देहरादून में बजरंग दल के नेता की हत्या के बाद दंगा भड़क गया है और घरों में आग लगा दी गई।
देहरादून में हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच हुए विवाद में बजरंग दल के एक नेता की हत्या कर दी गई। इसके बाद विकासनगर के सहसपुर थाना क्षेत्र में तनाव भड़क गया। आरोपियों के घर में आग लगा दी गई है और पूरे इलाके में फिलहाल तनावपूर्ण माहौल है।
.
आने-जाने वाले लोगों पर पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। प्रशासन ने इलाके का इंटरनेट अगले आदेश तक बंद करवा दिया है। मौके पर कई थानों की पुलिस और पीएसी (PAC) को तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने मामले में 12 नामजद और 30-35 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
तस्वीरें देखिए-
मौत की खबर फैलते ही भीड़ ने जगह-जगह पर आग लगा दी।

CCTV में घर के आंगन में खड़े बच्चों पर हमला करती हुई भीड़।

युवक को अधमरा होने तक मारती रही भीड़।

घटनास्थल पर पड़ा घायलों का खून।

घटना के बाद लोग सड़क पर उतर आए और आरोपियों को गोली मारने की मांग की।

बेटे की मौत के बाद पिता भगवत रोड पर धरने पर बैठ गए।

घटना के बाद विधायक मुन्ना चौहान गांव में पहुंचे और फोन पर पुलिस अधिकारी को डांटते हुए।
मारपीट का वीडियो सामने आया
मारपीट से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिखता है कि युवक घर के पास सिंचाई कर रहा था, तभी वहां अचानक भीड़ पहुंचती है और उस पर हमला कर देती है। युवक अपनी जान बचाने के लिए घर की तरफ भागता है, लेकिन भीड़ उसे घेर लेती है और लाठी-डंडों से मारने लगती है।
इस दौरान युवक के घरवाले और पड़ोसी उसे बचाने के लिए आते हैं, जिन्हें भी भीड़ पीट देती है। मृतक की पहचान विनोद के तौर पर हुई। जबकि उसका भाई राजेश समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और कई थानों की पुलिस बल के साथ पीएसी भी तैनात कर दी गई है।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पैसे के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद के बीच विनोद अपने खेत में सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के 15 से 20 लोग वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने हथौड़ों और तेजधार हथियार से हमला कर विनोद को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल विनोद को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया है। लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को मामले में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
बजरंग दल ने आंदोलन की चेतावनी दी
राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर कृपाल सिंह नेगी ने वरिष्ठ कार्यकर्ता की हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन करेगा।
पुलिस ने पीड़ित अशोक कुमार की शिकायत के आधार पर रज्जाक, इम्तियाज, अमन, युनुस, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, जावेद और इंतजार सहित 12 नामजद और 30-35 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, दंगा और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर कृपाल सिंह नेगी ने पुलिस को धमकी दी है।
सिलसिलेवार ढंग से पूरी खबर…
1.पैसों का लेन-देन और कुलावे से पानी का विवाद- विकासनगर के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में एक विशेष समुदाय के परिवार और पीड़ित परिवार के बीच विवाद चल रहा था। मृतक के पिता के अनुसार, घटना से एक दिन पहले सेटरिंग के 14 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर बातचीत हुई थी।
शनिवार शाम को जब उनके बेटे ने पैसे दिए, तो वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों को भड़काया गया। इसी दौरान खेत के कुलावे (ट्यूबवेल) से पानी डालने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
2. हथौड़े और बेलचे लेकर घर में घुसे 15-20 हमलावर- खेत में सिंचाई और पैसों के विवाद के बीच, शनिवार शाम को दूसरे पक्ष के 15 से 20 लोग बेलचे, हथौड़े और अन्य घातक हथियार लेकर विनोद के घर और खेत में जबरन घुस आए।
हमलावरों ने वहां मौजूद परिजनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने विनोद के सिर पर हथौड़े से कई घातक वार किए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
3. विनोद की मौत, भाई-बहन समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल- इस घटना में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में सभी को तुरंत नजदीकी लेहमन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस हमले में विनोद के भाई राजेश कुमार, अशोक और सुषमा गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतक के पिता पिता भगवत घटना की जानकारी देते हुए।
4. शव उठाने से इनकार, बुलडोजर कार्रवाई की मांग- हत्या की खबर फैलते ही बैरागीवाला गांव में भारी तनाव फैल गया और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया।
मृतक के पिता और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मांग रखी कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता और उनके मकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शव को नहीं उठाएंगे।
5. विधायक मुन्ना सिंह चौहान का पुलिस को कड़ा अल्टीमेटम- घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सहसपुर विधायक मुन्ना सिंह चौहान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने जनता के बीच से ही फोन पर आला पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाई। विधायक ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल भी जाना। उन्होंने कहा
इस क्षेत्र में कुछ लोग चोरी और नशे का कारोबार करते हैं, जिनकी शिकायतें पहले भी आती रही हैं। अगर पीड़ित परिवार ने इस आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ थाने में पहले से शिकायत दी थी और पुलिस ने एक्शन नहीं लिया, तो जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

6. कानून व्यवस्था संभालने को कई थानों की पुलिस और PAC तैनात- गांव में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी देहात पंकज गैरोला के नेतृत्व में आसपास के कई थानों और कोतवालियों की फोर्स के साथ पीएसी (PAC) को भी गांव में फ्लैग मार्च के लिए उतार दिया गया है, ताकि माहौल शांत रहे।
देहरादून के एसपी देहात पंकज गैरोला ने कहा
दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घटना में घायल चार लोगों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है और आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

देहरादून के एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने कहा
खेतों में पानी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा (केस) दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की सरगर्मी से तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


——————————————–
ये खबर भी पढ़ें…
देहरादून में हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या:खेत में सिंचाई के दौरान 15-20 लोगों ने हथौड़ों से मारा, पुलिस पर भड़के विधायक चौहान

देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच हुए विवाद में एक हिंदू युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विनोद पुत्र भगवत के रूप में हुई है, जबकि उसका भाई राजेश गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और कई थानों की पुलिस बल के साथ पीएसी भी तैनात कर दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)











