बॉलीवुड ब्रीफ:शाहरुख की दरियादिली से मराठी फिल्म को फायदा; काला हिरण बनाने वाले अमित जानी को मिली धमकी, सनी देओल की 'बंटवारा 1947' का टीजर रिलीज | ACTPnews

बॉलीवुड ब्रीफ:शाहरुख की दरियादिली से मराठी फिल्म को फायदा; काला हिरण बनाने वाले अमित जानी को मिली धमकी, सनी देओल की 'बंटवारा 1947' का टीजर रिलीज

फिल्म प्रोड्यूसर अमित जानी ने दावा किया है कि उन्हें कथित आतंकवादी शहजाद भट्टी की तरफ से एक धमकी भरा फोन आया है। अमित जानी ने इस मामले की जानकारी ईमेल के जरिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राजस्थान के डीजीपी यूआर साहू को दी है। जानी के मुताबिक, यह धमकी उनकी आने वाली फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ से जुड़ी हुई है। यह फिल्म अभिनेता सलमान खान से जुड़े काले हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही है। इस फिल्म के टीजर रिलीज के बाद से ही विवाद बना हुआ है। अभिनेता सलमान खान ने अपने पर्सनालिटी राइट्स के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए फिल्म पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। इस मामले पर कोर्ट में 19 जून को सुनवाई होनी है। शाहरुख खान की मदद से मराठी फिल्म ने की रिकॉर्ड कमाई
मराठी फिल्म ‘देऊल बंद 2’ के निर्देशक प्रविण तरडे ने फिल्म की बड़ी सफलता का श्रेय अभिनेता शाहरुख खान की दरियादिली को दिया है। फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही यह अब तक की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मराठी फिल्म बन गई है। तरडे ने बताया कि सिनेमाघरों में फिल्म दिखाने के लिए डिजिटल सिनेमा पैकेज (DCP) की जरूरत थी, जिसके लिए उन्होंने शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट से संपर्क किया था। निर्देशक के मुताबिक, उन्होंने इस काम के लिए 12 लाख रुपए का बजट रखा था, लेकिन अंतिम खर्च 42 लाख रुपए आया। तरडे के पास रेड चिलीज को भुगतान करने के लिए इतने पैसे नहीं थे, लेकिन शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस ने उनकी मदद की जिससे फिल्म समय पर रिलीज हो सकी। सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का टीजर जारी
अभिनेता आमिर खान और सनी देओल विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक नई कहानी ‘बंटवारा 1947’ लेकर आ रहे हैं। गुरुवार को इस फिल्म का पहला टीजर रिलीज किया गया, जिसमें देश के बंटवारे के समय के दृश्यों को दिखाया गया है। एक मिनट पांच सेकंड के इस टीजर की शुरुआत आमिर खान के वॉयसओवर से होती है। आमिर बताते हैं कि कैसे 200 साल के संघर्ष के बाद भारत को आजादी तो मिली, लेकिन देश को विभाजन का दर्द भी झेलना पड़ा। टीजर में दंगों के बीच शबाना आजमी, प्रीति जिंटा और अली फजल के किरदारों की झलक दिखाई गई है। वीडियो के अंत में सनी देओल दंगाइयों का सामना करते हुए नजर आते हैं। इस फिल्म में सनी के बेटे करण देओल भी शामिल हैं। यह फिल्म इसी साल 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *