- Hindi News
- National
- IMD Monsoon Rainfall Heat Wave Update; Telangana MP UP Rajasthan Mawsynram | Delhi Mumbai Bihar Jharkhand Weather Rain Alert
भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
15 दिन से छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर अटका मानसून सोमवार को आगे बढ़ा है। इसकी दंतेवाड़ा के रास्ते में राज्य में एंट्री हो गई है। बस्तर संभाग में तेज बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम ने मानसून को आगे बढ़ाया। इसके साथ ही मानसून ने महाराष्ट्र के भी कई और इलाकों को कवर किया है। इसके 25 जून के बाद मध्य प्रदेश में एंट्री करने की संभावना हैं।
तमिलनाडु के थूथूकोडी में रविवार को बवंडर आया। पहले इसे टॉरनेडो बताया गया था। लेकिन IMD ने सोमवार को पुष्टि करते हुए कहा कि थूथुकोडी की घटना लोकल कन्वेक्टिव वॉर्टेक्स यानी धूल का बवंडर थी।
इधर, झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन महिलाएं और 10 साल की एक बच्ची शामिल है। रविवार को मेघालय में भारी बारिश हुई।
खासी हिल्स जिले के मॉसिनराम में 24 घंटे में 530 मिमी बारिश दर्ज की गई। यानी एक रात में यहां जितनी बारिश हुई, उतनी जोधपुर-बीकानेर में 6 महीने में होती है।
इससे पहले रविवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर में रविवार को ओले गिरे। एमपी के 5, यूपी के 38 जिलों में हीटवेव का असर रहा।

बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ रही हवाओं की सैटेलाइट इमेज

महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में मानसून के लिए जरूरी सिस्टम सक्रिय हो गया है।
तमिलनाडु का बवंडर (कन्वेक्टिव वॉर्टेक्स) क्या था और क्यों बना
दक्षिण तमिलनाडु के ऊपर समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ट्रफ लाइन मौजूद थी। लो प्रेशर के कारण थूथुकुडी में गरज-चमक वाले क्यूम्यूलोनिंबस बादल बने। ऊपर की ओर उठ रही तेज हवाओं से एयरपोर्ट के आसपास धूल उड़ने लगी।
फोटो-वीडियो में जो फनल जैसी संरचना दिखाई दे रही है, वह सीबी क्लाउड के नीचे चलने वाली ताकतवर हवा थी। इसने हवा का एक लंबा खंभे जैसी घूमती हुई आकृति बनाई, जो बादलों तक जाती दिख रही थी।
देशभर से मौसम की तस्वीरें…

छत्तीसगढ़ में मानसून के आते ही रायगढ़ में भी दोपहर के बाद मौसम बदल गया। यहां तेज बारिश हो रही है।

मुंबई में सोमवार सुबह तेज बारिश के बाद कुछ इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया।

तमिलनाडु में मानसूनी बादल बारिश करवा रहे हैं। रविवार को थूथुकुडी में काले बादलों के बीच एक बवंडर दिखाई दिया।

तमिलनाडु के थूथुकुडी में तेज चक्रवाती हवाओं से नुकसान हुआ। एयरपोर्ट में चल रहे कंस्ट्रक्शन के लिए लगाए गए टेम्परेरी टिन शेड उड़ गए।

कोलकाता में रविवार को भारी बारिश हुई। दिन के समय अचानक मौसम बदला, जिससे लोग भीगने से बचने के लिए भागते नजर आए।

मेघालय में लगातार बारिश से शिलांग को बांग्लादेश सीमा के पास डावकी से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे क्षतिग्रस्त हो गया। इससे सड़क संपर्क टूट गया है
गर्मी से जूझ रहे 8 राज्य, विदर्भ में रात में भी लू चल रही
उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में तापमान 40-42°C के बीच है। तेलंगाना, बिहार, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ अलग-अलग इलाकों में भी तापमान इसी रेंज में है।
विदर्भ के 8 जिलों में लगातार गर्मी के कारण रातें भी गर्म हो रही हैं। यहां रात में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इधर, उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म रहा। यहां पारा 42.6 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कानपुर, वाराणसी, बहराइच और प्रयागराज में भी पारा 42 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान के श्रीगंगानगर और हरियाणा के रोहतक में भी पारा 42 डिग्री से ऊपर रहा।
इधर, देश में मानसून की बारिश के रिकॉर्ड के 126 साल के इतिहास में दूसरा सबसे सूखा जून बीत रहा है। 21 जून तक 57.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 42.2% कम है।
इससे पहले 2009 में पूरे जून में कोटे से 49% कम बारिश रिकॉर्ड हुई थी। इससे मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में खेती पर बुरा असर पड़ा था।
मानसून अटकने के कारण क्या हुआ, 4 पॉइंट में जानें
- बुआई प्रभावित: 12 जून तक कुल खरीफ बुआई सालाना आधार पर 3.9% घटकर 84.6 लाख हेक्टेयर रही।
- फसलों पर असर: दालों का रकबा 43.2% और कपास का 28% घटा। हालांकि, धान की बुआई में 28.4% की बढ़त दर्ज हुई।
- राहत की बात: जलाशयों का जलस्तर, क्षमता का 28.3% है, जो 10 साल के औसत से 16% अधिक है (सिंचाई के लिए बफर)।
- जोखिम: जुलाई-अगस्त की बारिश पर रिकवरी निर्भर करेगी। कमी रहने पर खाद्य महंगाई और ग्रामीण आय पर दबाव बढ़ सकता है।

अगले 2 दिन के मौसम का हाल
23 जून:
- असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
- मानसून के कारण ओडिशा, केरलम, कर्नाटक, तेलंगाना, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारश होगी।
- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत महाराष्ट्र के विदर्भ में हीटवेव रहेगी, विदर्भ के 8 जिलों में रातें भी गर्म होंगी।
- राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में प्री-मानसून एक्टिव रहने से आंधी-बारिश हो सकती है।
24 जून:
- असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
- मानसून के कारण सिक्किम, कोंकण-गोवा, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश होगी।
- आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा, झारखंड, ओडिशा में भी तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
- मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लगातार तीसरे दिन हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
राज्यों से मौसम की खबरें…
1. राजस्थान: आज 17 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; श्रीगंगानगर में ओले गिरे, जयपुर-चूरू में 1 इंच बारिश दर्ज

प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिव है। रविवार को बीकानेर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में सुबह से शाम तक बारिश हुई। जयपुर और चुरू में 1 इंच तक बारिश दर्ज की गई। इस दौरान श्रीगंगानगर में ओले भी गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को 17 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें…
2. मध्य प्रदेश: जबलपुर समेत 5 जिलों में हीटवेव का अलर्ट; 25 जून के बाद मानसून की एंट्री होगी

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 26 जून तक हीटवेव (लू) और गर्मी वाला मौसम रहेगा। मानसून की एंट्री 25 जून के बाद हो सकती है। अगले 4 दिन तक जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, उमरिया और डिंडौरी में दिन में गर्म हवाएं चलेंगी, जबकि शाम के बाद आंधी-बारिश होने का अनुमान है। पूरी खबर पढ़ें…
3. उत्तर प्रदेश: 38 शहरों में हीटवेव का अलर्ट, 5 जिलों में बारिश की चेतावनी; प्रयागराज में तापमान 42°C पार

राज्य में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से गर्मी बढ़ गई है। आज 38 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। वहीं, 5 जिलों में बारिश हो सकती है। रविवार को ज्यादातर जिलों में तेज धूप रही। प्रयागराज 42.5°C और वाराणसी 42.4°C तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म जिले रहे। बहराइच में 42°C और झांसी में 41.8°C तापमान दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें…
4. बिहार: 19 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, पटना में देर रात बारिश हुई; कैमूर में तापमान 41°C के पार

मौसम विभाग के मुताबिक, आज राज्य के 19 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इस दौरान 60kmph तक की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। रविवार को पटना में देर रात बारिश हुई। वहीं, 41.6°C के साथ कैमूर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। पूरी खबर पढ़ें…
5. पंजाब: पेड़ टूटने से डेयरी संचालक की मौत, 12 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

राज्य के 12 जिलों में आज आंधी-बारिस का अलर्ट है। इस दौरान 40-50kmph की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। रविवार रात चंडीगढ़ के साथ मोहाली, जालंधर और लुधियाना में बारिश हुई है। फाजिल्का के अबोहर में तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से डेयरी संचालक की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें…
6. उत्तराखंड: 8 जिलों में बारिश का अलर्ट, 50kmph की रफ्तार से हवाएं चलेंगी; 5 शहरों में बारिश हुई

उत्तराखंड के देहरादून और नैनीताल समेत 8 जिलों में आज बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। इससे पहले रविवार को 5 जिलों में बारिश हुई, जिनमें उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और चम्पावत शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें…














