US Iran War Ceasefire LIVE Update; Donald Trump Sanctions – Nuclear Weapon | ACTPnews

US Iran War Ceasefire LIVE Update; Donald Trump Sanctions - Nuclear Weapon


  • Hindi News
  • International
  • US Iran War Ceasefire LIVE Update; Donald Trump Sanctions Nuclear Weapon | Hormuz Strait Oil Tanker

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी38 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिकी संसद में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सैन्य शक्तियों को सीमित करने वाला प्रस्ताव पास हो गया है। वोटिंग में 4 रिपब्लिकन सांसदों ने भी विपक्षी पार्टी डेमोक्रेट्स का साथ दिया। हालांकि 3 रिपब्लिकन सांसद वोटिंग में शामिल नहीं हुए।

यह प्रस्ताव 50-47 से पास हुआ, हालांकि इसे कानून बनने के लिए अभी कुछ और चरणों से गुजरना होगा। अगर यह प्रस्ताव कानून बनता है, तो ट्रम्प सरकार को ईरान के खिलाफ युद्ध जारी रखने के लिए कांग्रेस की मंजूरी लेनी होगी।

अभी सीनेट में इस पर अंतिम वोटिंग होनी बाकी है। इसके बाद इसे रिपब्लिकन बहुमत वाली हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स से मंजूरी लेनी होगी। हालांकि उसके बाद भी ट्रम्प इसके खिलाफ वीटो कर सकते हैं। फिर उस वीटो को रद्द करने के लिए सीनेट और हाउस दोनों में दो-तिहाई बहुमत चाहिए होगा, जो फिलहाल मुश्किल माना जा रहा है।

अमेरिकी संसद के सीनेट में मंगलवार शाम को ईरान जंग रोकने को लेकर बैठक हुई।

अमेरिकी संसद के सीनेट में मंगलवार शाम को ईरान जंग रोकने को लेकर बैठक हुई।

विपक्ष बोला- युद्ध शुरू करने का अधिकार संसद के पास हो

यह वोट विपक्ष के लिए बड़ी जीत माना जा रहा है जो कह रहे थे कि अमेरिका में युद्ध शुरू करने या सेना भेजने का अधिकार राष्ट्रपति नहीं बल्कि संसद के पास होना चाहिए। अमेरिकी संविधान में भी यही व्यवस्था दी गई है।

इस प्रस्ताव को वर्जीनिया के डेमोक्रेट सीनेटर टिम केन लेकर आए हैं। बहस के दौरान उन्होंने कहा कि अभी जब युद्धविराम की बात हो रही है, तब ट्रम्प को संसद के सामने आकर अपनी रणनीति बतानी चाहिए।

डेमोक्रेट सीनेटर टिम केन ने कहा कि युद्ध शुरू करने का अधिकार संसद के पास है, सिर्फ राष्ट्रपति के पास नहीं। वहीं व्हाइट हाउस का कहना है कि ट्रम्प ने अमेरिकी सुरक्षा के लिए अपने अधिकारों के तहत कार्रवाई की है।

अमेरिकी कानून के मुताबिक कोई भी राष्ट्रपति बिना संसद की मंजूरी के सिर्फ 60 दिन तक सैन्य कार्रवाई चला सकता है। इसके बाद या तो युद्ध खत्म करना होता है, कांग्रेस से अनुमति लेनी होती है, या फिर सेना की सुरक्षित वापसी के लिए 30 दिन की अतिरिक्त मोहलत मांगनी होती है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

1. ट्रम्प ने ईरान पर बड़ा हमला टाला: ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ईरान पर बड़ा हमला करने वाला था, लेकिन फिलहाल उसे रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि कतर, सऊदी अरब और UAE ने बातचीत को मौका देने के लिए हमला टालने की अपील की थी।

2. ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर नया कंट्रोल सिस्टम बनाया: ईरान ने पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (PGSA) बनाकर होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों के लिए अनुमति अनिवार्य कर दी। ईरान ने कहा कि बिना परमिशन गुजरना अवैध माना जाएगा।

3. ईरान बोला- यूरेनियम संवर्धन पर समझौता नहीं करेंगे: ईरान ने साफ कहा कि यूरेनियम संवर्धन उसका अधिकार है और वह किसी दबाव में नहीं आएगा। राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने भी कहा कि बातचीत होगी, लेकिन ईरान झुकेगा नहीं।

4. ईरान ने ट्रम्प-नेतन्याहू पर ₹500 करोड़ इनाम वाला बिल तैयार किया: ईरानी संसद में ऐसा बिल लाने की तैयारी है, जिसमें ट्रम्प और नेतन्याहू की हत्या करने वालों को ₹500 करोड़ से ज्यादा इनाम देने का प्रस्ताव है।

5. अमेरिकी नाकेबंदी से ईरानी तेल फंसा: फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी नाकेबंदी के कारण ईरान को समुद्र में खड़े पुराने टैंकरों में तेल स्टोर करना पड़ रहा है। फारस की खाड़ी में ईरानी तेल से भरे टैंकरों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

लाइव अपडेट्स

38 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

ईरानी विदेश मंत्री को UNSC की बैठक का न्योता

ईरान के विदेश मंत्री को अगले हफ्ते न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने इसकी जानकारी दी।

ईरानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह न्योता विदेश मंत्री अब्बास अराघची को दिया गया है। इस महीने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता चीन कर रहा है।

बैठक अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के मुद्दे पर मंगलवार को आयोजित होगी। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि ईरान के विदेश मंत्री इसमें शामिल होंगे या नहीं।

57 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

होर्मुज को बायपास करने के लिए UAE नई तेल पाइपलाइन बना रहा, 50% काम पूरा

UAE की सरकारी तेल कंपनी ADNOC ने कहा है कि होर्मुज को बायपास करने वाली नई तेल पाइपलाइन का करीब 50% काम पूरा हो चुका है।

ADNOC के प्रमुख सुल्तान अल जाबेर ने बताया कि यह पाइपलाइन UAE के तेल निर्यात को ज्यादा सुरक्षित और आसान बनाने के लिए तैयार की जा रही है।

फिलहाल UAE के पास हबशान-फुजैराह तेल पाइपलाइन काम कर रही है, जो अबू धाबी के हबशान तेल क्षेत्रों से ओमान की खाड़ी में स्थित फुजैराह बंदरगाह तक जाती है। इस पाइपलाइन के जरिए रोजाना करीब 18 लाख बैरल तेल पहुंचाया जाता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद फुजैराह तेल हब पर ईरान की ओर से कई ड्रोन हमले भी हुए हैं। नई पाइपलाइन बनने के बाद अगले साल तक UAE की कुल तेल निर्यात क्षमता दोगुनी होने की उम्मीद है।

01:10 PM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- हमारी मंजूरी के बाद होर्मुज से 26 जहाज गुजरे

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने मंगलवार को दावा किया कि पिछले 24 घंटों में कम से कम 26 जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे हैं और यह आवाजाही ईरानी अधिकारियों की मंजूरी के जरिए हुई। इन जहाजों में तेल टैंकर, कंटेनर शिप और दूसरे कारोबारी जहाज शामिल थे।

इस बयान का मतलब यह है कि अभी होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुला नहीं माना जा रहा, बल्कि वहां से गुजरने वाले जहाजों को ईरान की मंजूरी या समन्वय की जरूरत पड़ रही है। पिछले कुछ महीनों से ईरान, अमेरिका और इजराइल के तनाव के कारण इस इलाके में जहाजों की आवाजाही काफी कम हो गई है। पहले यहां से रोज 125 से 140 जहाज गुजरते थे, लेकिन हाल के समय में यह संख्या बहुत घट गई थी।

11:13 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

पाकिस्तानी गृह मंत्री तेहरान रवाना, ईरानी अधिकारियों से बात करेंगे

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी बातचीत के लिए तेहरान रवाना हो गए हैं। ईरान की समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, वह वहां ईरानी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। एक हफ्ते के भीतर यह मोहसिन नकवी की दूसरी तेहरान यात्रा है।

11:02 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान में 82 दिनों से इंटरनेट बंद

ईरान में पिछले 82 दिनों से इंटरनेट लगभग पूरी तरह बंद है। इंटरनेट पर नजर रखने वाली संस्था नेटब्लॉक्स ने कहा है कि देश अब भी दुनिया के इंटरनेट नेटवर्क से काफी हद तक कटा हुआ है।

सरकार ने फरवरी के आखिर में अमेरिका-इजराइल युद्ध शुरू होने के बाद इंटरनेट बंद कर दिया था। इससे पहले जनवरी में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान भी कई दिनों तक इंटरनेट सेवाएं बंद रही थीं।

इंटरनेट बंद होने की वजह से लोगों को बातचीत, कामकाज और ऑनलाइन सेवाओं में परेशानी हो रही है।

10:24 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान युद्ध से इजराइल की एयरलाइन को बड़ा नुकसान

इजराइल की राष्ट्रीय एयरलाइन ‘एल अल’ को ईरान जंग की वजह से भारी नुकसान हुआ है। कंपनी ने कहा कि युद्ध के दौरान इजराइल का हवाई क्षेत्र ज्यादातर समय बंद रहा, जिससे उड़ानें प्रभावित हुईं।

जनवरी से मार्च के बीच कंपनी को 6.7 करोड़ डॉलर का घाटा हुआ। पिछले साल इसी समय कंपनी को 9.6 करोड़ डॉलर का फायदा हुआ था।

एल अल ने बताया कि ईंधन की बढ़ती कीमतों और डॉलर के मुकाबले शेकेल मजबूत होने से भी कंपनी की कमाई घटी। इस दौरान कंपनी की आय 27 फीसदी घटकर 56.2 करोड़ डॉलर रह गई।

कंपनी के मुताबिक, युद्ध की वजह से अब तक उसे कुल 14.5 करोड़ डॉलर का नुकसान हो चुका है।

10:17 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

दक्षिणी लेबनान में इजराइल के हवाई हमले

दक्षिणी लेबनान में इजराइल ने एक बार फिर हवाई हमले किए हैं। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, इजराइली विमानों ने बिंत जुबैल जिले को निशाना बनाया।

रिपोर्ट के अनुसार, टायर जिले में गंधूरियेह और अब्बासियेह के बीच के इलाके में भी हवाई हमला किया गया। इसके अलावा इजराइली सेना की तोपों से सिद्दीकीन कस्बे पर बमबारी की।

09:09 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान की मंजूरी के बाद होर्मुज से गुजर रहा दक्षिण कोरियाई जहाज

दक्षिण कोरिया का एक तेल टैंकर ईरान के साथ बातचीत के बाद होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा है। दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून ने कहा कि जहाज बेहद सावधानी के साथ रास्ता पार कर रहा है। योनहाप न्यूज एजेंसी के मुताबिक, जहाज में 20 लाख बैरल कच्चा तेल भरा हुआ है।

दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून ने सियोल में सांसदों को बताया कि ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत पूरी होने के बाद जहाज ने मंगलवार से यात्रा शुरू की। उन्होंने कहा कि जहाज बहुत सावधानी के साथ स्ट्रेट से गुजर रहा है।

चो ह्यून के मुताबिक, अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह पहला दक्षिण कोरियाई प्रबंधित जहाज है, जो होर्मुज स्ट्रेट पार कर रहा है।

करीब दो हफ्ते पहले दक्षिण कोरियाई ऑपरेटेड जहाज HMM नामू पर होर्मुज स्ट्रेट में हमला हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज पर दो अज्ञात प्रोजेक्टाइल गिरे थे, जिससे जहाज को नुकसान पहुंचा और एक क्रू मेंबर घायल हुआ था। दक्षिण कोरिया ने हमले के लिए ईरान पर आरोप लगाया था, हालांकि तेहरान ने इससे इनकार किया था।

08:52 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान जंग से इजराइल की एयरलाइन को बड़ा नुकसान

ईरान युद्ध का असर अब इजराइल की एयरलाइन कंपनियों पर भी दिखने लगा है। इजराइल की राष्ट्रीय एयरलाइन एल अल ने कहा है कि युद्ध के कारण उसे पहली तिमाही में 6.7 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ। एल अल एयरलाइन ने बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी को 6.7 करोड़ डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी को 9.6 करोड़ डॉलर का मुनाफा हुआ था। एयरलाइन के मुताबिक, ईरान युद्ध के दौरान इजराइल का एयरस्पेस ज्यादातर समय कमर्शियल फ्लाइट्स के लिए बंद रहा, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ। कंपनी ने कहा कि कमजोर डॉलर और बढ़ती ईंधन कीमतों का भी असर पड़ा। तिमाही के दौरान कंपनी की आमदनी 27% गिरकर 56.2 करोड़ डॉलर रह गई। एल अल ने कहा कि युद्ध से कुल 14.5 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है। इसमें 9 करोड़ डॉलर का असर पहली तिमाही में और 5.5 करोड़ डॉलर का असर दूसरी तिमाही में पड़ा। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण क्षेत्र की कई एयरलाइंस और शिपिंग कंपनियां दबाव में हैं।

07:47 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान पर हमले की तैयारी में जुटा इजराइल

अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म करने को लेकर बातचीत में सहमति नहीं बनने के बीच इजराइल एक बार फिर ईरान पर संभावित अमेरिकी हमले की तैयारी में जुट गया है।

इजराइली चैनल 12 की रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइली अधिकारियों को लगता है कि अगर ईरान युद्ध खत्म करने को लेकर कोई बड़ा नया प्रस्ताव नहीं देता, तो ट्रम्प आखिरकार सैन्य कार्रवाई का रास्ता चुन सकते हैं।

रिपोर्ट में कहा गया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार रात करीब पांच घंटे लंबी सुरक्षा कैबिनेट बैठक की। इसमें सेना प्रमुख, एयरफोर्स चीफ और कई बड़े सुरक्षा अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मकसद संभावित अमेरिकी हमले की स्थिति में पूरी तैयारी सुनिश्चित करना था।

07:30 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

रिपोर्ट- ईरान जंग में अमेरिका के 42 फाइटर जेट्स को नुकसान

अमेरिकी संसद की रिसर्च एजेंसी कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस (CRS) की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 28 फरवरी को ईरान जंग में अमेरिका के कम से कम 42 विमान या तो नष्ट हो गए या उन्हें नुकसान पहुंचा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है, क्योंकि कई मामलों की जानकारी अभी गोपनीय है और नुकसान की पुष्टि अलग-अलग स्रोतों से की जा रही है। जानकारी के मुताबिक इनमें स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट, स्पेशल ऑपरेशन प्लेन शामिल हैं।

CRS अमेरिकी संसद और उसकी समितियों को कानूनी और नीतिगत विश्लेषण देने वाली संस्था है। उसने यह आंकड़े अमेरिकी रक्षा विभाग और अमेरिकी सेंट्रल कमांड के बयानों के साथ-साथ मीडिया रिपोर्टों के आधार पर तैयार किए हैं।

अमेरिका के 42 फाइटर जेट्स तबाह

4 F-15E स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट

1 F-35A लाइटनिंग-2 फाइटर जेट

1 A-10 थंडरबोल्ट-2 हमला जेट

7 KC -135 स्ट्रैटोटैंकर एयर रिफ्यूलिंग प्लेन

1 E-3 सेंट्री अवाक्स प्लेन

2 MC-130J कमांडो-2 स्पेशल ऑपरेशन प्लेन

1 HH-60 W जॉली ग्रीन-2 हेलीकॉप्टर

24 MQ-9 रीपर ड्रोन

06:53 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

जिनपिंग बोले- दुनिया फिर जंगलराज की तरफ बढ़ रही

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को लेकर चेतावनी दी है। रॉयटर्स के मुताबिक, बीजिंग में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि दुनिया फिर जंगलराज की तरफ बढ़ रही है।

जिनपिंग ने चेतावनी दी कि अगर लड़ाई नहीं रुकी तो अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और वैश्विक स्थिरता पर बड़ा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एकतरफा सैन्य कार्रवाई और लंबे समय तक चलने वाला युद्ध दुनिया को ऐसे दौर में ले जा सकता है, जहां अंतरराष्ट्रीय नियम कमजोर पड़ जाएं। उन्होंने कहा कि लड़ाई रोकना बेहद जरूरी है। पूरी खबर पढ़ें…

06:13 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प बोले- ईरान के साथ जंग जल्दी खत्म होगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन अमेरिका उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा।

व्हाइट हाउस में सांसदों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रम्प ने कहा,

QuoteImage

हम उस युद्ध को बहुत जल्दी खत्म करने जा रहे हैं। वे समझौता करना चाहते हैं। वे इससे थक चुके हैं।

QuoteImage

ट्रम्प ने कहा कि ईरान अब भी परमाणु कार्यक्रम पर ध्यान दे रहा है, लेकिन अमेरिका उसे परमाणु हथियार नहीं बनाने देगा। ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी सीनेट में ईरान के खिलाफ युद्ध रोकने से जुड़ा वॉर पावर रेजोल्यूशन आगे बढ़ाया गया है।

रिपब्लिकन बहुमत वाली सीनेट ने मंगलवार को उस प्रस्ताव पर आगे बढ़ने के पक्ष में वोट किया, जिसमें कहा गया है कि कांग्रेस की स्पष्ट मंजूरी के बिना राष्ट्रपति ईरान के खिलाफ युद्ध जारी नहीं रख सकते।

05:16 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

शी जिनपिंग की मध्य-पूर्व में तुरंत युद्धविराम और हिंसा खत्म करने की अपील

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बीजिंग में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के दौरान मध्य-पूर्व में तुरंत सभी तरह की हिंसा खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र इस समय युद्ध और शांति के बीच बेहद अहम मोड़ पर खड़ा है।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, शी ने सभी पक्षों से तुरंत संघर्ष रोकने और तनाव कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात बेहद संवेदनशील हैं और अगर जल्द स्थिति नियंत्रित नहीं हुई तो क्षेत्रीय अस्थिरता और बढ़ सकती है।

मध्य-पूर्व में ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बाद दुनिया के कई देश संयम बरतने की अपील कर रहे हैं। खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है।

पुतिन और शी की बैठक में यूक्रेन युद्ध और मध्य-पूर्व के ताजा हालात पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने वैश्विक मुद्दों पर आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

04:48 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान युद्ध से चीन का रुख बदलने की उम्मीद: पुतिन का जोर ‘पावर ऑफ साइबेरिया-2’ गैस पाइपलाइन पर

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन दौरे के दौरान ऊर्जा सुरक्षा और ‘पावर ऑफ साइबेरिया-2’ गैस पाइपलाइन को प्रमुख मुद्दा बनाएंगे। यूक्रेन युद्ध के बाद यूरोप में रूसी गैस की मांग घटने से मॉस्को अब चीन पर ऊर्जा निर्यात बढ़ाने की उम्मीद लगा रहा है।

रूस और चीन के रिश्तों को अमेरिका-चीन संबंधों से अलग बताते हुए पुतिन और शी जिनपिंग की नजदीकी को रेखांकित किया जा रहा है। पुतिन अब तक 25 बार चीन जा चुके हैं, जबकि दोनों नेताओं की 40 से ज्यादा मुलाकातें हो चुकी हैं। इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना माना जा रहा है।

पुतिन के साथ बिजनेस और सरकारी अधिकारियों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी चीन पहुंचा है। क्रेमलिन के मुताबिक, दोनों देश अर्थव्यवस्था, पर्यटन और शिक्षा समेत कई क्षेत्रों में करीब 40 समझौतों पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।

पुतिन की प्राथमिकता ‘पावर ऑफ साइबेरिया-2’ गैस पाइपलाइन परियोजना को आगे बढ़ाना है। यूक्रेन युद्ध के बाद यूरोप में रूसी गैस निर्यात लगभग ठप हो चुका है। युद्ध के पांचवें साल में पहुंच चुके रूस को नए राजस्व स्रोतों की जरूरत है, इसलिए मॉस्को चीन के साथ ऊर्जा साझेदारी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

हालांकि चीन अब तक इस परियोजना को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं दिखा है। दोनों देशों के बीच गैस कीमतों को लेकर मतभेद बने हुए हैं। इसके अलावा, चीन अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए किसी एक देश पर अत्यधिक निर्भर नहीं होना चाहता।

03:49 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

होर्मुज में जहाज पर हमले को लेकर ईरान-दक्षिण कोरिया में बातचीत जारी

दक्षिण कोरिया ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट में उसके ऑपरेटेड जहाज पर हुए हमले को लेकर ईरान के साथ गंभीर बातचीत जारी है। इस घटना में जहाज पर विस्फोट और आग लग गई थी।

योनहाप न्यूज एजेंसी के मुताबिक, 4 मई को दक्षिण कोरियाई ऑपरेटेड जहाज HMM नामू पर हमला हुआ था। दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पार्क इल ने कहा कि मामले को लेकर ईरान के साथ करीबी और गंभीर बातचीत जारी है।

उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जरूरी कदम उठाए जाएंगे। जांच में पाया गया कि दो अज्ञात उड़ने वाली वस्तुएं जहाज से टकराईं, जिससे विस्फोट और आग लगी।

फिलहाल घटनास्थल से मिले मलबे की जांच की जा रही है, ताकि हमले में इस्तेमाल वस्तुओं और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके। पार्क इल ने कहा कि अगर नए तथ्य सामने आते हैं तो ईरानी पक्ष को जानकारी दी जाएगी और जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जहाजों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा तथा नौवहन की आजादी सुनिश्चित करना दक्षिण कोरिया की प्राथमिकता है। इस घटना में जहाज के एक क्रू मेंबर को मामूली चोट आई थी। दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने हमले के लिए ईरान पर आरोप लगाया है, हालांकि तेहरान ने इससे इनकार किया है।

03:13 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान युद्ध पर अमेरिकी संसद में बहस; सांसद बोले- जंग हार रहे

अमेरिका में ईरान युद्ध को लेकर संसद की सुनवाई के दौरान तीखी बहस देखने को मिली। डेमोक्रेट सांसद सेथ मोल्टन ने कहा कि अमेरिका यह युद्ध हारता दिख रहा है, जिस पर यूएस सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर नाराज हो गए।

अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में सुनवाई के दौरान सांसद सेथ मोल्टन ने ईरान युद्ध को लेकर सवाल उठाए। मोल्टन ने पूछा कि “असल में यह युद्ध जीतने की योजना क्या है?”

इराक युद्ध में अमेरिकी मरीन कॉर्प्स में रह चुके मोल्टन ने कहा, “ऐसा लग रहा है कि हम यह युद्ध हार रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अब तक न तो परमाणु समझौता हुआ है और न ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह खुल पाया है।

मोल्टन ने कहा कि “यह युद्ध सही नहीं जा रहा” और पूछा कि “इस गलती के लिए हमें कितने और अमेरिकियों की जान देनी होगी?”

इन सवालों पर एडमिरल ब्रैड कूपर नाराज दिखे। उन्होंने जवाब देते हुए कहा, “मुझे लगता है कि आपका यह बयान पूरी तरह अनुचित है।”

इससे पहले कूपर ने दावा किया था कि अमेरिका ने ईरान युद्ध में अपने सभी सैन्य लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल संघर्षविराम लागू है, लेकिन अमेरिकी सेना हर स्थिति के लिए तैयार है।

हालांकि कूपर ने 28 फरवरी को ईरान के स्कूल पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेने से बचाव किया। उस हमले में करीब 170 ईरानी नागरिक, ज्यादातर स्कूली बच्चे, मारे गए थे।

02:25 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

2 महीने बाद होर्मुज से निकले चीन के सुपरटैंकर

ईरान जंग के बीच तनाव के कारण दो महीने से फारस की खाड़ी में फंसे चीन के दो सुपरटैंकर आखिरकार मंगलवार को होर्मुज स्ट्रेट से बाहर निकल गए। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों जहाजों में करीब 40 लाख बैरल कच्चा तेल भरा हुआ था।

शिपिंग डेटा कंपनी LSEG और Kpler के आंकड़ों के हवाले से बताया गया कि दोनों जहाज पिछले करीब दो महीने से खाड़ी क्षेत्र में फंसे थे।

01:46 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- दोबारा जंग हुई तो अमेरिका को बड़े सरप्राइज मिलेंगे

ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर दोबारा युद्ध हुआ तो उसे और बड़े सरप्राइज मिलेंगे। ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि इस युद्ध से ईरान ने कई सबक और नई जानकारियां हासिल की हैं।

अराघची ने दावा किया कि ईरानी सेना ने पहली बार अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया। उन्होंने ने X पर पोस्ट में कहा कि युद्ध शुरू होने के कई महीनों बाद अमेरिकी कांग्रेस ने अरबों डॉलर कीमत के दर्जनों विमानों के नुकसान को स्वीकार किया है।

दरअसल, अमेरिकी कांग्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान के दौरान कई विमान खोए या उन्हें नुकसान पहुंचा। हालांकि अमेरिका ने अब तक F-35 गिराए जाने के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

01:31 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका ने ईरानी कंपनी पर प्रतिबंध लगाए

अमेरिका ने मंगलवार को ईरान पर फिर नए प्रतिबंध लगाए। इस बार अमेरिका ने ईरान की एक फॉरेन करेंसी एक्सचेंज करने वाली कंपनी और उससे जुड़ी कई कंपनियों पर कार्रवाई की है।

अमेरिकी सरकार का कहना है कि अमीन एक्सचेंज नाम की यह कंपनी ईरानी बैंकों के लिए पैसों का लेन-देन कराने में मदद कर रही थी। इस कंपनी का नेटवर्क UAE, तुर्किये और हॉन्ग कॉन्ग जैसे देशों तक फैला हुआ था।

इसके साथ ही अमेरिका ने 19 जहाजों पर भी रोक लगा दी है। अमेरिका का आरोप है कि इन जहाजों से ईरान का तेल और पेट्रोकेमिकल सामान दूसरे देशों में भेजा जा रहा था।

वहीं, राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दे सकता। उन्होंने कहा कि नई सैन्य कार्रवाई शुक्रवार, शनिवार, रविवार या अगले हफ्ते की शुरुआत में हो सकती है।

01:11 AM20 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प बोले- ईरान युद्ध जल्द खत्म होगा, तेल कीमतें गिरेंगी

ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है और आने वाले समय में तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी।

हाल ही में ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिका ईरान पर बड़ा हमला करने की तैयारी में था, लेकिन फिलहाल उसे टाल दिया गया है ताकि बातचीत को मौका मिल सके।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *