- Hindi News
- International
- Nepal Flood LIVE Tragedy Video Update; Rasuwa Timure Bazaar Bhotekoshi Trishuli River | Tibet Border Landslide Photos
काठमांडू49 मिनट पहलेलेखक: एजेंसी इनपुट्स के साथ नेपाल से रमेश पोख्रेल
- कॉपी लिंक
नेपाल में गुरुवार रात 9:18 बजे 3.2 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, इसका केंद्र 10 किमी की गहराई पर था। इसी के साथ नेपाल में फिर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
चीन ने बताया है कि रसुवागढ़ी बॉर्डर से 18 किमी ऊपर तिब्बत के ल्हेंदे नदी में एक नई बैरियर झील बन गई है। झील करीब 0.11 वर्ग किमी में फैली है। इसमें करीब करीब 200 करोड़ लीटर पानी जमा है। अगले 3 दिनों में 300 करोड़ लीटर और पानी आ सकता है।
झील का बांध टूटा तो नेपाल के भोटेकोशी और त्रिशूली नदी में फिर अचानक बाढ़ आ सकती है। बुधवार को नेपाल-तिब्बत बॉर्डर के पास ल्हेंदे नदी में ग्लेशियर टूटने से बाढ़ ने भारी तबाही मचाई।
नेपाल में बाढ़ से अब तक 389 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 1500 लोग लापता हैं। इनमें 290 भारतीय नागरिक हैं। वहीं, अब तक 84 भारतीयों को सुरक्षित बचाया गया है। इनमें त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के 63 कर्मचारी और तमिलनाडु के 21 लोग शामिल हैं।

त्रिशूली नदी में आई अचानक बाढ़ के बाद एक महिला को बचावकर्मी अर्थमूवर मशीन की मदद से सुरक्षित स्थान पर ले जाते हुए


पहाड़ से उतर रही नदी ने तबाही मचाई- 3 तस्वीरें

नेपाल-तिब्बत सीमा पर भोटे कोशी नदी में पानी का तेज बहाव नीचे आता दिख रहा है।

जैसे-जैसे नदी का पानी नीचे आया उसकी रफ्तार और ऊंचाई और ज्यादा हो गई।

भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ ने रास्ते में आने वाले घरों को तबाह कर दिया।
जान बचाने की जद्दोजहद- 2 तस्वीरें

मलबे का बहाव तेजी से नीचे आया। लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए।

30 फीट ऊंची लहरें उठ रही थीं। लोग जान बचाने के लिए घर की तीसरी-चौथी मंजिल पर चढ़ गए।
लैंडस्लाइड से 5.2 तीव्रता के भूकंप जितना झटका
बुधवार सुबह 8:37 बजे नेपाल-चीन सीमा के पास तेज झटके महसूस किए गए। शुरुआत में अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसे 4.4 तीव्रता का भूकंप बताया था।
लेकिन बाद में पता चला कि पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा बर्फ और चट्टानों के साथ ल्हेंदे खोला नदी में गिरा था। ल्हेंदे खोला, भोटेकोशी नदी की सहायक नदी है। भोटेकोशी चीन से निकलकर नेपाल में प्रवेश करती है।
बाद में USGS ने भी स्पष्ट किया कि 5.2 तीव्रता के भूकंप जैसा यह झटका लैंडस्लाइड के कारण पैदा हुआ था।


खबर से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे दिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
53 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- मजबूत इमारतें भी टूथपिक की तरह बह गईं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ को बेहद भयानक बताया। उन्होंने गुरुवार को कहा कि बाढ़ का पानी इतनी ताकतवर था कि मजबूत इमारतें भी टूथपिक की तरह बह गईं।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने नेपाल के नेतृत्व से बात की है और हर जरूरी मदद देने की पेशकश की है। उन्होंने बताया कि अमेरिका राहत सामग्री भेज रहा है और नेपाल को भरोसा दिया है कि जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
58 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मानसरोवर यात्रा पर गए दिल्ली के 25 श्रद्धालु सुरक्षित लौटे
नेपाल में बाढ़ के बीच दिल्ली के 25 श्रद्धालुओं का ग्रुप सुरक्षित लौट आया है। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, ये लोग बाढ़ आने से पहले मानसरोवर की यात्रा पूरी कर चुके थे। अब अधिकारी उन लोगों की जानकारी जुटा रहे हैं जो प्राइवेट एजेंसी या अकेले कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे।
05:27 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
यूपी में गंडक किनारे मिले 3 शव, नेपाल से बहकर आने की आशंका
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद भारत के उत्तर प्रदेश में गंडक नदी के किनारे तीन शव मिले हैं। इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। आशंका है कि तेज बहाव के साथ ये शव नेपाल से बहकर भारत पहुंचे हैं।
05:12 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने नेपाल को 5 लाख डॉलर की मदद दी
पाल में भीषण बाढ़ से हुई तबाही के बाद अमेरिका ने 5 लाख डॉलर की राहत सहायता देने का ऐलान किया है।
अमेरिकी विदेश विभाग की राजनीतिक मामलों की अंडर सेक्रेटरी एलिसन हूकर ने गुरुवार को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से फोन पर बात की और बाढ़ में जान-माल के नुकसान पर संवेदना जताई।
हूकर ने नेपाल के साथ एकजुटता जताते हुए लापता लोगों, खासकर अमेरिकी नागरिकों को खोजने में मदद का भरोसा दिया। खनाल ने उन्हें नेपाल में चल रहे सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी दी और अमेरिकी मदद के लिए धन्यवाद दिया।
04:27 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
बाढ़ में मरने वालों का आंकड़ा 389 पहुंचा
नेपाल बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 389 हो गई है। नेपाल पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात 9 बजे तक अलग-अलग जिलों से 389 शव बरामद किए गए। सबसे ज्यादा चितवन में 137 शव मिले हैं।
इसके अलावा पूर्वी नवलपरासी में 87, गोरखा में 32, धादिंग में 33, नुवाकोट और तनहुं में 28-28, पश्चिमी नवलपरासी में 27 और रसुवा में 17 शव मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 466 घायलों को सुरक्षित निकाला गया है।
04:17 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल में 910, तिब्बत में 558 लोग लापता
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद 910 लोग लापता या संपर्क से बाहर हैं। वहीं, चीन के तिब्बत क्षेत्र में 558 लोगों के लापता होने की जानकारी है। इस तरह दोनों इलाकों में करीब 1,468 लोग अब भी लापता हैं। बचाव टीमें दोनों तरफ प्रभावित इलाकों में लोगों की तलाश कर रही हैं।
03:20 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में 500 सोलर पावर बैंक भेजे गए
नेपाल के बाढ़ प्रभावित नुवाकोट और रसुवा में 500 सोलर पावर बैंक भेजे गए हैं। इन सोलर पावर बैंकों का इस्तेमाल मोबाइल फोन चार्ज करने और 4-5 बिजली की लाइटें चलाने के लिए किया जा सकता है।
आपदा से बिजली सप्लाई प्रभावित होने वाले इलाकों में इनसे जरूरी रोशनी और संचार सुविधाएं बनाए रखने में मदद मिलेगी।
02:52 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
न्यूयॉर्क मेयर ममदानी ने नेपाल-तिब्बत बाढ़ पर दुख जताया
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान क्वामे ममदानी ने नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ में हुई मौतों पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि बाढ़ में सैकड़ों लोगों की जान गई है और लापता लोगों की तलाश जारी है।
ममदानी ने न्यूयॉर्क में रहने वाले नेपाली और तिब्बती समुदाय के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि वे इस मुश्किल समय में अकेले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क उनके साथ खड़ा है।

02:37 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल बाढ़ में अब तक 54 भारतीय सुरक्षित बचाए गए
भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, नेपाल में बाढ़ के बीच अब तक 54 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें त्रिशूली-1 प्रोजेक्ट के 33 कर्मचारी और तमिलनाडु के 21 लोग शामिल हैं।

02:30 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
रेस्क्यू में 13 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात
बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित इलाकों में 13,295 सुरक्षाकर्मी राहत और बचाव कार्य में तैनात किए गए हैं। इनमें नेपाल पुलिस के 7250, नेपाली सेना के 4200 और सशस्त्र पुलिस बल के 1845 जवान शामिल हैं।
बाढ़ और भूस्खलन से सड़कें प्रभावित होने के कारण टीमें पैदल और हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू कर रही हैं। नेपाली सेना और निजी हेलिकॉप्टरों ने अब तक 69 उड़ानें भरकर 351 लोगों को सुरक्षित निकाला है।
01:33 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
लंदन में नेपाली समुदाय ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद शुरू की
बाढ़ और भूस्खलन से हुई तबाही के बाद लंदन में रहने वाला नेपाली समुदाय मदद के लिए आगे आया है। प्लमस्टेड स्थित श्री पशुपतिनाथ मंदिर में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए डोनेशन बॉक्स रखा गया है।
मंदिर के पुजारी नील हरि ग्रिमियर की पहल पर रखे गए इस बॉक्स में मंदिर आने वाले लोग अपनी इच्छा से आर्थिक सहयोग दे रहे हैं। यह राशि नेपाल में आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए दी जाएगी।

01:03 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
शव के कान से बाली निकालने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
नेपाल में बाढ़ में बहकर आए एक शव के कान से बाली निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और जांच के लिए जिला पुलिस कार्यालय, चितवन भेजा गया है।

12:58 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
रेस्क्यू किए गए भारतीयों को मैथिली बैरक में ठहराया गया
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बाद रसुवा से रेस्क्यू किए गए भारतीय नागरिकों को नुवाकोट के मैथिली बैरक में ठहराया गया है। फिलहाल यहां आपदा प्रभावित लोगों को रखा जा रहा है।
मैथिली बैरक नेपाली सेना का ट्रेनिंग सेंटर है, जिसे राहत-बचाव अभियान के मुख्य बेस के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

12:56 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
PM बालेन ने बाढ़ प्रभावित नुवाकोट का दौरा किया
प्रधानमंत्री बालेन शाह ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित नुवाकोट जिले का दौरा किया। उन्होंने बट्टार बाजार स्थित आर्मी ट्रेनिंग सेंटर पहुंचकर बाढ़ से बने हालात और जारी राहत-बचाव अभियान की जानकारी ली।


12:50 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
मृतकों की पहचान के लिए मॉर्चुरी के बाहर तस्वीरें लगाईं
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन में मारे गए लोगों की पहचान के लिए काठमांडू की मॉर्चुरी के बाहर मृतकों की तस्वीरें लगाई गई हैं। परिजन इन तस्वीरों के जरिए अपने लापता लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।



12:25 PM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
पूर्व DRDO चीफ सतीश रेड्डी समेत 31 तीर्थयात्री तिब्बत में फंसे
पूर्व DRDO प्रमुख जी. सतीश रेड्डी और उनकी पत्नी समेत 31 तीर्थयात्री तिब्बत में फंसे हुए हैं। ये सभी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे। खराब मौसम के कारण उनकी वापसी प्रभावित हुई है।
प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।

पूर्व राष्ट्रपति APJ अब्दुल कलाम (बाएं) के साथ पूर्व DRDO चीफ जी. सतीश रेड्डी (दाएं)
11:50 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल के नुवाकोट जिले में बाढ़ से मची तबाही का मंजर
1 – भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के बाद नुवाकोट में मलबे रिहायशी इलाकों में घुसा

2- बाढ़ के बाद घुटनों तक कीचड़ जमा

3. नुवाकोट में बाढ़ के बाद घर क्षतिग्रस्त हुए

4. बाढ़ के बाद मलबे से भरे पानी में डूबे घर

11:44 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
बाढ़ में मौतों का आंकड़ा 332 पहुंचा
बाढ़ में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 332 हो गया है। नेपाल पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम 3:50 बजे तक 8 जिलों से इतने शव बरामद किए गए।
सबसे ज्यादा चितवन में 121 शव मिले हैं। इसके बाद पूर्वी नवलपरासी में 74, धादिंग और गोरखा में 29-29, नुवाकोट में 28, तनहुन में 19, रसुवा में 17 और पश्चिमी नवलपरासी में 15 शव बरामद हुए हैं।
11:36 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
त्रिशूली में बाढ़ के बाद राहत-बचाव अभियान जारी
नेपाल के त्रिशूली इलाके में बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है।
प्रभावित इलाकों, खासकर रसुवा तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए गुरुवार को काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से निजी हेलिकॉप्टरों की 40 से ज्यादा चार्टर्ड उड़ानें रवाना हुईं।

11:31 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
शव मिल रहे, रखने की जगह कम
नेपाल में रसुवा की बाढ़ के बाद 289 शव बरामद हो चुके हैं, लेकिन अब उन्हें सुरक्षित रखने की चुनौती है। चितवन की स्वास्थ्य सुविधाओं में करीब 50 शव रखने की क्षमता ही बताई गई है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बड़े रेफ्रिजरेटेड कंटेनरों में अस्थायी शवगृह बनाए जा सकते हैं। हर शव का नंबर, फोटो और पहचान से जुड़ी जानकारी रिकॉर्ड करना जरूरी है।
खराब हालत वाले शवों की पहचान के लिए फिंगरप्रिंट, दांतों की जांच और DNA टेस्ट किए जा सकते हैं। एक्सपर्ट्स ने कहा है कि पहचान पक्की होने से पहले शव परिवार को न सौंपे जाएं।
11:25 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
ग्लेशयर के टूटने से पहले और बाद की तस्वीर
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पहले ग्लेशियर का एक हिस्सा टूटा। इसके बाद पानी के साथ मलबा नीचे की ओर आया जिससे नेपाल में भीषण बाढ़ आ गई।

10:56 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल के 8 जिलों से 289 शव बरामद
नेपाल में रसुवा के पास त्रिशूली नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद 8 जिलों से अब तक 289 शव बरामद किए जा चुके हैं। ये आंकड़े दोपहर 3 बजे तक के हैं।
चितवन में सबसे ज्यादा 121 शव मिले हैं। इसके बाद पूर्वी नवलपरासी में 65, धादिंग और गोरखा में 29-29, तनहुन में 16, नुवाकोट में 12, पश्चिमी नवलपरासी में 14 और रसुवा में 3 शव बरामद हुए हैं।
10:34 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल की मदद के लिए भारत बैली ब्रिज भेजेगा
नेपाल में बाढ़ से टूटे रास्तों और पुलों को फिर से जोड़ने के लिए भारत बैली ब्रिज भेजेगा। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह एक पोर्टेबल और पहले से तैयार किया जा सकने वाला पुल है, जिसे जरूरत वाली जगह पर जल्दी लगाया जा सकता है।
बाढ़ या भूस्खलन में जब कोई पुल टूट जाता है, तो बैली ब्रिज कम समय में रोड कनेक्टिवटी को बहाल करने में मदद करता है। इसे जरूरत के मुताबिक दूसरी जगह भी ले जाकर लगाया जा सकता है।
10:19 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
हेलिकॉप्टर से त्रिशूली में राहत-बचाव अभियान जारी
नेपाल के त्रिशूली इलाके में बाढ़ के बाद राहत और बचाव का काम तेज कर दिया गया है। सड़क और दूसरे रास्तों को नुकसान पहुंचने के कारण फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर से सुरक्षित जगह ले जाया जा रहा है।
बचाए गए लोगों को हेलिकॉप्टर से त्रिशूली बाजार पहुंचाया जा रहा है। सेना और निजी हेलिकॉप्टरों की मदद से अब तक 100 से ज्यादा लोगों को प्रभावित इलाकों से बाहर निकाला जा चुका है।
10:16 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल की बाढ़ में गुजरात के 12 लोग लापता
नेपाल में आई बाढ़ में भारत के गुजरात से भी 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं। फिलहाल इनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिली है।
09:44 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल ने 20 अरब रुपये जुटाए, विश्व बैंक से मांगेगी 25 अरब
नेपाल सरकार ने भीषण बाढ़ से हुए नुकसान से निपटने के लिए तुरंत 20 अरब नेपाली रुपये (₹1,250 करोड़) जुटाने का फैसला किया है। यह रकम प्रधानमंत्री राहत कोष, गृह मंत्रालय और दूसरे स्रोतों से जरूरत के मुताबिक उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा सरकार विश्व बैंक से करीब 25 अरब नेपाली रुपये (₹1,562.5 करोड़) की मदद लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
09:40 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
विदेश मंत्रालय बोला- 21 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत नेपाल में फ्लैश फ्लड से पैदा हुई स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव मदद जारी रखेगा। उन्होंने बताया कि बाढ़ में फंसे 21 भारतीयों को अब तक सुरक्षित निकाला गया है। ये सभी तमिलनाडु के हैं।
भारत नेपाल की मांग के आधार पर राहत सामग्री और बेली ब्रिज भेज रहा है। विदेश मंत्रालय ने 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम बनाया है। काठमांडू और बीजिंग स्थित भारतीय दूतावासों में भी 24 घंटे की हेल्पलाइन शुरू की गई है।
जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से फोन पर बात कर संवेदना जताई और हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।

09:25 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल बाढ़ पर जयशंकर ने की समीक्षा बैठक

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नेपाल में आई बाढ़ को लेकर विदेश मंत्रालय के अधिकारियों और काठमांडू व बीजिंग में तैनात भारतीय राजदूतों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे सभी भारतीयों की सुरक्षा और उनके बारे में जानकारी जुटाने के लिए तुरंत प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए विदेश मंत्रालय राज्य सरकारों, टूर ऑपरेटरों और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।
जयशंकर ने कहा कि भारत नेपाल सरकार के साथ मिलकर राहत और बचाव के काम में मदद कर रहा है। फिलहाल मंत्रालय का मुख्य फोकस प्रभावित इलाकों में मौजूद भारतीय नागरिकों का पता लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।
09:21 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
तमिलनाडु के 21 लोगों को रेस्क्यू किया गया
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए तमिलनाडु के 21 भारतीय नागरिकों को नेपाल में सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी है।
09:17 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
चीनी टूर गाइड के फैसले से पूरे ग्रुप की जान बची
बुधवार को एक चीनी टूर गाइड ने आखिरी वक्त पर अपना प्लान बदल दिया और उसका यह फैसला उसके पूरे ग्रुप की जान बचाने वाला साबित हुआ। गाइड ने बताया कि पहले वह पर्यटकों को ग्यिरोंग पोर्ट घुमाने ले जाने वाला था, लेकिन रातभर हुई बारिश को देखते हुए उसने अपना प्लान बदल दिया।
गाइड ने झेजियांग डेली को बताया कि पिछली रात लगातार बारिश हुई थी। उसे चिंता थी कि बारिश की वजह से बर्फ से ढके पहाड़ दिखाई नहीं देंगे। इसलिए उसने पोर्ट जाने के बजाय पर्यटकों को हिमालय की बर्फीली चोटियों का नजारा दिखाने वाले मौसम केंद्र के प्लेटफॉर्म पर ले जाने का फैसला किया।
कुछ ही समय बाद ग्यिरोंग इलाके में भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचा दी। अगर गाइड अपना प्लान नहीं बदलता, तो उसका ग्रुप भी इस आपदा की चपेट में आ सकता था।
08:59 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
तस्वीरों में दिखा बाढ़ का दर्द, हर चेहरे पर चिंता और मायूसी





08:50 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नवलपुर में नारायणी नदी से 62 शव बरामद
भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद बहकर आए 62 शव नवलपुर जिले में नारायणी नदी के किनारे से बरामद किए गए हैं। जिला पुलिस कार्यालय नवलपरासी (पूर्व) के अनुसार, इनमें 26 पुरुष, 16 महिलाएं, 3 बालक, 7 बालिकाएं और 9 ऐसे शव शामिल हैं जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि सभी शवों को फिलहाल स्थानीय अस्पतालों में रखा गया है। आगे की प्रक्रिया के लिए उन्हें पोखरा भेजने की तैयारी की जा रही है। अब तक बरामद किसी भी शव की पहचान नहीं हो पाई है।

08:35 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल ने भारत में रह रहे नेपाली समुदाय से मदद मांगी
नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही के बाद भारत स्थित नेपाली दूतावास ने नेपाली समुदाय से आर्थिक मदद की अपील की है।
दूतावास ने लोगों से प्रधानमंत्री आपदा बचाव कोष और प्रधानमंत्री राहत कोष में सहयोग देने को कहा है। इच्छुक लोग दूतावास की ओर से दिए गए बैंक खातों के जरिए मदद कर सकते हैं।
सरकार के मुताबिक, बाढ़ से हुए नुकसान का पूरा आंकड़ा जुटाया जा रहा है। प्रभावित इलाकों में बचाव, तलाश और राहत का काम भी तेज कर दिया गया है।
दूतावास ने कहा है कि दोनों राहत कोषों में जमा पैसे का इस्तेमाल बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद, राहत, पुनर्वास और दोबारा निर्माण के लिए किया जाएगा।
08:29 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
भूस्खलन के मलबे से बनी झील में बढ़ रहा पानी
चीनी सरकारी टीवी चैनल CCTV की नई ड्रोन फुटेज में पिछले भूस्खलन से बनी जगह पर एक झील बनती दिखाई दे रही है। यह झील ग्यिरोंग पोर्ट के पास, नेपाल की तरफ बनी है। CCTV के मुताबिक, झील का आकार लगातार बढ़ रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, झील में करीब 20 लाख घन मीटर पानी जमा हो चुका है और पानी अब किनारों से बाहर निकलने लगा है। अगले तीन दिनों में इसमें करीब 30 लाख घन मीटर और पानी आने का अनुमान है। इससे झील को रोकने वाला मलबे का बांध टूटने और अचानक बड़े पैमाने पर पानी नीचे की ओर बहने का खतरा बढ़ गया है।

08:09 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल में बाढ़ पर दलाई लामा ने दुख जताया
दलाई लामा ने आज सुबह जारी एक बयान में नेपाल में आई भीषण बाढ़ पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनके लिए मैं प्रार्थना करता हूं। इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों और मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।”
दलाई लामा ने कहा कि यह जलवायु परिवर्तन या किसी दूसरी वजह से पैदा हुई बड़ी समस्या के संकेत हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी आपदाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।
07:38 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के 80 लोगों के लिए हेल्पलाइन शुरू
नेपाल में आई बाढ़ के बाद महाराष्ट्र के करीब 80 लोग अब भी फंसे हुए हैं। उन्हें तलाशने और सुरक्षित वापस लाने के लिए राज्य सरकार ने 24 घंटे चलने वाला हेल्पलाइन सेंटर शुरू किया है।
मंत्री गिरीश महाजन के मुताबिक, जलगांव के 4 लोगों से संपर्क हो चुका है और उनके साथ मौजूद 37 से ज्यादा लोग भी सुरक्षित हैं। बाकी लोगों से संपर्क की कोशिश जारी है।
बाढ़ में पुणे के 4 लोग भी लापता बताए जा रहे हैं, जो कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे। सरकार ने परिवारों से अपने लापता परिजनों की जानकारी हेल्पलाइन या ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराने की अपील की है।
07:15 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
7 तस्वीरों में देखें: नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद तबाही का मंजर

त्रिशूली में भीषण बाढ़ के बाद कीचड़ से ढकी इमारतों का ड्रोन इमेज

नुवाकोट के देवीघाट में बाढ़ के बाद जगह-जगह मलबा और तबाही दिखाई दी।

नुवाकोट के त्रिशूली में गुरुवार को बाढ़ के बाद रेस्क्यू टीम एक शव ले जाते हुए।

देवीघाट में गुरुवार को अचानक आई बाढ़ के बाद हुआ नुकसान

बाढ़ का पानी खत्म होने के बाद मलबे में एक मोटरसाइकिल धंसी नजर आई।

देवीघाट में गुरुवार को अचानक आई बाढ़ के बाद कीचड़ में फंसी एक गाड़ी।

नुवाकोट जिले के देवीघाट में सुरक्षित जगह की ओर जाते स्थानीय लोग अपना सामान लेकर निकलते हुए।
07:03 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
NDRF की टीमें तैयार, आदेश मिलते ही रवाना होंगी
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद NDRF की टीमें स्टैंडबाय पर रखी गई हैं। NDRF के IG नरेंद्र सिंह बुंदेला ने बताया कि फिलहाल भारत की कोई NDRF टीम नेपाल नहीं भेजी गई है, लेकिन जरूरत पड़ने पर टीमें तुरंत रवाना होने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि अगर नेपाल सरकार की ओर से मदद का अनुरोध आता है और भारत सरकार इसकी मंजूरी देती है, तो NDRF की टीमों को नेपाल भेजा जाएगा।
बुंदेला ने बताया कि भारत सरकार ने नेपाल के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री लेकर दो विमान भेजे हैं। इनमें जरूरी दवाइयां और राहत सामग्री शामिल हैं।
06:52 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
22 घंटे बाद ग्यिरोंग पोर्ट पहुंची चीनी रेस्क्यू टीम

करीब 22 घंटे तक रास्ता बंद रहने के बाद आखिरकार चीनी बचाव दल ग्यिरोंग पोर्ट पहुंच गया। बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित यह पोर्ट चीन-नेपाल के बीच होने वाले करीब एक-तिहाई व्यापार के लिए अहम है।
बचावकर्मियों की पहली टीम में 141 सदस्य शामिल हैं। उनके साथ ऊंचाई वाले इलाकों में राहत अभियान के लिए Mi-171 हेलिकॉप्टर भी पहुंचा है। अब टीम मलबे और कीचड़ के बीच फंसे लोगों की तलाश शुरू करेगी।
06:40 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
चीन-नेपाल के बीच व्यापार पर बढ़ा संकट
चीन-नेपाल सीमा पर आई भीषण बाढ़ ने दोनों देशों के बीच व्यापार से जुड़े अहम बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया है। बाढ़ से सीमा पर कई पुल और पोर्ट तबाह हो गए हैं। इनमें ग्यिरोंग पोर्ट भी शामिल है। चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, 2024 में चीन-नेपाल के कुल व्यापार का करीब एक-तिहाई हिस्सा इसी रास्ते से होता था।
पिछले कुछ वर्षों में सीमा पर सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास से चीन और नेपाल के बीच व्यापार बढ़ा है। 2024 में दोनों देशों के बीच कुल व्यापार 2 अरब डॉलर से ज्यादा रहा।
2017 में ग्यिरोंग पोर्ट खुलने से चीन से नेपाल में इलेक्ट्रिक वाहनों का निर्यात भी बढ़ा है। इस साल की पहली तिमाही में नेपाल को चीन से नए ऊर्जा वाहनों का निर्यात सालाना आधार पर 25.1% बढ़ा।
06:19 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल के त्रिशूली में हर तरफ मलबा और कीचड़

नेपाल के नुवाकोट जिले के त्रिशूली में भीषण बाढ़ के बाद क्षतिग्रस्त हुए घर।

नेपाल के नुवाकोट जिले के त्रिशूली में भीषण बाढ़ के बाद कीचड़ में अपने सामान को बचाता एक व्यक्ति।

नुवाकोट जिले के त्रिशूली में भीषण बाढ़ के बाद कीचड़ भरे पानी से गुजरता एक व्यक्ति।

नेपाल के नुवाकोट जिले के त्रिशूली में भीषण बाढ़ के बाद मलबे के बीच अपना सामान लेकर जाता एक व्यक्ति।

नेपाल के त्रिशूली में बाढ़ के बाद कीचड़ से ढकी इमारतों का ड्रोन इमेज।
06:11 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
बांग्लादेशी एक्ट्रेस अपु बिस्वास बाढ़ में फंसी
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच बांग्लादेशी अभिनेत्री अपु बिस्वास फंस गई हैं। वह एक फिल्म की शूटिंग के लिए नेपाल में थीं। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल पोखरा में सुरक्षित हैं और ढाका लौटने की तैयारी कर रही हैं।

05:59 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
जग्गी वासुदेव ने ग्यिरोंग जाने की मांगी अनुमति
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद कई लोग अब भी लापता हैं। इस बीच आध्यात्मिक गुरु जग्गी वासुदेव ने अधिकारियों से उन्हें और कुछ स्वयंसेवकों को तिब्बत के ग्यिरोंग इलाके में जाने की अनुमति देने की अपील की है।
सद्गुरु के मुताबिक, उनके समूह के 80 लोगों से अब तक संपर्क नहीं हो पाया है। वह लापता लोगों के बारे में जानकारी जुटाने और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए ग्यिरोंग जाना चाहते हैं।

पानी और मिट्टी का तेज बहाव आगे बढ़ता हुआ। पानी तिब्बज के इमिग्रेशन कॉम्पलेक्स के ऊपर से आता हुआ दिख रहा है।
ग्यिरोंग तिब्बत के शिगात्से क्षेत्र में है और इसकी सीमा नेपाल के रसुवा जिले से लगती है। यहां नेपाल और चीन को जोड़ने वाला रसुवागढ़ी-ग्यिरोंग क्रॉस-बॉर्डर लैंड पोर्ट भी है। बाढ़ से यह इलाका भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
05:49 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
सुरंग में फंसे 7 लोगों को नेपाली सेना ने बचाया
नेपाली सेना के मुताबिक, रसुवा के हाकू में हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की एक सुरंग में फंसे 7 लोगों को जिंदा बचा लिया गया है। सेना ने बताया कि तीन अन्य सुरंगों में फंसे लोगों को बचाने का काम जारी है।
सेना के अनुसार, रसुवा के टिमुरे इलाके से अब तक 95 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें 21 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं, जो कल टिमुरे इलाके से संपर्क से बाहर हो गए थे।
05:39 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
भारत ने भेजी राहत सामग्री की दूसरी खेप
नेपाल में बाढ़ से मची तबाही के बीच भारत ने राहत सामग्री की दूसरी खेप नेपाल रवाना कर दी है। भारतीय वायुसेना के विमान से भेजी गई इस खेप में 37.5 टन राहत सामग्री, जरूरी दवाइयां और खाद्य पैकेट शामिल हैं।
इससे पहले बुधवार रात भारत ने C-130J विमान के जरिए 10 टन राहत सामग्री और जरूरी दवाइयों की पहली खेप काठमांडू भेजी थी। दोनों खेप मिलाकर भारत अब तक नेपाल को 47.5 टन राहत सामग्री भेज चुका है।
भारत ने कहा है कि वह नेपाल सरकार के संपर्क में है और बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और बचाव अभियान में हरसंभव मदद जारी रखेगा।
05:33 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
PM बालेन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने निकले

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह गुरुवार सुबह बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए नुवाकोट के बिदुर रवाना हुए। उनके साथ मंत्री सुनील लामसाल भी हैं।
दोनों सुबह करीब 9:30 बजे सड़क मार्ग से बिदुर के लिए निकले। बुधवार को रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से जान-माल का भारी नुकसान हुआ था।
05:29 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी तबाही


05:17 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
चीन बोला- हमने कोई जानकारी नहीं छिपाई
बाढ़ और भूस्खलन के बाद आरोप लग रहे थे कि चीन ने नेपाल को सही समय पर चेतावनी नहीं दी जिसकी वजह से वहां जान-माल का बहुत नुकसान हुआ। इसे लेकर अब चीन की सफाई आई है।
चीन ने कहा कि ये दावे भ्रामक और गलत हैं। नेपाल में चीनी दूतावास ने कहा कि चीन ने कोई जानकारी नहीं छिपाई। बाढ़ के लिए चीन की ओर से चेतावनी न मिलने या बांध टूटने को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है।
04:59 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
राष्ट्रपति पौडेल ने PM बालेन से कहा- रेस्क्यू में पूरी ताकत लगाएं
नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने प्रधानमंत्री बालेन शाह से रसुवा में भोटेकोशी बाढ़ से प्रभावित लोगों की तलाश, बचाव और राहत के लिए सरकार की पूरी मशीनरी लगाने को कहा है।
राष्ट्रपति ने बुधवार शाम प्रधानमंत्री से फोन पर बात कर बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सरकार से रेस्क्यू और राहत अभियान और तेज करने की अपील की।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री बालेन शाह ने राष्ट्रपति को बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों के बचाव, इलाज और राहत के लिए सभी सुरक्षा और प्रशासनिक एजेंसियों को लगाया गया है और सरकार हर संभव कोशिश कर रही है।
04:39 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
तिब्बत में बुधवार सुबह 8:40 बजे लैंडस्लाइड, इसके बाद के 4 घंटों में क्या हुआ

04:25 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
आज 21 भारतीयों का रेस्क्यू, 95 नेपाली भी बचाए गए
नेपाली सेना ने रसुवा के टिमुरे से 116 लोगों को सुरक्षित निकाला है। इनमें 95 नेपाली और 21 भारतीय नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा एक सुरंग में फंसे 7 नेपाली नागरिकों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।|
04:19 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
केदारनाथ आपदा की तरह है नेपाल की घटना
2013 की केदारनाथ त्रासदी में भी ग्लेशियर से जुड़ी चोराबाड़ी ताल ने तबाही बढ़ाई थी। 15-16 जून को भारी बारिश हुई और 16 जून की शाम करीब 5:15 बजे पहली बड़ी बाढ़ आई।
इसके बाद 17 जून 2013 की सुबह 6:45 बजे चोराबाड़ी ताल का प्राकृतिक मोरेन बांध टूट गया, जिससे बड़ी मात्रा में पानी, चट्टान और मलबा नीचे आया और केदारनाथ, गौरीकुंड, सोनप्रयाग समेत आसपास के इलाकों में भारी तबाही हुई।
सरकारी आकलन के मुताबिक 2013 की उत्तराखंड आपदा में 580 लोगों की मौत, 4,473 लोग घायल और 5,526 से ज्यादा लोग लापता हुए थे। नेपाल की मौजूदा त्रासदी में भी अभी तक इसी तरह की घटना की जानकारी है।

04:13 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
तिब्बत में लापता लोगों की संख्या 558 हुई
तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी में भूस्खलन के बाद लापता लोगों की संख्या बढ़कर 558 हो गई है। इनमें 260 विदेशी नागरिक शामिल हैं। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
वहीं, नेपाल में करीब 579 पर्यटकों के लापता होने की जानकारी दी थी, जिनमें 466 विदेशी नागरिक शामिल थे।
03:58 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल में बाढ़ से तबाही के बीच भारत ने भेजी 10 टन मदद
भारत ने नेपाल में रसुवा बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए 10 टन मानवीय सहायता और जरूरी दवाइयां भेजी हैं।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने फेसबुक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह सहायता बाढ़ प्रभावित इलाकों में नेपाल के राहत कार्यों में मदद के लिए भेजी गई है।
भारत ने इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई और प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की। जयशंकर ने कहा कि इस मुश्किल समय में भारत नेपाल और नेपाली लोगों के साथ खड़ा है।

03:53 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
बाढ़ से 1000 गाड़ियां फंसीं, इनमें 300 यात्री बसें
चीन की ओर से भोटेकोशी नदी में आए तेज पानी और भूस्खलन के कारण नेपाल में कई सड़कें और राजमार्ग बंद हो गए हैं। इससे करीब 800 से 1,000 गाड़ियां फंस गईं या डूब गई हैं। इनमें करीब 300 यात्री बसें शामिल हैं।
गोसाईंकुंड जा रहे यात्रियों की भी चिंता बढ़ गई है। नेपाली मीडिया के मुताबिक, काठमांडू से गोसाईंकुंड गई 18 से 20 बसों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इनमें सवार यात्रियों की स्थिति अभी साफ नहीं है।
03:30 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
बाढ़ प्रभावित इलाकों में 30 हेलिकॉप्टर लगाए गए

बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को बचाने और राहत पहुंचाने के लिए नेपाल सरकार ने 30 हेलिकॉप्टर तैनात किए हैं। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (RCC) ने सुबह 6:30 बजे से इसकी तैयारी शुरू कर दी थी।
अतिरिक्त बचाव के लिए 20 हेलिकॉप्टर स्टैंडबाय पर रखे गए हैं, जबकि 10 हेलीकॉप्टर पहले ही प्रभावित और आसपास के इलाकों में भेजे जा चुके हैं। खराब मौसम और मुश्किल रास्तों के कारण जहां सड़क से पहुंचना संभव नहीं है, वहां हेलीकॉप्टर से बचाव किया जाएगा।
03:19 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
त्रिशूली और नारायणी नदियों से 64 शव बरामद

चितवन में तिब्बत से आए बाढ़ के पानी के बाद त्रिशूली और नारायणी नदियों से 64 शव मिले हैं। इनमें पूरे शव के साथ-साथ शरीर के कुछ अंग भी शामिल हैं। जिला पुलिस के मुताबिक, सभी शवों को भरतपुर अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
02:52 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
तमिलनाडु के 37 और पश्चिम बंगाल के 32 पर्यटक लापता
नेपाल में आई बाढ़ के बाद 133 से भारतीयों के लापता होने की जानकारी है। इनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए कई तीर्थयात्री भी शामिल हैं। नेपाल के कई इलाकों में बाढ़ से संपर्क टूट गया है, जिससे प्रभावित भारतीयों की सही जानकारी जुटाने में मुश्किल हो रही है।
तमिलनाडु के 37 पर्यटकों का अभी पता नहीं चल पाया है। बताया गया है कि ये लोग एक मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाढ़ की चपेट में आ गए।
कोयंबटूर की ईशा फाउंडेशन ने भी बताया कि उसका इमिग्रेशन सेंटर में मौजूद 77 लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। नेपाल सरकार का कहना है कि इमिग्रेशन सेंटर का पूरा स्टाफ भी संपर्क से बाहर है।

रसुवागढ़ी सीमा के चीनी हिस्से में स्थित इमिग्रेशन ऑफिस का CCTV फुटेज।
कोलकाता से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गया 32 लोगों का एक समूह भी लापता है। इसमें 30 पर्यटक और 2 टूर मैनेजर शामिल हैं। समूह 21 अगस्त को कोलकाता से रवाना हुआ था और अगले दिन नेपाल पहुंचा था।
बुधवार सुबह यह समूह तिब्बत जाने के लिए रसुवागढ़ी पहुंचा था। करीब 8:30 बजे समूह के लोग इमिग्रेशन ऑफिस में थे, तभी नेपाल-तिब्बत सीमा पर बाढ़ आ गई। इसके बाद से समूह के किसी भी सदस्य से संपर्क नहीं हो पाया है।
02:39 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
बिहार की गंडक नदी में बढ़ा पानी, भैंस-फ्रिज बहकर आए
बिहार की गंडक नदी में पानी बढ़ने लगा है। रात 12 बजे तक नेपाल की ओर से करीब डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बगहा स्थित गंडक बैराज के 36 गेट खोल दिए गए हैं।
गंडक बराज पर नेपाल में हुई तबाही का मलबा भी दिखाई दे रहा है। पानी के साथ भैंस, फ्रिज और घर के सामान भी बहकर आ रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
02:28 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
कीचड़ और मलबे की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत

बेनीघाट इलाके में अचानक आई बाढ़ के बाद भारी मलबे और मोटी कीचड़ की चपेट में आया सस्पेंशन ब्रिज।
चीन के बचावकर्मियों को ग्यिरोंग पोर्ट तक पहुंचने में भारी दिक्कत हो रही है। यह चीन के तिब्बत और नेपाल को जोड़ने वाला बॉर्डर पॉइंट है। बाढ़ आने के 20 घंटे से ज्यादा समय बाद भी बंदरगाह तक जाने वाली सड़कों पर भारी मात्रा में कीचड़ और मलबा जमा है, जिससे रास्ता बंद है।
तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी में मौके पर मौजूद चीनी सरकारी मीडिया के एक रिपोर्टर ने गुरुवार सुबह बताया कि कीचड़ और मलबे के कारण बंदरगाह तक पहुंचना अब भी मुश्किल है।
CCTV की रिपोर्ट के मुताबिक भूस्खलन का किनारा ग्यिरोंग बंदरगाह से करीब 2.5 किलोमीटर दूर है और वहां कीचड़ की मोटाई करीब 1.5 मीटर है। इस वजह से बचाव अभियान चलाना बेहद मुश्किल हो रहा है।
रात में हुई बारिश ने भी बचाव अभियान को और मुश्किल बना दिया है। बचाव दलों को आगे और भूस्खलन होने तथा सड़कें धंसने का खतरा भी है।
02:12 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
रसुवा बाढ़ में 133 से ज्यादा जलविद्युत कर्मचारी लापता
रसुवा में आई बाढ़ के बाद अलग-अलग जलविद्युत परियोजनाओं में काम करने वाले 133 से ज्यादा कर्मचारी और श्रमिक लापता हैं। नेपाल विद्युत प्राधिकरण के मुताबिक, इनमें विदेशी कर्मचारी भी शामिल हैं।
लापता लोगों की तलाश के लिए नेपाल विद्युत प्राधिकरण की टीमें प्रभावित इलाके में पहुंच गई हैं। स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और स्वास्थ्य संस्थानों की मदद से सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
_ShRvm6n7yz.webp)
रसुवा में आई बाढ़ से 20 मेगावाट के लांगटांग हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को भारी नुकसान पहुंचा है।
02:03 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका बाढ़ पीड़ितों के लिए 5 लाख डॉलर की मदद देगा
अमेरिका रसुवा में बाढ़ से प्रभावित लोगों और समुदायों की मदद के लिए 5 लाख डॉलर की सहायता देगा। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए प्रभावित इलाके में एक आपदा सलाहकार भी भेजा जाएगा।
इस पैसे से बाढ़ प्रभावित लोगों को अस्थायी आश्रय, जरूरी राहत सामग्री, साफ पानी, स्वच्छता और सफाई से जुड़ी मदद दी जाएगी।
काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास ने कहा कि वह प्रभावित इलाके में मौजूद अमेरिकी नागरिकों की स्थिति का पता लगाने और उन्हें जरूरी मदद पहुंचाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।
01:45 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
4 पॉइंट में जानिए, नेपाल बाढ़ में कितना हुआ नुकसान
160 लोगों की मौत: नेपाल में बाढ़ से अब तक 157 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, तिब्बात में 3 लोग मारे गए हैं। 1000 से ज्यादा लापता लोगों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की है।
13 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को नुकसान: बाढ़ से रसुवा और आसपास के इलाकों में 13 जलविद्युत परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। इनमें 8 चालू और 5 निर्माणाधीन परियोजनाएं शामिल हैं। इनकी कुल क्षमता करीब 748 मेगावाट है।
42 किमी सड़क तबाह: बेट्रावती से रसुवागढ़ी सीमा चौकी तक जाने वाली सड़क का करीब 42 किलोमीटर हिस्सा बाढ़ में क्षतिग्रस्त या बह गया है। इससे नेपाल और चीन सीमा के बीच सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
32 पुल ध्वस्त: बाढ़ में कम से कम 32 बड़े पुल ध्वस्थ हो गए हैं। कई स्थानीय झूला पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे प्रभावित इलाकों के कई गांवों और बस्तियों का सड़क संपर्क टूट गया है।

नेपाल के नुवाकोट जिले में बुधवार को त्रिशूली नदी में अचानक आई बाढ़ से हुई तबाही को देखता एक बच्चा।
01:30 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
बाढ़ के बाद रेस्क्यू की 5 तस्वीरें





01:20 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
बाढ़ में पत्नी को खोने वाले शख्स ने सुनाई आपबीती
केशव प्रसाद बराल ने बताया कि बाढ़ आने के दौरान उन्हें लगा कि जैसे कीचड़ का एक विशाल सैलाब सीधे उनकी ओर बढ़ रहा हो।
एक छोटे अस्पताल में इलाज करा रहे बराल ने रॉयटर्स को बताया कि अचानक आई बाढ़ के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी का हाथ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बाढ़ के तेज बहाव में बह गईं।
बराल ने कहा, “चार-पांच घंटे बाद एक हेलिकॉप्टर मुझे बचाने आया। मेरी पत्नी अब भी कहीं इसी मलबे के नीचे है। वह अब नहीं रही।”

68 साल के केशव प्रसाद बराल ने बताया कि बाढ़ का पानी करीब 1 घंटे बाद कम हुआ।
01:04 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
25 देशों के नागरिक लापता, भारत के 133 लोग भी शामिल
न्यूज एजेंसी AP ने एक नेपाली अधिकारी के हवाले से बताया कि लापता लोगों में 341 विदेशी नागरिक शामिल हैं। अब तक कम से कम 25 देशों के नागरिकों के लापता होने की पुष्टि हुई है।

चिंतित परिजन काठमांडू स्थित बीर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के बाहर घायल हुए लोगों की लिस्ट देख रहे हैं।
भारत: कम से कम 133 भारतीय नागरिक लापता हैं।
अमेरिका: कम से कम 47 अमेरिकी नागरिक लापता हैं।
रूस: नेपाल में रूसी दूतावास के मुताबिक, 4 नागरिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा।
पुर्तगाल: नेपाल में पुर्तगाली दूतावास के मुताबिक, अब तक 2 पुर्तगाली नागरिकों के लापता होने की सूचना मिली है।
दक्षिण कोरिया: दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्रालय के मुताबिक, कम से कम 9 दक्षिण कोरियाई नागरिक लापता हैं।
इटली: इतालवी विदेश मंत्रालय के अनुसार, कम से कम 90 लोगों का पता नहीं चल पाया है।
यूक्रेन: यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने नेपाली अधिकारियों के हवाले से बताया कि कम से कम 53 यूक्रेनी नागरिक लापता हैं।
बेल्जियम: बेल्जियम के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, नेपाल में कम से कम 3 बेल्जियन यात्रियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया: प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने बताया कि नेपाल में कम से कम 34 ऑस्ट्रेलियाई नागरिक लापता हैं।
12:49 AM27 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
ईशा फाउंडेशन के 77 तीर्थयात्रियों से संपर्क टूटा
कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर काठमांडू लौट रहे ईशा फाउंडेशन के 77 तीर्थयात्रियों से संपर्क टूट गया है। फाउंडेशन के मुताबिक, समूह ने तिब्बती इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली थी। सुबह 9:05 बजे समूह के लीडर प्रवीण से आखिरी बार बात हुई थी। करीब 10 मिनट बाद दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।
ईशा फाउंडेशन से जुड़ी मां गंभीर ने बताया कि बाढ़ के बाद कम्युनिकेशन ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि घटना से पहले किसी तरह की चेतावनी या खतरे का संकेत नहीं मिला था और सब कुछ सामान्य था।
11:46 PM26 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नदी किनारे रहने वालों को खतरा बरकरार
नेपाल के फ्लड फोरकास्टिंग डिविजन ने चेतावनी दी है कि भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के इलाकों में खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। चीन की ओर नदी के रास्ते में बनी झील अभी पूरी तरह खाली नहीं हुई है।
लोगों से नदी के आसपास जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। नेपाल में पिछले साल भी भोटेकोशी नदी में विनाशकारी बाढ़ आई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हुई थी। नेपाल-चीन को जोड़ने वाला मितेरी पुल भी बह गया था।
11:42 PM26 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल में रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 11 टीमें तैनात
नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान रातभर जारी रहा। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, 11 टीमों ने रात में भी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
आज सुबह बड़ी संख्या में लोगों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाला जाएगा। इसके अलावा बाढ़ के बाद सुरंगों में फंसे लोगों को निकालने के लिए भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।

नेपाल के नुवाकोट जिले में रेस्क्यू टीम ने एक व्यक्ति को खुदाई करने वाली मशीन की मदद से सुरक्षित निकाला।
11:27 PM26 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी तबाही
नेपाल के खड्ग भंज्यांग इलाके की 23 अगस्त और 26 अगस्त 2026 की सैटेलाइट तस्वीरें, जिनमें बाढ़ से पहले और बाद का फर्क दिख रहा है।


11:26 PM26 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
403 लोग लापता, इनमें 341 विदेशी नागरिक; सबसे ज्यादा भारतीय
अचानक आई बाढ़ में नेपाल और 24 अन्य देशों के कुल 403 लोग लापता हैं। सरकार की तरफ से जारी लिस्ट के मुताबिक, इनमें 341 विदेशी नागरिक और 62 नेपाली शामिल हैं। सबसे ज्यादा भारत के 133 नागरिक लापता हैं।

11:24 PM26 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
भारत ने भेजी 10 टन राहत सामग्री
नेपाल में राहत और बचाव अभियान के बीच भारत ने 10 टन मानवीय सहायता और जरूरी दवाइयां भेजी हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि भारतीय वायुसेना का C-130J विमान राहत सामग्री लेकर काठमांडू पहुंच गया है।
इसमें अस्थायी टेंट, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप और दवाइयां शामिल हैं। जयशंकर ने कहा कि राहत अभियान के लिए भारत की ओर से और मदद जुटाई जा रही है।

भारत से इमरजेंसी सामान लेकर भारतीय वायुसेना का कार्गो विमान काठमांडू के त्रिभुवन एयरपोर्ट पहुंचा।

यहां से इन सामग्रियों को नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान में किया जाएगा।
10:57 PM26 अगस्त 2026
- कॉपी लिंक
नेपाल से जुड़ी 9 बड़ी आपदाएं















