फ्लाईदुबई विमान में कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी:'नीरजा’ से ‘बेल बॉटम’ तक प्लेन हाईजैक और संकट पर बनी 10 फिल्में | ACTPnews

फ्लाईदुबई विमान में कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी:'नीरजा’ से ‘बेल बॉटम’ तक प्लेन हाईजैक और संकट पर बनी 10 फिल्में

30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में बड़ा संकट पैदा हो गया। दुबई से तेल अवीव जा रहे बोइंग 737 MAX 8 के कॉकपिट में को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला कर दिया। विमान में 174 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे। हमले के बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा और करीब 30 सेकंड में 14 हजार फीट की ऊंचाई खो बैठा। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा अनलॉक किया। यात्रियों ने हमलावर को काबू किया। दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान संभाला और ताबुक में सुरक्षित लैंडिंग कराई। इस घटना ने बॉलीवुड की उन फिल्मों की याद दिलाई, जिनमें विमान हाईजैक, विमान संकट और यात्रियों को बचाने की कहानियां दिखाई गई हैं। इनमें कुछ फिल्में वास्तविक घटनाओं से प्रेरित हैं, जबकि कुछ काल्पनिक कहानियों पर आधारित हैं। 1. ‘नीरजा’ 2016 की फिल्म ‘नीरजा’ में सोनम कपूर ने एयर होस्टेस नीरजा भनोट का किरदार निभाया था। फिल्म 1986 के पैन एम फ्लाइट 73 हाईजैक पर आधारित थी। नीरजा ने यात्रियों को बचाने की कोशिश में अपनी जान गंवा दी थी। उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था। 2. ‘बेल बॉटम’ अक्षय कुमार की 2021 की फिल्म ‘बेल बॉटम’ 1980 के दशक की विमान हाईजैक घटनाओं से प्रेरित स्पाई थ्रिलर थी। फिल्म में अक्षय ने RAW एजेंट का किरदार निभाया, जो हाईजैक किए गए विमान से यात्रियों को बचाने के मिशन पर जाता है। 3. ‘योद्धा’ 2024 में आई सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म ‘योद्धा’ में एक पूर्व सैनिक हाईजैक किए गए विमान में फंस जाता है। इसके बाद वह यात्रियों की जान बचाने और हमलावरों का सामना करने की कोशिश करता है। यह एक काल्पनिक एक्शन थ्रिलर थी। 4. ‘कंधार’ मलयालम फिल्म ‘कंधार’ में मोहनलाल ने मेजर महादेवन का किरदार निभाया था। फिल्म में एक यात्री विमान के हाईजैक होने के बाद बंधकों को बचाने का अभियान दिखाया गया। इसकी कहानी 1999 के इंडियन एयरलाइंस फ्लाइट 814 हाईजैक से प्रेरित थी। 5. ‘जमीन’ अजय देवगन और अभिषेक बच्चन स्टारर ‘जमीन’ में एक विमान हाईजैक होने के बाद यात्रियों को बचाने का ऑपरेशन दिखाया गया। यह फिल्म 1999 के IC-814 हाईजैकिंग से थोड़ी-बहुत प्रेरित थी और ऑपरेशन एंटेबे से भी प्रभावित थी। 6. ‘हाईजैक’ 2008 की फिल्म ‘हाईजैक’ में शाइनी आहूजा ने ग्राउंड मेंटेनेंस इंजीनियर विक्रम मदान का किरदार निभाया था। उनकी बेटी जिस विमान में सफर कर रही होती है, उसे आतंकवादी हाईजैक कर लेते हैं। इसके बाद विक्रम विमान में घुसकर अपनी बेटी और दूसरे यात्रियों को बचाने की कोशिश करता है। 7. ‘चोर निकल के भागा’ यामी गौतम और सनी कौशल स्टारर यह फिल्म एक डायमंड चोरी की साजिश से शुरू होती है। इसके बाद विमान हाईजैक होने से कहानी पूरी तरह बदल जाती है। 8. ‘रनवे 34’ फिल्म ‘रनवे 34’ में अजय देवगन ने ‘कैप्टन विक्रांत खन्ना’ नाम के एक विलक्षण और आत्मविश्वासी पायलट की भूमिका निभाई थी। कहानी में दिखाया गया कि खराब मौसम और बेहद कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) के बीच वह जोखिम उठाकर विमान की एक ‘ब्लाइंड लैंडिंग’ करवाते हैं। इ सके बाद यात्रियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में उन पर कानूनी जांच (एविएशन इंक्वायरी) बैठती है, जिसका नेतृत्व अमिताभ बच्चन (नारायण वेदांत के रूप में) करते हैं। 9. ‘फ्लाइट’ 2012 की हॉलीवुड फिल्म ‘फ्लाइट’ में डेंजल वॉशिंगटन ने पायलट व्हिप व्हिटेकर का किरदार निभाया था। विमान में गंभीर तकनीकी खराबी आने के बाद वह इमरजेंसी लैंडिंग करता है। इसके बाद उसके फैसलों और हादसे की जांच होती है। 10. ‘एयर फोर्स वन’ 1997 में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म ‘एयर फोर्स वन’ एक पॉलिटिकल एक्शन थ्रिलर थी। फिल्म का निर्देशन मशहूर जर्मन डायरेक्टर वोल्फगैंग पीटरसन ने किया था। फिल्म की कहानी में राष्ट्रपति मार्शल रूस के मॉस्को से अमेरिका लौट रहे होते हैं। इसी दौरान उनके आधिकारिक विमान ‘एयर फोर्स वन’ को रूसी नव-राष्ट्रवादी आतंकवादी हाईजैक कर लेते हैं। इन आतंकियों का नेतृत्व इगोर कोर्शुनोव करता है। हाईजैक के दौरान सुरक्षा अधिकारी राष्ट्रपति को विमान से सुरक्षित निकालने की कोशिश करते हैं। हालांकि, मार्शल विमान से बाहर निकलने के बजाय वहीं छिपे रहते हैं। वह खुद को कार्गो होल्ड में छिपा लेते हैं और आतंकियों से बचते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर देते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports