AAP Statement on CM Bhagwant Mann Video; Girls Dead Body | ACTPnews

AAP Statement on CM Bhagwant Mann Video; Girls Dead Body


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर CM भगवंत मान से जुड़ी रही। आम आदमी पार्टी ने कहा कि विवादित वीडियो में CM भगवंत मान नहीं है। किसी एक्टर का इस्तेमाल कर वीडियो तैयार किया गया है।।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. AAP का दावा- विवादित वीडियो में CM नहीं, एक्टर से तैयार करवाया

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कथित विवादित वीडियो को लेकर प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। इसी बीच आज वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) ने दो लैबों की रिपोर्ट पेश की।

पार्टी ने दावा किया कि इन रिपोर्टों में कुल 1191 अलग-अलग एंगल से CM की बॉडी का विश्लेषण किया गया है, जिसमें चेहरे, कद-काठी और चाल-ढाल तक का अध्ययन शामिल है। उन्होंने कहा कि ये दोनों लैब स्वतंत्र हैं, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त हैं और पंजाब के बाहर स्थित हैं। AAP नेताओं के अनुसार, रिपोर्ट से स्पष्ट होता है कि वीडियो में CM भगवंत मान नहीं हैं, बल्कि किसी अभिनेता का इस्तेमाल कर वीडियो तैयार किया गया है।

वहीं, AAP आज इस मामले में पंजाब DGP से भी मुलाकात करने जा रही है। CM भगवंत मान पर आरोप है कि उन्होंने गुरुओं की तस्वीर के सामने शराब पी और उसके छींटे मारे। इसका कथित तौर पर वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसकी जांच अकाल तख्त ने करवाई और इसे सही करार देते हुए CM मान को गुरुदोषी और पंथ विरोधी करार दिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

2. कैशियर मर्डर के आरोपियों का एनकाउंटर, जंगल में भागने की कोशिश की

चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास मर्डर केस के आरोपियों का एनकाउंटर हो गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तारी के बाद जब इन्हें चंडीगढ़ लाया जा रहा था, तब इन्होंने भागने की कोशिश की।

पुलिस ने गोलियां मारकर दोनों आरोपियों को दोबारा काबू किया। इसमें दोनों आरोपी घायल हुए हैं। सेक्टर-25 में जंगल के पास यह घटना हुई। मामला आज सुबह पांच से साढ़े 5 बजे का बताया गया है। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं।

एनकाउंटर के दौरान हमलावर सन्नी मेहरा को 2 गोलियां और दूसरे आरोपी आर्यन को एक गोली लगी है। गोली टांगों में लगी बताई जा रही हैं। जब दोनों आरोपी जम्मू से अरेस्ट हुए, उसके बाद बुधवार रात गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की आवाज में एक ऑडियो वायरल हुआ। उसमें कहा गया कि अगर हमारे भाइयों को अरेस्ट किया है तो उनकी अरेस्ट ही दिखाई जाए। अगर कोई नुकसान किया तो जायज नाजायज नहीं देखेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

3. युवक को जबरन गाड़ी में ठूंसा, फैक्ट्री में बंधक बनाकर मारपीट

लुधियाना के गयासपुरा चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास से एक युवक को किडनैप कर लिया गया। बदमाशों ने युवक को जबरदस्ती कार के अंदर ठूंसा और गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

पीड़ित परवेश गुप्ता (19) ने पुलिस को दी शिकायत में अपहरण की वजह भी बताई है। उसके अनुसार, वह पहले आरोपी करण कुमार यादव की फैक्ट्री में CNC मशीन चलाने का काम करता था।

करीब एक महीने पहले उसने यह नौकरी छोड़ दी थी, क्योंकि आरोपी उसकी पूरी सैलरी समय पर नहीं देता था। बकाया वेतन मांगने पर आरोपी ने पहले भी उसके साथ मारपीट की थी और इसी रंजिश के चलते इस पूरी अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

4. पाकिस्तान के गुरुद्वारे में सेवादार दंपती की गोलियां मारकर हत्या, CCTV गायब

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में गुरुद्वारे के अंदर सिख केयरटेकर दंपती की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, घटना पेशावर से करीब 60 किमी दूर मरदान के बाबू मोहल्ला इलाके में हुई।

मरदान के जिला पुलिस अधिकारी मसूद अहमद ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने गुरुद्वारे के भीतर फायरिंग की। इसमें जगन्नाथ और उनकी पत्नी आसमा वंती की मौत हो गई। पुलिस हमले की वजह और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।

हमले के बाद से गुरुद्वारे के CCTV फुटेज भी गायब हैं। पुलिस भी इसे टारगेट किलिंग मानकर जांच कर रही है। सिख नेताओं और श्री अकाल तख्त साहिब के अनुसार, यह हमला पाकिस्तान में रह रहे अल्पसंख्यक सिखों में डर का माहौल पैदा करने और वहां की कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की एक गहरी साजिश का हिस्सा हो सकता है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. गुरुद्वारे में बेअदबी, महिला ने गुटका साहिब फाड़ा, लोगों ने डंडे से पीटा

जालंधर के गुरुद्वारे में बेअदबी की गई। एक महिला ने अचानक गुरुद्वारे में घुसकर गुटका साहिब उठा लिया और उसके अंग फाड़ दिए। उससे पहले महिला ने गुरुद्वारे में तालियां बजाकर काफी हंगामा भी किया। गुरुद्वारे में मौजूद बच्चे इसे देखकर डरकर बाहर भाग गए।

उन्होंने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को पकड़ा और डंडे से उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हेड ग्रंथी के भी बयान दर्ज किए गए हैं।

यह घटना जालंधर के संगवाल गांव स्थित श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में घटी। गांव की सरपंच प्रवीण कुमारी ने बताया है कि बुधवार शाम करीब 7 बजे गुरुद्वारे में कोई सेवादार नहीं था। केवल कुछ बच्चे ही मौजूद थे। उसी समय महिला गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुई। (पढ़ें पूरी खबर)

6. पांच दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, तापमान 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा

पंजाब और चंडीगढ़ में आज से मौसम बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से 18 जून से 23 जून तक राज्य में बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट है। इस दौरान हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र की तरफ से 5 दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

दूसरी तरफ राज्य में तापमान एक बार फिर बढ़ा है। बुधवार को तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया। हालांकि, अभी तक लोगों को लू से राहत रहेगी।

आज 15 जिलों बारिश की संभावना है। इनमें नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर), फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर (रोपड़), पटियाला और मोहाली शामिल हैं। इस दौरान बारिश या तूफान पूरे इलाके में नहीं होगा, सिर्फ कुछ चुनिंदा जगहों पर ही होगा। बारिश की संभावना 25 से 50 फीसदी तक होगी। भले ही अभी मानसून पहुंचने में देरी है, लेकिन इस दौरान होने वाली बारिश को प्री-मानसून में ही गिना जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)

7. नाबालिग बेची, बोली- पिता नशे के लिए पैसे चाहता था, पति ने जबरन संबंध बनाए

हरियाणा के भिवानी में 2 साल की बेटी को बाप ने नशे के लिए सिरसा में बेच दिया। जब लड़की 16 साल की हुई तो सौतेले-मां बाप ने उसका सौदा पंजाब के परिवार के साथ कर दिया। सौदा होने के बाद नाबालिगा की साहिल नाम के युवक से शादी तय कर दी गई।

शादी से 15 दिन पहले उसे सौतेले भाई के पास लुधियाना भेजा। सौतेले मां-बाप ने ससुराल वालों के साथ मिलकर चोरी-छिपे उसकी शादी लुधियाना में करवा दी ताकि किसी कानूनी चक्कर में न फंसे। नाबालिगा खुद के सौदा होने की बात से बेखबर थी। शादी के बाद उसे साहिल के साथ उसके घर भेजा गया। वहां जाकर परिवार ने उसे घर के एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। पति ने जबरन संबंध बनाए। जब वो संबंध बनाने से मना करती तो उसे कहा गया कि खरीदकर लाए हैं तो हमारी मर्जी से रहना होगा।

नाबालिगा इसी बीच प्रेग्नेंट हो गई। नाबालिगा का आरोप है कि साहिल नशा करके उसके साथ जबरन संबंध बनाता रहा और पीटता रहा। उसे घर के बाहर निकलने नहीं दिया। करीब डेढ़ महीने पहले वो अपने बच्चे को लेकर घर से भागकर अपनी मां के पास आई। (पढ़ें पूरी खबर)

8. जॉब इंटरव्यू के लिए निकली युवती की लाश मिली, सड़क पर पड़ी थी

संगरूर में गुरुवार सुबह धुरी रोड पुल के बगल वाली सड़क पर पड़ा एक युवती का शव मिला। युवती का सिर फटा हुआ था, जिससे काफी खून बह गया। किसी राहगीर ने इसे देखा और पुलिस को सूचित किया।

घटना की सूचना मिलते ही संगरूर पुलिस अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। DSP ने इसे सुसाइड बताया है। मृतक युवती की पहचान उसके परिजनों ने की। युवती की बहन और जीजा भी मौके पर पहुंचे।

परिजन ने बताया कि रजनी (24) बुधवार को महिंद्रा एजेंसी में इंटरव्यू देने गई थी। उसके बाद से घर नहीं लौटी। उन्हें आज सुबह फोन पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह बेरोजगार थी और उसे काफी समय से काम नहीं मिल रहा था। (पढ़ें पूरी खबर)

9. पूर्व PM गुजराल के बेटे से ₹7.80 करोड़ की ठगी, स्टाफ से मंगाए पैसे

पूर्व प्रधानमंत्री आईके गुजराल के बेटे और पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश गुजराल के साथ ठगी हुई। ठगों ने वॉट्सएप पर गुजराल की फोटो लगाकर उनकी ही कंपनी के कर्मचारी को झांसा दिया और ₹7.80 करोड़ ट्रांसफर करवा लिए।

इसके बाद कर्मचारी ने इस बारे में नरेश गुजराल की बेटी दीक्षा गुजराल को जानकारी दी। दीक्षा को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत अपने पिता से बात की। नरेश गुजराल ने साफ कहा कि उन्होंने किसी को पैसे भेजने के लिए नहीं कहा था और उन्हें इस लेन-देन के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

इसके बाद परिवार और कर्मचारियों को पता चला कि कोई ठग नरेश गुजराल बनकर वॉट्सएप पर लोगों को मैसेज भेज रहा था और वे एक सोची-समझी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने तुरंत एक्शन लेते हुए करीब ₹4 करोड़ फ्रीज करवा दिए हैं। पता चला है कि आरोपियों ने नरेश गुजराल की कंपनी की वित्तीय टीम को निशाना बनाया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

10. ऑटो में आए चोर, AC लेकर फरार, ₹1 हजार में बेचा

मोहाली में दो चोर ऑटो लेकर एक कारोबारी के घर पहुंचे और बेखौफ होकर अंदर दाखिल हो गए। घर के हॉल तक पहुंचकर उन्होंने सामान का जायजा लिया, लेकिन कोई कीमती चीज हाथ न लगने पर उनकी नजर सीढ़ियों के पास लगे एसी पर पड़ गई। दोनों ने तेजी से एसी खोलकर बाहर निकाल लिया।

इसी दौरान बाथरूम में मौजूद घर का मालिक आवाज सुनकर बाहर आ गया। मालिक को देखते ही आरोपी एसी लेकर घर से बाहर भागे और उसे ऑटो में रखकर फरार हो गए। कारोबारी ने उनका पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। हालांकि उसने ऑटो का नंबर नोट कर तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी किया गया एसी एक कबाड़ी को 1000 रुपए में बेच चुके थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ा दी। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports