वॉशिंगटन डीसी/तेहरान/तेल अवीव25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका के पास हथियारों का बड़ा जखीरा मौजूद है और जरूरत के मुताबिक नए हथियार भी तेजी से तैयार किए जा रहे हैं।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिकी रक्षा कंपनियां इतिहास में सबसे ज्यादा नए प्लांट और फैक्ट्रियां बना रही हैं।
ट्रम्प ने सेना से जुड़ी सीक्रेट जानकारियां लीक करने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है। उन्हें लंबी जेल की सजा दी जाएगी।
हालांकि, ट्रम्प ने यह नहीं बताया कि वह किस सीक्रेट जानकारी लीक का जिक्र कर रहे हैं। दरअसल, कुछ अखबारों में मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से दावा किया गया है कि अमेरिकी सेना के पास हथियार तेजी से खत्म होते जा रहे हैं। इनमें THAAD और ATACMS जैसी लंबी दूरी की मिसाइलें शामिल हैं।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…
1. ईरान-ओमान में होर्मुज स्ट्रेट के नए समुद्री रास्ते पर सहमति: ईरान ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही के लिए नए समुद्री मार्ग की रूपरेखा पर ओमान के साथ सहमति बन गई है। दोनों देश जल्द इसकी संयुक्त घोषणा की तैयारी कर रहे हैं।
2. ट्रम्प बोले- 48 घंटे में होर्मुज डील पर तस्वीर साफ होगी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान के साथ बातचीत में अच्छी प्रगति हुई है और अगले 48 घंटे में समझौते की स्थिति साफ हो जाएगी।
3. ईरान बोला- ओमान से समझौते के बाद भी होर्मुज पूरी तरह सुरक्षित नहीं: ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ओमान के साथ सहमति बनने का मतलब यह नहीं है कि होर्मुज स्ट्रेट का खतरा खत्म हो गया। अमेरिका का सैन्य दबाव जारी रहा तो सुरक्षा जोखिम भी बना रहेगा।
4. रिपोर्ट- ईरान जंग में अमेरिका के 80% THAAD इंटरसेप्टर खर्च: CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के साथ संघर्ष के दौरान अमेरिका अपने THAAD मिसाइल डिफेंस सिस्टम के करीब 80% और पैट्रियट सिस्टम के लगभग आधे इंटरसेप्टर इस्तेमाल कर चुका है।
5. UN: लेबनान में 8 लाख से ज्यादा विस्थापित लोग घर लौटे: संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, इजराइली हमले कम होने के बाद लेबनान में युद्ध के कारण विस्थापित हुए 8.21 लाख से ज्यादा लोग अपने घर लौट चुके हैं। हालांकि, 3.6 लाख से ज्यादा लोग
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मोसाद चीफ ने 2 सीनियर अफसरों का पोर्टफोलियो बदला
मोसाद के नए चीफ रोमन गोफमैन ने उन दो सीनियर अधिकारियों का काम बदल दिया है, जिन्होंने ईरान की सरकार को गिराने की एक नाकाम योजना बनाने में मदद की थी।
इस योजना में कुर्दिश फोर्स को सपोर्ट करके देशभर में विद्रोह भड़काने की बात सोची गई थी, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों के इसे अव्यावहारिक मानने और दूसरी राजनीतिक रुकावटें आने के बाद इसे छोड़ दिया गया।
05:13 PM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- रक्षा मंत्री हेगसेथ के काम से बेहद खुश हूं

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प। (फाइल फोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वह रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के काम से बेहद खुश हैं। उन्होंने उन खबरों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि हथियारों के घटते भंडार को लेकर वह हेगसेथ से नाराज हैं।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि हेगसेथ ने शानदार काम किया है। उन्होंने वेनेजुएला के खिलाफ कार्रवाई और ईरान पर हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों अभियान सफल रहे।
01:03 PM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में पोस्टर लगा- स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी को गिरता दिखाया
ईरान की राजधानी तेहरान में अमेरिका के खिलाफ बदले का संदेश देने वाले बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के जरिए ईरानी सरकार यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि देश अब भी मजबूत है और अमेरिका को जवाब देगा।
एक पोस्टर में गिरती हुई स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी दिखाई गई है। उस पर लिखा है, ‘जिसने मेरे इमाम को मारा, उसे क्यों न मारें? अगर हम ऐसा नहीं करते, तो यह हमारी बेइज्जती होगी।’ यहां ‘इमाम’ से मतलब ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई से है।
स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी अमेरिका के न्यूयॉर्क में है। यह आजादी और लोकतंत्र का प्रतीक है, जिसे फ्रांस ने 1886 में अमेरिका को गिफ्ट किया था।

एक दूसरे पोस्टर में खामेनेई की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहने एक लड़ाका लाल झंडा लिए दिखाया गया है।

वहीं, एक और पोस्टर में होर्मुज स्ट्रेट के किनारे एक कंकाल दिखाया गया है और वहां से ईरानी झंडा लिए एक जहाज गुजरता नजर आता है।

इससे पहले भी तेहरान में एक पोस्टर लगाया गया था, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का गला कई हाथों से दबाते हुए दिखाया गया था। उस पर अंग्रेजी और फारसी में लिखा था, ‘बदला लेना तय है।’
12:31 PM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
कुवैत ने देश का इकलौता ईरानी स्कूल बंद किया
कुवैत ने देश के इकलौते ईरानी स्कूल को बंद करने का आदेश दिया है। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, यह फैसला ईरान के साथ युद्ध के दौरान कुवैत पर हुए लगातार हमलों के बाद लिया गया।
शिक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने निजी ईरानी स्कूल का शैक्षणिक लाइसेंस रद्द कर उसे बंद करने का आदेश जारी किया है। हालांकि आदेश में स्कूल बंद करने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है।
स्कूल में आने वाले शैक्षणिक सत्र के लिए नए दाखिलों पर रोक लगा दी गई है। साथ ही, अभिभावकों से कहा गया है कि वे अपने बच्चों का दाखिला किसी दूसरे स्कूल में करा दें।
11:27 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई के डॉक्टर पर पजशकियान को राष्ट्रपति बनवाने का आरोप
ईरान के एक धर्मगुरु मोहम्मद-बाघेर खर्राजी ने पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के निजी डॉक्टर पर मसूद पजशकियान को राष्ट्रपति बनवाने का आरोप लगाया है।
एक भाषण में उन्होंने डॉक्टर अलीरेजा मरांदी के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि उन्होंने ही पजशकियान का नाम आगे बढ़ाया था।

ईरान के धर्मगुरु मोहम्मद-बाघेर खर्राजी।
खर्राजी ने पजशकियान को राष्ट्रपति पद के लिए अयोग्य बताया। उन्होंने कहा, “वह पूरी तरह हकीकत से कटे हुए हैं। मैं उन्हें गद्दार नहीं कहना चाहता, लेकिन उन्हें कुछ समझ नहीं है। वह इस जिम्मेदारी के लिए कभी भी योग्य नहीं थे।”
धर्मगुरु खर्राजी का सुप्रीम लीडर से पारिवारिक रिश्ता भी है। उनकी बहन की शादी मुजतबा खामेनेई के एक भाई से हुई है।
10:59 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में 2 इजराइली सैनिकों की मौत

इजराइली सेना के सदस्य गुरुवार को रिजर्व मेजर हरेल बिरनस्टॉक के अंतिम संस्कार के दौरान उनका ताबूत ले जाते हुए। मेजर बिरनस्टॉक दक्षिणी लेबनान में हुए एक धमाके में मारे गए थे।
इजराइली सेना ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में एक इमारत में घुसते ही धमाका हुआ। इसमें 2 इजराइली सैनिकों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सेना के मुताबिक, सैनिक हिजबुल्लाह के ठिकानों को खत्म करने के अभियान में शामिल थे। इजराइल ने इसे युद्धविराम का खुला उल्लंघन बताया।
इसके बाद दक्षिणी लेबनान में कई जगह हवाई हमले किए गए। वहीं, रोम में अमेरिका की मध्यस्थता में चल रही इजराइल-लेबनान वार्ता भी दिनभर के लिए रोक दी गई।
10:41 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
शिपिंग ग्रुप्स की चेतावनी- होर्मुज में टोल लगा तो महंगाई बढ़ेंगी
दुनिया के 8 बड़े शिपिंग ग्रुप्स ने संयुक्त राष्ट्र (UN) और इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गेनाइजेशन (IMO) से अपील की है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर टोल या सर्विस फीस लगाने का विरोध किया जाए।
ग्रुप्स का कहना है कि अगर ऐसा हुआ तो शिपिंग महंगी हो जाएगी, ऊर्जा की कीमतें बढ़ेंगी और दुनियाभर में महंगाई पर असर पड़ेगा। एक बार यह व्यवस्था लागू हुई तो दूसरे समुद्री रास्तों पर भी ऐसे शुल्क लगाए जा सकते हैं।
सोमवार को ईरान ने कहा था कि होर्मुज स्ट्रेट खुलने के बाद ओमान के साथ मिलकर जहाजों को दी जाने वाली कुछ समुद्री सेवाओं के बदले शुल्क वसूला जाएगा। वहीं, अमेरिका पहले ही साफ कर चुका है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग पर किसी एक देश का नियंत्रण या शुल्क वसूलना अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है।

08:46 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी सेना बोली- हर खतरे से निपटने को तैयार
ईरानी सेना ने कहा है कि वह किसी भी संभावित खतरे का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अमीर अकरामिनिया ने कहा कि सेना लगातार अपनी ऑपरेशनल क्षमता बढ़ाने पर काम कर रही है। इसके लिए क्षतिग्रस्त सिस्टम को आधुनिक बनाया जा रहा है और घरेलू तकनीक के आधार पर नए सैन्य उपकरण शामिल किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नई सैन्य सामग्री मिलने के साथ ही सेना अपने हथियारों और उपकरणों की तैनाती भी जरूरत के मुताबिक बदल रही है, ताकि किसी भी चुनौती का तुरंत जवाब दिया जा सके।
07:40 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
वेंस बोले- ईरान से बातचीत आसान नहीं
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत लंबी और मुश्किल होगी।
फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में वेंस ने कहा कि ईरान के कुछ गुट युद्ध खत्म करना चाहते हैं, जबकि कुछ कट्टरपंथी गुट संघर्ष जारी रखने के पक्ष में हैं। ऐसे में अमेरिका को सैन्य, आर्थिक और कूटनीतिक स्तर पर संतुलित रणनीति अपनानी होगी।

07:30 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
पाक PM शहबाज तीन दिन के सऊदी दौरे पर जा रहे
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ गुरुवार से तीन दिन के सऊदी अरब दौरे पर जा रहे हैं। उनके साथ विदेश मंत्री और सेना प्रमुख भी होंगे। इस दौरान दोनों देशों के रिश्तों और खाड़ी क्षेत्र के हालात पर चर्चा होगी।
06:19 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज और बाब-अल-मंदेब से जहाजों की आवाजाही घटी
ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर समुद्री व्यापार पर दिखने लगा है। समुद्री ट्रैकिंग कंपनी केपलर के मुताबिक, बुधवार को होर्मुज स्ट्रेट से सिर्फ 2 जहाज गुजरे, जबकि एक दिन पहले यह संख्या 8 थी। तनाव से पहले यहां से रोज 130-140 जहाज गुजरते थे।
बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट में भी आवाजाही तेजी से घटी। बुधवार को यहां सिर्फ एक कमोडिटी जहाज गुजरा, जबकि एक दिन पहले 20 जहाज निकले थे। 20 जुलाई को हूती विद्रोहियों की नाकाबंदी के बाद इस मार्ग पर जहाजों की आवाजाही लगातार कम हो रही है। नाकाबंदी से पहले यहां से रोज औसतन 41 जहाज गुजरते थे।
05:52 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज पर समझौते के करीब ईरान-ओमान
दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल होर्मुज को लेकर ईरान और ओमान के बीच समझौता अंतिम चरण में पहुंच गया है।
दोनों देश नए शिपिंग रूट के भौगोलिक निर्देशांक पर सहमत हो गए हैं। अगर समझौता लागू होता है तो होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही के लिए नई व्यवस्था लागू होगी।

03:18 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- मैं लोगों को मारना नहीं चाहता
ट्रम्प ने कहा है कि वे ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए सैन्य कार्रवाई के बजाय समझौते का रास्ता अपनाना पसंद करेंगे। बुधवार को लास वेगास में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “मैं लोगों को मारना नहीं चाहता, इसलिए मैं समझौता करना पसंद करूंगा।”
ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के सबसे बड़े हमले की तैयारी कर चुका था। उनके मुताबिक, इसी दौरान दूसरे पक्ष ने संपर्क कर कहा, “कृपया हमला मत कीजिए, आइए बातचीत करते हैं।” हालांकि, ट्रम्प ने यह भी कहा कि बाद में उसी पक्ष ने सार्वजनिक रूप से ऐसी किसी बातचीत से इनकार कर दिया।
02:41 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान खुद बातचीत चाहता है, उनके लिए समझौता करना बेहतर
ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान खुद अमेरिका से बातचीत चाहता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच वार्ता में अच्छी प्रगति हुई है और समझौता जल्द हो सकता है।
फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रम्प ने कहा, “उन्होंने मुझे फोन किया और कहा कि बात करते हैं। वे बातचीत करना चाहते हैं। दिलचस्प बात यह है कि वे सार्वजनिक तौर पर इसका जिक्र नहीं करते।”
ट्रम्प ने कहा कि ईरान के लिए समझौता करना ही सबसे बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वे डील करेंगे। अब देखते हैं आगे क्या होता है।”
02:22 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट: अमेरिका-ईरान में होर्मुज डील जल्द संभव
ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर समझौता जल्द हो सकता है। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने कहा है कि ओमान के साथ होर्मुज स्ट्रेट समझौते का मसौदा अंतिम चरण में है। वहीं ट्रम्प ने भी संकेत दिए हैं कि इस पर एक-दो दिन में घोषणा हो सकती है।
प्रस्तावित समझौते का उद्देश्य होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही बहाल करना और क्षेत्रीय तनाव कम करना है। हालांकि सबसे बड़ा पेंच स्ट्रेट पर नियंत्रण को लेकर है। ईरान चाहता है कि जहाज उसकी निगरानी वाले मार्ग से गुजरें, जबकि अमेरिका दुनिया के इस अहम ऊर्जा मार्ग पर ईरान का नियंत्रण स्वीकार करने को तैयार नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर समझौता होता है तो अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम समेत दूसरे मुद्दों पर बातचीत का रास्ता भी खुल सकता है।
02:05 AM6 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
ईरान-ओमान में होर्मुज को लेकर बातचीत जारी
ईरान और ओमान के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बातचीत भी जारी है। प्रस्तावित समझौते के तहत जहाजों की आवाजाही सामान्य करने की कोशिश हो रही है। हालांकि, अमेरिका पहले ही साफ कर चुका है कि वह इस अहम समुद्री मार्ग पर ईरान का नियंत्रण स्वीकार नहीं करेगा।














