World News Updates; Trump Pakistan China | ACTPnews

World News Updates; Trump Pakistan China


3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नई दिल्ली में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाकात की। बैठक के दौरान भारत और नेपाल के बीच UPI और नेपाल के नेशनल पेमेंट सिस्टम को जोड़ा गया। इससे दोनों देशों के लोगों के लिए सीमा पार पैसा भेजना आसान होगा।

भारत ने 2015 के भूकंप के बाद चल रहे पुनर्निर्माण कार्यक्रम के तहत नेपाल को 72 हेल्थ फैसिलिटी और 12 सांस्कृतिक विरासत परियोजनियां भी सौंपीं।

इसके अलावा काठमांडू यूनिवर्सिटी और भारत की ‘डिजिटल इंडिया भाषिणी’ के बीच समझौता हुआ। इसके तहत नेपाल के लिए ‘वॉइस फर्स्ट’ भाषा ट्रांसलेशन प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें…

इक्वाडोर के फिशिंग पोर्ट पर भीषण आग, 20 से ज्यादा नावें जलकर राख; 2 लोग घायल

इक्वाडोर के मांटा फिशिंग पोर्ट पर शनिवार को भीषण आग लग गई। आग एक नाव से शुरू होकर तेजी से आसपास खड़ी दूसरी नौकाओं तक फैल गई। हादसे में 20 से ज्यादा नावें जलकर खाक हो गईं। हादसे में अब तक 2 लोगों के घायल होने की खबर हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई नावें आग की लपटों में घिरी दिखाई दीं। पोर्ट से काले धुएं का बड़ा गुबार उठता नजर आया। आग के दौरान कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं। कुछ लोगों ने कम से कम 8 धमाके होने का दावा किया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आग सबसे पहले एक फिशिंग बोट में लगी थी। इसके बाद आग तेजी से दूसरी नौकाओं तक फैल गई। इमरजेंसी सर्विसेज को दोपहर से पहले आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं।

फायर ब्रिगेड ने कई घंटों तक राहत और बचाव अभियान चलाया। इक्वाडोर की नेशनल पुलिस ने कहा है कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने की वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है।

मांटा शहर इक्वाडोर के प्रशांत तट पर स्थित है और इसे देश का बड़ा फिशिंग हब माना जाता है। टूना मछली कारोबार के कारण इसे ‘टूना कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड’ भी कहा जाता है।

अफगानिस्तान में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.0 मैग्निट्यूड

अफगानिस्तान में रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.0 मैग्निट्यूड मापी गई। फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप भारतीय समयानुसार रात 2:54 बजे आया। इसका केंद्र जमीन से 160 किलोमीटर गहराई में था।

अफगानिस्तान में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। हिंदूकुश क्षेत्र भूकंप के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटें टकराती हैं।

अमेरिका के ओहियो में स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान फायरिंग, कई लोगों को लगी गोली; हमलावरों की तलाश जारी

अमेरिका के ओहियो राज्य के टोलेडो शहर में शनिवार को एक स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान फायरिंग हुई। घटना में कई लोग घायल हो गए। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि संदिग्धों की तलाश जारी है।

टोलेडो पुलिस के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को कई लोग गोली लगने से घायल मिले। हालांकि अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया है कि कुल कितने लोग घायल हुए हैं और उनकी हालत कैसी है।

पुलिस ने घटना के कारणों या संदिग्धों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी है। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लगातार फायरिंग की आवाज सुनाई दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग चीखते हुए इधर-उधर भागते दिखे।

एक प्रत्यक्षदर्शी केविन बेरी ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ पास के आर्बोरेटम में लाइव म्यूजिक सुन रहे थे, तभी अचानक कई गोलियों की आवाज सुनाई दी। कई लोग लोग जमीन पर लेट गए। कुछ भागे। बेरी के अनुसार, उन्होंने पांच घायलों को देखा, जिन्हें गोली लगी थी। एक हथियार भी पड़ा था, जिसे किसी ने फेंक दिया था।

ब्रिटेन के नए बैंकनोटों से हटेंगे चर्चिल समेत कई ऐतिहासिक चेहरे

बैंक ऑफ इंग्लैंड की अगली बैंकनोट सीरीज में विंस्टन चर्चिल, एलन ट्यूरिंग और जेन ऑस्टेन जैसे ऐतिहासिक चेहरों की जगह वन्यजीवों की तस्वीरें हो सकती हैं। टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक के लिए कराए गए एक अध्ययन में इन हस्तियों को आधुनिक ब्रिटेन की विविधता का पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं करने वाला बताया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, बैंक ऑफ इंग्लैंड ने मार्केट रिसर्च फर्म Savanta से बैंकनोट डिजाइन को लेकर एक स्टडी कराई थी। इसमें कहा गया कि चर्चिल, ट्यूरिंग और ऑस्टेन जैसी हस्तियां कुछ लोगों की नजर में “एलीटिस्ट”, “इम्पीरियलिस्ट” और “संभावित रूप से विभाजनकारी” मानी जाती हैं। प्रतिभागियों ने ऐसी छवियों की मांग की जो आधुनिक और अधिक समावेशी ब्रिटेन को दर्शाएं।

बैंक ऑफ इंग्लैंड ने मार्च में घोषणा की थी कि भविष्य की बैंकनोट सीरीज में ऐतिहासिक व्यक्तियों की जगह ब्रिटेन के वन्यजीवों को प्रमुखता दी जाएगी। बैंक का कहना था कि जनपरामर्श में प्रकृति आधारित डिजाइन को सबसे अधिक समर्थन मिला। नए नोटों के लिए रेड फॉक्स, बॉटलनोज डॉल्फिन और कॉमन फ्रॉग जैसे वन्यजीवों पर विचार किया जा रहा है।

टेलीग्राफ की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि ऐतिहासिक इमारतों और स्मारकों को भी विवादास्पद माना गया। कुछ जॉर्जियन और विक्टोरियन काल की इमारतों को उपनिवेशवाद और गुलामी से जुड़ी विरासत के कारण संवेदनशील श्रेणी में रखा गया। वहीं व्हाइट क्लिफ्स ऑफ डोवर जैसे प्राकृतिक प्रतीकों पर भी आपत्ति दर्ज होने की बात कही गई।

फैसले को लेकर ब्रिटेन में राजनीतिक बहस तेज हो गई है। रिफॉर्म यूके के ट्रेजरी प्रवक्ता रॉबर्ट जेनरिक ने इसे “बेतुका” बताया, जबकि केमी बेडेनॉक, निगेल फराज और केविन हॉलिनरेक समेत कई नेताओं ने इसे ब्रिटिश इतिहास को कमजोर करने वाला कदम बताया है।

बैंक ऑफ इंग्लैंड 50 वर्षों से अधिक समय से बैंकनोटों पर ऐतिहासिक हस्तियों की तस्वीरें छापता रहा है। 1970 में विलियम शेक्सपियर £20 के नोट पर दिखाई देने वाले पहले गैर-शाही व्यक्ति बने थे। अब बैंक का कहना है कि नई सीरीज के डिजाइन चयन में आम जनता की भी भागीदारी होगी।

ISS में एयर लीकेज: रूसी कॉस्मोनॉट्स ने शुरू की मरम्मत

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर मौजूद रूसी कॉस्मोनॉट्स (बाएं से) सर्गेई मिकाएव, सर्गेई कुद-स्वेर्चकोव और आंद्रेई फेद्याएव।

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर मौजूद रूसी कॉस्मोनॉट्स (बाएं से) सर्गेई मिकाएव, सर्गेई कुद-स्वेर्चकोव और आंद्रेई फेद्याएव।

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के रूसी Zvezda सर्विस मॉड्यूल में एयर लीकेज का पता चलने के बाद NASA ने एहतियातन अपने अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेसएक्स Dragon कैप्सूल में शिफ्ट कर दिया। बाद में एक लीकेज पॉइंट की मरम्मत कर दी गई और स्थिति सामान्य पाए जाने पर चालक दल को नियमित कामकाज पर लौटने की अनुमति दे दी गई।

रूसी अंतरिक्ष एजेंसी Roscosmos के मुताबिक, नियमित प्रेशर जांच के दौरान Zvezda मॉड्यूल के ट्रांसफर चैंबर (PrK) में एयर लीकेज के दो संभावित स्थान मिले। इनमें से एक स्थान को विशेष सीलेंट से तुरंत बंद कर दिया गया, जबकि दूसरे स्थान की मरम्मत की तैयारी शुरू की गई।

NASA की प्रवक्ता बेथनी स्टीवंस ने कहा कि अतिरिक्त सावधानी के तहत Crew-12 मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेससूट पहनकर Dragon कैप्सूल में जाने का निर्देश दिया गया था। यह कैप्सूल ISS से पृथ्वी तक आवागमन और आपातकालीन निकासी के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

स्टीवंस के अनुसार, NASA और Roscosmos लंबे समय से Zvezda मॉड्यूल में मौजूद दरारों और दबाव में कमी की समस्या की निगरानी कर रहे हैं। दोनों एजेंसियां लगातार इसके कारणों की जांच कर रही हैं।

1998 में लॉन्च किया गया ISS पांच अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसियों—अमेरिका, रूस, यूरोप, जापान और कनाडा—का संयुक्त प्रोजेक्ट है। वर्तमान में स्टेशन पर सात सदस्य मौजूद हैं, जिनमें तीन रूसी कॉस्मोनॉट्स, तीन NASA अंतरिक्ष यात्री और एक यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी की अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed