- Hindi News
- National
- IMD Weather Update; UP MP Maharashtra Heatwave Alert | Bihar Rajasthan CG Temperature
भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
25 मई से नौतपा शुरू हो रहे हैं, लेकिन उससे पहले ही तापमान 48°C पहुंच गया है। यह आंकड़ा उत्तर प्रदेश के बांदा में रिकॉर्ड हुआ। तापमान के लिहाज से 20 मई को बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा।
बांदा से ज्यादा तापमान केवल मिस्र के असवान में 49.4°C और सऊदी अरब के अराफात में 48.4°C रहा। दुनियाभर में सबसे ज्यादा तापमान वाले टॉप-5 शहरों में खजुराहो 47.4°C के साथ चौथे नंबर पर रहा।
इधर, बलरामपुर में भीषण गर्मी के कारण कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ाई के दौरान 8 छात्राएं बेहोश हो गईं। सभी को उल्टी, सिरदर्द और बेहोशी जैसी शिकायतें थीं। इनका इलाज चल रहा है।
बुधवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा और महाराष्ट्र के 16 शहरों में भी तापमान 46°C से ज्यादा रहा।
महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1°C, हरियाणा के रोहतक में 46.9°C, महाराष्ट्र के नागपुर में 46.6°C और मध्य प्रदेश के नौगांव में भी पारा 46.6°C तक पहुंच गया।
देशभर के मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले सेहत पर गर्मी का असर बताने वाली ये जरूरी खबर…
टेंपरेचर बढ़ने पर गुस्सा और चिड़चिड़ापन बढ़ता है। कम नींद की समस्या हो सकती है। कई बार काम में फोकस कम हो जाता है। दरअसल ज्यादा टेम्परेचर होने पर शरीर को ठंडा रखने के लिए ज्यादा ऊर्जा खर्च होती है। ब्रेन में फील गुड हॉर्मोन्स का संतुलन बिगड़ जाता है। पढ़ें पूरी खबर…
हेल्थ अलर्ट: प्यास न लगे तो भी थोड़ा-थोड़ा पानी पियें
एम्स दिल्ली में मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल के मुताबिक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक की धूप से बचें। बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोगों को ऐसी गर्मी से ज्यादा खतरा है।
जब प्यास न भी लगे, गला न सूखे, फिर भी पानी पीते रहें। दिनभर में 4 लीटर पानी पियें। गर्मी के घंटों के दौरान कोई भी शारीरिक मेहनत का काम न करें। ढीले और हल्के रंग के कपड़े ही पहनें।

देश में बांदा ही सबसे गर्म क्यों
बांदा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिनेश के मुताबिक देश में बांदा में सबसे ज्यादा तापमान होने के पीछे मुख्य कारण इसका कर्क रेखा के नजदीक होना है। इसके अलावा सीधी धूप, साफ आसमान, मिट्टी में नमी की कमी वाला पठारी इलाका, सूखती नदियां, जंगलों की कटाई और खनन शामिल हैं।
भास्कर नॉलेज फैक्ट
- दुनिया का सबसे ज्यादा तापमान 10 जुलाई 1913 को अमेरिका की डेथ वैली में रिकॉर्ड किया गया था। वहां 56.7°C (134°F) तापमान था।
- दुनिया की सबसे गर्म जगहों में ईरान के रेगिस्तान दश्त-ए-लुट का नाम शामिल है। 2005 में यहां जमीन की सतह का तापमान लगभग 70.7°C तक रिकॉर्ड हुआ था।
- भारत में आधिकारिक सबसे ज्यादा तापमान 51.0°C फलोदी में 19 मई 2016 को रिकॉर्ड किया गया था।
मानसून एक जगह पर अटका
मानसून का आगे बढ़ना भी रुक गया है। फिलहाल वह तीन दिन से एक ही स्थान अंडमान-निकोबार और कोलंबो के आसपास अटका हुआ है। इसे आगे बढ़ने के लिए कोई भी ताकत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार से पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मौसम बदलने लगेगा।
अरुणाचल, असम, मेघालय में कुछ जगह भारी से भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 24 मई तक बारिश का अच्छा दौर रह सकता है। बाकी देश तपता रहेगा।

देशभर में मौसम की तस्वीरें…

यूपी के वाराणसी में लोग लू के बीच कपड़े से खुद को ढंककर जाते हुए।

झारखंड के रांची की बस्तियों में टैंकर से पानी सप्लाई किया जा रहा है।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
22 मई:
- राजस्थान, यूपी, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और पंजाब में हीटवेव का अलर्ट।
- बिहार में बारिश का ऑरेंज अलर्ट। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिर सकते है।
23 मई:
- राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट है। रातें भी गर्म रहेंगी। छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हीटवेव चलेगी।
- असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान है।
राज्यों से मौसम की खबरें…
1. राजस्थान: श्रीगंगानगर राज्य में सबसे गर्म, पारा 46°C पार, अगले चार दिन आधे राजस्थान में हीटवेव का रेड अलर्ट

प्रदेश में गर्मी और हीटवेव (लू) से लोग परेशान हैं। कोटा, चित्तौड़गढ़, पिलानी (झुंझुनूं), अलवर समेत अन्य शहरों का तापमान 44°C से ऊपर दर्ज हुआ। सबसे गर्म शहर श्रीगंगानगर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 46°C से ज्यादा रहा। अगले चार-पांच दिन तेज गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की संभावना कम है। पढ़ें पूरी खबर…
2. मध्य प्रदेश: 7 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट, 34 साल में खजुराहो मई में सबसे ज्यादा गर्म

खजुराहो, नौगांव, निवाड़ी, दतिया, राजगढ़ समेत 16 शहरों में बुधवार को पारा 44°C के पार रहा। खजुराहो 47.4°C के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग के अनुसार, मई में पहली बार खजुराहो इतना तपा है। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को तापमान 46.9°C दर्ज किया गया था। पढ़ें पूरी खबर…
3. उत्तर प्रदेश: 23 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट, बांदा 48 C के साथ देश का सबसे गर्म शहर

प्रदेश पिछले एक हफ्ते से भीषण गर्मी की चपेट में है। बांदा लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48°C रिकॉर्ड किया गया। 1951 के बाद यह बांदा का सबसे अधिक तापमान है। 2026 में बांदा चौथी बार सबसे गर्म जगह बना है। आज प्रदेश के 23 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। पढ़ें पूरी खबर…
4. बिहार: 5 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट, 43.4°C के साथ कैमूर सबसे गर्म; 23 जिलों में बारिश के आसार

प्रदेश में इस समय दो अलग-अलग सिस्टम सक्रिय हैं। कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 5 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां तापमान 45°C या उससे ऊपर पहुंच सकता है। सीतामढ़ी, मधुबनी समेत 23 जिलों में बारिश के आसार हैं। 43.4°C के साथ कैमूर सबसे गर्म जिला रहा। पढ़ें पूरी खबर…
5. जम्मू-कश्मीर: जहां 2 महीने पहले जमी थी बर्फ वहां लू चल रही, सांबा में पारा 45.7°C पहुंचा
जम्मू में लू के हालात हैं। बुधवार को कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। सांबा 45.7°C के साथ सबसे गर्म रहा। यह सामान्य से 7°C ज्यादा था। वहीं जम्मू में 43.1°C तापमान दर्ज किया गया। कठुआ में 43.8°C, रामबन में 42.5°C तक पहुंच गया, जबकि उधमपुर में 40.2°C तापमान दर्ज किया गया।
6. हिमाचल प्रदेश: मैदानों के साथ पहाड़ भी तपे, ऊना का टेंपरेचर 44॰C पहुंचा; 4 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

राज्य में दो दिन से चल रही हीटवेव के कारण मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों में भी गर्मी बढ़ रही है। शिमला का पारा सामान्य से 5.5 डिग्री हो गया है।स्कूली बच्चों, नौकरी पेशा और कामकाजी लोगों घर से बाहर निकलने पर भीषण गर्मी से जूझना पड़ रहा है। ऊना का टेंपरेचर 44॰C पहुंच गया है। आज 4 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। पढ़ें पूरी खबर…
7. ओडिशा: भीषण गर्मी का कहर, झारसुगुड़ा में 46 डिग्री तापमान; IMD ने 4 दिनों के लिए चेतावनी जारी की
ओडिशा भीषण गर्मी की चपेट में है, बुधवार को औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा में पारा चढ़कर 46 डिग्री तक पहुंच गया। 45.3 डिग्री के साथ संबलपुर राज्य का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि हीराकुंड में तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों के लिए कई जिलों में लू (हीटवेव) की चेतावनी जारी की है। 21 जगहों पर दिन का तापमान 40 डिग्री और उससे ज्यादा दर्ज किया गया।
8. उत्तराखंड: देहरादून-हरिद्वार समेत 6 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, 42°C तक पहुंच सकता है तापमान

देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत 6 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में तापमान 39 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा है और सभी जिलों से रोजाना रिपोर्ट मांगी है। पढ़ें पूरी खबर…
9. हरियाणा: रोहतक सबसे गर्म तापमान 46.9 डिग्री, आज से चलेगी हीटवेव

प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव चल रही है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रोहतक में 46.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। पढ़ें पूरी खबर…
10. गुजरात: अहमदाबाद में लगातार तीसरे दिन तापमान 43.7 डिग्री

बुधवार को अहमदाबाद में तापमान 43.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, कांडला एयरपोर्ट, अमरेली, राजकोट, सुरेंद्रनगर और गांधीनगर में पारा 42 डिग्री के पार चला गया। वहीं, सूरत के लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। बुधवार को यहां 24 घंटों में तापमान में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।














