Iran US War Ceasefire Conditions LIVE Update; Donald Trump Enriched Uranium – Frozen Assets | ACTPnews

Iran US War Ceasefire Conditions LIVE Update; Donald Trump Enriched Uranium - Frozen Assets


  • Hindi News
  • International
  • Iran US War Ceasefire Conditions LIVE Update; Donald Trump Enriched Uranium Frozen Assets | Hormuz Strait

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी2 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि वे ईरान पर नए हमले के आदेश से सिर्फ एक घंटे दूर थे। उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि अमेरिकी नौसैनिक जहाज मिसाइलों और हथियारों से पूरी तरह तैयार थे।

इससे पहले ट्रम्प ने कहा था कि उन्होंने ईरान पर मंगलवार को होने वाला हमला फिलहाल टाल दिया है। कतर, सऊदी अरब और UAE जैसे देशों के नेताओं ने बातचीत को मौका देने के लिए कुछ दिन का समय मांगा था।

ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि ईरान समझौता करने की भीख मांग रहा है और अगर जल्द कोई समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका आने वाले दिनों में फिर हमला कर सकता है।

ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दे सकता। उन्होंने कहा कि नई सैन्य कार्रवाई शुक्रवार, शनिवार, रविवार या अगले हफ्ते की शुरुआत में हो सकती है।

ट्रम्प ने सुबह सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ईरान पर हमला रोकने की जानकारी दी थी…

ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर ईरान पर हमला टालने की जानकारी दी।

ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर ईरान पर हमला टालने की जानकारी दी।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स

1. ट्रम्प की ईरान को धमकी- जल्दी समझौता करो, वरना कुछ नहीं बचेगा: ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि घड़ी तेजी से चल रही है और अगर जल्द समझौता नहीं हुआ तो गंभीर नतीजे होंगे।

2. अमेरिका-इजराइल की ईरान पर नए हमले की तैयारी: रिपोर्ट्स के मुताबिक, जर्मनी स्थित अमेरिकी ठिकानों से हथियार लेकर दर्जनों कार्गो विमान इजराइल पहुंचे हैं। वहीं नेतन्याहू और ट्रम्प ने संभावित सैन्य कार्रवाई को लेकर बातचीत की।

3. होर्मुज में बढ़ा संकट, 1500 कारोबारी जहाज फंसे: ईरान तनाव और समुद्री नाकेबंदी के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में करीब 1,500 कारोबारी जहाज फंसे हुए हैं। इन पर 20 हजार से ज्यादा नाविक मौजूद हैं। एक्सपर्ट्स ने मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा बताया है।

4. सऊदी अरब पर ड्रोन हमला, कुवैत-कतर ने की निंदा: सऊदी अरब ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने इराक की दिशा से आए 3 ड्रोन मार गिराए। कुवैत और कतर ने इसे सऊदी संप्रभुता और क्षेत्रीय सुरक्षा पर हमला बताया।

5. ईरान में लड़कियों को AK-47 ट्रेनिंग: अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान में युवा लड़कियों को AK-47 असॉल्ट राइफल असेंबल और डिसअसेंबल करने की ट्रेनिंग दी जा रही है। इससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।

ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

अपडेट्स

05:24 PM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत की उम्मीद से तेल की कीमतें घटीं

ट्रम्प के ईरान पर संभावित हमला फिलहाल टालने के बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में गिरावट आई है। एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि दोनों देश जल्द बातचीत के रास्ते पर लौट सकते हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतें 1 प्रतिशत से ज्यादा गिर गईं। ब्रेंट क्रूड का दाम घटकर करीब 110 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी कच्चा तेल करीब 103 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।

ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने ईरान पर हमले की योजना कुछ समय के लिए रोक दी है ताकि बातचीत के जरिए मध्य-पूर्व के तनाव को खत्म करने की कोशिश की जा सके।

05:19 PM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

यूरोपियन यूनियन महंगी खाद से परेशान किसानों को मदद देगा

यूरोपियन यूनियन (EU) ने कहा है कि वह महंगी खाद से परेशान किसानों की मदद करेगा। युद्ध और सप्लाई में दिक्कत की वजह से खाद की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। EU ने किसानों को खास मदद देने और कृषि राहत फंड बढ़ाने का ऐलान किया है।

दरअसल, दुनिया में इस्तेमाल होने वाली काफी यूरिया खाद खाड़ी देशों से आती है। यह सप्लाई होर्मुज के रास्ते दूसरे देशों तक पहुंचती है। लेकिन इलाके में तनाव बढ़ने से सप्लाई प्रभावित हो रही है।

04:40 PM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका ने ईरानी कंपनी पर प्रतिबंध लगाए

अमेरिका ने ईरान पर फिर नए प्रतिबंध लगाए हैं। इस बार अमेरिका ने ईरान की एक विदेशी मुद्रा बदलने वाली कंपनी और उससे जुड़ी कई कंपनियों पर कार्रवाई की है।

अमेरिकी सरकार का कहना है कि “अमीन एक्सचेंज” नाम की यह कंपनी ईरानी बैंकों के लिए पैसों का लेन-देन कराने में मदद कर रही थी। अमेरिका के मुताबिक, इस कंपनी का नेटवर्क यूएई, तुर्किये और हांगकांग जैसे देशों तक फैला हुआ था।

इसके साथ ही अमेरिका ने 19 जहाजों पर भी रोक लगा दी है। अमेरिका का आरोप है कि इन जहाजों से ईरान का तेल और पेट्रोकेमिकल सामान दूसरे देशों में भेजा जा रहा था।

04:21 PM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

दक्षिणी लेबनान में इजराइल ने फिर एयरस्ट्राइक की

दक्षिणी लेबनान में इजराइल ने एक बार फिर हवाई हमला किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइल की एयर स्ट्राइक में टायर शहर के पास स्थित बुर्ज शामाली कस्बे के बाहरी इलाके को निशाना बनाया गया। फिलहाल नुकसान और हताहतों की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच जारी संघर्ष के कारण लेबनान में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। 2 मार्च से दोनों पक्षों के बीच फिर से लड़ाई शुरू होने के बाद लेबनान में इजराइल के हमलों में अब तक कम से कम 3,042 लोगों की मौत हो चुकी है।

04:20 PM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प ने ईरान पर फिर हमले की धमकी दी

ट्रम्प ने दावा किया कि वे ईरान पर नए हमले के आदेश से सिर्फ एक घंटे दूर थे। उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि अमेरिकी नौसैनिक जहाज मिसाइलों और हथियारों से पूरी तरह तैयार थे।

इससे पहले ट्रम्प ने कहा था कि उन्होंने ईरान पर मंगलवार को होने वाला हमला फिलहाल टाल दिया है। कतर, सऊदी अरब और UAE जैसे देशों के नेताओं ने बातचीत को मौका देने के लिए कुछ दिन का समय मांगा था।

ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि ईरान समझौता करने की भीख मांग रहा है और अगर जल्द कोई समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका आने वाले दिनों में फिर हमला कर सकता है।

ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दे सकता। उन्होंने कहा कि नई सैन्य कार्रवाई शुक्रवार, शनिवार, रविवार या अगले हफ्ते की शुरुआत में हो सकती है।

03:15 PM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ब्रिटिश एयरवेज ने दुबई-दोहा उड़ानें फिर टालीं

ब्रिटेन की एयरलाइन ब्रिटिश एयरवेज ने मध्य-पूर्व के लिए अपनी उड़ानों की वापसी को फिर टाल दिया है। एयरलाइन ने कहा है कि दुबई, दोहा और तेल अवीव के लिए उसकी उड़ानें अब 1 अगस्त तक शुरू नहीं होंगी।

ब्रिटिश एयरवेज के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि मध्य-पूर्व में जारी तनावपूर्ण हालात को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव किया गया है।

एयरलाइन ने यह भी बताया कि जब उड़ानें दोबारा शुरू होंगी, तब भी कुछ रूट्स पर सेवाएं सीमित रहेंगी। रियाद और दोहा जैसे शहरों के लिए उड़ानों की संख्या घटाकर रोज केवल एक फ्लाइट कर दी जाएगी।

02:32 PM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

कतर बोला- किसी को होर्मुज पर कंट्रोल का अधिकार नहीं

कतर ने मंगलवार को कहा कि किसी भी देश को किसी भी हालत में होर्मुज स्ट्रेट तक पहुंच रोकने का अधिकार नहीं है।

कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने कहा कि LNG से भरे दो टैंकर इस अहम समुद्री रास्ते से गुजर चुके हैं, लेकिन अभी सामान्य समुद्री आवाजाही पूरी तरह बहाल नहीं हुई है।

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम तेल और गैस समुद्री रास्तों में से एक माना जाता है। यहां तनाव बढ़ने का असर वैश्विक ऊर्जा सप्लाई और तेल-गैस की कीमतों पर पड़ सकता है।

02:22 PM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान के न्यूक्लियर प्लांट से अपने लोगों को बुलाएगा रूस

रूस की सरकारी परमाणु कंपनी रोसाटोम ने कहा है कि वह आने वाले हफ्तों में ईरान के बुशेहर परमाणु संयंत्र में अपने कर्मचारियों को वापस भेजने की तैयारी कर रही है।

रोसाटोम इस साइट पर दो नए परमाणु रिएक्टर बना रही है। लेकिन फरवरी के आखिर में ईरान के खिलाफ शुरू हुए युद्ध के बाद सुरक्षा कारणों से कंपनी ने अपने सैकड़ों कर्मचारियों को वहां से हटा लिया था।

अब कंपनी का कहना है कि हालात पहले से बेहतर हो रहे हैं और इसी वजह से कर्मचारियों की वापसी की योजना बनाई जा रही है।

02:20 PM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

G7 देश बोले- होर्मुज स्ट्रेट खोलना बेहद जरूरी

G7 देशों के वित्त मंत्रियों ने मंगलवार को कहा कि मौजूदा क्षेत्रीय तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट को फिर से पूरी तरह खोलना बेहद जरूरी है। संयुक्त बयान में कहा गया कि इस अहम समुद्री रास्ते के जरिए आवाजाही बहाल करना जरूरी है।

10:30 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान में IRGC के पूर्व मेंबर की मौत, बम को डिएक्टिवेट कर रहे थे

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के एक रिटायर्ड मेंबर की तेहरान में मौत हो गई। ईरान से जुड़ी फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक वह हालिया युद्ध के दौरान बचे बिना फटे गोला-बारूद को निष्क्रिय करने के अभियान में शामिल थे। इस दौरान विस्फोट हो गया, जिसमें उनकी जान चली गई।

ईरान में हालिया संघर्ष के बाद कई इलाकों में अब भी बिना फटे बम, मिसाइल या सैन्य सामग्री मिलने की खबरें आ रही हैं। ऐसे ऑपरेशन बेहद खतरनाक माने जाते हैं क्योंकि थोड़ी सी गलती भी जानलेवा विस्फोट का कारण बन सकती है।

10:26 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- हमला हुआ तो अरब देशों को नहीं छोड़ेंगे

ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष महमूद नबावियन ने चेतावनी दी कि अगर ईरान या उसके नेताओं पर फिर हमला हुआ तो जवाब सिर्फ अमेरिका और इजराइल तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि उन अरब देशों को भी निशाना बनाया जा सकता है जो अमेरिका और इजराइल के साथ खड़े हैं।

09:22 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान पर हमला टलने से सोना सस्ता हुआ

ट्रम्प के ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला टालने के बाद मंगलवार को सोने की कीमतों में गिरावट आई। स्पॉट गोल्ड 0.5% गिरकर 4,544.17 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि जून डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.2% टूटकर 4,547.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए।

ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिका ईरान पर बड़ा हमला करने वाला था, लेकिन कतर, सऊदी अरब और UAE के अनुरोध पर उसे फिलहाल टाल दिया गया। इसके बाद पश्चिम एशिया को लेकर बाजार में तनाव थोड़ा कम हुआ, जिससे सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने की मांग घटी।

हालांकि बाजार अब भी सतर्क है, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है और क्षेत्रीय तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

08:50 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

जर्मन चांसलर पर भड़का ईरान; बोला- अमेरिका-इजराइल के हमलों पर चुप क्यों थे?

ईरान ने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि अमेरिका और इजराइल के परमाणु ठिकानों पर हमलों को सही ठहराने वाले देश अब अंतरराष्ट्रीय कानून और क्षेत्रीय सुरक्षा की बात कर रहे हैं।

बघाई ने X पर कहा कि अमेरिका और इजराइल ने ईरान के सुरक्षित परमाणु ठिकानों पर खुले हमले किए, लेकिन पश्चिमी देशों ने इसकी निंदा नहीं की।

उन्होंने कहा कि अब एक कथित फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन के बाद वही देश अंतरराष्ट्रीय कानून का हवाला दे रहे हैं, जबकि UAE ने भी आधिकारिक तौर पर ईरान को जिम्मेदार नहीं ठहराया।

बघाई ने कहा कि अगर परमाणु ठिकानों पर हमला खतरा है, तो यह नियम सभी देशों पर बराबर लागू होना चाहिए, सिर्फ पश्चिमी हितों के हिसाब से नहीं।

ईरानी प्रवक्ता ने जर्मन नाटक द ब्रोकन जग का जिक्र करते हुए कहा कि यह रवैया जज एडम जैसा है, जो खुद गलतियां करता है लेकिन दूसरों को न्याय सिखाता है।

इस्माइल बघाई ने जर्मन नाटक द ब्रोकन जग की यह तस्वीर पोस्ट करते हुए जर्मनी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

इस्माइल बघाई ने जर्मन नाटक द ब्रोकन जग की यह तस्वीर पोस्ट करते हुए जर्मनी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

08:06 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

तेहरान में पत्रकार बनकर जासूसी करने वाले 2 लोग गिरफ्तार

तेहरान पुलिस ने पत्रकार बनकर काम कर रहे दो संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। ईरानी एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, दोनों पर सैन्य और खुफिया जानकारी विदेश भेजने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पश्चिमी और उत्तरी तेहरान में सक्रिय थे और खुद को पत्रकार बताकर संवेदनशील जानकारी जुटा रहे थे।

रिपोर्ट में कहा गया है कि जानकारी ईरान विरोधी नेटवर्क्स को भेजी जा रही थी। इसके लिए स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट का इस्तेमाल हो रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्टारलिंक रिसीवर भी बरामद किया। मामले में अब तकनीकी और खुफिया जांच जारी है।

07:27 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरानी संसद में अमेरिका से बातचीत पर रिपोर्ट पेश

ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति को अमेरिका के साथ चल रही बातचीत और ईरान की मांगों पर रिपोर्ट दी।

सरकारी एजेंसी IRNA के मुताबिक, रिपोर्ट में यूरेनियम संवर्धन को ईरान का अधिकार बताया गया और अमेरिकी नाकेबंदी व प्रतिबंध हटाने की मांग दोहराई गई।

ईरान ने अमेरिका से सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने, लेबनान में तनाव रोकने और विदेशों में फंसी ईरानी संपत्तियां वापस करने की मांग की है। रिपोर्ट में युद्ध से हुए नुकसान के लिए मुआवजा और पुनर्निर्माण सहायता की बात भी कही गई।

इसके अलावा अमेरिका के एकतरफा प्रतिबंध, UN सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव खत्म करने और ईरान के आसपास से अमेरिकी सेना हटाने की मांग भी दोहराई गई।

06:38 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

UN बोला- होर्मुज में आवाजाही पर कोई रोक नहीं होनी चाहिए

संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही पर किसी तरह की रोक नहीं लगनी चाहिए।

UN के प्रवक्ता फरहान हक ने कहा, “हम नहीं चाहते कि कोई भी संस्था होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही की स्वतंत्रता को सीमित करे।” उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चाहता है कि समुद्र और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नौवहन की आजादी बनी रहे।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान ने इस समुद्री रास्ते को नियंत्रित करने के लिए नई अथॉरिटी बनाई है। ईरान ने कहा है कि अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को उसकी अनुमति लेनी होगी।

06:02 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

US नाकेबंदी के चलते ईरान समुद्र में खड़े पुराने टैंकरों में तेल स्टोर कर रहा

अमेरिकी नाकेबंदी के कारण ईरान को अपना तेल पुराने टैंकरों में स्टोर करना पड़ रहा है। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, फारस की खाड़ी में ईरानी तेल और पेट्रोकेमिकल्स से भरे टैंकरों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस समय फारस की खाड़ी में ईरानी तेल और पेट्रोकेमिकल्स लेकर 39 टैंकर खड़े हैं। 13 अप्रैल को अमेरिकी नाकेबंदी लागू होने से पहले इनकी संख्या 29 थी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि कई टैंकर ईरान के खार्ग द्वीप स्थित तेल निर्यात टर्मिनल के पास जमा हो गए हैं। फाइनेंशियल टाइम्स ने ओमान की खाड़ी में चाबहार पोर्ट के पास 13 संदिग्ध टैंकरों की भी पहचान की है।

अमेरिका की नाकेबंदी का मकसद ईरानी जहाजों या ईरानी तेल ले जाने वाले संदिग्ध जहाजों की तलाशी और जब्ती करना है। इसी वजह से ईरान का तेल निर्यात प्रभावित हो रहा है।

नाकाबंदी के चलते ईरानी जहाज या ईरानी तेल से लदे जहाज फारस की खाड़ी में फंसे हैं। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

नाकाबंदी के चलते ईरानी जहाज या ईरानी तेल से लदे जहाज फारस की खाड़ी में फंसे हैं। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

05:48 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प-नेतन्याहू की हत्या करने वाले को ₹500 करोड़ देगा ईरान

ईरान की संसद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की हत्या करने वालों को ₹500 करोड़ से ज्यादा इनाम देने वाला बिल ला सकती है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब ट्रम्प ने कहा है कि उन्होंने ईरान पर मंगलवार को होने वाला बड़ा हमला फिलहाल टाल दिया है।

द टेलीग्राफ UK की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग इस बिल की तैयारी कर रही है। आयोग के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने कहा कि “इस्लामिक रिपब्लिक की सैन्य और सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई” नाम से बिल तैयार किया जा रहा है।

ईरानी सांसद महमूद नबावियन ने कहा कि संसद जल्द ऐसे बिल पर वोटिंग कर सकती है, जो ट्रम्प और नेतन्याहू को जहन्नुम पहुंचाने वालों को इनाम देगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई सैन्य और राजनीतिक नेताओं की मौत के बाद यह कदम उठाया जा रहा है।

ईरान का कहना है कि फरवरी में हुए संयुक्त अमेरिकी-इजराइली हमलों के लिए ट्रम्प, नेतन्याहू और अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एडमिरल ब्रैड कूपर जिम्मेदार हैं।

05:28 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- बातचीत करेंगे, लेकिन झुकेंगे नहीं

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा है कि दूसरे देशों के साथ बातचीत का मतलब सरेंडर नहीं है। उन्होंने साफ किया कि ईरान अपनी संप्रभुता और कानूनी अधिकारों से पीछे हटे बिना बातचीत जारी रखेगा।

पजशकियान ने कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान गरिमा, ताकत और देश के अधिकारों की रक्षा के साथ बातचीत में शामिल होता है। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी हालत में देश और जनता के कानूनी अधिकारों से पीछे नहीं हटेगा।

पजशकियान ने कहा, “हम तर्क और पूरी ताकत के साथ अंत तक लोगों की सेवा करेंगे और ईरान के हितों और सम्मान की रक्षा करेंगे।”

05:12 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- यूरेनियम संवर्धन हमारा अधिकार, इस पर समझौता नहीं

ईरान ने साफ कहा है कि वह अपने यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम पर कोई समझौता नहीं करेगा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि एनरिचमेंट ईरान का अधिकार है और दूसरे देशों की बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर किसी दबाव में नहीं आएगा।

04:56 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- नए हमले का और बड़ा जवाब देंगे

ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर उसके खिलाफ फिर कोई सैन्य कार्रवाई हुई तो उसका पहले से ज्यादा ताकतवर जवाब दिया जाएगा। ईरानी मीडिया IRIB के मुताबिक यब बयान संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने दिया।

उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को और ज्यादा शर्मिंदगी का सामना करना पड़ेगा। रेजाई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा है कि उसे या तो कूटनीति और ईरान की शर्तों को स्वीकार करना होगा या फिर ईरानी मिसाइलों की ताकत का सामना करना पड़ेगा।

04:28 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

गाजा जा रही राहत बोट्स को रोकने पहुंचा इजराइली नौसैनिक बेड़ा

इजराइल ने गाजा के लिए राहत सामग्री लेकर जा रही बोट्स को रोकने के लिए बड़ा नौसैनिक बेड़ा भेजा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइली सैनिकों ने समुद्र में कई नौकाएं रोककर सैकड़ों एक्टिविस्ट्स को हिरासत में लिया।

सोमवार को कई नौकाएं गाजा के लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए रवाना हुई थीं। इन बोट्स में राहत सामग्री और एक्टिविस्ट मौजूद थे।

इन्हें रोकने के लिए इजराइल ने हथियारों से लैस नौसैनिक जहाज और स्पीड बोट भेजीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, साइप्रस के पास अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में इजराइली सैनिक बोट्स पर चढ़ गए और लोगों को हिरासत में लिया।

बताया गया कि इस कार्रवाई में सैकड़ों एक्टिविस्ट्स को पकड़ा गया। इससे दो हफ्ते पहले भी इजराइल ने ग्रीस के पास 22 राहत नौकाएं रोकी थीं। उस समय 181 वॉलंटियर्स को हिरासत में लिया गया था।

गाजा में जारी युद्ध और मानवीय संकट के बीच कई अंतरराष्ट्रीय संगठन समुद्र के रास्ते मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

03:55 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

होर्मुज मुद्दे पर आज UNSC की इमरजेंसी बैठक संभव

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) मंगलवार को इमरजेंसी बैठक कर सकती है। बैठक बहरीन के अनुरोध पर बुलाई जा सकती है। अमेरिका और बहरीन ने UNSC में एक प्रस्ताव पेश किया है। इसमें होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

इस प्रस्ताव को अब तक 129 से ज्यादा देशों का समर्थन मिल चुका है। एक हफ्ते पहले इसके समर्थन में 112 देश थे। कतर, सऊदी अरब, UAE और कुवैत भी इस प्रस्ताव के प्रमुख समर्थकों में शामिल हैं।

हाल ही में सोमालिया और डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया है। दोनों देश फिलहाल UNSC के सदस्य हैं। प्रस्ताव में अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों, कारोबारी जहाजों और ऊर्जा सप्लाई की सुरक्षा पर जोर दिया गया है।

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए नई अथॉरिटी बना दी है। ईरान ने कहा है कि अब इस समुद्री रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को उसकी अनुमति लेनी होगी।

03:17 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान ने होर्मुज पर नया कंट्रोल सिस्टम बनाया

ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए नई अथॉरिटी बना दी है। ईरान ने कहा है कि अब इस समुद्री रास्ते से गुजरने वाले सभी जहाजों को उसकी अनुमति लेनी होगी।

ईरान ने नई संस्था को पर्सियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (PGSA) नाम दिया। घोषणा की है। इसे होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों के ट्रांजिट और समुद्री गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए बनाया गया है। बयान में कहा गया, “अनुमति के बिना गुजरना अवैध माना जाएगा।”

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब कारोबारी जहाजों को तय समुद्री कॉरिडोर का पालन करना होगा। साथ ही उन्हें प्रवेश से पहले परमिट लेना होगा और अपने कार्गो व क्रू की जानकारी ईरानी अधिकारियों को देनी होगी। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि ईरान जहाजों से सर्विस फीस भी वसूल सकता है।

ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने कहा कि यह व्यवस्था ईरान की राष्ट्रीय संप्रभुता के तहत बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यह रास्ता तथाकथित ‘फ्रीडम प्रोजेक्ट’ चलाने वालों के लिए बंद रहेगा। अजीजी ने कहा कि सिर्फ वे देश और जहाज इस व्यवस्था का फायदा उठा सकेंगे, जो ईरान के साथ सहयोग करेंगे।

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापारिक रास्तों में से एक है। यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट्स से जोड़ता है। दुनिया के बड़े हिस्से का कच्चा तेल और गैस इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में यहां किसी भी तनाव का असर सीधे वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ता है।

02:49 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईंधन संकट के बीच ऑस्ट्रेलिया ने खरीदा इमरजेंसी जेट फ्यूल

अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध के चलते बढ़ते वैश्विक ईंधन संकट के बीच ऑस्ट्रेलिया ने इमरजेंसी जेट फ्यूल की अतिरिक्त खेप खरीदी है। सरॉयटर्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया ने तीन खेपों में कुल 600,000 बैरल से ज्यादा जेट फ्यूल खरीदा है। यह करीब 10 करोड़ लीटर ईंधन के बराबर है।

सरकार का कहना है कि यह कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और संभावित सप्लाई संकट से बचने के लिए उठाया गया है। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने यह भी बताया कि सरकार ने ब्रुनेई से 38,500 टन कृषि ग्रेड यूरिया खाद की अतिरिक्त सप्लाई भी सुनिश्चित की है।

पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण वैश्विक तेल और गैस सप्लाई पर असर पड़ा है। खासकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव बढ़ने से कई देशों में ईंधन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।

ऑस्ट्रेलिया सहित कई देश वैकल्पिक ईंधन और खाद सप्लाई सुरक्षित करने की कोशिश कर रहे हैं।

02:24 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान में नवविवाहित जोड़ों ने सेना और सरकार के समर्थन में रैली निली

ईरान की राजधानी तेहरान में सैकड़ों नवविवाहित जोड़ों ने सेना और सरकार के समर्थन में कार रैली निकाली। रैली आजादी स्क्वायर पर आयोजित की गई, जहां जोड़ों ने शादी समारोह के साथ समर्थन प्रदर्शन किया। प्रेस टीवी के मुताबिक, रैली में शामिल जोड़े सजाई गई कारों के काफिले के साथ आजादी स्क्वायर पहुंचे।

01:48 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- हम जवाबी हमले को तैयार थे

ईरान ने ट्रम्प के ईरान पर हमला टालने वाले बयान पर कहा है कि ईरानी सेना ऐसे जवाब के लिए तैयार थी, जैसा दोनों देशों के इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया। हैदराबाद स्थित ईरानी मिशन ने आधिकारिक X अकाउंट से पोस्ट में लिखा गया, इसे चेकमेट कहते हैं।

इसके बाद ट्रम्प पर तंज कसते हुए पूछा गया, “फिर कोई आपको हारने वाला क्यों न माने? अब व्हाइट हाउस में आपको विजेता की तरह पेश किया जा रहा है।”

01:37 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प बोले- सऊदी, कतर और UAE ने हमला टालने को कहा

ट्रम्प ने कहा है कि सऊदी अरब, कतर, UAE और कुछ अन्य देशों के नेताओं ने उनसे ईरान पर प्रस्तावित हमला 2-3 दिन के लिए टालने की अपील की थी।

उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों के नेताओं को भरोसा है कि ईरान के साथ ऐसा समझौता हो सकता है, जिसे अमेरिका और पश्चिम एशिया के अन्य देश स्वीकार कर सकें।

01:12 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

लेबनान के टायर में इजराइली एयर स्ट्राइक

दक्षिणी लेबनान के टायर जिले में इजराइली लड़ाकू विमानों ने एक इमारत पर एयर स्ट्राइक की। यह हमला उस इलाके को खाली करने की चेतावनी जारी होने के करीब एक घंटे बाद हुआ। हालांकि इस ताजा हमले में किसी के हताहत होने की तत्काल जानकारी नहीं मिली है।

12:58 AM19 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प बोले- ईरान पर बड़ा हमला टाल दिया

ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर बहुत बड़ा हमला करने की तैयारी में था, लेकिन फिलहाल इसे टाल दिया गया है। ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ गंभीर बातचीत चल रही है।

ट्रम्प का बयान व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान सामने आया। ट्रम्प ने कहा,

QuoteImage

हम कल बहुत बड़ा हमला करने की तैयारी में थे, लेकिन मैंने उसे कुछ समय के लिए टाल दिया है। उम्मीद है शायद हमेशा के लिए, क्योंकि ईरान के साथ बहुत बड़ी बातचीत चल रही है।

QuoteImage

उन्होंने कहा कि अब यह देखना होगा कि बातचीत का क्या नतीजा निकलता है। इससे पहले ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि कतर, सऊदी अरब और UAE के नेताओं ने उनसे सैन्य कार्रवाई कुछ दिनों के लिए रोकने की अपील की थी।

ट्रम्प ने कहा था कि अगर स्वीकार्य समझौता नहीं हुआ तो अमेरिकी सेना किसी भी समय बड़े स्तर के हमले के लिए तैयार रहेगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि किसी भी समझौते की सबसे अहम शर्त यह होगी कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम, यूरेनियम संवर्धन और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर बातचीत जारी है।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports