Punjab chandigahr news Nihang Murder | ACTPnews

Punjab chandigahr news Nihang Murder


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर निहंग सिंह की हत्या से जुड़ी रही। गुरदासपुर में गाड़ी क्रॉस करने को लेकर 2 पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग कर दी।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. निहंग की हत्या, फिर सुसाइड की कोशिश, 2 पक्षों में 15 राउंड फायरिंग

गुरदासपुर के बटाला में गाड़ी क्रॉस करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पहले फॉर्च्यूनर सवार एक युवक ने पिस्तौल निकालकर 2 से 3 फायर किए। इसके बाद दूसरी तरफ मौजूद निहंग ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें फॉर्च्यूनर सवार युवक घायल हो गया। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं, जिससे निहंग की मौत हो गई।

निहंग को गोली मारने वाले युवक ने फिर अपनी ही पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। गोली लगी देखकर उसके साथी ने निहंग की लाश पर चढ़कर 2 और फायर किए। चश्मदीदों के मुताबिक, मौके पर 15 राउंड गोलियां चलीं हैं।

मृतक की पहचान निहंग दीपइंदर सिंह के नाम से हुई, जबकि दूसरे पक्ष के घायलों की पहचान जगजीत सिंह और उसके भाई कमलप्रीत सिंह के रूप में हुई है। एसएसपी डॉ. महताब सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर लिया है, मामले की जांच कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

2. मां वैष्णो देवी से लौट रहे 2 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

गुरदासपुर में अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बटाला में सड़क हादसा हो गया। मां वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेम्पो ट्रैवलर टिप्पर से टकरा गई। हादसे में महिला और पुरुष की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, उधोवाल अड्डे के पास आगे चल रहे ड्राइवर ने टिप्पर अचानक मोड़ दिया, जिससे पीछे से आ रही तेज रफ्तार टेम्पो ट्रैवलर उसके पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए।

हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु मानसा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बटाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

3. 14 लड़कियां गायब, स्कूल-ड्यूटी से घर नहीं लौटीं

लुधियाना से केवल 38 दिन में 14 लड़कियां गायब हो गईं। कोई नाबालिग लड़की स्कूल से वापस नहीं लौटी तो कोई युवती अपने ऑफिस से घर नहीं आई। एक मामले में परिजन जब परेशान हुए तो केस दर्ज करने थाने पहुंचे, लेकिन यहां पुलिस लापरवाह दिखी।

परिजनों ने कहा कि एक युवक उनकी बेटी को बहलाकर ले गया। पुलिस ने ये कहते हुए केस दर्ज नहीं किया कि युवती बालिग है और अपनी मर्जी से गई है। हालांकि, बाद में दबाव बढ़ने पर केस दर्ज कर लिया गया। उधर, लुधियाना पुलिस के एडीसीपी रमनदीप सिंह भुल्लर ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक नैरेटिव चला रहे हैं। केवल 10 ही लड़कियां लापता हुई हैं।

लड़कियों के गायब होने की खबर मिलते ही पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन राजलाली गिल भी एक्शन में आ गईं। उन्होंने पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा से रिपोर्ट तलब की। राजलाली गिल ने गायब युवतियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं और कमिश्नर से रिपोर्ट तलब को लेकर पोस्ट किया। हालांकि, 15 घंटे बाद ही रिपोर्ट तलब वाली पोस्ट को डिलीट कर दिया और पुलिस की सफाई देते हुए वीडियो पोस्ट किया। (पढ़ें पूरी खबर)

4. कैप्टन की कांग्रेस वापसी की अटकलों पर वड़िंग ने तोड़ी चुप्पी

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा और कैप्टन अमरिंदर सिंह पुराने मित्र हैं। दोनों मुख्यमंत्री रहे हैं और दोनों में अच्छी दोस्ती रही है।

दरअसल, हाल ही में भूपेंद्र हुड्‌डा ने कहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह हमारे टच में हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और हमारे वरिष्ठ साथी हैं। कैप्टन और हुड्‌डा अच्छे दोस्त हैं। इस वजह से कयास लगने लगे कि कहीं हुड्‌डा कैप्टन की कांग्रेस में वापसी की कोशिश तो नहीं कर रहे। इसके अलावा कैप्टन के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा इसलिए सभी तेज हुई कि वह लगातार कांग्रेस की तारीफ कर रहे हैं।

कैप्टन ने केवल ढिल्लों को पंजाब BJP का नया प्रधान बनाने का विरोध किया था। कैप्टन ने कहा था कि जब वे मुख्यमंत्री थे, तब ढिल्लों सक्रिय जरूर थे, लेकिन जमीन (फील्ड) पर उनका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा, जैसा होना चाहिए था। इस मामले में भाजपा ने मुझसे कोई राय नहीं ली। (पढ़ें पूरी खबर)

5. गुरुद्वारे में आग लगी, श्री गुरू ग्रंथ साहिब के स्वरूपों के कवर जले

बठिंडा में गुरुद्वारा ढाबसर साहिब में आग लग गई। घटना में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के चार पवित्र स्वरूपों के कवर जल गए। गुरुद्वारे के भीतर एक बल्ब में शॉर्ट सर्किट होने से यह हादसा हुआ। गुरुद्वारा ढाबसर साहिब के ग्रंथी सिंह ने बताया कि बीती रात जब वह शाम की अरदास कर रहे थे, तभी सचखंड साहिब के अंदर अचानक आग लग गई।

आग लगते ही श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूपों को तुरंत सचखंड से बाहर निकाला गया। हालांकि, इस दौरान चार पवित्र स्वरूपों के कवर जल गए। घटना की सूचना मिलते ही तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार बाबा टेक सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जत्थेदार ने गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी और गांव की पंचायत को 14 जून को स्पष्टीकरण देने के लिए बुलाया है।

जत्थेदार ने सभी गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटियों से अपील की है कि वे गुरुद्वारों में बिजली के उपकरणों और वायरिंग की नियमित जांच करते रहें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पवित्र स्वरूपों को श्री गोइंदवाल साहिब भेजा जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. युवती की हत्या, एक्स बॉयफ्रेंड ने चाकू से 30 वार किए

मोहाली में युवक ने चाकुओं से गोदकर युवती (30) की हत्या कर दी। वह गुपचुप ऑफिस में घुसा और काम में बिजी युवती पर पीछे से हमला कर दिया। युवती जान बचाने दौड़ती रही और युवक उसका पीछा कर चाकू मारता रहा। उसने 35 सेकेंड में युवती पर करीब 30 बार चाकू से वार किया।

ऑफिस स्टाफ ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उन्हें भी चाकू दिखाकर डराता रहा। जब उसे लगा कि अब युवती जिंदा नहीं बचेगी तो उसने उसी चाकू से अपना भी गला काट लिया। युवती की मौत हो चुकी है, जबकि आरोपी युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि युवक और युवती के बीच पहले प्रेम संबंध था। बाद में युवती ने युवक से ब्रेकअप कर लिया। इससे वह गुस्से में आ गया और इस वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कर युवती की लाश परिजनों को दे दी है। वह डेडबॉडी को पटियाला ले गए हैं। पुलिस अब इसके पीछे की पूरी कहानी जानने के लिए मामले की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. रेप पीड़िता ने डेरामुखी के ड्राइवर की ऑडियो जारी की

बठिंडा के मशहूर डेरे के प्रमुख के ड्राइवर पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला ने नए खुलासे किए हैं। महिला का दावा है कि ड्राइवर लड़कियों का शौकीन है। डेरे में रहने वाली माइयों (महिलाओं) पर उसकी गंदी नजर रहती है। वह सोशल मीडिया के जरिए भी लड़कियों को फंसाता है। उसने ऐसे ही फर्जी प्रोफाइल बनाकर ड्राइवर से चैटिंग कर सारे सबूत जुटाए हैं।

महिला का दावा है कि डेरे के अंदर रहने वाली महिलाओं का शोषण होता है। कोई शिकायत करता है तो उन्हें रोज अलग-अलग सब्जी खाने की सीख दी जाती है। महिला ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सुनाई, जिसमें आरोपी ड्राइवर संबंध बनाने को लेकर कहता है कि यह तो होता रहता है, इसमें कौन सी बड़ी बात है।

वहीं इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने कार्रवाई से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यह पूरा मामला पंजाब का है। इस वजह से कार्रवाई भी वहीं होगी, इस बारे में महिला को भी बताया जा चुका है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. बंद घर में लाश मिली, बाथरूम में गाड़ी के मैट से ढका था

जालंधर में हिमाचल के रहने वाले परिवार के 2 मंजिला घर से किराएदार की लाश मिली है। यह लाश गाड़ी के मैट में लपेटकर बाथरूम में रखी गई थी। बदबू आने पर इसी घर के दूसरे किराएदार को इसका पता चला। पुलिस ने ताला तोड़ा तो लाश बरामद हुई।

यहां रहने वाली महिला बच्चों के साथ 3-4 दिन पहले घर को ताला लगाकर चली गई थी। पुलिस ने लाश को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि मकान मालिक वहां नहीं मिले। पुलिस ने उन्हें बुलाया है। जिसके बाद किराएदार के बारे में पता चल सकेगा।

शेर सिंह कॉलोनी के रहने वाले हरप्रीत सिंह ने बताया कि घर में 2 किराएदार परिवार रहते हैं। घर के ग्राउंड फ्लोर पर मकिान मालिक खुद रहते हैं, जबकि फर्स्ट फ्लोर पर मेरे समेत दोनों किराएदार परिवार रहते हैं। उन्होंने बताया कि ऊपर का कमरा पिछले 3 दिनों से बंद था। गुरुवार रात उन्हें घर से बदबू आने लगी। उन्होंने पूरे घर को फिनायल से धोया, लेकिन बदबू दूर नहीं हुई। (पढ़ें पूरी खबर)

9. न्यू चंडीगढ़ में मैच से पहले गंभीर बोले- मैं नहीं चाहता, पंत बदलें

इंडियन क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने संकेत दिया कि मोहाली के न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में कल (6 जून) से शुरू होने वाले भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच में साई सुदर्शन भी खेल सकते हैं। वह देवदत्त पडिक्कल की जगह तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए आ सकते हैं। गंभीर ने स्टेडियम में मीडिया से बातचीत में ऋषभ पंत को उपकप्तानी से हटाने को लेकर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा।

गंभीर ने इतना जरूर कहा- हम ऋषभ पंत में बदलाव नहीं चाहते, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में खिलाड़ियों को मैच की परिस्थितियों का सम्मान करना जरूरी है। पंत की जगह केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।

वहीं कल होने वाले मैच के लिए दोनों टीमें चंडीगढ़ पहुंच चुकी हैं। पिछले 3 दिन से वह प्रैक्टिस में जुटी हैं। इस दौरान गौतम गंभीर ने दो टूक कहा कि मेरी जवाबदेही सोशल मीडिया की तरफ नहीं बल्कि ड्रेसिंग रूम में बैठे उन 30 खिलाड़ियों के प्रति है, जिनके साथ मैं पूरी ईमानदारी से काम करता हूं। मैं सोशल मीडिया की आलोचना और तारीफों की तरफ ध्यान नहीं देता। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

10. नेशनल हाईवे 12 फीट धंसा, फॉल्ट ढूंढने के लिए 30 फीट और खोदा

लुधियाना के भारत नगर चौक पर नेशनल हाईवे का करीब 12 फीट का हिस्सा धंस गया। सुबह एक भारी ट्रक के गुजरने के बाद ये हिस्सा धंसा। स्थानीय लोगों ने पार्षद रुचि गुलाटी को इसकी सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत नगर निगम अधिकारियों को मौके पर बुलाया।

नगर निगम के ओएंडएम और बीएंडआर सेल के अधिकारी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग कर सड़क धंसने के कारणों की जांच शुरू की। कारण स्पष्ट न होने पर उन्होंने करीब 30 फीट तक हाईवे की खुदाई करवाई।

हाईवे खोदने के बाद भी उन्हें जमीन के अंदर कोई ऐसा फॉल्ट नहीं मिला, जिसकी वजह से सड़क धंसी हो। अब फिलहाल अधिकारियों ने हाईवे खोदकर काम रोक दिया है। अब वाटर सप्लाई शुरू होने के बाद फिर से फॉल्ट ढूंढा जाएगा। पार्षद रुचि गुलाटी ने बताया कि जिस स्थान पर हाईवे धंसा है, वहां लंबे समय से पानी के बुलबुले निकलते रहते थे। इस बारे में कई बार निगम अधिकारियों को बताय गया। लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports