कराकस, वेनेजुएला10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप के बाद कई इमारतें जमींदोज हो गई है।
वेनेजुएला में दो ताकतवर भूकंप से तबाही मच गई है। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार शाम 6.04 बजे 7.2 और 6.05 बजे 7.5 तीव्रता के दो झटके आए। उस समय भारत में गुरुवार तड़के 3.34 और 3.35 बजे थे।
ये भूकंप ऐसे दिन आए, जब पूरे देश में राष्ट्रीय अवकाश था। 1821 में स्पेन के खिलाफ आजादी की लड़ाई की ऐतिहासिक जीत की सालगिरह पर स्कूल और दफ्तर बंद थे। इसी वजह से ज्यादातर लोग अपने घरों में मौजूद थे।
अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप से 10 हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की 44% आशंका है। वहीं, 30% आशंका एक लाख लोगों के जान गंवाने की भी है। अब तक 32 मौतों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 700 से ज्यादा घायल हैं। 20 ऑफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं।
दोनों भूकंप राजधानी कराकस से करीब 290 किलोमीटर पश्चिम में आए। इससे कई शहरों में इमारतें गिर गईं या खतरनाक तरीके से झुक गईं। कराकस एयरपोर्ट की छत का कुछ हिस्सा गिर गया। इससे धूल का गुबार उठता दिखाई दिया।
मैप में देखें, भूकंप की लोकेशन

126 साल में सबसे बड़ा भूकंप, देश में इमरजेंसी
वेनेजुएला में यह पिछले 126 साल का सबसे बड़ा भूकंप है, इससे पहले 1900 में 7.7 का तीव्रता का भूकंप आया था। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया।
भूकंप से जुड़ी 5 तस्वीरें…

वेनेजुएला की राजधानी कराकस के एयरपोर्ट की छत का हिस्सा गिरने से लोगों में भगदड़ मच गई।

ला गुआइरा में कई रेसिडेंशियल इमारतें भूकंप के झटकों के बाद ढह गईं। मलबे के अंदर लोगों के दबे होने की आशंका है।

लगातार दो बड़े झटकों से राजधानी समेत कई शहरों में इमारतें मलबे में तब्दील हो गई हैं।

भूकंप शाम को आया। रेस्क्यू टीमें रातभर से मलबे के बीच राहत और बचाव के काम में जुटी हुई हैं।

राजधानी कराकस में नागरिकों ने एक दूसरे का हाथ पकड़कर लोगों की हिफाजत के लिए प्रार्थना की।
वेनेजुएला भूकंप से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भूकंप में सबसे ज्यादा तबाही कब होती है?
भूकंप में जान-माल का नुकसान सिर्फ उसकी तीव्रता से तय नहीं होता। यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि उसका केंद्र जमीन की सतह से कितनी गहराई पर है और वह घनी आबादी वाले इलाके के कितना करीब है।
यदि भूकंप बहुत गहराई में आता है, तो उसकी ताकत ऊपर जमीन तक पहुंचते-पहुंचते काफी हद तक कमजोर हो जाती है। इसके विपरीत, यदि भूकंप की गहराई कम हो और उसका केंद्र किसी घनी आबादी वाले शहर या कस्बे के पास हो, तो कम तीव्रता का भूकंप भी भारी तबाही और बड़ी संख्या में मौतों का कारण बन सकता है।
यही वजह है कि कई बार 7 या 8 तीव्रता के गहरे समुद्री भूकंपों में कोई बड़ा नुकसान नहीं होता, जबकि 6–7 तीव्रता का उथला भूकंप हजारों लोगों की जान ले सकता है। इस साल जापान, मलेशिया और टोंगा में 7 तीव्रता से ज्यादा के भूकंप आए थे, लेकिन ये बेहद गहराई में और आबादी से दूर होने के कारण बहुत ज्यादा असर नहीं डाल पाए।
11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिकी देशों के संगठन का मदद का भरोसा
ऑर्गनाइजेशन ऑफ अमेरिकन स्टेट्स (OAS) के महासचिव अलबर्ट रामदीन ने वेनेजुएला में आए भूकंप को लेकर दुख जताया। उन्होंने कहा कि अभी भी हमें काफी नुकसान की जानकारी नहीं है, लेकिन पूरे गोलार्ध का समुदाय वेनेजुएलाई समुदाय के साथ खड़ा है। हम हर तरह की मदद करेंगे।
22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जानें, सबसे ताकतवर 10 भूकंप और इनमें हुआ नुकसान

48 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
वेनेजुएला पर भूकंप का असर

08:18 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
इंजीनियर बोला- ऐसा लगा पूरा घर गिर जाएगा
वेनेजुएला के कराकस में रहने वाले 38 वर्षीय इंजीनियर जीसस अलेजांद्रो पीना ने भूकंप के दौरान का खौफनाक मंजर बताया। उन्होंने कहा कि करीब एक मिनट तक आए झटकों में ऐसा लगा कि पूरा घर ढह जाएगा। घर का सामान गिरने लगा और हर तरफ चीख-पुकार मच गई।
पीना सात मंजिला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि भूकंप इतना तेज था कि खिड़कियों के शीशे टूट गए। दीवार पर लगी तस्वीरें और टीवी नीचे गिर गए। इमारत के कॉलम और छत के हिस्से भी क्षतिग्रस्त हो गए।
08:11 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
राजधानी कराकस में लोगों ने सड़कों पर रात बिताई
भूकंपों के बाद राजधानी कराकस में सैकड़ों लोगों ने पूरी रात सड़कों पर बिताई। कई लोगों के घर भूकंप में क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बड़ी संख्या में लोग लगातार आ रहे आफ्टरशॉक के डर से अपने घरों में लौटने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
कई परिवार बच्चों और जरूरी सामान के साथ खुले मैदानों और सड़कों पर रातभर डटे रहे। लोगों को आशंका है कि क्षतिग्रस्त इमारतें किसी भी समय गिर सकती हैं।
भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक महसूस किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
08:02 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
देशभर में स्कूल बंद, कुछ स्कूलों को राहत शिविर बनाया
वेनेजुएलाई सरकार ने देशभर के स्कूलों को फिलहाल बंद रखने का आदेश दिया है। एजुकेशन मिनिस्ट्री ने कहा है कि कुछ स्कूलों को राहत शिविर के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। यहां भूकंप से प्रभावित परिवारों को रखा जाएगा।
07:21 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
मलबे में फंसे तीन बच्चों को जिंदा बचाया गया
वेनेजुएला में भूकंप के बाद ला गुआइरा में गिरी एक इमारत के मलबे में फंसे तीन बच्चों को जिंदा बचा लिया गया है। राहत और बचाव दल अब भी प्रभावित इलाकों में लोगों की तलाश में जुटे हैं।
07:20 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
प्रेसिडेंट की अपील- लापता लोगों, टूटे घरों की जानकारी वेनएप पर दें
वेनेजुएला की राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने लोगों से अपील की है कि लापता लोगों और टूटे घरों की जानकारी वेनएप पर दें। वेनेजुएला का वेनएप थोड़ा विवादित रहा है। यह पहले सामाजिक और राजनीतिक रूप से नियंत्रण रखने के रूप में इस्तेमाल होता था।
वेनएप 2022 में लोगों की शिकायतों के मकसद से लॉन्च किया गया था। एमनेस्टी इंटरनेशनल के मुताबिक पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने 2024 में इसका इस्तेमाल सरकार विरोधी आंदोलनों की जानकारी लेने में किया। इसके बाद एप को गूगल प्ले स्टोर और एपल iOS ने हटा दिया था।
06:43 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिण अमेरिका के 8 देश मदद के लिए आगे आए
दक्षिण अमेरिका के 8 देशों ने वेनेजुएला हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। ब्राजील, अर्जेंटीना, पेरू, मेक्सिको, कोलंबिया, बोलीविया, कोस्टा रिका और एल सल्वाडोर ने संवेदना व्यक्त करते हुए राहत और बचाव कार्य में सहयोग की पेशकश की है।
इन देशों की सरकारों ने अलग-अलग बयान जारी कर भूकंप में जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त किया। साथ ही कहा कि जरूरत पड़ने पर वे राहत सामग्री, मानवीय सहायता और रेस्क्यू टीम उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।
06:36 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
वेनेजुएला का ला गुआइरा डिजास्टर जोन घोषित
वेनेजुएला की एक्टिंग प्रेसिडेंट डेल्सी रोड्रिग्ज ने उत्तरी इलाके में स्थित तटीय राज्य ला गुआइरा को भूकंप से सबसे प्रभावित राज्य घोषित किया है। यहां कई बिल्डिंग्स तबाह हो गई हैं। रोड्रिग्ज ने बताया कि अमेरिका, डोमिनिकन रिपब्लिक, एल सल्वाडोर, मेक्सिको की रेस्क्यू टीम जल्द ही पहुंचेंगी।
06:35 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
VIDEO- भूकंप से दीवारों में दरारें, जान बचाने के लिए भागा युवक
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में युवक भूकंप के तेज झटकों के बीच अपार्टमेंट से बाहर निकलने की कोशिश करता दिखता है। वीडियो में इमारत की सीढ़ियों और दीवारों में आई चौड़ी दरारें नजर आती हैं।
06:29 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
विपक्षी नेता बोले- वेनेजुएला को अंतरराष्ट्रीय मदद की जरूरत पड़ेगी
विपक्षी नेता एडमंडो गोंजालेज उरुतिया ने कहा है कि वेनेजुएला को इस आपदा से उबरने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद की जरूरत पड़ेगी। उनका दावा है कि सरकार के पास इतनी बड़ी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की क्षमता नहीं है।
गोंजालेज ने सोशल मीडिया पर कहा कि भूकंप के कई घंटे बाद भी नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। उनके मुताबिक, सरकार की प्रतिक्रिया और राहत व्यवस्था लोगों की जरूरत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
06:23 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
भूकंप के बाद कराकस में बिजली गुल, मेट्रो-ट्रेन सेवाएं बंद
वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद राजधानी कराकस के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है। एहतियात के तौर पर कराकस और पड़ोसी मिरांडा राज्य में मेट्रो और ट्रेन सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।
गुरुवार सुबह कराकस के पश्चिमी हिस्से के कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा। भूकंप के झटकों से कई पानी की पाइपलाइनें फट गईं, जिससे सड़कों पर पानी भर गया।
प्रशासन प्रभावित इलाकों में बिजली और पानी की व्यवस्था बहाल करने के साथ-साथ राहत एवं बचाव अभियान चला रहा है। कई जगहों पर क्षतिग्रस्त इमारतों की जांच और मलबा हटाने का काम भी जारी है।

बिजली गुल होने के बाद कराकस में टार्च की रोशनी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
06:01 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
महिला ने अपनी बहन को मैसेज किया- लगता है हम मर जाएंगे
बीबीसी की जर्नलिस्ट वैलेंतीना ओरोपेजा ने बताया कि कल शाम मेरी बहन वैरोनिका का वॉट्सएप पर ऑडियो मैसेज आया था। उसने कहा कि हमारा घर बुरी तरह से हिल रहा है।
उस वक्त मैं नहीं समझ पाई कि कराकस में क्या हो रहा है। दो घंटे बाद मैंने वैरोनिका को फोन किया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद मुझे कराकस के जर्नलिस्ट्स के वॉट्सएप ग्रुप पर भूकंप के बारे में जानकारी मिली।
वैलेंटीना के मुताबिक एक दोस्त ने मुझे लॉस पालोस ग्रांडेस इलाके की एक क्लिप भेजी, जिसमें बिल्डिंग पत्ते की तरह ढह गई थी। यह वही जगह थी, जहां मेरी बहन और मां रहते हैं। 2 घंटे बाद जब मुझे फिर बहन की आवाज सुनाई दी। उसने कहा, लगा था कि हम मर जाएंगे। अगर वह बच गई तो अपने घर लौट आएगी।
05:59 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
भूकंप क्यों आते हैं
हमारी धरती की सतह मुख्य तौर पर 7 बड़ी और कई छोटी-छोटी टेक्टोनिक प्लेट्स से मिलकर बनी है। ये प्लेट्स लगातार तैरती रहती हैं और कई बार आपस में टकरा जाती हैं।
टकराने से कई बार प्लेट्स के कोने मुड़ जाते हैं और ज्यादा दबाव पड़ने पर ये प्लेट्स टूटने लगती हैं। ऐसे में नीचे से निकली ऊर्जा बाहर की ओर निकलने का रास्ता खोजती है और इस डिस्टर्बेंस के बाद भूकंप आता है।

05:22 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
वेनेजुएला में भूकंप आने की वजह
वेनेज़ुएला उस इलाके में स्थित हैं, जहां भूकंप का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। यहां दो टेक्टोनिक प्लेटें हैं- कैरीबियन प्लेट और साउथ अमेरिकन प्लेट। यहां दोनों प्लेटें आपस में मिलती हैं।
USGS के अनुसार, दो भूकंपों में दूसरा और ज्यादा ताकतवर झटका इन प्लेटों की सीमा के पास हलचल के कारण आया। प्लेटों के बीच मौजूद फॉल्ट लाइन यानी दरारें हॉरिजॉन्टिली खिसकती हैं। जब यह खिसकना अचानक और तेज गति से होता है तो भूकंप आता है। आगे भी झटके आने की आशंका है, जिनमें कुछ झटके काफी तेज हो सकते हैं।
05:11 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
भूकंप से मरने वालों की संख्या 32 हुई
भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया कि हादसे में अब तक 700 लोग घायल हुए हैं।
05:07 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
वेनेजुएला में भूकंप के बाद गैस सप्लाई रोकी
भूकंप के बाद सरकार ने प्रभावित इलाकों में गैस सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी है। गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने कहा कि कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। गैस रिसाव या विस्फोट जैसी घटनाओं से बचने के लिए एहतियातन यह फैसला लिया गया है।
04:57 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
पीएम मोदी बोले- वेनेजुएला की हरसंभव मदद को तैयार भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख जताया है। मोदी ने X पर लिखा कि भारत इस मुश्किल समय में वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है।

04:39 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
राजधानी कराकस में 3 लोगों की मौत की पुष्टि
राजधानी कराकस में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बरूटा नगर पालिका के मेयर डार्विन गोंजालेज ने बताया कि लास मिनास दे बरूटा इलाके में राहत और बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है।
मेयर के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन के दौरान मलबे से तीन लोगों के शव बरामद हुए। उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे बाकी सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कुल कितने लोगों को बचाया गया।
04:17 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- वेनेजुएला की हरसंभव मदद करेंगे
वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने राहत सहायता का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका हरसंभव मदद के लिए तैयार है और सभी सरकारी एजेंसियों को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा,
अमेरिका मदद के लिए पूरी तरह तैयार, इच्छुक और सक्षम है। मैंने अपनी सरकार की सभी एजेंसियों को तुरंत तैयारी करने का निर्देश दिया है। हम अपने नए और अच्छे दोस्तों के साथ खड़े रहेंगे। शुरुआती रिपोर्ट अच्छी नहीं हैं।


04:00 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
वेनेजुएला के गृह मंत्री ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने लोगों से अधिकतम सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की है। स्थानीय अखबार ‘एल नैशनल’ के मुताबिक, उन्होंने कहा कि लोग मौजूदा स्थिति को गंभीरता से समझें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
काबेलो ने लोगों से बड़े पेड़ों, इमारतों और अन्य ढांचों से दूर रहने को कहा। उन्होंने सलाह दी कि लोग शांतिपूर्वक खुले स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी देशभर में तैनात राहत और बचाव एजेंसियों को दें।
04:00 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
भूकंप से ला गुआइरा राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित
भूकंपों का सबसे ज्यादा असर राजधानी कराकस के उत्तर में स्थित ला गुआइरा राज्य में हुआ। नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज के मुताबिक, यहां कम से कम 15 इमारतें ढह गई हैं। राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।
03:25 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
भूकंप के बाद 18 लोगों को बचाया गया
कराकस की नगर पालिका चाकाओ के मेयर गुस्तावो ड्यूके ने बताया कि अब तक 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। उनके मुताबिक, 500 से ज्यादा बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।
03:04 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
7.5 तीव्रता का भूकंप इतना खतरनाक क्यों होता है?
अगर एक आदमी 10 किलो का हथौड़ा जमीन पर मारे और दूसरा 300 किलो का, तो दोनों से कंपन होगा, लेकिन दूसरे का असर कहीं ज्यादा होगा। भूकंप में भी यही होता है। 7.5 तीव्रता वाला भूकंप, 6.5 की तुलना में करीब 32 गुना ज्यादा ताकत से धरती को हिलाता है। इसलिए इमारतें, सड़कें और पुल ज्यादा नुकसान झेलते हैं।
यही वजह है कि 7.0 से ऊपर के भूकंप को बेहद खतरनाक माना जाता है। USGS के मुताबिक, दुनिया में ऐसे भूकंप हर साल औसतन 10 से 20 बार आते हैं, लेकिन अगर इनका केंद्र किसी बड़े शहर के पास हो, तो भारी तबाही मचा सकते हैं।
बड़ी इमारतें ज्यादा हिलती हैं, इसलिए उन्हें ज्यादा नुकसान होता है। वहीं भूकंप रुकने के बाद भी छोटे-छोटे झटके आते रहते हैं, जिन्हें आफ्टरशॉक कहा जाता है। ये पहले से कमजोर हो चुकी इमारतों को भी गिरा सकते हैं। इसलिए बड़े भूकंप के बाद लोगों को तुरंत घरों में लौटने से मना किया जाता है।

02:50 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
मलबे से लोगों को निकालने का अभियान जारी
राजधानी कराकस में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। बचाव दल ढही हुई इमारतों के मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। वीडियो में कराकस में एक ढही हुई इमारत के मलबे से एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालते हुए देखा गया।
02:16 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
सरकार ने अभी मौत का आंकड़ा नहीं बताया
राष्ट्र के नाम संबोधन में राष्ट्रपति रोड्रिग्ज ने भूकंप में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। हालांकि उन्होंने मृतकों की संख्या नहीं बताई। उन्होंने कहा कि सरकार राहत और बचाव कार्य में पूरी ताकत से लगी है।
राष्ट्रपति के मुताबिक, भूकंप में एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा कारणों से उसे फिलहाल बंद रखा गया है। रोड्रिग्ज ने यह भी बताया कि अमेरिका समेत कई देशों ने वेनेजुएला से संपर्क कर संवेदना व्यक्त की है और हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
02:02 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
राष्ट्रपति ने आपातकाल की घोषणा की
राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने बुधवार रात पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया। उन्होंने डॉक्टरों और नर्सों से तुरंत अस्पताल पहुंचकर घायलों का इलाज शुरू करने की अपील की।
साथ ही कराकस के पास स्थित माइकेतिया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को अगली सूचना तक बंद रखने का ऐलान किया।
01:47 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
प्रत्यक्षदर्शी बोले- ‘लगा अब जिंदा नहीं बचेंगे’
भूकंप के बाद काराबोबो की राजधानी वेलेंसिया में रहने वाली 68 वर्षीय लुइसा मार्टिनेज ने कहा,
जिंदगी में पहली बार इतना डर लगा। ऐसा लग रहा था कि पूरा घर गिर जाएगा। मैं, मेरे पति और बेटा एक-दूसरे से लिपट गए। मैं लगातार भगवान से हमारी जान बचाने की प्रार्थना करती रही।

उन्होंने बताया कि भूकंप के दौरान पूरे घर में तेज कंपन महसूस हो रहा था और ऐसा लग रहा था कि इमारत कभी भी गिर सकती है।

भूकंप के बाद कई लोग एक-दूसरे को गले लगाकर रोते नजर आए, जबकि छोटे बच्चे डर से बिलख रहे थे।
01:16 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप
वेनेजुएला के बाद जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि सुनामी का खतरा नहीं है और शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं मिली है। USGS के मुताबिक भूकंप का केंद्र कुजी शहर से करीब 35 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। इसकी गहराई 51.7 किलोमीटर दर्ज की गई।
भूकंप के बाद प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने अधिकारियों को नुकसान का तत्काल आकलन करने और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
एहतियात के तौर पर ईस्ट जापान रेलवे (JR East) ने टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच चलने वाली बुलेट ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं। रेलवे ट्रैक और अन्य ढांचे की जांच पूरी होने के बाद सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी।
01:09 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
सुनामी का खतरा टला
भूकंप के बाद सुनामी की आशंका खत्म हो गई है। अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने ताजा अपडेट जारी कर कहा कि अब इस भूकंप से किसी भी तटीय इलाके को सुनामी का खतरा नहीं है।
भूकंप के तुरंत बाद एजेंसी ने चेतावनी दी थी कि भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में स्थित तटीय क्षेत्रों में सुनामी की लहरें उठ सकती हैं। इसके अलावा प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स के लिए भी एहतियातन अलर्ट जारी किया गया था।
01:06 AM25 जून 2026
- कॉपी लिंक
वेनेजुएला में 1967 जैसा भूकंप, तब 200 जानें गईं थीं
यह पहली बार नहीं है जब वेनेजुएला की राजधानी में जबरदस्त भूकंप आया हो। 1967 में, 6.6 तीव्रता के भूकंप ने कराकस को हिला दिया था, जिसमें 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इस भूकंप ने पालोस ग्रांडेस (मध्यम-वर्गीय इलाका) और अल्तामिरा (अमीर लोगों का इलाका) में कई इमारतें गिरा दी थीं।
बुधवार को आए भूकंप से ये दोनों इलाके फिर से प्रभावित हुए हैं। गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने सरकारी टीवी को बताया कि ‘वहां कई इमारतें ढह गई हैं। इस बार की तरह, 1967 में भी लोगों ने दो झटके महसूस किए थे।













