- Hindi News
- National
- IMD Weather Rainfall Photos Update; MP UP Rajasthan | Kerala Monsoon Haryana Punjab Alert
नई दिल्ली1 दिन पहले
- कॉपी लिंक
देश के 11 राज्यों में गुरुवार को आंधी-बारिश ने तबाही मचाई। मध्य प्रदेश के भोपाल में 70kmph की रफ्तार से तूफान आया। इससे कई इलाकों में 80 से ज्यादा पेड़ गिरे।
उत्तर प्रदेश के भी 12 शहरों में बारिश हुई, नोएडा में भी दोपहर बाद तेज हवाओं के कारण 400 पेड़ उखड़ गए। पेड़ गिरने कई जगह गाड़ियां दब गईं। रास्ते घंटों जाम रहे।
राजस्थान के जयपुर में दिल्ली से 4 फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ीं। श्रीगंगानगर में ओले गिरे। दिल्ली-एनसीआर में भी खराब मौसम के कारण 11 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।
इधर, हरियाणा के फरीदाबाद में फ्लाईओवर बनाने लगाई गई क्रेन तेज हवाओं के कारण पलट गई। इसमें 3 मजदूरों की मौत हो गई। बिहार के भागलपुर में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने देश के 27 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़ भी शामिल हैं।

मानसून अलर्ट…
- मानसून की केरलम में 4 जून को एंट्री हुई। इसके साथ ही इसने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया। मानसूनी हवाएं कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी पहुंच गईं हैं।
- मानसून आमतौर पर 1 जून को केरलम पहुंचता है। डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर करता है। वापसी आमतौर पर 17 सितंबर के आसपास राजस्थान से शुरू होती है और 15 अक्टूबर तक पूरी हो जाती है।
- मौसम विभाग ने बताया कि केरलम के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है। सड़कों पर पानी भर गया है और निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।
- IMD ने शुक्रवार को राज्य के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया। इन जिलों के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और 40kmph की रफ्तार से हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है।
राज्यों से मौसम की तस्वीरें…

मध्य प्रदेश के भोपाल में गुरुवार को करीब एक घंटे की बारिश के बाद सड़कें पानी में डूब गईं।

भोपाल में 70kmph की रफ्तार से आंधी चली। इससे ट्रैफिक सिग्नल तक गिर गए।

हरियाणा के फरीदाबाद में गुरुवार को तेज हवाओं से क्रेन पलट गई। इससे कंटेनर के नीचे 3 मजदूर दब गए।

राजस्थान के जयपुर में बारिश के साथ बिजली गिरी। हवामहल के ऊपर बिजली गिरने की तस्वीर कैमरे में कैद हो गई।

दिल्ली में गुरुवार को बारिश के बाद सड़कों पर पानी जमा हो गया।

दिल्ली में बारिश से बचने के लिए ई-रिक्शा को बड़ी पॉलिथिन कवर किया गया।

यूपी के नोएडा की फिल्म सिटी में गुरुवार को आंधी के कारण पेड़ कारों पर टूटकर गिरे।

तमिलनाडु के कन्याकुमारी में गुरुवार को तेज बारिश के बीच बच्चे को लेकर जाता शख्स।

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में भी गुरुवार शाम को तेज बारिश हुई।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
6 जून:
- राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान की आशंका के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
- शनिवार तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरलम, कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज बारिश होने का अनुमान है।
- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने का भी अनुमान लगाया है।
7 जून:
- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में 40-50kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है।
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ क्षेत्रों में बारिश और आंधी की स्थिति रह सकती है।
- केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में बारिश का अनुमान है। तटीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है।
- असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश और आंधी-तूफान का असर रहेगा।
गर्मी खत्म नहीं हुई, राजस्थान के 11 जिलों में पारा 40°C पार
राजस्थान, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु के कुछ जिलों में अभी भी गर्मी के तेवर कम नहीं हुए हैं। राजस्थान के 11 जिलों में गुरुवार को पारा 40 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। श्रीगंगानर में पारा 44°C से ज्यादा रहा।

राज्यों में मौसम का हाल…
1. मध्य प्रदेश: भोपाल में आंधी-बारिश से 80 पेड़ गिरे, 45 जिलों में आज भी अलर्ट

मध्य प्रदेश में प्री मानसून के चलते पिछले दो दिन से प्रदेश के आधे हिस्से में तेज आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। भोपाल में गुरुवार शाम करीब 70kmph की रफ्तार के साथ आंधी चली और बारिश हुई। करीब 80 पेड़ गिर गए। शुक्रवार को भोपाल, इंदौर समेत करीब 45 जिलों में बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें…
2. राजस्थान: जयपुर में रातभर बारिश, भरतपुर में आंधी से एक की मौत; आज 22 जिलों में अलर्ट

राजस्थान में मानसून जुलाई के पहले हफ्ते में पहुंचेगा। इससे पहले प्रदेश में प्री-मानसून की शुरुआत हो गई। जयपुर में गुरुवार रात रुक-रुककर बारिश होती रही। भरतपुर में आंधी के कारण एक घर की दीवार ढह गई। एक महिला की मौत हो गई। प्रदेश के 22 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें…
3. उत्तर प्रदेश: लखनऊ-आगरा समेत 5 शहरों में बारिश, 38 जिलों में अलर्ट

आज यूपी के 38 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट है। इनमें से 21 जिलों में ऑरेंज और 17 में यलो अलर्ट है। लखनऊ-आगरा समेत 5 शहरों में शुक्रवार सुबह से बारिश हुई। मानसून 18 जून तक गोरखपुर के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करेगा। यह 22 जून तक लखनऊ पहुंच सकता है। पूरी खबर पढ़ें…
4. बिहार: आज 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, 26 जिलों में हीटवेव की चेतावनी

बिहार के पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, लखीसराय और बेगूसराय में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। यहां तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं चंपारण, सीतामढ़ी, अररिया सहित 12 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें…
5. हरियाणा: 16 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 40-50kmph की रफ्तार से हवाएं चलेंगी

हरियाणा के 16 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। 40-50kmph की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले 2 से 3 दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…
6. उत्तराखंड: सभी जिलों में बारिश के आसार, देहरादून में चलती गाड़ियों पर पेड़ गिरे

उत्तराखंड के सभी जिलों में आज बारिश की संभावना है। 7 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत शामिल हैं। देहरादून में चलती गाड़ियों पर पेड़ गिरे। पूरी खबर पढ़ें…














