Punjab News | BJP Office Attack AAP Poster Controversy Samreen Arshdeep | ACTPnews

Punjab News | BJP Office Attack AAP Poster Controversy Samreen Arshdeep


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर वाल्मीकि समाज के पंजाब बंद से जुड़ी रही। जालंधर में शाम 5 बजे तक बाजार बंद रहे। अमृतसर में AAP नेताओं के पोस्टर फाड़े गए।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. पंजाब बंद: AAP नेताओं के पोस्टर फाड़े, बाजार-ऑफिस बंद कराए

बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज ने सोमवार को पंजाब बंद की अपील की है। इसका सबसे ज्यादा असर जालंधर में देखने को मिला। शहर के कई बाजार बंद रहे। एमजीएन, सेठ हुक्म चंद, इनोसेंट हार्ट और शिव ज्योति समेत कई निजी स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर ऑनलाइन क्लास शुरू कर दीं।

अमृतसर में प्रदर्शनकारियों ने भंडारी पुल पर AAP नेताओं के पोस्टर फाड़कर फेंक दिए। बाहर निकले लोगों को वापस भेजा गया। इसके बाद हालगेट बाजार को बंद करवा दिया। लुधियाना में वाल्मीकि समाज ने धरना-प्रदर्शन किया, लेकिन बाजार बंद नहीं हुए। इस दौरान नगर निगम कार्यालय का कामकाज ठप रहा। कपूरथला में भी बाजार बंद रहे।

वहीं, पंजाब के दूसरे शहरों में बंद का असर सीमित रहा। पटियाला और बठिंडा में भी रोजमर्रा का कामकाज सामान्य रहा। वाल्मीकि समाज ने सुबह 10 से शाम 5 बजे तक पंजाब बंद का आह्वान किया था। इस दौरान लॉ एंड ऑर्डर व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई (पढ़ें पूरी खबर)

2. BJP ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला, आग लगाने की कोशिश

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के एक और ऑफिस को निशाना बनाया गया है। संगरूर में पार्टी के जिला ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे कार्यालय की दीवार के ऊपर से फेंककर फरार हो गए। हमले में कार्यालय की दीवार का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ और आग लगने के निशान मिले हैं।

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार देर रात से सोमवार तड़के के बीच हुई। हमले का सही समय सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद स्पष्ट होगा। SSP नवजोत ग्रेवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

प्राथमिक जांच में पुलिस इसे भाजपा कार्यालय को निशाना बनाकर किया गया हमला मानकर जांच कर रही है। हालांकि हमलावरों के मकसद पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद कार्यालय के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आने-जाने वालों की निगरानी की जा रही है (पढ़ें पूरी खबर)

3. पार्क में मां-बेटी को डांस करने से रोका, स्लीवलेस ड्रेस पहनी थी

लुधियाना के रखबाग में रविवार को निहंगों ने मां-बेटी को डांस करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद इन दोनों को फटकार लगाई। निहंगों का कहना था कि पार्क बैठने और घूमने के लिए होते हैं, ऐसे नाच-गाने के लिए नहीं। निहंगों ने लड़की की स्लीवलेस ड्रेस पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पंजाब में इस तरह की अश्लीलता नहीं फैलने देंगे।

निहंगों ने कहा कि गुड़ दिखेगा तो मक्खी बैठेगी ही। हालांकि, लड़की के हाथ जोड़कर माफी मांगने पर निहंगों ने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। डांस करने वाली मां-बेटी उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की हैं। वे हाल ही में पंजाब आई हैं। रविवार को वे अपने रिश्तेदारों के साथ रखबाग में घूमने आई थीं। बेटी ने स्लीव लेस टॉप और लहंगा पहना हुआ था। सोशल मीडिया रील बनाने के लिए मां-बेटी रखबाग में डांस कर रही थीं।

निहंगों के आपत्ति जताने पर मां-बेटी डांस करने से रुक गईं और उन्होंने जो वीडियो बनाया था, उसे भी डिलीट करी दिया। निहंगों ने बाकायदा उनका मोबाइल चेक किया और उन्हें कहा कि वे पार्कों में इस तरह डांस न करें। इस पूरी घटना की वीडियो भी निहंगों ने जारी किया है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. चलती ट्रेन में बच्चा छोड़ गई मां, दूर जाती देख रोने लगा

पठानकोट रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन में करीब 2 साल का बच्चा रोता हुआ मिला। इसे एक महिला चलती ट्रेन की बोगी में लावारिस छोड़कर दूसरी ट्रेन में सवार होकर चली गई थी। मां को दूर जाते देख बच्चा रोने लगा था। इसके बाद ट्रेन में सफर कर रही महिला यात्री ने बच्चे को संभाला और भरोली जीआरपी थाने पहुंचकर अधिकारियों को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही गवर्नमेंट रेलवे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मासूम को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को बाल संरक्षण विभाग की देखरेख में आश्रय गृह भेज दिया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और रेलवे नेटवर्क की मदद से महिला और बच्चे के परिजनों की तलाश में जुटी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 20 से 25 वर्ष की एक अज्ञात युवती बच्चे के साथ ट्रेन में सफर कर रही थी। जैसे ही ट्रेन भरोली रेलवे स्टेशन से रवाना होने लगी, वह महिला बच्चे को सीट पर छोड़कर नीचे उतर गई। इसके बाद वह महिला सामने वाली पटरी से अमृतसर की ओर जा रही दूसरी ट्रेन में सवार होकर मौके से फरार हो गई (पढ़ें पूरी खबर)

5. पंजाबी सिंगर बोले- E20 पेट्रोल से नई डिफेंडर खराब हुई

पंजाबी सिंगर रेशम सिंह अनमोल ने दावा किया है कि उनकी नई डिफेंडर गाड़ी अचानक चलते-चलते बंद हो गई। उसकी पहली सर्विस हुई थी। कंपनी में जब गाड़ी भेजी तो कहा गया कि खराब पेट्रोल के कारण फ्यूल पंप पूरी तरह से खराब हो गया है। इसके बाद सिंगर ने वीडियो जारी कर पूरी जानकारी दी।

अनमोल ने कहा- ब्रांड न्यू गाड़ी है, एक सर्विस हुई है और चलते-चलते बंद हो गई। मैंने कंपनी को फोन किया। वे कहते हैं जी आजकल फ्यूल में प्रॉब्लम आ रही है। आप हमें चेक करवाएं। गाड़ी भेजी, तो उन्होंने कहा फ्यूल पंप खराब हो गया है, इसे चेंज करना पड़ेगा और पीछे से कहते हैं फ्यूल में प्रॉब्लम आ रही है।

अनमोल ने कहा- मैंने इसमें तकरीबन 70% XP जो 95 है, हाई स्पीड पेट्रोल, वही डलवाया है हमेशा। जो नॉर्मल पेट्रोल है, वह डलवाना मैंने बंद कर दिया पंप खराब होने के बाद। अब हम किसी पंप पर जाते हैं, मैंने कहा कि मुझे प्योर पेट्रोल चाहिए, XP 100, वे कहते हैं कि हमारे पास है ही नहीं। मैंने कहा कि वह नहीं है, तो 95 हाई स्पीड दे दो। वे कहते हैं वह भी नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. क्रिकेटर अर्शदीप की गर्लफ्रेंड मिस इंडिया फाइनलिस्ट

इंडियन क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और पंजाब के रहने वाले अर्शदीप सिंह ने आखिरकार अपनी लव लाइफ पर चल रही अटकलों को खत्म कर दिया। रविवार देर रात उन्होंने इंस्टाग्राम पर मॉडल और एक्ट्रेस समरीन कौर के साथ 2 फोटो शेयर कीं। कैप्शन में सिर्फ दो शब्द लिखे- ‘My Person’, यानी समरीन को बहुत खास बताया।

इस एक पोस्ट के साथ पिछले तीन महीने से चल रही डेटिंग की चर्चाओं पर मुहर लग गई। पोस्ट के बाद सबसे ज्यादा चर्चा समरीन कौर की हो रही है। समरीन कौर का जन्म जम्मू-कश्मीर में हुआ। उन्होंने पुणे के सिम्बायोसिस कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स से बीकॉम (ऑनर्स) की पढ़ाई की। इसके बाद चंडीगढ़ से MBA भी किया।

कॉलेज के दिनों में ही उन्होंने मॉडलिंग शुरू की। साल 2018 में वह फेमिना मिस इंडिया जम्मू-कश्मीर की फाइनलिस्ट बनीं। आखिर कौन हैं समरीन, मॉडलिंग से लेकर फिल्मों और म्यूजिक वीडियो तक उनका सफर कैसा रहा और अर्शदीप से उनकी लव स्टोरी कैसे शुरू हुई…जानें पूरी कहानी

7. श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 2 की मौत

अमृतसर के श्रद्धालुओं से भरी बस हिमाचल के बिलासपुर में पलट गई। जिससे 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 13 घायल हो गए। घायलों को तुरंत PGI चंडीगढ़, हमीरपुर मेडिकल कॉलेज और बड़सर अस्पताल भेजा गया। ये श्रद्धालु रविवार को दिन में बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन करके वापस घर को लौट रहे थे।

रविवार देर रात करीब 10.30 बजे इनकी बस शाहतलाई के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें काव्या पुत्र कुलदीप कुमार निवासी अमृतसर और रितेश पुत्र अजय कुमार निवासी अमृतसर की मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

इस बस में 35 से ज्यादा श्रद्धालु सवार थे। अधिकांश को चोटें नहीं आई। इस हादसे में नवदीप, दूषन, रेनू, गुरप्रीत, सुखविंदर, जसवीर, काजल को हल्की चोटें आई है, जबकि अंश और वंश को काफी चोटें बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल शिव को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है (पढ़ें पूरी खबर)

8. पीटने से पत्नी बेहोश, मरा समझ सुसाइड किया

फिरोजपुर में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया, प्लास से उसके होठ खींचे, जिससे वह बेहोश हो गई। पत्नी को मरा समझकर उसने खुद पुलिस को फोन कर कहा कि मैंन पत्नी को मार डाला। इसके बाद वह सीधे उस सरकारी स्कूल में पहुंचा, जहां उसकी पत्नी नौकरी करती थी। उसने स्कूल परिसर में बनी पानी की टंकी से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि पति पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसे शक था कि उसकी पत्नी के स्कूल के किसी टीचर के साथ अवैध संबंध हैं।

मृतक के भांजे बंटी ने बताया कि मनप्रीत कई बार पत्नी को टीचर से बात न करने के लिए समझाता था, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। पुलिस ने मृतक के शव पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए हैं। जांच अधिकारी एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी (पढ़ें पूरी खबर)

9. पुलिस मुठभेड़ में दो नशा तस्करों को गोली लगी

मोहाली में पुलिस और नशा तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो नशा तस्कर घायल हो गए। नशा तस्करों ने शनिवार को पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें दो कांस्टेबल घायल हुए थे।

इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इंडस्ट्रियल एरिया में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां नशा तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई।

घायल आरोपियों को इलाज के लिए मोहाली के फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी संदीप हंस मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

10. नशा करने से रोका तो युवकों ने पुलिसवाला पीटा

अमृतसर में नशा कर रहे युवकों को रोकना पंजाब पुलिस के मुलाजिम को भारी पड़ गया। 15 से 20 युवक इकट्‌ठे होकर उसके घर में घुस गए। घर पर पथराव किया और फिर मुलाजिम की जमकर पिटाई कर दी। आसपास के लोग इकट्‌ठा हुए तो आरोपी भाग निकले। घायल मुलाजिम को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है।

घायल मुलाजिम की पत्नी मनप्रीत कौर का कहना है कि हमलावरों को पता था कि उनके पति पंजाब पुलिस में तैनात हैं, फिर भी उन्होंने पूरे परिवार को निशाना बनाया। वहीं, घायल के भाई जसविंदर सिंह ने बताया कि गगनदीप सिंह पहले फौज में थे। वहां से रिटायर होने के बाद वह पंजाब पुलिस में भर्ती हो गए।

भाई ने बताया कि भारतीय सेना में भी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में पंजाब पुलिस में कार्यरत हैं। इस मामले में पुलिस ने अभी हमलावरों पर केस दर्ज नहीं किया है। उनका कहना है कि सबूत जुटाए जा रहे हैं। घायल मुलाजिम के बयान दर्ज कर लिए हैं। उसके बाद आगे की कार्रवाई करेंगे (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *