Punjab Women Commission Orders Probe into Girl Trafficking Case | ACTPnews

मोहाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीड़िता ने अपनी पूरी कहानी बताई।


मोहाली में एससी-बीसी महापंचायत के प्रधान बलविंदर सिंह कुंभड़ा के साथ पीड़िता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।

पंजाब में फिल्मों में काम दिलाने के बहाने मोटी पेमेंट का झांसा देकर लड़कियों को बेचा गया। इसका खुलासा मोहाली की एक लड़की ने किया है। उसका आरोप है कि उसे कुछ फिल्मों में रोल दिए गए। इसके बाद आगे यूपी में डेढ़ लाख रुपए में बेच दिया गया।

.

लड़की का कहना है कि उसे खरीदफरोख्त का पता नहीं चल सका, क्योंकि फिल्म की शूटिंग के बहाने ही उसकी शादी एक लड़के से करवा दी गई। उसे इसका पता तब चला जब शूटिंग में साथ फेरे लेने वाला युवक उसके साथ सुहागरात मनाने उसके कमरे में आ गया।

पीड़िता का कहना है कि उस युवक के चाचा ने उसकी पूरी बात सुनी। वह यूपी पुलिस में थे। उन्होंने उसे वापस मोहाली पहुंचाया। इस मामले का अब राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। साथ ही मामले में मोहाली पुलिस को तत्काल हाईलेवल जांच शुरू करने के आदेश दिए हैं। आयोग ने वीडियो लिंक और स्क्रीनशॉट पुलिस को भेजते हुए कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है।

मोहाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीड़िता ने अपनी पूरी कहानी बताई।

युवती ने ही युवती को फंसाया…

  • मॉल में नौकरी के दौरान पहचान वाली लड़की मिली: मोहाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीड़िता ने बताया कि वह मोहाली के एक शॉपिंग मॉल में काम करती थी। अप्रैल महीने में वहां उसकी जान-पहचान वाली मनदीप नाम की लड़की मिली। पीड़िता ने बताया- मनदीप ने मुझसे पूछा कि इन दिनों क्या कर रही है? मैंने उसे कहा कि मैं मॉल में काम करती हूं। उसने पूछा कि कितने पैसे मिलते हैं? मैंने कहा 18 हजार रुपए। इस पर मनदीप ने कहा कि वह मुझे महीने में 50 हजार रुपए तक दिला सकती है।
  • घर के पास ही रहती थी आरोपी, उसके चक्कर में नौकरी छोड़ी: पीड़िता ने बताया कि उसने मनदीप से पूछा था कि क्या करना होगा? इस पर मनदीप ने बताया था कि फिल्मों में काम करना है। शारीरिक बनावट और हाइट देखकर उसने कहा था कि वह शॉर्ट मूवीज में काम दिलवा देगी। इसके बाद उसे पता चला कि मनदीप उसके घर के पास ही रहती है। वह उससे एक-दो बार मिली। इसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी और मनदीप के साथ काम करना शुरू कर दिया।
  • काम दिलाकर विश्वास जीता: पीड़िता का कहना है कि मनदीप ने उसे फिल्मों में काम दिया और एक महीना बहुत अच्छा गया। मोहाली के कई स्थानों पर शूटिंग हुई। कई फिल्मों की शूटिंग में उसे मौका मिला। छोटे-मोटे रोल मिले। बदले में अच्छी पेमेंट भी आई। ऐसे में मनदीप पर विश्वास और बढ़ गया।
  • फिल्म शूट के बहाने फिरोजपुर ले गई: पीड़िता के अनुसार, मई माह में मनदीप ने कहा कि फिरोजपुर में फिल्म की शूटिंग है। वहां 4 से 5 दिन तक शूट चलेगा। इस पर पीड़िता ने अपनी मां से बात की। इसके बाद वह 5-6 दिन की शूटिंग का कहकर बस से फिरोजपुर आ गई।
  • शूटिंग के बहाने गुरुद्वारे में फेरे करवाए: पीड़िता ने कहा- फिरोजपुर के गांव में हमें एक घर में रुकवाया गया। वहां सबकुछ सामान्य लग रहा था। जिस घर में हम ठहरे थे, वहां और भी लड़कियां थीं। मनदीप ने कहा कि मैरिज शूट है, उसमें शामिल होना है। इसके लिए मुझे नई ड्रेस दी गई। कहा गया कि इसमें फेरे वाला सीन होगा। एक कार में वहां एक महिला और 5 लोग आए। मुझे लगा कि यह शूटिंग का हिस्सा है। इसके बाद गुरुद्वारा साहिब में फेरे करवाए गए।
पीड़ित युवती ने अपनी पूरी कहानी बताई।

पीड़ित युवती ने अपनी पूरी कहानी बताई।

  • रात में युवक सुहागरात मनाने पहुंचा: पीड़िता ने बताया- इसके बाद मनदीप ने कहा कि अब कुछ सीन दूसरी जगह होने हैं। ऐसे में मैं इनके साथ उत्तर प्रदेश आ गई। वहां, रात 10 बजे जिस युवक से शादी का सीन हुआ था, वह कमरे में आ गया। वह पति की तरह व्यवहार करने लगा। मैंने उससे कहा कि इस तरह मजाक मत करो। इस पर उसका जवाब था कि वह मुझे डेढ़ लाख में खरीदकर लाया है।
  • डेढ़ लाख में बेचने का वीडियो दिखाया: पीड़ित युवती का कहना है कि उस युवक ने उसे एक वीडियो दिखाया, जिसमें डेढ़ लाख रुपए मनदीप और उसके साथियों को दिए जा रहे थे। साथ ही वे उसके (पीड़िता) बारे में ही बातचीत कर रहे थे।
  • लड़के के चाचा ने डेढ़ लाख रुपए वापस मांगे: युवती ने बताया कि इसी बीच लड़के का चाचा आ गया, जो यूपी पुलिस में था। उन्होंने कहा कि आपके साथ गलत नहीं होगा, लेकिन डेढ़ लाख रुपए आपके लिए दिए गए हैं। वह रकम वापस करवा दो।
  • मनदीप ने पहचाना नहीं, पिता ने पैसे का इंतजाम किया: पीड़िता ने कहा- मैंने पहले मनदीप को फोन लगाया, लेकिन उसने मुझे पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद मेरी बात पापा से करवाई। मैंने उन्हें पैसे का इंतजाम करने को कहा। युवक के चाचा ने भी मेरे पापा को भरोसा दिलाया कि आपकी बेटी को कुछ नहीं होगा। इसके बाद एक-दो दिन में घरवालों ने पैसे का इंतजाम किया और मैं मोहाली वापस आई।
पीड़िता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोपी युवती मनदीप कौर की फोटो भी दिखाई।

पीड़िता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोपी युवती मनदीप कौर की फोटो भी दिखाई।

पीड़िता बोली- पूरी प्रक्रिया मानव तस्करी का हिस्सा थी

पीड़िता ने बताया कि उसे कई फिल्मों और शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग में छोटे-मोटे रोल दिए गए। इनमें चढ़दी कलां, यार जिंगरी कसूती डिग्री, आदि फिल्में शामिल हैं। हालांकि, उसे किसी बड़े एक्टर के साथ काम करने का मौका नहीं मिला। पीड़िता का आरोप है कि फिल्म शूटिंग के नाम पर उसे अलग-अलग जगह ले जाया गया और बाद में पता चला कि पूरी प्रक्रिया मानव तस्करी का हिस्सा थी।

पीड़िता के अनुसार, मनदीप उसकी जानकार थी। मनदीप फिरोजपुर की रहने वाली है। हालांकि, मोहाली में पीड़िता के घर के पास रहती है। पीड़िता का आरोप है कि उसने ही उसे उत्तर प्रदेश में प्रिंस नाम के एक युवक को डेढ़ लाख रुपए में बेचा। वह मुजफ्फरनगर का रहने वाला था।

पुलिस ने कार्रवाई नहीं की

पीड़ित युवती का कहना है कि इस मामले में वह मोहाली पुलिस के पास गई थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसे महिला आयोग में शिकायत में देनी पड़ी। महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेकर मोहाली पुलिस के SSP से मामले में FIR दर्ज करने की सिफारिश की है।

साथ ही इस केस की पूरी जांच रिपोर्ट भी तलब की है। हालांकि, पुलिस इस मामले में फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रही है।

॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰

यह खबर भी पढ़ें…

लुधियाना में नाबालिग को अगवा कर गैंगरेप:कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया, बेसुध हालत में मिली; फैक्ट्री गई थी काम करने

लुधियाना में एक किशोरी को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया गया। उसे कोल्ड ड्रिंक में बेसुध करने के लिए कोई पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। पुलिस ने करीब एक साल बाद पीड़िता की मां की शिकायत पर मंगलवार को 3 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *