भारत के न्यूजीलैंड दौरे के टिकटों की रिकॉर्ड बिक्री:पहले 48 घंटे में 26 हजार टिकट बिके, 12 मैचों का दौरा अक्टूबर से | ACTPnews

भारत के न्यूजीलैंड दौरे के टिकटों की रिकॉर्ड बिक्री:पहले 48 घंटे में 26 हजार टिकट बिके, 12 मैचों का दौरा अक्टूबर से

भारत के आगामी मल्टी-फॉर्मेट न्यूजीलैंड दौरे के लिए पहले 48 घंटे में 26 हजार टिकट बिक गए। यह न्यूजीलैंड क्रिकेट की प्री-सेल में रिकॉर्ड शुरुआती मांग है। 12 मैचों का यह दौरा अक्टूबर से शुरू होगा। सोमवार को शुरू हुई न्यूजीलैंड क्रिकेट के क्रिकेट नेशन सदस्यों की प्री-सेल में यह सबसे ज्यादा मांग वाला दौरा बन गया है। ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले व्हाइट-बॉल मैचों के टिकट सबसे ज्यादा बिके हैं। क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन से भी टिकटों की मजबूत मांग सामने आई है। हैगली ओवल में मैचों के टिकट तेजी से बिके 9 हजार दर्शकों की क्षमता वाले हैगली ओवल के पहले दो टी-20 इंटरनेशनल मैचों के टिकट बिकने की उम्मीद है। ये मैच 22 और 24 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इसी मैदान पर 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक दूसरा और आखिरी टेस्ट भी होगा। इसके टिकटों की बिक्री भी तेजी से हो रही है। वेलिंगटन में होने वाले मैचों के लिए भी शुरुआती बिक्री मजबूत रही है। यहां तीसरा टी-20 और दूसरा वनडे खेला जाएगा। बेसिन रिजर्व में 19 नवंबर से पहला टेस्ट शुरू होगा। NZC अधिकारी ने फैंस से जल्दी टिकट लेने को कहा न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ मार्केटिंग एंड कमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचली ने कहा कि फैंस ने जल्दी टिकट लेने की अपील पर प्रतिक्रिया दी है। NZC के हवाले से क्रिचली ने कहा, “शुरुआत से हमारा फैंस के लिए संदेश रहा है कि टिकट जल्दी लेने की तैयारी करें, ताकि वे मैच देखने से चूकें नहीं। पहले दो दिनों की रिकॉर्ड बिक्री से साबित होता है कि कई लोगों ने हमारी बात सुनी है।” उन्होंने कहा, “न्यूजीलैंड के लोगों के लिए भारत से जुड़े क्रिकेट मैच का माहौल महसूस करने और दुनिया के कुछ सबसे बड़े खेल सितारों को खेलते देखने का यह दुर्लभ मौका है।” क्रिचली ने कहा, “हमने जानबूझकर टिकटों की कीमत पिछले सीजन जितनी ही रखी है। क्रिकेट नेशन एक्सेस कोड का इस्तेमाल करने पर एक टिकट की कीमत 30 डॉलर से कम है।” उन्होंने कहा, “हमें खुशी है कि फैंस अपनी सीट पक्की करने के लिए जल्दी टिकट ले रहे हैं। आम लोगों के लिए टिकट बिक्री शुरू होने में अभी 11 दिन बाकी हैं, इसलिए हमारा संदेश वही है—तैयारी करें और मौका न गंवाएं।” आम लोगों के लिए टिकटों की बिक्री 7 सितंबर से शुरू होगी। NZC ने कहा कि क्रिकेट नेशन के लिए साइन अप करने वाले फैंस प्री-सेल में टिकट ले सकेंगे और उन्हें 15% छूट भी मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports