.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर फैक्ट्री में गैस लीक से जुड़ी रही। गैस लीक होने के कारण 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई बेहोश हो गए।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. फैक्ट्री में गैस लीक, 3 की मौत, कई वर्कर हुए बेहोश
लुधियाना में पाना-चाबी बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक जहरीली गैस लीक हो गई। हादसे में दम घुटने से बाप-बेटा समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री में काम कर रहे कई मजदूर बेहोश हो गए और कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में रोजाना की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में जहरीली गैस फैक्ट्री के अंदर फैल गई। गैस का असर इतना तेज था कि वहां मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। दम घुटने और आंखों में तेज जलन के कारण कई मजदूर फैक्ट्री के अंदर ही जमीन पर गिर पड़े। एसडीएम जसलीन भुल्लर ने 3 लोगों की मौत की पुष्टी की है।
घटना रात करीब 2 बजे हुई, जबकि पुलिस को सुबह साढ़े 10 बजे सूचना मिली। मृतकों की पहचान पिता मान सिंह और बेटा अमित व श्रीराम (56) के नाम से हुई। मान सिंह और अमित मशीन के नीचे निकलने वाली मिट्टी को भरने के लिए गए थे। अमित शादीशुदा था। उसकी एक साल की बेटी भी है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. दिनदहाड़े बीच सड़क टीचर की हत्या, तेजधार हथियार से गला काटा

अमृतसर में दिनदहाड़े एक सरकारी टीचर की हत्या कर दी गई। वह अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़कर घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने तेजधार हथियारों से उन पर हमला किया और उनका गला काट दिया। अधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क पर उनकी लाश औंधे मुंह पड़ी मिली और मांस के टुकड़े बिखरे हुए थे। घटना दोपहर करीब 2 बजे नरैणगढ़ ड्रेन के पास हुई। मृतक की पहचान गांव तलवंडी निवासी जगदीप सिंह के रूप में हुई है।
मृतक के चाचा सुरिंदर सिंह ने बताया कि जगदीप सिंह अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़ने गया था। वह रोज की तरह अपनी बेटी को छोड़कर वापस आ रहे थे, लेकिन रास्ते में उनके साथ क्या हुआ, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर)
3. हलवारा एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग क्षतिग्रस्त, 4 माह पहले PM ने उद्घाटन किया था

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन के 4 महीने बाद ही लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग की छत टूट गई। उसके पैनल भी निकल गए। इस बिल्डिंग पर 22.50 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। बिल्डिंग पंजाब सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बनाई थी। विभाग इसके लिए आंधी को जिम्मेदार ठहरा रहा है।
इस मामले में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी ने ठीक से निर्माण कार्य नहीं करवाया, जिसकी वजह से छत गिर गई। केंद्रीय मंत्री के आरोपों के बाद डिप्टी कमिश्नर लुधियाना हिमांशु जैन ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं। DC हिमांशु जैन ने कहा कि सरकारी पैसे और यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि नुकसान के सटीक स्तर और इसके पीछे की तकनीकी खामियों का आकलन करने के लिए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (ADC जगराओं) को जांच सौंप दी है। इसके साथ ही डीसी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तुरंत रिपेयरिंग का काम शुरू करने के सख्त निर्देश दिए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
4. मजीठिया की तलाश में पुलिस, अमृतसर-चंडीगढ़ में रेड

पंजाब में अकाली दल के सीनियर नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। अमृतसर पुलिस ने मजीठिया को पकड़ने के लिए 12 टीमें गठित की हैं। अमृतसर के अलावा चंडीगढ़ में भी मजीठिया की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मजीठिया और उनके साथियों पर कल (31 मई) को मजीठा थाने से जबरन अपने साथी को छुड़ाने को लेकर केस दर्ज किया गया है। मजीठिया के घर के बाहर पहुंची पुलिस अफसरों के मुताबिक अमृतसर में ग्रीन एवेन्यू, चंडीगढ़ में MLA हॉस्टल के अलावा 6 और ठिकानों पर तलाश की जा रही है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि साजिश के तहत आरोपी को थाने से छुड़ाया गया। इस मामले में बिक्रम मजीठिया समेत कई लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
अमृतसर रूरल के SSP सुहेल कासिम मीर ने कहा- जोबनप्रीत सिंह को मजीठा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सुबह करीब साढ़े 10 बजे बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर इकट्ठा हो गए। भीड़ ने कर्मचारियों को धक्का देकर थाने के अंदर घुसने का प्रयास किया। इस दौरान पूर्व विधायक बिक्रम सिंह मजीठिया भी मौके पर मौजूद थे। (पढ़ें पूरी खबर)
5. प्रॉपर्टी टैक्स पर छूट खत्म, 25% पेनल्टी, 12% ब्याज देना होगा

चंडीगढ़ में प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरने वाले 65 हजार संपत्ति मालिक अब नगर निगम की कार्रवाई के दायरे में आ गए हैं। 31 मई तक चल रही टैक्स छूट योजना खत्म होने के बाद आज (1 जून) से डिफॉल्टरों पर 25% पेनल्टी और 12% सालाना ब्याज लागू हो गया है।
नगर निगम ने साफ संकेत दिए हैं कि लगातार टैक्स नहीं भरने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर पानी के कनेक्शन काटने और संपत्तियां अटैच करने जैसी कार्रवाई भी हो सकती है। अब रिहायशी संपत्तियों पर मिलने वाली 20% और कमर्शियल प्रॉपर्टी पर 10% की छूट भी खत्म हो चुकी है। इसके बावजूद शहर में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जिन्होंने अभी तक टैक्स जमा नहीं कराया।
लोगों को प्रॉपर्टी टैक्स भरने में दिक्कत न आए इसके लिए निगम की तरफ से पूरे इंतजाम किए गए हैं। दो तरीकों से भुगतान किया जा सकता है। पहला नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://mcchandigarh.gov.in/ है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. दो युवक एक्टिवा पर लाश ले गए, वीडियो सामने आया

अमृतसर में युवक की हत्या के बाद उसकी लाश को एक्टिवा पर ले जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दो युवक लाश को अपने बीच में बैठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद आरोपी लाश को सुनसान जगह फेंककर फरार हो गए।
मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन उसकी लाश बरामद हुई।
मां का आरोप है कि दोस्तों ने उनके बेटे की गला घोंटकर हत्या की गई। उन्होंने बताया कि वह चार बहनों का इकलौता भाई था। मां ने यह भी कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे कपड़े वही हैं, जिन्हें पहनकर उनका बेटा घर से घर से निकला था। (पढ़ें पूरी खबर)
7. पंजाबी मॉडल को सॉन्ग में टेबल बनाया, प्लेट ऊपर रखकर खाना खाया

पंजाबी सिंगर वरिंदर बराड़ के एल्बम 9/11 के टेबल सीन को लेकर चल रहे विवाद में अब वीडियो में नजर आई मॉडल और एक्ट्रेस अक्षिता शर्मा सामने आई हैं। एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में अक्षिता ने म्यूजिक वीडियो के मेकर्स और डायरेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने दावा किया कि शूटिंग से पहले उन्हें बताया गया था कि गाने में उनके सिर्फ दो छोटे शॉट होंगे, लेकिन सेट पर पहुंचने के बाद पूरी कहानी बदल दी गई और उन्हें मुख्य किरदार निभाने के लिए कहा गया। अक्षिता का आरोप है कि जिस सीन को लेकर विवाद खड़ा हुआ, उसे उन्होंने काफी देर तक करने से इनकार किया था, लेकिन मानसिक दबाव और मनाने के बाद शूट कराया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि बाद में सीन हटाने का भरोसा दिया गया, लेकिन उनकी सहमति के बिना उसे वीडियो में शामिल कर लिया गया। अक्षिता के इन आरोपों के बाद म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कलाकारों की सहमति और अधिकारों को लेकर बहस तेज हो गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. SC कमीशन ने केंद्रीय राज्य मंत्री बिट्टू को किया तलब

निकाय चुनाव के दौरान एससी वर्ग को लेकर की गई टिप्पणी पर पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को तलब किया है। आयोग ने उन्हें 4 जून को पेश होने के लिए कहा है। हालांकि, बिट्टू एक दिन पहले सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं।
आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें पता चला है कि रवनीत सिंह बिट्टू ने धूरी दौरे के दौरान जातिवादी शब्दों का प्रयोग किया था, जिसके संबंध में एसएसपी संगरूट से रिपोर्ट मांगी गई थी। लेकिन आयोग ने आज पुलिस द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट पर असहमति व्यक्त की है।
29 मई को संगरूर के धूरी में नगर परषिद चुनाव के लिए वोटिंग के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस हुई। बहस के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस इंस्पेक्टर ने खुद को किसान का बेटा बताया तो बिट्टू ने उसे टोकते हुए पूछा कि क्या एससी (अनुसचित जाति) के लोग बुरे होते हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जिस पर आयोग ने संज्ञान लिया। (पढ़ें पूरी खबर)
9. चार दिन बारिश और आंधी की चेतावनी, लू से राहत

पंजाब और चंडीगढ़ में 3 दिन से बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 4 जून तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है।1 जून को भी 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश के कारण तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से 7.6 डिग्री नीचे पहुंच गया है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 6 जून तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जबकि अगले एक सप्ताह में तापमान फिर से 6 से 8 डिग्री तक बढ़ सकता है।
वहीं दूसरी ओर, पंजाब के लिए कमजोर मानसून की आशंका चिंता बढ़ा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस साल राज्य में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। ऐसे में धान की खेती के दौरान सिंचाई के लिए भूजल पर निर्भरता बढ़ेगी और बिजली की मांग रिकॉर्ड 18 हजार मेगावाट तक पहुंच सकती है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके….
10. झाड़ू बिखरने पर केस, एक गिरफ्तार, आरोप- AAP के चुनाव चिन्ह की बेअदबी हुई

होशियारपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) के चुनाव निशान झाड़ू की बेअदबी के केस में पुलिस ने एक कांग्रेस वर्कर को गिरफ्तार कर लिया। यही नहीं, कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल तक भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस ने केस की जगह सिर्फ DDR दर्ज की। जिसमें स्पष्ट तौर पर लिखा है कि आरोपी ने चुनाव चिन्ह झाड़ू की बेअदबी की है। उन्होंने झाड़ू को बिखेर दिया।
वहीं पुलिस ने इसको लेकर सफाई दी कि निकाय चुनाव की जीत के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ हुड़दंग मचा रहा था। इससे माहौल खराब हो जाता और 2 पार्टियों के समर्थकों में टकराव हो सकता था, इसलिए यह एहतियाती कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस ने DDR की कॉपी शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस की जीत से AAP सरकार इतनी तिलमिला गई कि बौखलाहट छिपाने के लिए झाड़ू की बेअदबी तक का केस बनाया जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)










