नीट री-एग्जाम सेंटर से सीसीटीवी कैमरे चोरी:महू पुलिस ने 24 घंटे में दो चोरों को दबोचा; दिल्ली-भोपाल और एनटीए को भेजी सूचना | ACTPnews

नीट री-एग्जाम सेंटर से सीसीटीवी कैमरे चोरी:महू पुलिस ने 24 घंटे में दो चोरों को दबोचा; दिल्ली-भोपाल और एनटीए को भेजी सूचना

महू में नीट यूजी (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) के सेंटर से दो सीसीटीवी कैमरे चोरी हो गए। ये कैमरे मेन गेट और कॉमर्स बिल्डिंग स्थित एग्जाम रूम में लगे थे। हालांकि, पुलिस ने 24 घंटे में ही चोरी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर कैमरे बरामद कर लिए। 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा के लिए महू के भेरूलाल पाटीदार गर्वमेंट कॉलेज में दो एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं। पिछले पेपर लीक को देखते हुए प्रशासन ने दो दिन पहले ही यहां सुरक्षा बढ़ाने के लिए नए कैमरे लगवाए थे। इनमें से दो कैमरे 19 जून की शाम करीब 6 बजे चोरी कर लिए गए। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रवीण ओझा ने शनिवार सुबह बड़गोंदा थाने में लिखित शिकायत की। नीट की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने की वजह से पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। चोरों ने कैमरे तोड़कर फेंके पुलिस की एक टीम कॉलेज पहुंची और यहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इनमें चोरी का वीडियो मिल गया। इसके आधार पर गवली पलासिया के रहने वाले हिमांशु वर्मा (19) और विनय शर्मा (20) को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि चोरी करने के बाद कैमरे तोड़कर कॉलेज के पीछे वाले मैदान में फेंक दिए थे। उनकी निशानदेही पर दोनों कैमरे बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि परीक्षा से ठीक दो दिन पहले कैमरे चुराने के पीछे इन युवकों का असली मकसद क्या था? एक्स्ट्रा पुलिस फोर्स लगाई प्रिंसिपल डॉ. प्रवीण ओझा ने कहा- कैमरे चोरी होने की जानकारी तुरंत दिल्ली, भोपाल और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को दे दी थी। ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की लापरवाही को लेकर भी अंदरूनी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा- सेंटर पर तुरंत नए कैमरे लगाकर व्यवस्था पुख्ता कर ली गई है। जैमर, मेटल डिटेक्टर और एक्स्ट्रा पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *