2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
हॉकी इंडिया ने अगले महीने होने वाले FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप के लिए 20 मेंबर्स की भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह टीम की कप्तानी करेंगे। प्रो लीग टीम में शामिल रहे चार खिलाड़ियों को अंतिम दल में जगह नहीं मिली है। इसमें डिफेंडर अमनदीप लकड़ा, मिडफील्डर राज कुमार पाल, रबीचंद्र सिंह मोइरांगथेम और फॉरवर्ड सेल्वम कार्थी के नाम हैं।
सबसे अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह के अलावा हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, अभिषेक और अमित रोहिदास जैसे खिलाड़ी टीम की रीढ़ होंगे। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है। फुल्टन ने भरोसा जताया कि 1975 विश्व कप जीत के 50 साल पूरे होने के मौके पर यह टीम भारतीय हॉकी इतिहास में नया अध्याय लिख सकती है।
भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अभियान शुरू करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला होगा। सभी ग्रुप मैच नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में खेले जाएंगे।
भारत की टीम
गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा। डिफेंडर: जर्मनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच। मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे। फॉरवर्ड: मंदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लकड़ा।
स्पोर्ट्स की अन्य खबरें भी पढ़िए…
दलीप ट्रॉफी के लिए वेस्ट जोन की टीम जारी, ऋतुराज गायकवाड को कमान

23 अगस्त से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र के बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान और मुंबई के स्पिन ऑलराउंडर शम्स मुलानी को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में शार्दुल ठाकुर, सरफराज खान, पृथ्वी शॉ, मुशीर खान और तनुश कोटियान भी शामिल हैं।
ऋतुराज इस टूर्नामेंट में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करेंगे। वहीं, मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र से खेलने वाले पृथ्वी शॉ को रणजी ट्रॉफी 2025-26 में 537 रन बनाने के बाद टीम में मौका मिला है। उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाफ 156 गेंदों में 222 रन की पारी खेली थी। 19 साल के आयुष म्हात्रे चोट के कारण टीम में जगह नहीं बना सके। टूर्नामेंट 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा।
वेस्ट जोन की टीम
कप्तान: ऋतुराज गायकवाड़ (महाराष्ट्र) उपकप्तान: शम्स मुलानी (मुंबई), सरफराज खान, पृथ्वी शॉ, जयमीत पटेल, शिवालिक शर्मा, शार्दुल ठाकुर, मुशीर खान, अतित शेठ, हार्विक देसाई, उर्विल पटेल, तुषार देशपांडे, तनुश कोटियान, सिद्धार्थ देसाई, मुकेश चौधरी।
आशुतोष शर्मा इंग्लैंड में हैम्पशायर क्रिकेट क्लब से खेलेंगे

दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा इंग्लैंड के घरेलू वन-डे कप में हैम्पशायर क्रिकेट क्लब की ओर से खेलेंगे। काउंटी क्लब ने सोमवार को उनके साथ पूरे टूर्नामेंट के लिए करार की घोषणा की। जीएमआर ग्रुप दिल्ली कैपिटल्स और हैम्पशायर क्रिकेट क्लब दोनों का को-ओनर है।
27 साल के आशुतोष के नाम भारतीय क्रिकेट में सबसे तेज टी20 अर्धशतक का रिकॉर्ड है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रेलवे की ओर से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 11 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी।
हैम्पशायर क्रिकेट क्लब के क्रिकेट डायरेक्टर जाइल्स व्हाइट ने कहा कि आशुतोष ने IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया और दबाव में अच्छा खेलने की क्षमता रखते हैं। पिछले सीजन में वन-डे कप का खिताब चूकने वाले हैम्पशायर क्रिकेट क्लब को उम्मीद है कि आशुतोष इस बार टीम को ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
दूसरे यूथ टेस्ट के पहले दिन भारत U-19 का स्कोर 253/3
कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे यूथ टेस्ट के पहले दिन भारत अंडर-19 ने 0/2 की खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी करते हुए 65 ओवर में 3 विकेट पर 253 रन बना लिए। बारिश और खराब रोशनी के कारण खेल समय से पहले रोकना पड़ा।
सलामी बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी और सागर विर्क बिना खाता खोले आउट हो गए थे। इसके बाद कप्तान यशवर्धन चौहान (78) और कुशाग्र ओझा (103 )* ने तीसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़कर पारी संभाली। यशवर्धन के आउट होने के बाद मनाल चौहान (55 )* ने कुशाग्र का साथ निभाया। दोनों चौथे विकेट के लिए अब तक नाबाद 131 रन जोड़ चुके हैं। श्रीलंका की ओर से गिमहान मेंडिस ने 2 और सेथमिका सेनेविरात्ने ने 1 विकेट लिया।
जून के ICC प्लेयर ऑफ द मंथ नाथन स्मिथ और डैनी वैट-हॉज बनीं

ICC ने जून महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड का ऐलान किया। पुरुष वर्ग में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ और महिला वर्ग में इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डैनी वैट-हॉज को सम्मान मिला। स्मित ने भारत के कप्तान शुभमन गिल और बांग्लादेश के मोसादेक हुसैन को पीछे छोड़ा, जबकि डैनी ने स्कॉटलैंड की कैथरीन ब्राइस और भारत की श्री चरणी को मात दी।
न्यूजीलैंड की इंग्लैंड पर 2-1 की टेस्ट सीरीज जीत में स्मित सबसे ज्यादा 16 विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। लॉर्ड्स टेस्ट में उन्होंने मैच में 9 विकेट (दूसरी पारी में 6/70) लिए। अवॉर्ड मिलने पर उन्होंने कहा कि टीम की जीत में योगदान देना उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
महिला वर्ग में डैनी वैट-हॉज ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 62 गेंदों में नाबाद 105 रन और न्यूजीलैंड के खिलाफ 53 गेंदों में नाबाद 89 रन बनाए। दोनों मैचों में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा कि लॉर्ड्स में वर्ल्ड कप फाइनल खेलना हमेशा यादगार रहेगा। आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के विजेताओं का चयन फैंस की वोटिंग और पूर्व खिलाड़ियों व क्रिकेट विशेषज्ञों के पैनल की रेटिंग के आधार पर किया जाता है।














