्कार किया था।
02:34 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- अमेरिका में अपराध का स्तर कम हुआ
ट्रम्प ने परंपरा के मुताबिक UN में अपना भाषण विदेश नीति से शुरू नहीं किया। उन्होंने पहले अपनी आर्थिक नीतियों का जिक्र किया और पिछली अमेरिकी सरकार की आलोचना की।
इसके बाद उन्होंने अपनी इमिग्रेशन नीतियों की तारीफ की और कहा कि अमेरिका में अपराध का स्तर कम हुआ है।
02:25 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
लूला बोले- लोकतंत्र फिर खतरे में, दूसरे देशों का दखल बर्दाश्त नहीं
लूला ने कहा कि लोकतंत्र एक बार फिर खतरे में है। उन्होंने दूसरे देशों के चुनावों में दखल को औपनिवेशिक दखल बताया।
उन्होंने वेनेजुएला के लोगों के अपना भविष्य खुद तय करने के अधिकार का भी समर्थन किया।
02:10 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
गुटेरेस ने कहा- पद छोड़ने के बाद भी UN के लिए लड़ता रहूंगा

गुटेरेस भाषण खत्म होने के बाद मंच से हटे तो वहां मौजूद लोगों ने खड़े होकर तालियों से उनका स्वागत किया।
गुटेरेस ने अपने आखिरी भाषण में कहा, “दुनिया को कमजोर UN की जरूरत नहीं है। उसे ऐसे मजबूत UN की जरूरत है, जो आज की दुनिया की सच्चाई का सामना कर सके और दुनिया को बेहतर बनाने के लिए काम करे।”
उन्होंने कहा कि 1 जनवरी को पद छोड़ने के बाद भी वे UN चार्टर के मूल सिद्धांतों के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “मैं कभी हार नहीं मानूंगा।”
गुटेरेस ने अपना भाषण अंग्रेजी, फ्रेंच और स्पेनिश में दिया। ये UN की 6 आधिकारिक भाषाओं में से 3 हैं। बाकी भाषाएं अरबी, चीनी और रूसी हैं।
02:04 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने CNN को UN में कवरेज से रोका, पत्रकार से कहा- आपको यहां नहीं होना चाहिए
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प से जब ईरान के खिलाफ जंग को लेकर अमेरिकी लोगों की नाराजगी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने CNN की पत्रकार से कहा, “आपको यहां नहीं होना चाहिए।”
UN ने CNN को कवरेज की इजाजत दी है। ट्रम्प ने CNN पत्रकार से कहा,
आप लोगों ने कहा था कि आप मेरी कवरेज नहीं करेंगे। आपको मेरी कवरेज नहीं करनी चाहिए।

01:58 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
UNGA में शामिल होने पहुंचे ट्रम्प
ट्रम्प 22 सितंबर 2026 को न्यूयॉर्क स्थित UN मुख्यालय में 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी बात की। उन्होंने कहा,
संयुक्त राष्ट्र में आना मेरे लिए सम्मान की बात है। हम आगे बढ़ रहे हैं और हमारा देश बहुत अच्छा कर रहा है।

01:52 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
UN में प्रमुख नेताओं के भाषण

01:24 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के भाषण में अमेरिकी ताकत और UN की आलोचना पर फोकस
ट्रम्प करीब 30 मिनट में UN महासभा को संबोधित करने वाले हैं। एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, ट्रम्प के भाषण में अमेरिका की ताकत और दुनिया में बदलाव लाने के लिए उसके इस्तेमाल पर जोर रहेगा।
वे ईरान के साथ अमेरिका के संघर्ष, ग्रीनलैंड की सुरक्षा को लेकर हुए नए समझौते और पश्चिमी गोलार्ध से जुड़े मुद्दों पर भी बात कर सकते हैं।
पिछले साल की तरह इस बार भी ट्रम्प UN और दूसरी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की आलोचना कर सकते हैं। उनके प्रशासन ने पहले इन संस्थाओं पर वामपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।
01:17 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
गुटेरेस का UNGA में आखिरी भाषण शुरू

UN महासभा का सत्र शुरू हो गया है। महासभा हॉल में 193 देशों के प्रतिनिधि मौजूद हैं। UN कर्मचारियों ने घंटियां बजाकर सभी प्रतिनिधियों से अपनी सीटों पर बैठने को कहा, जिसके बाद हॉल में शांति हुई।
इसके बाद UN महासचिव एंटोनियो गुटेरेस अपना विदाई भाषण देना शुरू किया। महासचिव के तौर पर यह उनका आखिरी UN महासभा संबोधन है।
भाषण की शुरुआत में गुटेरेस ने कहा कि “हमारी दुनिया में खाई बढ़ती जा रही हैं।”
01:14 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने ईरानी अधिकारियों से मिलने की इच्छा जताई

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपने सलाहकारों से कहा है कि अगर हालात सही रहे तो वे UN महासभा के लिए न्यूयॉर्क आए ईरानी अधिकारियों से मुलाकात करना चाहते हैं। CBS न्यूज से एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया फिलहाल ऐसी कोई बैठक तय नहीं है।
यह बैठक ट्रम्प के साथ आए कुछ वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों के साथ भी हो सकती है। लेकिन प्रशासन के अंदर इस बात पर चर्चा चल रही है कि ऐसी मुलाकात से ईरान के साथ चल रही जंग को खत्म करने की कोशिश में कोई ठोस फायदा होगा या नहीं।
01:03 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू बोले- ममदानी मैं न्यूयॉर्क आ रहा हूं
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के UN महासभा के लिए न्यूयॉर्क पहुंचने से पहले उनका न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी के साथ विवाद फिर बढ़ गया है।
नेतन्याहू ने मंगलवार को एक वीडियो जारी कर ममदानी पर हमास का समर्थन करने और यहूदियों के खिलाफ हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे UN में अपने सैनिकों का पक्ष रखेंगे और ममदानी के बारे में भी अपनी बात दुनिया के सामने रखेंगे।
ममदानी ने इससे एक दिन पहले नेतन्याहू की आलोचना की थी और उन्हें वॉर क्रिमिनल बताया था। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि न्यूयॉर्क के मेयर के तौर पर उनके पास नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का अधिकार नहीं है।
12:52 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
आज UN महासभा में किन नेताओं के भाषण होंगे?

UN महासचिव एंटोनियो गुटेरेस महासभा के पहले दिन अपनी सालाना रिपोर्ट पेश करेंगे। इसके बाद महासभा के अध्यक्ष खलीलुर रहमान औपचारिक रूप से बहस की शुरुआत करेंगे।
पहला सत्र भारतीय समय के अनुसार शाम 6:30 बजे से रात 12:15 बजे तक चलेगा। इसमें सबसे पहले ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा भाषण देंगे। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का संबोधन होगा।
इसके अलावा जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगान और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी भाषण देंगे।
दूसरा सत्र भारतीय समय के अनुसार रात 12:30 बजे से सुबह 6:30 बजे तक चलेगा। इसकी शुरुआत मंगोलिया के राष्ट्रपति उखनाागिन खुरेलसुख और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्यांग के भाषण से होगी।
12:39 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
गुटेरेस आखिरी बार UN महासभा का उद्घाटन करेंगे

UN महासचिव एंटोनियो गुटेरेस 81वीं UN महासभा की आम बहस का उद्घाटन करेंगे। यह UN प्रमुख के तौर पर उनका आखिरी महासभा संबोधन होगा।
गुटेरेस इस साल के अंत में अपने पद से हट जाएंगे और नए महासचिव के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
अपने भाषण में गुटेरेस के ईरान और मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के साथ-साथ AI से पैदा हो रहे खतरों पर भी बात करने की उम्मीद है।
12:36 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प प्रशासन ईरान से बातचीत को तैयार

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ट्रम्प प्रशासन UN महासभा के दौरान ईरानी अधिकारियों से मिलने के लिए तैयार है, लेकिन अभी कोई बैठक तय नहीं है।
रुबियो ने कहा कि अगर बातचीत से ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने में मदद मिलती है, तो अमेरिका बातचीत का मौका नहीं छोड़ेगा।
रुबियो ने कहा कि पजशकियान से बातचीत का नतीजा तय नहीं है, क्योंकि ईरान में अंतिम फैसला सर्वोच्च नेता के पास है। फिर भी अमेरिका कूटनीति का रास्ता खुला रखना चाहता है।
12:33 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ब्राजील सबसे पहले, फिर अमेरिका की बारी
जनरल डिबेट की शुरुआत ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के भाषण से होगी। इसके बाद मेजबान देश अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प बोलेंगे।
जनरल डिबेट में सबसे पहले ब्राजील और उसके बाद अमेरिका के बोलने की परंपरा काफी पुरानी है। यह कोई लिखित नियम नहीं है।
UN के शुरुआती वर्षों में कोई भी देश सबसे पहले भाषण देने की पहल नहीं करना चाहता था। ऐसे में ब्राजील ने यह जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 1955 से जनरल डिबेट में ब्राजील के सबसे पहले बोलने की परंपरा बन गई।
ब्राजील के बाद अमेरिका को बोलने का मौका इसलिए मिलता है क्योंकि UN का मुख्यालय न्यूयॉर्क में है और अमेरिका मेजबान देश है।
इसके बाद कौन सा देश कब बोलेगा, यह UN तय करता है। इसमें यह देखा जाता है कि किस देश का प्रतिनिधि कौन है, पिछले साल उस देश को कब बोलने का मौका मिला था और अलग-अलग देशों को बोलने का मौका कैसे दिया जाए।

12:05 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प और ईरानी राष्ट्रपति की बैठक तय नहीं
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान भी 81वीं UN जनरल डिबेट के लिए न्यूयॉर्क पहुंचेंगे। ट्रम्प और पजशकियान ऐसे समय एक ही शहर में होंगे, जब अमेरिका-ईरान के बीच करीब 7 महीने से युद्ध चल रहा है।
ट्रम्प ने कहा है कि वे पजशकियान से मिलने के लिए तैयार हैं। हालांकि, ईरान ने साफ किया है कि दोनों नेताओं की कोई बैठक तय नहीं है।
फिर भी बातचीत का रास्ता खुला है। ईरानी अधिकारी के मुताबिक, UN में मौजूद ईरानी प्रतिनिधिमंडल के पास अमेरिका से बातचीत शुरू करने का अधिकार है। युद्ध खत्म करने के प्रस्ताव पर न्यूयॉर्क में मध्यस्थों के जरिए बात हो सकती है।
12:04 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
15 मिनट की स्पीच का नियम, कास्त्रो ने 4 घंटे 29 मिनट बोला
जनरल डिबेट में एक देश के नेता को आम तौर पर 15 मिनट बोलने के लिए दिए जाते हैं। यह समय इसलिए रखा जाता है ताकि सभी देशों को अपनी बात रखने का मौका मिल सके। हालांकि, इतिहास में कई नेता इससे काफी ज्यादा देर तक बोले हैं।
सबसे लंबा भाषण क्यूबा के नेता फिदेल कास्त्रो ने 1960 में दिया था। उन्होंने करीब 4 घंटे 29 मिनट यानी 269 मिनट तक भाषण दिया था। यह UN जनरल डिबेट में अब तक का सबसे लंबा भाषण माना जाता है।
भारत की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में करीब 35 मिनट 38 सेकंड तक भाषण दिया था। उनका यह भाषण 27 सितंबर 2014 को UN जनरल डिबेट में हुआ था।

क्यूबा के नेता फिदेल कास्त्रो 26 सितंबर 1960 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण देते हुए।
12:04 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
भारत के लिए UN में 5 बड़े मुद्दे
1. आतंकवाद: भारत लंबे समय से UN में आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की बात करता रहा है। भारत चाहता है कि आतंकवाद से निपटने के लिए देशों के बीच बेहतर सहयोग हो।
2. पश्चिम एशिया और भारतीयों की सुरक्षा: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष भारत के लिए सीधे तौर पर अहम है। इस इलाके में बड़ी संख्या में भारतीय रहते और काम करते हैं। तनाव बढ़ने पर उनकी सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित वापसी भारत के लिए बड़ा मुद्दा बन जाती है।
3. तेल और ऊर्जा की सुरक्षा: भारत अपनी जरूरत का काफी तेल दूसरे देशों से खरीदता है। पश्चिम एशिया में तनाव का असर ऊर्जा की सप्लाई पर पड़ सकता है।
4. ग्लोबल साउथ की आवाज: भारत विकासशील देशों की समस्याओं को UN में उठाता रहा है। इन देशों के लिए गरीबी, कर्ज, खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा और विकास के लिए पैसा जुटाना बड़ी चुनौतियां हैं।
5. UNSC में सुधार: भारत लंबे समय से UN सुरक्षा परिषद में सुधार की मांग करता रहा है। भारत का कहना है कि आज की दुनिया की स्थिति को देखते हुए UN की संस्थाओं में बदलाव होना चाहिए।
12:03 PM22 सितम्बर 2026
- कॉपी लिंक
यह खबर भी पढ़ें…
अमेरिका से जंग के बावजूद न्यूयॉर्क जाएंगे ईरानी राष्ट्रपति:US वीजा मिला, संयुक्त राष्ट्र को संबोधित करेंगे; उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकती
अमेरिका और ईरान के बीच 7 महीने से जंग चल रही है। इसके बावजूद ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान और विदेश मंत्री अब्बास अराघची अगले हफ्ते न्यूयॉर्क में होने वाली UNGA बैठक में शामिल होंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…














