Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos and More From Dainik Bhaskar | ACTPnews

Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos and More From Dainik Bhaskar


  • Hindi News
  • National
  • Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar

57 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

ओडिशा में एक सरकारी ऑफिस के फीमेल टॉयलेट में जासूसी कैमरा लगाने के आरोप में एक अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब सामने आई जब 25 मई को एक महिला कर्मचारी वॉशरूम का इस्तेमाल कर रही थी और अचानक कैमरा गिर गया। महिला ने 26 मई को टिरटोल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और जांच शुरू की गई,

जगतसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार वर्मा ने पत्रकारों को बताया कि विस्तृत जांच करने, सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और उपकरण का फोरेंसिक विश्लेषण करने के बाद, हमने पाया कि कार्यालय में जूनियर राजस्व सहायक संजय अधेक महिलाओं के वॉशरूम क्षेत्र में बार-बार आता-जाता था।

वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपराध कबूल किया और नरमी बरतने की गुहार लगाई।

आज की अन्य खबरें…

गुजरात के बारडोली में दो बसें टकराईं, 7 की मौत; मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

गुजरात में सूरत जिले के बारडोली के पास मंगलवार दोपहर को दो बसें टकरा गईं। हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई। टक्कर के बाद एक बस पलट गई, जिसमें आग लग गई। इसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। मौके पर फायर ब्रिगेड, मेडिकल और रेस्क्यू टीमें पहुंच गई हैं।

गुजरात में BJP विधायक योगेश पटेल का निधन, 2022 में आठवीं बार जीते थे

गुजरात में बीजेपी के सबसे वरिष्ठ विधायक योगेश पटेल का मंगलवार को निधन हो गया। योगेश पटेल वडोदरा की मांजलपुर सीट से विधायक थे। 2022 के चुनावों के बीजेपी ने योगेश पटेल की उम्र 75 साल से अधिक होने के बाद भी उन्हें टिकट दिया था। योगेश पटेल का वडोदरा के एक अस्पताल में निधन हुआ।

पटेल 2022 के चुनावों मेंआठवीं बार जीते थे। इसके बाद उन्हें सदन का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया था। वे वडोदरा में रावपुरा और मांजलपुर सीटों से विधायक रहे। वह 1990 में पहली बार विधायक चुने गए थे। योगेश पटेल संजय गांधी के करीबी थे। फिर 1995 में भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद अंत तक बीजेपी में रहे।

सुप्रीम कोर्ट के 5 नए जजों ने शपथ ली; जजों की कुल संख्या 32 से बढ़कर 37 हुई

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) जस्टिस सूर्यकांत ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के 5 नए जजों को पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 37 हो गई, जो कि स्वीकृत संख्या (38) से केवल एक कम है।

केंद्र सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकिता सुब्रमणि मोहना, बॉम्बे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस चंद्रशेखर, पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा, और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस अरुण पल्ली को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त करने की मंजूरी दी थी।

ED ने दाऊद के करीबी सलीम डोला से जुड़े ड्रग्स नेटवर्क के 20 ठिकानों पर छापेमारी की

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दाऊद इब्राहिम के करीबी और हाल ही में तुर्की से भारत लाए गए ड्रग तस्कर सलीम इस्माइल डोला से जुड़े इंटरनेशनल ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

ED ने मंगलवार को महाराष्ट्र और गुजरात में 20 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॅान्ड्रिंग मामले के तहत की जा रही है। छापेमारी मुंबई,सूरत, अंकलेश्वर और राजकोट में की जा रही है।

जांच एजेंसी के अनुसार, यह नेटवर्क MD के निर्माण, तस्करी और उससे होने वाली अवैध कमाई को हवाला के जरिए खपाने में शामिल था।

मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादी गिरफ्तार, कारोबारियों से जबरन वसूली कर रहे थे

मणिपुर पुलिस ने जबरन वसूली के आरोप में प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ये लोग स्थानीय लोगों और छोटे कारोबारियों से पैसे वसूल रहे थे।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों के खिलाफ वसूली के आरोप हैं।

दो उग्रवादियों को सोमवार को इंफाल ईस्ट जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 49 वर्षीय मैबाम अरुण सिंह और 30 वर्षीय थांगजाम सुरंकुमार सिंह के रूप में हुई है।

इसी बीच, इंफाल वेस्ट जिले के एक कार्यालय परिसर से कांगलेई यावोल कन्ना लुप (KYKL) के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी पहचान 38 वर्षीय ब्रमाचारिमायुम सना शर्मा उर्फ इबुंगो उर्फ मणिसाना के रूप में की है।

दिल्ली के मुकुंदपुर में LPG सिलेंडर ब्लास्ट से मकान ढहा, हादसे में 11 लोगों को निकाला गया

दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह LPG सिलेंडर में ब्लास्ट होने से एक मंजिला मकान ढह गया। हादसे में 11 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया, जिनमें एक महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने बताया कि जिस इमारत में हादसा हुआ, वहां बर्तनों की पॉलिशिंग का काम किया जाता था। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, घटना सुबह 9:37 बजे की है।

सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, मकान के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटनास्थल पर 5 दमकल भेजे गए हैं। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

पश्चिम बंगाल में CID ने सिग्नेचर फर्जीवाड़ा मामले में TMC के 13 विधायकों के बयान दर्ज किए

फाइल फोटो

फाइल फोटो

पश्चिम बंगाल में सिग्नेचर फर्जीवाड़ा मामले की जांच कर रही CID ने अब तक TMC के 13 विधायकों के बयान दर्ज किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, तीन विधायकों ने कहा है कि 6 मई की बैठक के रजिस्टर में मौजूद सिग्नेचर उनके नहीं हैं। CID ने TMC सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को नोटिस भेजकर बैठक का रजिस्टर पेश करने को कहा है।

मामला विधानसभा में विपक्ष के नेता, उपनेता और चीफ व्हिप की नियुक्ति से जुड़े प्रस्ताव में कथित गड़बड़ी और फर्जी सिग्नेचर के आरोपों से जुड़ा है। दो TMC विधायकों ने दावा किया था कि 6 मई को ऐसी कोई बैठक नहीं हुई थी। उनका कहना है कि उन्होंने रजिस्टर पर 19 मई को सिग्नेचर किए थे।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 6 मई की तारीख वाला प्रस्ताव बाद में तैयार किया गया और उसमें कई सिग्नेचर ब्लॉक लेटर में किए गए। विधानसभा के प्रधान सचिव की शिकायत के बाद 27 मई को धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया था। अगले दिन CID ने जांच शुरू कर दी।

रनवे मरम्मत के चलते जुलाई से सितंबर तक सप्ताह में दो दिन बंद रहेगा श्रीनगर एयरपोर्ट

श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत और री-सर्फेसिंग के काम के चलते 1 जुलाई से 30 सितंबर तक हर सोमवार और मंगलवार को उड़ान सेवाएं बंद रहेंगी। अधिकारियों के अनुसार, इस फैसले से करीब 2 लाख यात्रियों के प्रभावित होने की आशंका है। वर्तमान में श्रीनगर एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 35 से 40 उड़ानें संचालित होती हैं। फिलहाल भी मरम्मत कार्य के कारण उड़ानों का संचालन सीमित समय के लिए किया जा रहा है।

बंगाल की खाड़ी में 4.6 तीव्रता का भूकंप, कोई नुकसान नहीं

बंगाल की खाड़ी में मंगलवार सुबह 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप सुबह 7:43 बजे दर्ज किया गया। इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। NCS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र बंगाल की खाड़ी में 14.027 डिग्री नार्थ लैटिट्यूड और 93.132 डिग्री ईस्ट लॉन्गिट्यूड पर स्थित था। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन शुरू, 18 जून को वोटिंग

चुनाव आयोग ने सोमवार को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया था। आज से इसके लिए नामांकन शुरू हो जाएंगे। इनमें कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गुजरात की 4-4 सीटें; राजस्थान और मध्य प्रदेश की 3-3 सीटें; झारखंड की 2 सीटें; और अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर व मेघालय की 1-1 सीट शामिल है।

इन सीटों पर 18 जून को वोट डाले जाएंगे और उसी दिन नतीजे भी आ जाएंगे। चुनाव के लिए पर्चा भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आखिरी तारीख 8 जून है। इसके अलावा महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की 1-1 सीट पर उपचुनाव के लिए भी नोटिफिकेशन जारी हुआ है।

दिल्ली में 17 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या; मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम

उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में सोमवार देर रात एक 17 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। DCP राहुल अलवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां 17 साल का अभिषेक जमीन पर पड़ा हुआ मिला।

चश्मदीदों के मुताबिक, यह वारदात दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जहां स्थानीय बाजार होने के कारण लोगों की लगातार आवाजाही बनी हुई थी। फॉरेंसिक टीम ने अपराध स्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटा लिए हैं और इस मामले में बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया जा रहा है।

जम्मू में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान पुलिस पर पथराव; 3 पुलिसकर्मी घायल

जम्मू के वन क्षेत्र में चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान के खिलाफ बुलाए गए एक विरोध मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के पथराव में एक महिला पुलिस DSP सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवा में फायरिंग करनी पड़ी।

26 मई को निचली शिवालिक पहाड़ियों में कार्रवाई के दौरान 30 से अधिक अवैध ढांचों को गिराकर करोड़ों रुपए मूल्य की करीब 60 कनाल वन भूमि को मुक्त कराया गया था। पुलिस के मुताबिक, इस विरोध मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports