हिमाचल में बारिश और भारी ओलावृष्टि:धर्मशाला का टेंपरेचर 5॰C गिरा; कल 10 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट | ACTPnews

हिमाचल में बारिश और भारी ओलावृष्टि:धर्मशाला का टेंपरेचर 5॰C गिरा; कल 10 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में आज (शुक्रवार) तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। बारिश के बाद लोगों ने गर्मी से राहत की सांस जरूर ली, लेकिन ओलावृष्टि ने कई भागों में सेब और दूसरी फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। शिमला में शाम सवा सात बजे मूसलाधार बारिश के साथ तूफान भी चला। मंडी जिला के करसोग के डींग व कथेड़, शिमला के थ्रोला, खड़ापत्थर और रोहड़ू के शरोंथा में ओलावृष्टि से सेब के दाने दागी (निशान पड़ना) हो गए। कई जगह सेब को ओलावृष्टि से बचाने के लिए लगाए गए एंटी हेल नेट भी इससे क्षतिग्रस्त हो गए। मंडी के कोटली, सरकाघाट, सुजानपुर, कुल्लू के आनी, रिकांगपियों इत्यादि क्षेत्रों में आज दिन के वक्त कुछ देर के लिए मूसलाधार बारिश हुई। सिरमौर के कई भागों में बीती रात को तेज बारिश हुई। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। धर्मशाला का पारा 5 डिग्री गिरा धर्मशाला के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 5.0 डिग्री की गिरावट आने के बाद पारा 30.0 डिग्री तक गिर गया। शिमला का पारा भी आज 4.0 डिग्री की गिरावट के बाद 25.0 डिग्री और मनाली का 4.8 डिग्री गिरने के बाद 24.6 डिग्री सेल्सियस रह गया है। इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। नाहन का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरने के बाद 18 डिग्री रह गया है। वेदर में आए बदलाव के बाद पहाड़ों पर मौसम सुहावना हो गया है। कल 10 जिलों में अलर्ट मौसम विभाग (IMD) ने अगले कल भी किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी 10 जिलों में आंधी व तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछेक क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कल भी बारिश के आसार IMD के अनुसार- 31 मई को भी पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। एक जून से वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन 2 जून तक अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में हल्की बारिश जारी रहेगी। 3 और 4 जून को भी अधिक ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार है। जाहिर है कि इससे अगले पांच दिनों के दौरान गर्मी से राहत मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *