- Hindi News
- National
- IMD Monsoon Rainfall Update; MP UP Rajasthan | Delhi Kerala Mumbai Weather Rain Alert
भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
मानसून 8 जून से तेलंगाना के भद्राचलम में अटका हुआ है। इसके 22 जून से पहले राजस्थान, यूपी और एमपी पहुंचने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आमतौर पर मानसून 15-16 जून तक एमपी, 18-20 जून तक यूपी और और 20 जून तक राजस्थान पहुंच जाता है। इस बार तीनों राज्यों में इसकी एंट्री देर से होगी। 4 जून को केरलम पहुंचने के बाद मानसून 13 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है।
मानसून ने लगातार तीसरे साल जून में लंबा ब्रेक लिया है। हालांकि, 2024 और 2025 में शुरुआती ब्रेक के बावजूद पूरे सीजन में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी। इस साल 4 जून से 18 जून के बीच देश में सामान्य से 42% कम बारिश हुई है।
वहीं, प्री-मानसून ऐक्टिव होने के बावजूद महाराष्ट्र, तेलंगाना और ओडिसा समेत 8 राज्यों में तापमान 40°C के पार है।
मैप में देखिए, कहां तक पहुंचा मानसून

अल नीनो के हालात भी बन रहे
अमेरिकी राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (NOA) ने उपग्रह के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की है। इसके अनुसार इंटरट्रॉपिकल कन्वर्जेंस जोन पर्याप्त गति से सक्रिय नहीं हो पाया है, इससे मानसून की रफ्तार धीमी है। यह सामान्य रूप से जून के मध्य तक उत्तर की ओर बढ़कर भारत में नमी खींचता है।
अल नीनो की परिस्थितियां भी बन रही हैं। इससे लंबे समय तक सूखा और असमान बारिश देखने को मिल सकती है। उपग्रह के आंकड़े पूर्वी भारत में सक्रिय गरज-चमक का संकेत देते हैं। लेकिन मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और पश्चिमी भारत में बादलों का घनापन कम है।
देशभर में प्री-मॉनसून एक्टिव, मौसम की 2 तस्वीरें…

बिहार के लखीसराय में बुधवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई।

राजस्थान के जयपुर में तेज हवा से नीम का पेड़ 3 कारों पर गिर गया।
8 राज्यों में गर्मी का असर, तापमान 40°C पार
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र के कई शहरों में बुधवार को तापमान 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 45°C दर्ज किया गया।
वहीं महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी और यूपी के वाराणसी में 42.8°C, ओडिशा के बौध में 42.7°C, झारखंड के डाल्टनगंज में 42.4°C, तेलंगाना के रामागुंडम में 42°C और मध्य प्रदेश के खजुराहो 41.4°C रहा।

अगले दो दिन के मौसम का हाल
19 जून:
- बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की संभावना। बिहार में कुछ जगहों पर 50-70kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
- असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
- राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कई इलाकों में 40-60kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
20 जून:
- सिक्किम, उत्तर बंगाल, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है।
- राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश के साथ 40-60kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
- झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
- तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।
जेट स्ट्रीम कमजोर होने पर आगे बढ़ेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, जेट स्ट्रीम का मौजूदा पैटर्न कमजोर होने पर मानसूनी हवाएं तेज होंगी। अगले 4-5 दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने की परिस्थितियां बन सकती हैं।
जेट स्ट्रीम वायुमंडल की ऊपरी परतों में बहने वाली बहुत तेज हवाएं हैं। ये आमतौर पर पृथ्वी की सतह से करीब 8 से 15 किलोमीटर की ऊंचाई होती है। ये मानसूनी बादलों और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ को प्रभावित करती हैं।

राज्यों से मौसम की खबरें…
1. राजस्थानः 25 जून बाद मानसून आने की संभावना; प्री-मानसून की बारिश जारी

पिछले 24 घंटे में उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, करौली और इनके आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हुई। राज्य में बैक-टु-बैक वेदर सिस्टम आने से प्री-मानसून की बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को एक नया वेदर सिस्टम राज्य में एक्टिव होगा। पूरी खबर पढ़ें…
2. बिहारः अररिया में बिजली गिरने से 2 की मौत; मुजफ्फरपुर और लखीसराय में भी बारिश

बिहार में मौसम का दोहरा रूप दिख रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। वहीं कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश हो रही है। बीते 24 घंटे में मुजफ्फरपुर, लखीसराय सहित कई जिलों में बारिश हुई। वहीं अररिया में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें…
3. उत्तर प्रदेशः मानसून पूर्वांचल से एंट्री लेगा; सोनभद्र-बलिया के रास्ते 20-25 जून तक आ सकता है

यूपी के लखनऊ में बुधवार को तेज बारिश हुई।
यूपी में मानसून 4 से 5 दिन लेट एंट्री ले रहा है। 24-25 जून के बीच मानसूनी बारिश शुरू होने का अनुमान है। इस बार मानसून बुंदेलखंड से नहीं, बल्कि पूर्वांचल के जिलों में पहले पहुंचेगा। मानसून पिछले 2 साल से बुंदेलखंड के रास्ते आ रहा था। यूपी में मानसून आने की सामान्य तारीख 18 से 20 जून मानी जाती है। पूरी खबर पढ़ें…
4. मध्य प्रदेशः छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र के बाद एंटर होगा मानसून; एक्सपर्ट बोले- 4 इंच पानी गिरे, तभी बोवनी करें

मध्य प्रदेश में मानसून का इंतजार और लंबा हो सकता है। अब यह 22 से 24 जून के बीच प्रदेश में एंटर हो सकता है। जून की बारिश के आंकड़ों में प्रदेश पिछड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 1 से 17 जून के बीच औसत 41.6 मिनी यानी, 1.6 इंच बारिश होती है। इस बार यह 1 इंच ही हुई है। पूरी खबर पढ़ें…
5. हिमाचलः 50 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 23 जून तक बरसेंगे बादल

शिमला में अगले 48 घंटे तक तूफान की चेतावनी।
चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आज और कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि होने की आशंका है। पूरी खबर पढ़ें…
6. पंजाबः 5 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट; तापमान 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा

चंडीगढ़ की सुखना लेक पर सुबह के समय वोटिंग करते हुए लोग।
पंजाब और चंडीगढ़ में आज से मौसम बदलने वाला है। आज 15 जिलों बारिश की संभावना है। इनमें नवांशहर, यानी शहीद भगत सिंह नगर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, यानी रोपड़, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें…
7. हरियाणाः रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद समेत 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

हिसार में गुरुवार सुबह बादल छाए रहे।
आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में धूलभरी आंधी और बिजली चमकने की चेतावनी है। पूरी खबर पढ़ें…














