- Hindi News
- International
- US Iran War Missile Attack LIVE Update; Donald Trump Hormuz Strait Blockade Photos | Kuwait Bahrain
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने बुधार को होर्मुज स्ट्रेट के पास तेल टैंकर ‘MT सेत्तेबेल्लो’ पर हमला किया। इसमें 2 भारतीय नाविकों की मौत हो गई है, जबकि एक लापता है।
यह जानकारी मर्चेंट नेवी के कर्मचारियों से जुड़ी ट्रेड यूनियन फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने दी है। हालांकि भारत सरकार ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने बताया था कि जहाज पर सवार 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 3 भारतीय लापता थे।
इस बीच अमेरिका और ईरान में लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी हमले जारी हैं। ट्रम्प ने बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान पर 49 टॉमहॉक मिसाइलें दागीं और लड़ाकू विमानों से भी हमले किए।
ईरानी मीडिया के मुताबिक केश्म द्वीप, बंदर अब्बास, मीनाब और सीरिक में धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। इसके जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। हालांकि, किसी नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…
1. जॉर्डन बोला- 5 ईरानी मिसाइलें हवा में मार गिराईं: जॉर्डन की सेना ने दावा किया कि ईरान से दागी गई 5 मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया। किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
2. ईरान का दावा- अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराया: तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक दक्षिणी ईरान के जाम इलाके में अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को गिराया गया। अमेरिका की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
3. होर्मुज के पास टैंकर पर अमेरिकी हमला: ओमान तट के पास एक ऑयल टैंकर पर अमेरिकी हमले के बाद आग लग गई। जहाज पर 24 भारतीय समेत 28 क्रू मेंबर सवार थे। एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि कुछ क्रू मेंबर लापता बताए गए।
4. रूस ने अमेरिका-ईरान से हमले रोकने की अपील की: मॉस्को ने दोनों देशों से संयम बरतने और सैन्य कार्रवाई बंद कर कूटनीति का रास्ता अपनाने को कहा।
5. कतर का प्रतिनिधिमंडल तेहरान पहुंचा: कतर ने क्षेत्रीय तनाव कम करने और अमेरिका-ईरान टकराव पर बातचीत के लिए अपना प्रतिनिधिमंडल ईरान भेजा है।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिका में 3 साल में सबसे तेज कीमतें बढ़ीं, ट्रम्प बोले- मुझे महंगाई पसंद है
अमेरिका में महंगाई दर तीन साल के उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बयान ने नई बहस छेड़ दी है। ट्रम्प ने कहा कि उन्हें महंगाई पसंद है।
अमेरिकी श्रम सांख्यिकी ब्यूरो (BLS) के आंकड़ों के मुताबिक मई में उपभोक्ता कीमतें सालाना आधार पर 4.2% बढ़ीं। अप्रैल में यह दर 3.8% थी।
महंगाई के आंकड़े जारी होने के बाद ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में कहा, “मुझे यह पसंद है। आंकड़े शानदार थे। आपको पता है मुझे सबसे ज्यादा क्या पसंद है? मुझे महंगाई पसंद है।”
हालांकि बाद में उन्होंने न्यूयॉर्क पोस्ट से कहा कि उनका आशय यह था कि महंगाई दर अनुमान से कम रही है, जबकि ईरान युद्ध जारी है।
ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान के साथ संघर्ष खत्म होने के बाद तेल की कीमतें तेजी से गिरेंगी और महंगाई भी कम हो जाएगी।
40 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ईरानी हमले के बाद जॉर्डन में अमेरिकी एयरबेस से धुआं उठता दिखा
जॉर्डन में अमेरिकी मुवाफ्फक अल-सल्ती एयरबेस पर ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद धुआं उठता दिखा।
ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाते हुए कई मिसाइलें दागीं। ईरान के मुताबिक हमले में एयरबेस पर मौजूद अमेरिकी सैन्य सुविधाओं और लड़ाकू विमानों के ठिकानों को निशाना बनाया गया।
04:39 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
तेल टैंकर पर अमेरिकी हमले में 2 भारतीयों की मौत
होर्मुज स्ट्रेट के पास तेल टैंकर ‘MT सेत्तेबेल्लो’ पर हुए अमेरिकी हमले में 2 भारतीय नाविकों की मौत हो गई है, जबकि जहाज का चीफ इंजीनियर अब भी लापता बताया जा रहा है। यह जानकारी फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने दी है।
FSUI के महासचिव मनोज यादव ने कहा कि जहाज से संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है। उनके मुताबिक उपलब्ध जानकारी के अनुसार दो भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक भारतीय, जो जहाज का चीफ इंजीनियर है, अब भी लापता है।
यादव ने अमेरिकी नौसेना की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे जहाज पर मौजूद भारतीयों और अन्य विदेशी नागरिकों की राष्ट्रीयता की जानकारी थी। उन्होंने कहा कि यदि जहाज ने किसी निर्देश का पालन नहीं किया था तो उसे हिरासत में लेना एक विकल्प हो सकता था।
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने ओमान तट के पास ‘MT सेत्तेबेल्लो’ पर हुए हमले की निंदा की थी। मंत्रालय के अनुसार जहाज पर मौजूद 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 3 भारतीय लापता बताए गए थे। भारतीय दूतावास ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहा है।
04:33 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने जॉर्डन में मिसाइल-ड्रोन हमले की चेतावनी दी
अमेरिका ने जॉर्डन में संभावित मिसाइल-ड्रोन हमले को लेकर सुरक्षा चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में मिसाइल, ड्रोन या रॉकेट होने की रिपोर्ट्स मिली हैं। ऐसे में लोगों को तुरंत सुरक्षित शेल्टर में जाने और अगली सूचना तक वहीं रहने की सलाह दी गई है।
अमेरिकी विदेश विभाग के ट्रैवलगव अकाउंट ने जारी अलर्ट में कहा कि जॉर्डन में मौजूद लोग तत्काल ओवरहेड कवर लें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें। विभाग के मुताबिक क्षेत्र में हवाई खतरे की आशंका को देखते हुए यह एडवाइजरी जारी की गई है।
03:40 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
UN चीफ बोले- पश्चिम एशिया गहरे संकट की तरफ बढ़ रहा
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र गहरे संकट की तरफ बढ़ रहा है और इसके असर पूरी दुनिया पर पड़ सकते हैं।
गुटेरेस ने X पर लिखा कि हाल के दिनों में हमले बढ़े हैं और युद्धविराम कमजोर पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सीमित संघर्ष कभी भी बड़े युद्ध में बदल सकता है।
UN प्रमुख ने सभी पक्षों से सैन्य कार्रवाई रोकने और कूटनीतिक समाधान अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “अब और हमले नहीं, अब और बहाने नहीं।”
03:24 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का दावा- जॉर्डन में अमेरिकी एयरबेस पर 12 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं
ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन के अल-अजराक एयरबेस पर 12 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। हमले में अमेरिकी F-35, F-15 और F-16 लड़ाकू विमानों के ठिकानों, हैंगर और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को निशाना बनाया गया।
IRGC ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिका के हालिया हवाई हमलों के जवाब में की गई। ईरानी दावे के अनुसार मिसाइलों का लक्ष्य अमेरिकी सैन्य सुविधाएं और ऑपरेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर थे।
हालांकि जॉर्डन की सेना ने कहा कि उसने अल-अजराक क्षेत्र की ओर बढ़ रही पांच मिसाइलों को रास्ते में ही मार गिराया। सेना के अनुसार इंटरसेप्शन के दौरान मलबा जॉर्डन के इलाके में गिरा, लेकिन किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
ईरान ने हमले का वीडियो भी जारी किया…
02:42 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
बहरीन में फिर बजे एयर रेड सायरन, लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बहरीन में एक बार फिर एयर रेड सायरन बजाए गए हैं। बहरीन के गृह मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि नागरिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। हालांकि सायरन बजाने की वजह या संभावित खतरे के बारे में तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
02:37 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले, सेना बोली- जवाबी कार्रवाई जारी
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कुवैत ने कहा है कि उसके खिलाफ मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए हैं। कुवैती सेना ने बताया कि वह इन हमलों का जवाब दे रही है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
सेना ने लोगों से शांति बनाए रखने और जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने नागरिकों से अनावश्यक आवाजाही से बचने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा है।
02:15 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका बोला- ईरानी ठिकानों पर हमला पूरा
अमेरिका ने कहा है कि उसने ईरान के खिलाफ शुरू किए गए नए हवाई हमले पूरे कर लिए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आदेश पर ईरान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
सेंटकॉम ने कहा कि हमलों में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, सैन्य निगरानी नेटवर्क और कम्युनिकेशन सिस्टम को टारगेट किया गया। अमेरिकी सेना के मुताबिक, ये ठिकाने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी बलों और अंतरराष्ट्रीय कारोबारी जहाजों के लिए खतरा पैदा कर रहे थे।
सेंटकॉम ने कहा कि फिलहाल यह ऑपरेशन पूरा हो चुका है, लेकिन अमेरिकी सेना पूरी तरह अलर्ट है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई के लिए तैयार है।
01:56 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज बंद के ऐलान के बाद तेल 2% से ज्यादा महंगा
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर दिखने लगा है। ईरान के होर्मुज स्ट्रेट बंद करने के ऐलान के बाद गुरुवार को कच्चे तेल की कीमतों में 2% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।
ब्रेंट क्रूड 2.5% उछलकर 95.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड 2.9% बढ़कर 92.63 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।
ईरान के संयुक्त सैन्य कमान ने दावा किया कि अमेरिका के ताजा हमलों के बाद होर्मुज स्ट्रेट को तेल टैंकरों और व्यावसायिक जहाजों के लिए बंद कर दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई कि इस मार्ग से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाजों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
01:27 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने ईरान पर हमलों का वीडियो जारी किया
01:19 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का दावा- 18 अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया
ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने कहा है कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स और नौसेना ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर दो चरणों में हमला किया।
तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यह कार्रवाई ईरान पर हुए हालिया अमेरिकी हवाई हमलों के जवाब में की गई। IRGC ने दावा किया कि अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी वाले 18 अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया।
ईरान का कहना है कि यह हमला अमेरिका की सैन्य कार्रवाई का जवाब है और जरूरत पड़ने पर आगे भी जवाबी कदम उठाए जाएंगे।
हालांकि, ईरान ने यह नहीं बताया कि किन-किन ठिकानों को निशाना बनाया गया और हमलों से कितना नुकसान हुआ। अमेरिका की ओर से भी फिलहाल इन दावों की पुष्टि नहीं की गई है।
पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच लगातार हमले और जवाबी कार्रवाई हुई है, जिससे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है।
01:10 AM11 जून 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने ईरान पर फिर बरसाईं मिसाइलें
अमेरिका ने गुरुवार तड़के ईरान के कई ठिकानों पर एक बार फिर बड़े पैमाने पर मिसाइल और हवाई हमले किए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि तेहरान परमाणु समझौते पर बातचीत में जरूरत से ज्यादा देरी कर रहा है, इसलिए दबाव बढ़ाना जरूरी हो गया है।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में टॉमहॉक मिसाइलों और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया गया।
ईरानी मीडिया ने केश्म द्वीप, बंदर अब्बास, मीनाब और सीरिक समेत कई इलाकों में धमाकों की पुष्टि की है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब दोनों देशों के बीच हालिया संघर्ष विराम लगातार कमजोर पड़ता दिख रहा है और क्षेत्र में फिर बड़े सैन्य टकराव की आशंका बढ़ गई है।













