Punjab News | Harpal Cheema FIR Demand Suicide Case & Student Ragging | ACTPnews

Punjab News | Harpal Cheema FIR Demand Suicide Case & Student Ragging


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर किसान के सुसाइड करने से जुड़ी रही। किसान के वित्तमंत्री हरपाल चीमा का नाम लेने के बाद AAP ने जवाब दिया। AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने कहा कि दबाव डालकर वीडियो बनाया गया। वहीं पूर्व CM चरणजीत चन्नी ने मंत्री पर FIR की मांग की है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. सुसाइड केस में मंत्री के नाम पर AAP का जवाब

संगरूर में वित्त मंत्री हरपाल चीमा से नशे की सरेआम बिक्री पर सवाल पूछने वाले व्यक्ति ने सोमवार को जहर खाकर सुसाइड कर लिया। उसने मरने से पहले वीडियो बनाया था, जिसमें कहा था कि मेरी मौत के लिए मंत्री हरपाल चीमा, सरपंच समेत 4 लोग जिम्मेदार हैं।

मंगलवार को AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने कहा कि घटना के दो वीडियो सामने आए हैं। इसमें पहले वीडियो में कहीं भी हमारे किसी मंत्री का नाम नहीं लिया गया। वीडियो में यह सुना जा सकता है। वहीं पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने मंत्री पर FIR दर्ज करने की मांग की है।

6 सितंबर को मंत्री हरपाल चीमा तूर बंजारा गांव में लोगों से मिलने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान किसान गुलजार सिंह ने उनसे मुलाकात की और बताया कि उसका बेटा और गांव के कई अन्य लोग ‘चिट्टे’ के नशे के आदी हैं। उसने मंत्री से इस पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई थी।

परिवार का आरोप है कि इसके बाद सरपंच और पंच उनके घर आए और गुलजार सिंह को धमकाया कि मंत्री हरपाल चीमा से माफी मांग ले। इससे परेशान होकर उसने 7 सितंबर को जहर खा लिया था। (पढ़ें पूरी खबर)

2. मुलाजिमों ने की काम छोड़ो हड़ताल, बकाया DA मांगा

पंजाब में सरकारी कर्मचारियों और राज्य सरकार के बीच टकराव बढ़ गया है। पंजाब साझा मुलाजिम मंच के बैनर तले क्लेरिकल स्टाफ ने काम छोड़ो हड़ताल की। वह दफ्तर में मौजूद रहे लेकिन कोई काम नहीं किया। लुधियाना, पठानकोट, मोहाली और गुरदासपुर समेत कई जिलों में सरकारी दफ्तरों में काम प्रभावित रहा, जबकि जालंधर में कर्मचारी काम करते मिले।

कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना लागू करने, डीए की बकाया किश्तें जारी करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने समेत 14 मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारी काले कपड़े पहनकर और भूख हड़ताल कर विरोध जता रहे हैं। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने चेतावनी दी कि हड़ताल से जनता को परेशानी हुई तो कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। उन्होंने बातचीत से समाधान की अपील की।

अरोड़ा के मुताबिक जुलाई 2020 के बाद भर्ती 85 हजार कर्मचारियों का डीए 42% से बढ़ाकर 60% किया गया है और बाकी कर्मचारियों को केंद्र के समान वेतन देने का प्रस्ताव है। यूनियन ने सरकार से 12 सवाल पूछते हुए अपने हकों की लड़ाई जारी रखने की बात कही है (पढ़ें पूरी खबर)

3. बहबल कलां गोलीकांड में सुखबीर बादल तलब

2015 के बहबल कलां गोलीकांड मामले में SIT ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को पूछताछ के लिए तलब किया है। उन्हें 11 सितंबर को चंडीगढ़ में SIT के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। इससे पहले भी सुखबीर बादल SIT के सामने पेश हो चुके हैं। वह पहले कह चुके हैं कि जब भी जांच टीम उन्हें पूछताछ के लिए बुलाएगी, वह पेश होंगे।

अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार इस समय कई मुद्दों पर घिरी हुई है। सरकार असल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की कार्रवाई कर रही है।

कलेर ने कहा कि ऐसा करने से सरकार जनता का ध्यान असल मुद्दों से नहीं भटका सकती। इस मामले में अदालत में दो तारीखों पर सरकार को झाड़ पड़ी है। जिसके बाद वह तलब किए गए है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. सिख स्टूडेंट की स्कूल में रैगिंग, 5 छात्र सस्पेंड

हिमाचल के सोलन स्थित प्रतिष्ठित डगशाई पब्लिक स्कूल में नौवीं के छात्र से रैगिंग और मारपीट के मामले में पांच सीनियर छात्रों को सस्पेंड कर दिया गया है। सभी आरोपी पंजाब के रहने वाले और 11वीं-12वीं में पढ़ते हैं। आरोप है कि 5 सितंबर को सीनियर छात्रों ने जूनियर को हॉस्टल के कमरे से खींचकर पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

शिकायत में पिछले चार महीने से डराने-धमकाने और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। छात्रों पर हथियार रखने के आरोप भी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आज आरोपी छात्रों व हॉस्टल वार्डन से पूछताछ करेगी। प्रिंसिपल रविंद्र वोहरा के बयान भी दर्ज किए गए हैं।

श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने घटना की निंदा करते हुए पीड़ित परिवार से बात की। उन्होंने वीडियो प्रसारित न करने और बच्चे की पहचान गोपनीय रखने की अपील की। स्कूल प्रशासन ने एक सप्ताह में प्रिंसिपल बदलने का भरोसा दिया है (पढ़ें पूरी खबर)

5. चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस के नेताओं पर वाटर कैनन प्रयोग

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर चंडीगढ़ पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता चंडीगढ़ पहुंचे थे। पुलिस ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस ने कांग्रेसियों को बैरिकेडिंग से आगे नहीं बढ़ने दिया।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। करीब आधे घंटे तक कांग्रेसी बैरिकेड पार करने की कोशिश करते रहे। इसके बाद पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत अन्य नेताओं को बसों में भरकर हिरासत में ले लिया। सभी को सेक्टर-11 थाने ले जाया गया। कांग्रेस ने ये प्रोटेस्ट कानून व्यवस्था, नशा और कर्मचारियों के DA को लेकर किया।

कांग्रेस ने भले ही पंजाब का प्रभारी बदल दिया है, लेकिन प्रदर्शन में पार्टी पूरी तरह एकजुट नजर नहीं आई। पूर्व सीएम एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई बड़े नेता प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए। (पढ़ें पूरी खबर)

6. पहली पत्नी पहुंची कोर्ट, बोली- सरबजीत कौर ने घर कब्जाया

भारत से पाकिस्तान गई सरबजीत कौर के मामले में नया मोड़ आया है। नासिर हुसैन की पहली पत्नी साइमा नासर चार नाबालिग बच्चों के साथ लाहौर हाईकोर्ट पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि नासिर ने उनकी अनुमति के बिना नवंबर 2025 में सरबजीत से दूसरी शादी की और उन्हें बच्चों समेत घर से निकाल दिया।

साइमा ने बच्चों के मासिक गुजारा भत्ते, हक-मेहर और रहने के लिए घर की मांग की है। उन्होंने सरबजीत पर घर पर कब्जे और बच्चों पर खराब असर डालने वाले आपत्तिजनक व्यवहार के आरोप भी लगाए। कोर्ट ने नासिर को नोटिस जारी किया है। सरबजीत 4 नवंबर 2025 को 1,900 से ज्यादा सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थीं और वहीं रुककर नासिर से निकाह किया। इस्लाम अपनाने के बाद उनका नाम नूर हुसैन बताया गया।

नवंबर में दोनों ने हाईकोर्ट से पुलिस सुरक्षा मांगी। जनवरी 2026 में वीजा उल्लंघन के मामले में दोनों हिरासत में लिए गए और सरबजीत की भारत वापसी रोकी गई। फरवरी में भारतीय पति करनैल सिंह ने निकाह को चुनौती दी। अप्रैल में उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज दाखिल करने की अनुमति मिली (पढ़ें पूरी खबर)

7. तीन महीने की प्रेग्नेंट पत्नी की हत्या, अंगूठा टूटा मिला

लुधियाना में 3 महीने की प्रेग्नेंट पत्नी की हत्या कर दी गई। परिजनों के मुताबिक कबड्‌डी प्लेयर पति एक दिन पहले ही उसे मायके से ले गया था। इसके बाद सोमवार रात उसने नशे में आकर पत्नी को पीटा। फिर उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिर उसे खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की।

इसके बाद रात 2 बजे मायके वालों को फोन कर कहा कि पत्नी की तबीयत सीरियस है। जब मायके वाले पहुंचे तो वह बिस्तर पर पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान थे और पैर का अंगूठा भी टूटा हुआ था। उन्होंने तुरंत पुलिस को शिकायत की।

सुधार थाने में पति जसप्रीत सिंह, ससुर जगदीप सिंह और दादा ससुर नरिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी पति और दादा ससुर को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह की सच्चाई का पता चलेगा। (पढ़ें पूरी खबर)

8. राहुल-प्रियंका से मिले पायलट, कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

पंजाब कांग्रेस में बड़े बदलाव के संकेतों के बीच प्रभारी सचिन पायलट ने दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। पंजाब प्रभारी बनने के बाद गांधी परिवार से उनकी लगातार बैठकों को अहम माना जा रहा है। पायलट जल्द पंजाब दौरा कर विधानसभा चुनाव की रणनीति तय कर सकते हैं। उनके सामने पार्टी की गुटबाजी खत्म कर नेताओं को एकजुट करने की चुनौती है।

वहीं सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग और सांसद गुरजीत सिंह औजला ने भी पायलट से मुलाकात की थी। इसी बीच पंजाब सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के पंजाब प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग ने संगरूर में गुलजार सुसाइड केस में वित्तमंत्री हरपाल चीमा की गिरफ्तारी की मांग की। राज कुमार वेरका ने सरकार पर नशे और गैंगस्टरों को संरक्षण देने के आरोप लगाए (पढ़ें पूरी खबर)

9. परमीश वर्मा फायरिंग केस में 4 पुलिस अफसरों के गैर-जमानती वारंट

पंजाबी सिंगर परमीश वर्मा पर मोहाली में साल 2018 हुई फायरिंग मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत द्वारा तय की गई तारीख के लिए गवाह ASI गुरकीरत सिंह, ASI सुखपाल सिंह, ASI जसपाल सिंह, ASI मलकीत सिंह और ASI सेवा सिंह के खिलाफ नए गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं।

इस केस में आरोप 18 जनवरी, 2024 को तय किए गए थे। सरकारी पक्ष ने अपने सबूत पूरे करने के लिए पहले भी कई मौके लिए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके चलते केस की सुनवाई में देरी हुई है।

इस केस में प्रॉसिक्यूशन पक्ष को तय तारीख पर अपनी सारी गवाही मुकम्मल करनी होगी। आरोपी आशीष द्वारा मुकदमे की सुनवाई जल्द पूरी करने के लिए एक अर्जी दाखिल की गई थी। 13 अप्रैल 2018 की रात घर लौटते वक्त हमलावरों ने सिंगर की कार का पीछा कर गोलियां चलाईं थी। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके

10. लंगर लगाकर बांटी शराब, लाइन में लगे श्रद्धालु

यहां मन्नत पूरी होती है तो लोग मिठाई नहीं, शराब की बोतलें लेकर पहुंचते हैं। पंजाब के लुधियाना-जगराओं के काउंके कला स्थित बाबा रोडे शाह की दरगाह पर करीब 100 साल से चली आ रही यह अनोखी परंपरा आज भी जारी है। श्रद्धालु मन्नत पूरी होने पर शराब चढ़ाते हैं। फिर दरगाह पर चढ़ाई गई शराब को ड्रमों में इकट्ठा कर श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में बांटा जाता है। प्रसाद लेने के लिए लंबी कतारें लगती हैं। शराब नहीं पीने वाले लोग भी एक बूंद प्रसाद के तौर पर लेते हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बाबा रोडे शाह खुद शराब नहीं पीते थे। मान्यता है कि एक निसंतान दंपत्ति की मन्नत पूरी होने पर वह शराब की बोतल लेकर आया था। बाबा ने शराब खुद पीने के बजाय लोगों में बांट दी। इसके बाद यह परंपरा चल पड़ी। इस बार 5 से 7 सितंबर तक मेला लगा, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु शराब की बोतलें और पेटियां लेकर पहुंचे। मेले का पहला दिन महिलाओं और बाकी दो दिन पुरुषों के लिए तय है (पढ़ें पूरी खबर)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed