वर्ल्ड अपडेट्स:नेतन्याहू बोले- भारत में इजराइल का जबरदस्त समर्थन, मेरे सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वहीं से | ACTPnews

वर्ल्ड अपडेट्स:नेतन्याहू बोले- भारत में इजराइल का जबरदस्त समर्थन, मेरे सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वहीं से

इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत और इजराइल के रिश्तों पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में इजराइल को आलोचना और विरोध का सामना करना पड़ता है, लेकिन भारत में इजराइल के लिए जबरदस्त समर्थन देखने को मिलता है। वेस्ट बैंक में गुरुवार को आयोजित एक सम्मेलन में बोलते हुए नेतन्याहू ने कहा कि भारत इजराइल की ग्लोबल रणनीति में बेहद खास जगह रखता है। उन्होंने भारत और इजराइल के रिश्तों को अनोखा बताया और कहा कि भारत के लोगों में इजराइल के प्रति खास लगाव है। नेतन्याहू ने कहा, दुनिया के कई हिस्सों में हमें वैधता खत्म करने की कोशिशों का सामना करना पड़ता है, लेकिन भारत में ऐसा नहीं है। उन्होंने आगे कहा, भारत में इजराइल के लिए बिल्कुल अलग तरह का प्यार है, बेहद जबरदस्त प्यार। मुझे लगता है कि मेरे सबसे ज्यादा सोशल मीडिया फॉलोअर्स भारत में हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबर… कनाडा में UFC फाइटर बनने का सपना देखने वाले केरल के युवक की भालू के हमले में मौत
केरल के 27 वर्षीय ऋषिकेश कोलोथ की कनाडा के सस्केचेवान प्रांत में ब्लैक बियर के हमले में मौत हो गई। ऋषिकेश UFC फाइटर बनने का सपना लेकर तीन साल पहले कनाडा गए थे। वे जल्द ही वैंकूवर में बॉक्सिंग कोच के तौर पर काम शुरू करने वाले थे। ऋषिकेश नॉर्डबाय लेक के पास स्थित जू बे यूरेनियम एक्सप्लोरेशन साइट पर कॉन्ट्रैक्ट टेक्नीशियन के तौर पर काम कर रहे थे। 8 मई को साइट पर ब्लैक बियर ने उन पर हमला कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बाद में भालू को गोली मार दी। ऋषिकेश के बड़े भाई अर्जुन कोलोथ ने बताया कि उनका सपना UFC में फाइट करना था। उन्होंने भारत और कनाडा में करीब 10 साल तक मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली थी। वे जून से वैंकूवर में बॉक्सिंग कोच की नौकरी शुरू करने वाले थे। वन्यजीव अधिकारियों के मुताबिक, इस समय हाइबरनेशन से बाहर आने के बाद भालू खाने की तलाश में ज्यादा आक्रामक हो सकते हैं। सस्केचेवान सरकार ने हमले वाले दिन ही लोगों को सतर्क रहने की एडवाइजरी जारी की थी। ब्रिटिश सांसद बोले- भारतीय हमारी नौकरियां छीन रहे हैं, देश की पहचान बदल रहे
ब्रिटेन के सांसद रूपर्ट लोव ने भारतीय और पाकिस्तानी प्रवासियों को लेकर विवादित बयान दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि ये लोग ब्रिटिश नागरिकों की नौकरियां छीन रहे हैं और देश की सांस्कृतिक पहचान बदल रहे हैं। बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें नस्लभेदी बताया जा रहा है। ग्रेट यारमाउथ से सांसद लोव ने X पर लिखा, “मुझे नहीं लगता कि हमें लाखों पाकिस्तानी और भारतीयों को ऐसे कामों के लिए लाना चाहिए, जो बेरोजगार ब्रिटिश नागरिक कर सकते हैं। अगर इससे मुझे नस्लभेदी कहा जाता है, तो ठीक है।” लोव हाल ही में रिफॉर्म यूके पार्टी से अलग हुए हैं और रिस्टोर ब्रिटेन नाम से नया राइट विंग राजनीतिक संगठन शुरू किया है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के कुछ इलाके अब विदेशी देश जैसे लगते हैं। मैनचेस्टर के कुछ हिस्सों को उन्होंने इस्लामिक बताते हुए इमिग्रेशन को कॉलोनाइजेशन कहा। उन्होंने बुर्का, शरिया कोर्ट, हलाल स्लॉटर और सार्वजनिक नमाज पर भी आपत्ति जताई। लोव ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो बुर्का, कजिन मैरिज और सार्वजनिक जगहों पर किरपान पर रोक लगाएगी। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन की 19% वर्कफोर्स विदेश में जन्मे लोगों की है। रिपोर्ट में कहा गया कि प्रवासी सिर्फ नौकरियों के लिए प्रतिस्पर्धा नहीं करते, बल्कि अर्थव्यवस्था और नए रोजगार भी पैदा करते हैं। लोव के बयान के बाद ब्रिटेन में इमिग्रेशन और नस्लभेद को लेकर बहस तेज हो गई है। ओमान 15वां देश जिसपर ट्रम्प ने हमले की धमकी दी:अब तक 7 देशों पर अटैक किया, 4 देशों को अमेरिका में मिलाने की चेतावनी दी ट्रम्प ने बुधवार को ओमान पर हमला करने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर वह ईरान के साथ मिलकर होर्मुज स्ट्रेट को कंट्रोल करने की कोशिश करता है तो अमेरिका उसे उड़ा देगा। ओमान 15वां ऐसा देश है जिस पर ट्रम्प ने हमले की धमकी दी है। इतना ही नहीं, ट्रम्प के कार्यकाल में अमेरिका ने 7 देशों पर हमले भी किए हैं। इसमें वेनेजुएला भी शामिल है जहां घुसकर अमेरिका ने राष्ट्रपति का किडनैप कर लिया था। इसके अलावा ट्रम्प 4 देशों पर कब्जा करने की चेतावनी भी दे चुके हैं। इसमें कनाडा, ग्रीनलैंड, वेनेजुएला और क्यूबा शामिल हैं। इसके अलावा ट्रम्प पनामा नहर पर भी कब्जा करने की धमकी दे चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर… ट्रम्प जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में फाइटिंग कराएंगे:मुकाबले के लिए स्टेज तैयार हो रहा, 1 लाख लोग फ्री में मुकाबला देखेंगे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 14 जून को 80 साल के हो जाएंगे। इस मौके पर व्हाइट हाउस में अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) के मुकाबले करााए जाएंगे। UFC दुनिया की सबसे बड़ी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) संस्था है। इसमें अलग-अलग फाइटिंग खेलों के खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करते हैं। UFC चीफ डाना व्हाइट ने बताया कि व्हाइट हाउस में फाइट कराने का विचार खुद ट्रम्प ने दिया था। उनके मुताबिक इसके लिए व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में खास फाइटिंग एरिया बनाया जा रहा है, जहां 4 हजार से ज्यादा लोग बैठ सकेंगे। इसके अलावा व्हाइट हाउस के पास एलिप्स फील्ड में फाइट्स दिखाने के लिए बड़ी स्क्रीनें लगाई जाएंगी। यहां 75 हजार से लेकर 1 लाख लोग मुफ्त में मुकाबला देख सकेंगे। व्हाइट ने बताया कि ट्रम्प चाहते थे कि यह मुकाबला अमेरिका के 250वें स्थापना वर्ष के जश्न का हिस्सा बने। अल जजीरा के मुताबिक, मुख्य मुकाबले में अमेरिकी फाइटर जस्टिन गेथजी और जॉर्जिया के स्टार फाइटर इलिया टोपूरिया आमने-सामने होंगे। पढ़ें पूरी खबर… ब्रिटेन में शरण मांगने वालों की उम्र जांचेगा AI: चेहरे की फोटो से पता चलेगा बालिग या नाबालिग
ब्रिटेन सरकार अगले साल से शरण मांगने वालों की उम्र जांचने के लिए AI फेशियल रिकग्निशन तकनीक का ट्रायल शुरू करेगी। इस तकनीक के जरिए चेहरे की तस्वीरों का विश्लेषण कर यह पता लगाया जाएगा कि व्यक्ति बालिग है या नाबालिग। ब्रिटेन के होम ऑफिस की इस योजना के तहत तकनीक को पहले टेस्ट और डेवलप किया जाएगा, जिसके बाद 2027 तक इसे लागू करने का लक्ष्य है। सरकार का कहना है कि कई वयस्क प्रवासी खुद को बच्चा बताकर सिस्टम का फायदा उठाते हैं। ब्रिटेन में अकेले पहुंचे बच्चों को केयर सिस्टम में भेजा जाता है, जिससे उन्हें देश में रहने में आसानी हो सकती है। होम ऑफिस के मुताबिक, मार्च 2026 तक एक साल में 6400 से ज्यादा ऐसे मामलों की जांच हुई, जिनमें लोगों ने खुद को नाबालिग बताया था। इनमें 43% लोग बालिग पाए गए। AI तकनीक का पहला लाइव ट्रायल अगले साल किया जाएगा। फिलहाल उम्र जांच के लिए दस्तावेज, एक्स-रे और MRI स्कैन का इस्तेमाल किया जाता है। ब्रिटेन के बॉर्डर सिक्योरिटी और असायलम मंत्री एलेक्स नॉरिस ने कहा कि यह तकनीक सिस्टम का गलत फायदा उठाने वालों की पहचान में मदद करेगी। हालांकि कई मानवाधिकार संगठनों ने इस योजना का विरोध किया है। उनका कहना है कि बच्चों की पहचान तय करने के लिए अप्रमाणित AI तकनीक का इस्तेमाल अमानवीय और जोखिम भरा हो सकता है। जेफ बेजोस की कंपनी का रॉकेट लॉन्चपैड पर फटा: टेस्टिंग के दौरान हुआ धमाका
अमेरिकी अरबपति जेफ बेजोस की स्पेस कंपनी ब्लू ओरिजिन का न्यू ग्लेन रॉकेट फ्लोरिडा में टेस्टिंग के दौरान लॉन्चपैड पर फट गया। हादसा गुरुवार को केप कैनावेरल में प्री-फ्लाइट स्टैटिक फायर टेस्ट के दौरान हुआ। घटना का वीडियो लाइव स्ट्रीम में रिकॉर्ड हुआ, जिसमें रॉकेट तेज धमाके के साथ आग के बड़े गोले में बदलता दिखाई दिया। ब्लू ओरिजिन ने कहा कि टेस्ट के दौरान तकनीकी गड़बड़ी हुई। कंपनी के मुताबिक, हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। न्यू ग्लेन रॉकेट के चौथे मिशन की तैयारी चल रही थी। CBS News के अनुसार, अगले महीने प्रस्तावित मिशन में अमेजन के लो-अर्थ ऑर्बिट इंटरनेट नेटवर्क के लिए 48 सैटेलाइट लॉन्च किए जाने थे। हालांकि हादसे के समय सैटेलाइट रॉकेट में मौजूद नहीं थे। न्यू ग्लेन ब्लू ओरिजिन का हैवी-लिफ्ट रॉकेट है, जिसमें री-यूजेबल फर्स्ट-स्टेज बूस्टर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसे SpaceX के बड़े रॉकेट्स को टक्कर देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *