फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 के अंतर से मात देने के साथ खिताबी मैच के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। अब अर्जेंटीना का सामना फाइनल मुकाबले में स्पेन से होगा। वहीं इसके अलावा सभी की नजरें गोल्डन बूट जीतने वाले खिलाड़ी को लेकर भी टिकी हुई है जिसमें दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले के बाद लियोनल मेसी ने पहली पोजीशन पर कब्जा कर लिया है। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में मेसी ने कोई गोल तो नहीं किया लेकिन उन्होंने अर्जेंटीना की तरफ से हुए 2 गोल में असिस्ट की जिम्मेदारी निभाई जिसके दम पर अब वह फिर से गोल्डन बूट जीतने की रेस में पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।
मेसी अब तक कर चुके हैं 8 गोल
लियोनल मेसी ने अभी तक अपने करियर में एकबार भी गोल्डन बूट नहीं जीता है जिसमें उनके पास इस बार शानदार मौका रहने वाला है। मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप में जहां अब तक कुल 8 गोल किए हैं तो वहीं 4 में उन्होंने असिस्ट की भूमिका निभाई है। वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर फ्रांस के किलियन एमबापे हैं जिन्होंने भी कुल 8 गोल किए हैं, लेकिन उनके नाम सिर्फ तीन असिस्ट हैं। तीसरे नंबर पर नॉर्वे के खिलाड़ी इर्लिंग हालंद का नाम है जिनकी टीम का सफर क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में मिली हार के साथ खत्म हो गया था।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में गोल्डन बूट रेस में शामिल खिलाड़ी
- लियोनल मेसी (अर्जेंटीना) – 8 गोल, 4 असिस्ट
- किलियन एमबापे (फ्रांस) – 8 गोल, 3 असिस्ट
- इर्लिंग हालंद (नॉर्वे) – 7 गोल
- जूड बेलिंगघम (इंग्लैंड) – 6 गोल, एक असिस्ट
- हैरी केन (इंग्लैंड) – 6 गोल, एक असिस्ट
एमबापे के अभी भी पहली पोजीशन पर पहुंचने का मौका
फ्रांस की टीम भले ही फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में पहुंचने में कामयाब नहीं हो सकी लेकिन उनके पास अब तीसरी पोजीशन पर रहते हुए टूर्नामेंट खत्म करने का शानदार मौका है। ऐसे में किलियन एमबापे के पास मेसी को पीछे छोड़कर गोल्डन बूट की रेस में पहली पोजीशन पर पहुंचने का मौका बाकी है। फ्रांस और इंग्लैंड की टीम के बीच में थर्ड पोजीशन के लिए भारतीय समयानुसार 19 जुलाई की देर रात 2:30 पर मैच खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में जीत के जश्न के दौरान की बड़ी गलती, अब FIFA ले सकता है बड़ा एक्शन
अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप से बाहर करने के लिए 75 लाख लोगों ने साइन की पिटीशन, आखिर क्या है इसके पीछे का कारण








